LUCKNOW:UP CM योगी ने की बलरामपुर,बस्ती,सिद्धार्थनगर,संत कबीर नगर में चुनावी सभा

-इंडी गठबंधन घुसपैठ करने वाले मुसलमानों को बांटना चाहता आपकी संपत्ति- योगी

-औरंगजेब ने हिंदुओं के धर्मांतरण के लिए लगाया था जजिया कर, कांग्रेस उसी राह पर

बलरामपुर/लखनऊ 21 मई ।  समाजवादी पार्टी और कांग्रेस गठबंधन सत्ता हासिल करने के लिए तरह-तरह का गुल खिला रहा है। इनके कारनामे जनता से छिपे नहीं हैं। यह देश से गरीबी हटाने के लिए हमारे पूर्वजों की संपत्ति का सर्वे कराने की बात कह रहे हैं। ऐसे में इनसे हमें सतर्क रहने की जरूरत है क्योंकि यह देश से गरीबी तो नहीं हटाएंगे बल्कि संपत्ति का सर्वे कराकर विरासत टैक्स जरूर लगाएंगे। इनका यह विरासत टैक्स औरंगजेब का जजिया कर है। उसने यह कर हिंदुओं के धर्मांतरण करने के लिए लगाया था। इसे हम कतई स्वीकार नहीं कर सकते। यह आपकी संपत्ति को बांग्लादेश, पाकिस्तान समेत अन्य देशों से आए मुसलमान घुसपैठियों को बांटने का काम करेंगे, लेकिन भारतीय जनता पार्टी उनके मंसूबों को पूरा नहीं होने देगी। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पार्टी के अंदर औरंगजेब की आत्मा घुस गयी है। ये बातें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को बलरामपुर की गैसड़ी विधानसभा के श्रावस्ती लोकसभा क्षेत्र में जनसभा को संबोधित करते हुए कही है। उन्होंने लोकसभा प्रत्याशी साकेत मिश्रा और गैसड़ी विधानसभा के उपचुनाव के प्रत्याशी शैलेश कुमार सिंह शैलू के पक्ष में वोट की अपील की। सपा और कांग्रेस गठबंधन के लोग राम विरोधी, देश विरोधी और गरीब विरोधी हैं। यह अनुसूचित जाति, जनजाति और पिछड़ी जाति के लोगों के हक पर सेंधमारी का कुत्सित प्रयास कर रहे हैं। उनके द्वारा जो षड्यंत्र होने जा रहा है, उसके प्रति हम सभी को आगाह रहने की जरूरत है। यह देश हमारा है, हमे ही देश के विकास के लिये फैसला लेना होगा। भारतीय जनता पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनता जनार्दन की सेवा कर रही है। हम भेदभाव नहीं करते हैं बल्कि सबका साथ, सबका विकास के भाव के साथ काम कर रहे हैं। इंडी गठबंधन देश की जनता को जाति और धर्म में बांटकर देश को लूटना चाहती है, जिसे हम होने नहीं देंगे। जनता भी इनके मंसूबों को जान गयी है इसलिए वह एक स्वर में कह रही है एक बार फिर मोदी सरकार और अबकी बार 400 पार। जनता इनको जवाब दे रही है कि जो राम को लाए हैं हम उनको लाएंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरा देश नये भारत का दर्शन कर रहा है। देश में जो परिवर्तन नजर आ रहा है, वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के परिश्रम, उनके विजन और मिशन का परिणाम है। दुनिया के अंदर देश का सम्मान बढ़ा है। भाजपा गरीब कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है। हमने गरीबों को फ्री आवास देने के साथ थारू जनजाति के लोगों को फ्री आवास की सुविधा दी है। इसके साथ थारू संस्कृति को पुनर्जीवित करने के लिए म्यूजियम का निर्माण किया गया है। पहले बलरामपुर में सड़कों पर चलना दूभर था। इसके अलावा लोगों को पीने का पानी भी नहीं नसीब होता था। आज 24 घंटे बिजली की सप्लाई हो रही है। सभी को शुद्ध पेयजल की आपूर्ति के लिए हर घर नल योजना चलाई जा रही है। पहले गोरखपुर से देवी पाटन मंदिर पहुंचने में 6 घंटे और गोंडा से 8 घंटे लगते थे। वहीं आज गोरखपुर से ढाई घंटे और गोंडा से 45 मिनट में सफर पूरा किया जा रहा है। यही मोदी सरकार की गारंटी है। बलरामपुर में विश्वविद्यालय के निर्माण का कार्य भी आगे बढ़ चुका है। अटल बिहारी वाजपेई के नाम पर विश्वविद्यालय का निर्माण हो रहा है। मेडिकल कॉलेज, विश्वविद्यालय और बड़े-बड़े संस्थानों का निर्माण जिले में हो रहा है। यहां के विकास कार्य को आगे बढ़ाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। समाजवादी पार्टी की सरकार में देश के सबसे पिछड़े जनपदों में बलरामपुर का नाम आता था, लेकिन आज देश के अग्रणी जनपदों में बलरामपुर का नाम लिया जाता है, जो भारतीय जनता पार्टी के विकास की गाथा को बया कर रहा है। मुख्यमंत्री योगी ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह प्रधानमंत्री थे, उस दौरान उन्होंने कहा था कि देश के संसाधनों पर पहला अधिकार मुसलमानों का है। हम कहते थे कि हमारा गरीब, दलित, थारू, कुर्मी और यादव कहां जाएगा, लेकिन इनको इससे कोई लेना देना नहीं था। इस अवसर पर भाजपा के जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष आरती तिवारी, अनुसूचित जनजाति मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्ष मंगल प्रसाद थारु, ब्लाक प्रमुख मनोज तिवारी, शक्ति सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष रवि वर्मा, प्रिंस वर्मा, पूर्व सांसद द्दन मिश्रा, नवीन विक्रम आदि उपस्थित थे।

आतंकियों के आका और माफिया के सरपरस्त को सत्ता पर काबिज न होने देना-सीएम

-योगी पहुंचे डुमरियागंज, जगदंबिका पाल के लिए की जनसभा

सपा व कांग्रेस पर हमलावर मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि यह लोग आतंकियों के आका और माफिया के सरपरस्त हैं। हर अपराधी व माफिया 2017 के पहले जनता का खून चूसता था,  वसूली करता था, बेटी की सुरक्षा पर खतरा था। माफिया को उल्टा टांगने और राम नाम सत्य की यात्रा निकलने पर सपा को पीड़ा होती है। हमें माफिया के सहयोगी-सरपस्त,  आतंकियों के आकाओं को सत्ता पर काबिज नहीं होने देना है। सपा व कांग्रेस के गठबंधन के कारण अनर्थ होता है। जब केंद्र में कांग्रेस व प्रदेश में सपा सरकार थी तो अयोध्या में श्रीरामजन्मभूमि, काशी में संकट मोचन,  अयोध्या, लखनऊ व वाराणसी की कचहरियों पर आतंकी हमला हुआ था। मुख्यमंत्री बनते ही अखिलेश यादव ने आतंकियों पर दायर मुकदमों को वापस लेने का कार्य किया था। तब न्यायालय ने कहा था कि आतंकी छूटेंगे नहीं, सरकार को शर्म आनी चाहिए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में डुमरियागंज से सांसद व लोकसभा प्रत्याशी जगदंबिका पाल के पक्ष में जनसभा को संबोधित किया। जनता जानती है कि सपा और माफिया का चोली-दामन का संबंध है। दोनों को अलग करके देखा नहीं जा सकता। प्रदेश का हर माफिया सपा से संबंध रखता है। सपा की संवेदना समाज के बेटी-व्यापारी की सुरक्षा के लिए नहीं, बल्कि माफिया के साथ है। माफिया के प्रति इनकी संवेदना को देखते हुए जनता ने इन्हें 2014, 2017, 2019, 2022 में इन्हें खारिज कर दिया। अबकी बार-400 पार के नारे को सुनकर सपा चारों खाने चित हो रही है। सपा  63 सीट पर चुनाव लड़ रही। इन सभी सीटों पर इनकी जमानत जब्त हो रही है, इसलिए दो लड़कों सपा व कांग्रेस का इंडी गठबंधन षडयंत्र व गुमराह कर झूठ-अफवाह फैला रहा है।मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस माफिया को गोरखपुर, संतकबीर नगर की जनता ने भगाया है, उसे महात्मा बुद्ध की धरती सिद्धार्थनगर में नहीं पनपने देगी। माफिया पनपेंगे तो गरीबों की संपत्ति पर कब्जा करेंगे। डुमरियागंज व कपिलवस्तु में मैं आंदोलन करता था, तब आपको न्याय मिलता था। फिर ऐसी नौबत न आने दें। यह माफिया केवल स्वार्थ के हैं। यह किसी की जमीन कब्जा कर बंदूक की नोक पर लिखवाने का कार्य करेंगे। यद्यपि इन माफिया का हम जीना हराम कर देंगे, लेकिन फिर भी यह माफिया आएंगे तो गुंडागर्दी का प्रयास करेंगे। रंगदारी वसूली करेंगे। वोट और फैसला दोनों आपका है।मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि अवसर मिला तो हमने अयोध्या में रामलला को विराजमान कर दिया। सपा वाले रामभक्तों पर गोली चलाते थे। सपा महासचिव का बयान आया ,राम मंदिर बेकार बना है। राम जगत नियंता और परमपिता परमेश्वर हैं। राम के बिना हमारा कोई काम नहीं, जो राम का नहीं वो हमारे किसी काम का नहीं। मुख्यमंत्री ने सपा-कांग्रेस के घोषणा पत्र पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि यह पाकिस्तान, बांग्लादेश व अफगानिस्तान से घुसपैठियों के रूप में आए मुसलमानों को आपकी संपत्ति देंगे, लेकिन हम लोग विरासत टैक्स हिंदुस्तान में नहीं लगने देंगे। पहले सड़कें खराब होने से गोरखपुर से सिद्धार्थनगर होते हुए बलरामपुर जाने में छह से आठ घंटे लगते थे। लखनऊ, गोरखपुर, नेपाल, बस्ती, बलरामपुर समेत हर तरफ की सड़कें खराब थीं पर अब सड़कें भी बन गई हैं और बाढ़ बचाव के बेहतर उपाय भी हो रहे हैं। जातिवाद की बात करने वालों को बताइए कि योगी सरकार ने सिद्धार्थनगर में माधव प्रसाद त्रिपाठी के नाम पर मेडिकल कॉलेज का निर्माण किया है। 2017 के पहले यहां का मासूम इंसेफेलाइटिस से दम तोड़ता था, लेकिन माफिया की तरह हमने इस बीमारी का भी खात्मा कर दिया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिंदुस्तान में रहकर पाकिस्तान का राग अलापने वाले यहां बोझ न बनें, वे पाकिस्तान ही चले जाएं। जैसे कोई रोटी का टुकड़ा फेंक दे तो गली के जीव लड़ते हैं, वैसे ही पाकिस्तान में एक किलो गेहूं-आटा के लिए तोड़फोड़, आगजनी हो रही है। सपा व कांग्रेस के लोग कहते है कि पाकिस्तान के बारे में मत बोलो, उसके पास एटम बम है। हमने कहा कि एटम बम मेरे पास भी है। पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ दुस्साहस किया तो उसका अस्तित्व समाप्त हो जाएगा। इस आयु में भी जगदंबिका पाल जुझारूपन से कार्य करते हैं। दस बजे से संसद सत्र में भाग लेते हैं, फिर चार बजे चलकर डुमरियागंज पहुंचते हैं। यह संसद सत्र के दौरान भी एक हजार किमी. चलते हैं। इन्होंने न दिन देखा न रात देखा, सर्दी देखी न गर्मी, बरसात देखा न बाढ़। यह लगातार आपकी सेवा में समर्पित रहे। उन्हें फिर से मौका देना है।जनसभा में योगी सरकार की मंत्री रजनी तिवारी, डुमरियागंज से सांसद व लोकसभा प्रत्याशी जगदंबिका पाल, विधायक जयप्रताप सिंह, श्यामधनी राही, विनय वर्मा, पूर्व विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष कन्हैया पासवान, लोकसभा संयोजक रामकुमार कुंवर आदि मौजूद रहे।

रामभक्तों पर गोलियां चलवाती थी सपा- योगी

-मुख्यमंत्री ने मेंहदावल में की जनसभा,इंडी गठबंधन का कोई एजेंडा नहीं, अनुसूचित जाति के आरक्षण में लगाना चाहते सेंध

 समाजवादी पार्टी राम भक्तों पर गोलियां चलवाती थी। वहीं आज अयोध्या में राम भक्तों पर पुष्प वर्षा हो रही है। सपा के लोग कहते थे कि अयोध्या में परिंदा भी पर नहीं मार सकता है। आज वहां रामभक्तों की आवभगत हो रही है। प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर अयोध्या को त्रेता युग का गौरव दिलाने का काम किया है। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 10 वर्षों में देश में बड़ा परिवर्तन आया है।देश में विकास के बड़े-बड़े कार्य हो रहे हैं। देश हाईवे, रेलवे, मेडिकल कॉलेज, आईआईटी, आईआईएम का निर्माण हो रहा है। इसके अलावा गोरखपुर में एम्स और फर्टिलाइजर कारखाना फिर से चालू हो गया है। साथ ही संत कबीर नगर में बाबा तामेश्वरनाथ के धाम को भी विकसित किया जा रहा है। संत कबीर नगर की पावन महानिर्वाण स्थल को कबीर पीठ के रूप में एक बार फिर से शोध और इनोवेशन के नए केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को संत कबीर नगर के मेंहदावल विधानसभा में संत कबीर नगर लोकसभा क्षेत्र की जनसभा को संबोधित करते हुए लोकसभा प्रत्याशी इंजीनियर प्रवीन निषाद के पक्ष में वोट की अपील की।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के समय देश में आतंकी घटनाएं होती थी। इनसे देशवासी कहते थे कि आतंकवाद से निपटो, लेकिन यह कहते थे कि आतंकवादी सीमा पार के हैं। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि इंडी गठबंधन का अपना कोई एजेंडा नहीं है। यह अनुसूचित और पिछड़ी जाति के आरक्षण में सेंध लगा कर मुसलमानों को देना चाहता हैं, जिसे हम स्वीकार नहीं करेंगे। बाबा साहब भीमराव अंबेडकर ने कहा था कि भारत में धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं हो सकता है। यह आरक्षण अनुसूचित जाति, जनजाति और पिछड़ी जाति को संविधान द्वारा दिया गया है और यह मिलता रहेगा। राहुल गांधी और अखिलेश यादव का बयान जाहिर करता है कि उनकी मंशा जनता जनार्दन के प्रति अच्छी नहीं है। ऐसे में हमें इनसे सतर्क रहने की जरूरत है। यह लोग सत्ता में आएंगे तो विरासत टैक्स लगाएंगे। यह विरासत टैक्स औरंगजेब का जजिया कर है। यह इनकी खतरनाक मंशा है, जिसे सफल नहीं होने देना है। इनके अंदर औरंगजेब की आत्मा घुस गयी है। हमें इनसे सावधान रहना है और इनक मंसूबों पर पानी फेरना है। देश की जनता भी इनकी मंशा जान चुकी है इसलिए पूरे देश में एक बार फिर मोदी सरकार और अबकी बार 400 पार का नारा लगा रही है। वह कहते हैं जो राम को लाए हैं हम उनको लाएंगे। एक तरफ अयोध्या में 500 वर्षों के बाद रामलला अपने दिव्य और भव्य मंदिर में विराजमान हुए हैं। वहीं दूसरी ओर इंटरनेशनल एयरपोर्ट का नाम महर्षि वाल्मीकि, रैन बसेरे का नाम निषाद राज और भोजनालय का नाम माता शबरी के नाम पर रखा गया है। यह हमारी विरासत के सम्मान को दर्शाता है। यहां का पुराना बर्तन उद्योग एक जिला एक उत्पाद के तहत फिर से जीवित हो गया है। आज संत कबीर नगर विकास की नई गाथा गढ़ रहा है। श्रृंगवेरपुर में निषाद राज की भगवान राम के साथ गले मिलते हुए भव्य प्रतिमा की स्थापना करायी गई है। उनके किले के पुनरुद्धार की कार्रवाई को भी आगे बढ़ाया गया है। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि महापुरुषों का सम्मान कैसे होना चाहिए यह देखना है तो भारतीय जनता पार्टी की सरकारें में हुए कार्य को देखना चाहिये।  यह चुनाव राम भक्तों और रामद्रोही के बीच में हो गया है। यह लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुनामी को रोकना चाहते हैं, जो असंभव है क्योंकि जनता जनार्दन ने उन्हे एक बार फिर प्रधानमंत्री बनाने का संकल्प कर लिया है।
इस अवसर पर प्रदेश सरकार के मंत्री डॉ. संजय निषाद, विजय लक्ष्मी गौतम, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य संतोष सिंह, प्रदेश महामंत्री एवं विधान परिषद सदस्य सुभाष यदुवंश, जिलाध्यक्ष जगदंबा श्रीवास्तव, विधायक अनिल त्रिपाठी, अंकुर राज तिवारी, गणेश चौहान आदि उपस्थित थे।

सपा सरकार में बंद हुई मुंडेरवा चीनी मिल, हमने चालू करवाई-योगी

-मुख्यमंत्री भाजपा प्रत्याशी हरीश द्विवेदी के लिए की जनसभा,चुनाव रामभक्त और रामद्रोहियों के बीच 

अबकी बार-400 पार की बात पर सपा के लोगों को चक्कर आने लगता है, क्योंकि सरकार के लिए 273 सांसद चाहिए और सपा 63 सीट पर भी चुनाव नहीं लड़ पा रही है। इन्हें जनता ही जवाब देती है कि जो राम को लाए हैं, हम उनको लाएंगे। इस चुनाव में एक तरफ रामभक्त तो दूसरी तरफ रामद्रोही हैं। रामद्रोही आतंकवाद, नक्सलवाद समर्थक हैं। यह भारत की सुरक्षा पर सेंध लगाने वाले, विकास को बाधित करने वाले, गरीबों के हकों पर डकैती डालने वाले, समाज को जाति के नाम पर बांटने वाले लोग हैं। इनके मन में आपके प्रति नहीं, बल्कि माफिया के प्रति संवेदना है। दूसरी तरफ रामभक्त हैं, मोदी के नेतृत्व में अयोध्या में रामलला कोविराजमान किया। रामभक्त देश को सम्मान दिला रहे हैं।
 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बस्ती से सांसद व लोकसभा प्रत्याशी हरीश द्विवेदी के पक्ष में जनता इंटर कॉलेज नगर बाजार महादेवा में मंगलवार को जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने अपील की कि 25 मई को कमल के फूल पर बटन दबाना है और अबकी बार-400 पार कराना है। राम-लक्ष्मण,  भरत-शत्रुघ्न के लिए इसी मखौड़ा धाम की धरा पर पुत्रेष्टि यज्ञ हुआ था।मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस व सपा सरकार में आतंकी घटनाएं होती थीं। अब पाकिस्तान को पता है कि नया भारत छेड़ता नहीं, छेड़ने वाले को छोड़ता भी नहीं है। अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री बनते ही आतंकियों के मुकदमों को वापस लेने का प्रयास किया था लेकिन न्यायालय ने कहा कि इन्हें नहीं छोड़ा जाएगा। मुख्यमंत्री ने सपा को आतंकियों का समर्थक बताया। सपा की सरकार में मुंडेरवा चीनी मिली बंद हुई थी, भाजपा सरकार ने इसे शुरू कराया। हम लोग बस्ती नगर के अंदर भी फोरलेन सड़कें बना रहे। बेहतर कनेक्टिविटी कर रहे हैं। बस्ती के इधर गोरखपुर और उधर अयोध्या का एयरपोर्ट है। यहां महर्षि वशिष्ठ और सिद्धार्थनगर में माधव बाबू के नाम पर मेडिकल कॉलेज है। भाजपा सरकार आपको अटल आवासीय विद्यालय भी दे रही है, जिसमें अनाथ व श्रमिकों के बच्चों को पढ़ाया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने आह्वान किया कि हर व्यक्ति पांच-पांच घर जाकर जनसंपर्क करे और मेरा संदेश दे कि फिर से रामभक्तों की सरकार बनानी है। हर व्यक्ति 15 घरों में कमल खिलाने का कार्य करे और चुनाव के दिन उन लोगों को मतदान के लिए लेकर जाए। कांग्रेस और सपा के अनर्थकारी गठबंधन की मंशा अच्छी नहीं है। यह अब भारत की सुरक्षा और आपकी संपत्ति पर सेंध लगाने की तैयारी कर चुके हैं। यह पिछड़ी, अनुसूचित जाति व जनजाति के आरक्षण को काटकर मुसलमानों को देने वाले हैं। जनसभा में प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री राकेश सचान, बस्ती से सांसद व लोकसभा प्रत्याशी हरीश द्विवेदी, विधायक लोकेंद्र सिंह, पूर्व विधायक रवि सोनकर, राजकिशोर सिंह,  अवधेश सिंह, जिला प्रभारी डॉ. समीर सिंह, जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्र, नगर पंचायत अध्यक्ष नीलम सिंह राणा, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष रोली सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष पवन कसौधन, सुशील सिंह, यशकांत सिंह आदि मौजूद रहे।
Aaj National

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *