SAROJINI NAGAR NEWS:प्रथम स्थान प्राप्त कर बढ़ाया मान,क्लिक कर देखें और भी कई खबरें

लखनऊ।सरोजनीनगर क्षेत्र के शांतिनगर स्थित क्रिएटिव कान्वेंट कॉलेज में घोषित हुए सीबीएसई इंटरमीडिएट का परीक्षा फल शत प्रतिशत रहा।परीक्षा परिणाम में छात्र आदर्श सिंह ने 94.20 प्रतिशत अंक पाकर विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। कालेज में सफल सभी 39 छात्र छात्राओं को विद्यालय प्रबंधक योगेंद्र सचान ने मिठाई खिलाकर बधाई देते हुए उज्जवल भविष्य की कामना की। इसी कॉलेज के हाई स्कूल के परीक्षार्थी हिमांशु पटेल ने 93.50प्रतिशत अंक हासिल कर स्कूल में प्रथम स्थान प्राप्त किया।

अवध कॉलेजिएट स्कूल दरोगा खेड़ा

दरोगा खेड़ा में स्थित अवध कॉलेजिएट कॉलेज में शिक्षा रत छात्रा आकर्षिका सिंह ने 95.60प्रतिशत अंक पाकर विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय और परिवार का नाम रोशन किया।

हीरालाल यादव इंटर कॉलेज

हीरालाल यादव इंटर कॉलेज की 12वीं की छात्रा अंजली यादव में 92% अंक और हाईस्कूल के छात्र दीपांशु राज ने 93.40 प्रतिशत अंक पाकर स्कूल में प्रथम स्थान प्राप्त किया।

चिरंजीव भारती स्कूल

आशियाना स्थित चिरंजीव भारती स्कूल में इंटरमीडिएट की छात्रा श्रुति पारस ने 94 प्रतिशत और हाई स्कूल की छात्रा अमीषा श्रीवास्तव ने 94.40 प्रतिशत, और मानवेंद्र प्रताप सिंह ने 92. 2% अंक पाकर सफलता अर्जित की।

 91बटालियन के जवानों ने किया वृक्षारोपण

द्रुत कार्यबल की 91 बटालियन के जवानों व अधिकारियों द्वारा शनिवार को पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी दिखाते हुये बिजनौर स्थित सीआरपीएफ के ग्रुप केन्द्र में वृक्षारोपण कर पर्यावरण के प्रहरी होने का सन्देश दिया। 91 बटालियन द्रुत कार्य बल के कमाण्डेन्ट अमिताभ कुमार के नेतृत्व में बटालियन द्वारा ग्रुप केन्द्र परिसर में विभिन्न प्रकार के सात सौ छायादार एवं फलदार वृक्षों को रोपित किये।
इस मौके पर कमाण्डेन्ट अमिताभ कुमार कमाण्डेन्ट ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम के आयोजन के कारण सामान्य जनता के मन में बल के प्रति सद्भावना का विकास होता है और पर्यावरण के लिये भी इस प्रकार के कार्यों के प्रति उत्सुकता बढ़ती है। इस मौके पर उप कमाण्डेन्ट आलोक कुमार ने पर्यावरण में वृक्षों के महत्व के बारे में विस्तारपूर्वक बताया तथा आवाहन किया कि सभी पर्यावरण तथा वृक्षों का ध्यान रखेंगें। इस मौके पर बटालियन के कमान अधिकारी रविन्द्र कुमार, उप कमाण्डेन्ट दिनेश कुमार सिंह, उप कमाण्डेन्ट सर्वेन्द्र कुमार, उप कमाण्डेन्ट प्रतिभा यादव, सहायक कमाण्डेन्ट रोहित कुमार पाठक, सहायक कमाण्डेन्ट राजेश कुमार मौर्य, सहायक कमाण्डेन्ट हरिशंकर शुक्ला, सहायक कमाण्डेन्ट धर्मेन्द्र सिंह राठौर, सहायक कमाण्डेन्ट जितेन्द्र कुमार शर्मा भी मौजूद रहे।

बारिश से गरीब का ढहा कच्चा मकान,हादसा होते होते बचा,बेघर हुआ गरीब परिवार

दो दिनों से रूक-रूक कर हो रही हल्की बारिश मे एक गरीब का आशियाना ढह गया। घर के अन्दर रखा घरेलू सामान भी मकान के नीचे दब गया। बेघर हुए इस परिवार को अब अपने पड़ोसी के घर गुजर-बसर करने को मजबूर होना पड़ रहा है। गांव के सामाजिक कार्यकर्ताओं द्वारा सहायता के लिए तहसील प्रशासन को इस घटना से अवगत कराया लेकिन सरकार की तरफ से अभी तक बेघर हुए पीड़ित परिवार को कोई सहायता नही मिली।सरोजनीनगर विकासखंड का नटकुर गांव कुछ समय पहले नगर निगम की सीमा में शामिल हो गया था। यहां का रहने वाला अजय पाल सिंह मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोष्ण करता है और अपनी पत्नी व तीन पुत्रियों शिवानी शगुन रांची के साथ गांव स्थित अपने कच्चे मकान मे रहता था। बीते दो दिनों से रूक-रूक कर हो रही धीमी बारिश के चलते उसके घर की कमजोर दीवारों पर सीलन आ गई थी। जिसके चलते अजय पाल सिंह को घर ढहने की आशंका था। जिसके चलते उसने अपने पड़ोसी से रात गुजराने की मदद मांगी और परिवार सहित उनके घर पर ही सो गया। देररात अचानक उसका घर ढह गया। इस दौरान घर के अन्दर रखा उसका घरेलू सामान भी दबकर नष्ट हो गया। गांव के कई लोगो ने उसे अपनी क्षमता के मुताबिक सहयोग किया। लेकिन सूचना के बाद भी तहसील या जिला प्रशासन की तरफ से अभी तक अजय पाल को कोई सरकारी सहायता नही मिली।

अजय की अर्जी डीएम ने सुनी न पीएम ने

सरकार द्वारा गरीब ग्रामीणों को छत मुहैया कराने के लिए दर्जनों योजनाए चलाई जा रही  है। लेकिन अजय सिंह को किसी सरकारी योजना के तहत आवास नही मिला। ग्रामीणों की माने तो अजय काफी गरीब है और मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। उसने सरकारी आवाज से लिए ब्लाककर्मियों से लेकर जिलाधिकारी व प्रधानमंत्री आवास के लिए भी गुहार लगाई। लेकिन गरीब अजय पाल की चिठ्ठी न डीएम ने पढ़ी और न पीएम ने।

जमीन हड़पने वाले को पुलिस ने दबोचा

फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र लगाकर एक विधवा की जमीन अपने नाम कराने वाले जालसाज को सरोजनीनगर पुलिस ने शुक्रवार को दबोच लिया। पुलिस ने पकड़े गये जालसाज के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेज दिया।सरोजनीनगर के प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार आर्या के मुताबिक बंथरा थाना क्षेत्र के भटगंवा-पाण्डेय ग्राम पंचायत के मजरा हुलासखेड़ा रहने वाले राकेश कुमार ने फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र लगाकर मलिहाबाद के शीतलन टोला में रहने वाली विधवा रेखा की जमीन अपने नाम करा लिया था। रेखा की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस आरोपित की तलाश में जुटी थी। शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर सरोजनीनगर पुलिस ने राकेश को थाना क्षेत्र के रनियांपुर गांव के पास से दबोच लिया।

प्राकृतिक खेती के लिए किसानों को प्रेरित करे : डॉ. पाण्डेय

कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

भारतीय गन्ना अनुसंधान संस्थान परिसर स्थित कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा गौ-आधारित प्राकृतिक खेती के क्रियान्वयन के लिए विभागीय कर्मचारियों के लिए दो-दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रमों आयोजित किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम के मुख्य अतिथ एवं भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के पूर्व सहायक महानिदेशक (उद्यान) डॉ. वीके पाण्डेय ने प्राकृतिक खेती के महत्व को समझाते हुये अपने विचार साझा किया और कर्मचारियों को प्राकृतिक खेती से किसानों को जोड़ने का आहवान किया।कृषि विज्ञान केन्द्र के अध्यक्ष डॉ. अखिलेश कुमार दुबे ने प्राकृतिक खेती विषय पर चर्चा करते हुए किसानों को प्राकृतिक के विभिन्न आयामों पर अपनी प्रस्तुति दी साथ ही बदलते वातावरण में प्रकृतिक खेती के महत्त्व के बारे में बताया। कृषि विभाग के उपनिदेशक डॉ. एके मिश्रा द्वारा प्राकृतिक खेती पर सरकार द्वारा चलाये जा रही योजनाओं के बारे में बताया गया तथा उन्हें इसे धरातल पर उतारने के लिए प्रेरित किया। जिला कृषि अधिकारी डॉ. टीबी सिंह द्वारा रासायनिक खेती के कुप्रभावों की जानकारी दी गई। इस प्रशिक्षण के दौरान जिले के प्रगतिशील किसान गिरजा शंकर मौर्य एवं परवेश ने किसानों के बीच अपने अनुभव साझा किये एवं प्राकृतिक खेती करने के लिए किसानों को आगे आने के जिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के समन्वयक डॉ. दीपक राय, डॉ. वीनिका सिंह, डॉ. संजय पाण्डेय, डॉ. राकेश कुमार सिंह, डॉ. विवेकानन्द सिंह, दीप कुमार, राम लखन शाक्य, आलोक कुमार पाण्डेय, आलोक सिंह तोमर ने भी अपने विचार साझा किये।

कस्टम अधिकारियों ने पकड़ा 11.74 लाख का सोना

चौधरी चरण सिंह अंर्तराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर शुक्रवार को कस्टम अधिकारियों ने दुबई से आए एक यात्री के पास से बिना सीमा शुल्क चुकाए लाया गया लाखों रूपये का सोना बरामद किया। पूछतांछ के दौरान यात्री सोने से संबंधित कोई भी कागजात नहीं दिखा सका। जिसके बाद कस्टम अधिकारियों ने सीमा शुल्क अधिनियम के तहत बरामद सोने को जब्त करने के साथ ही यात्री को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक दुबई से राजधानी पहुंची इंडिगो एयरलाइंस उड़ान (6ई-1088) से आए एक यात्री को आशंका होने पर कस्टम विभाग के अधिकारियों ने रोक लिया। तलाशी के दौरान यात्री के पास से कस्टम अधिकारियों को सोने की एक चेन व एक कड़ा बरामद हुआ। अधिकारियों के मुताबिक सोने के वनज 214 ग्राम है। बताया जाता है कि पकड़े गये सोने की कीमत अन्तर्राष्ट्रीय बाजार में 11 लाख 74 हजार है। पूछंतांछ के दौरान यात्री बिना सीमा शुल्क चुकाए दुबई से सोना लाकर एयरपोर्ट पहुंचा और कोई कागजात भी नही दिखा सका। जिसके बाद कस्टम अधिकारियों ने सोने को जब्त कर लिया है तथा यात्री को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

Aaj National

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *