सरोजनीनगर :व्यापार मंडल अध्यक्ष की स्कूटी का चालान,क्लिक करें औऱ भी खबरें 

-व्यापारियों में आक्रोश,सरोजनीनगर में पार्किंग का संकट

  • REPORT BY:A.S.CHAUHAN || EDITED BY:AAJ NATIONAL NEWS
लखनऊ। सरोजनीनगर आदर्श व्यापार मंडल इकाई के अध्यक्ष शैलेंद्र कुमार ‘बब्बू’ की होंडा स्कूटी का ट्रैफिक पुलिस द्वारा चालान कर दिए जाने से क्षेत्र के व्यापारियों में भारी नाराजगी फैल गई है। स्कूटी उनके अपने रेस्टोरेंट के ठीक सामने खड़ी थी, लेकिन चालान की सूचना उन्हें करीब दो घंटे बाद मोबाइल मैसेज से मिली।व्यापार मंडल अध्यक्ष शैलेंद्र कुमार ने कहा कि पूरे सरोजनीनगर में नियमानुसार कोई पार्किंग व्यवस्था नहीं है। दुकानदार और ग्राहक यदि अपनी दुकान के सामने वाहन नहीं खड़ा करेंगे तो कहां खड़ा करेंगे? उन्होंने ट्रैफिक पुलिस पर बिना उचित कारण के अनावश्यक चालान करने का आरोप लगाया।उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों से निर्माणाधीन एलिवेटेड रोड के कारण बाजार की यातायात और पार्किंग व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। पार्किंग और ट्रैफिक जाम दोनों बड़ी समस्या बने हुए हैं।चेतावनी देते हुए अध्यक्ष ने कहा कि यदि प्रशासन ने शीघ्र पार्किंग की समुचित व्यवस्था नहीं की और ट्रैफिक पुलिस की इस तरह की कार्यवाही पर अंकुश नहीं लगाया गया, तो क्षेत्र के सभी व्यापारी सामूहिक रूप से कड़ा आंदोलन करने पर मजबूर होंगे।स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि बिना पार्किंग सुविधा के दुकानदारी चलाना अब असंभव सा हो गया है और रोजाना हो रहे चालानों ने उनकी मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।

सीएम योगी के निर्देश पर अवैध घुसपैठियों के खिलाफ बड़ा अभियान

-बिजनौर थाना क्षेत्र में दक्षिणी जोन पुलिस ने की सघन चेकिंग

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सख्त निर्देश पर अवैध घुसपैठियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रविवार को बिजनौर थाना क्षेत्र में दक्षिणी जोन पुलिस ने व्यापक तलाशी और सत्यापन अभियान चलाया।पुलिस उपायुक्त (दक्षिणी) निपुण अग्रवाल और एसीपी कृष्णानगर रजनीश वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने एयरपोर्ट के आसपास, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और निकटवर्ती झुग्गी-झोपड़ियों में रह रहे लोगों के आधार कार्ड, वोटर आईडी तथा अन्य पहचान पत्रों की गहन जांच की।सभी संदिग्ध दस्तावेजों में दर्ज पतों का सत्यापन करने के लिए संबंधित थानों को पत्र भेजा जा रहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि सत्यापन के बाद यदि कोई व्यक्ति अवैध रूप से क्षेत्र में रहता पाया गया तो उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

8 साल की मासूम छात्रा के साथ स्कूल वैन ड्राइवर ने की अश्लील हरकत

-सरोजनीनगर थाने में POCSO के तहत केस दर्ज, आरोपी फरार

सरोजनीनगर थाना क्षेत्र के पिपरसन्ड में एक निजी स्कूल की कक्षा 3 की 8 वर्षीय छात्रा ने स्कूल वैन चालक सुनीत सिंह (वैन नंबर UP 32 HP 4270) पर गंभीर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है।पीड़िता की मां ने थाने में दी तहरीर में बताया कि पिछले एक सप्ताह से वैन चालक उनकी बेटी को रास्ते में लगातार अनुचित तरीके से छूता था और अश्लील सवाल पूछता था। शनिवार को बच्ची को सबसे आखिरी में छोड़ा गया और पूरे रास्ते ड्राइवर ने उसके साथ छेड़छाड़ की। डर के मारे बच्ची ने यह बात घर आकर मां को बताई।मामला सामने आने के बाद बच्ची मानसिक रूप से पूरी तरह सहमी हुई है। मां ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई और बेटी को न्याय दिलाने की गुहार लगाई है।सरोजनीनगर पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। POCSO एक्ट व अन्य संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर आरोपी ड्राइवर सुनीत सिंह की तलाश शुरू कर दी गई है।

शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाला आरोपी गिरफ्तार

-गाजियाबाद से लखनऊ पुलिस ने दबोचा

बंथरा थाना पुलिस ने शादी का प्रलोभन देकर युवती से दुष्कर्म करने के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।आरोपी की पहचान प्रिन्स रावत (25 वर्ष) पुत्र रामकुमार, निवासी ग्राम लालाखेड़ा, मजरा रामचौरा, थाना बंथरा, लखनऊ के रूप में हुई है। वह इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान चलाता है।पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने 1 अक्टूबर 2025 को बंथरा थाने में तहरीर दी थी कि प्रिन्स रावत ने शादी का झांसा देकर उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए। जब पीड़िता ने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी ने इंकार कर दिया और धमकी देने लगा। इस संबंध में थाना बंथरा में मुकदमा संख्या 336/2025 धारा 69 बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया था।लगातार दो महीने से फरार चल रहे आरोपी को सोमवार को बंथरा थाने के विवेचक उ0नि0 सहदेव कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गाजियाबाद के खोड़ा कॉलोनी स्थित आजाद विहार, लाल मंदिर के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को आज ही न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

हरौनी के मिर्जापुर लटौवा में नीम के पेड़ का अवैध कटान

-वन बीट प्रभारी ने एफआईआर दर्ज करने के लिए दिया थाने में प्रार्थना पत्र

बंथरा थाना क्षेत्र के ग्राम मिर्जापुर लटौवा में एक नीम के पेड़ का अवैध कटान पकड़ा गया। सरोजनीनगर रेंज के अमावां बीट प्रभारी प्रकाश चन्द्र सिंह ने सोमवार को थाना बंथरा में लिखित तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराने की मांग की है।तहरीर के अनुसार सोमवार दोपहर करीब 3:50 बजे अवैध कटान की गुप्त सूचना मिलने पर बीट प्रभारी घटनास्थल पर पहुंचे तो वहां एक कटे हुए नीम के पेड़ का ठूंठ (गोलाई 1 फीट 7 इंच) मौके पर मिला। लकड़ी मौके से गायब थी। स्थानीय लोगों से पूछताछ करने पर पता चला कि उक्त नीम का पेड़ जगदीश पुत्र अज्ञात, निवासी मिर्जापुर लटौवा का था। पेड़ का अवैध कटान ठेकेदार टुना पुत्र अज्ञात, निवासी सादुल्लाह नगर, थाना बंथरा द्वारा कराया गया।बीट प्रभारी ने इसे उत्तर प्रदेश स्थापन (वृक्ष संरक्षण) अधिनियम 1976 की धारा 3/8 तथा वृक्ष अभिवहन नियमावली 1978 की धारा 3/28 के तहत वन अपराध बताया है।प्रकाश चन्द्र सिंह ने थाना प्रभारी बंथरा से आरोपियों जगदीश और ठेकेदार टुना के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

बिजनौर क्षेत्र में दिन-दहाड़े ई-रिक्शा से बैटरी चोरी

थाना बिजनौर क्षेत्र के औरंगाबाद जागीर (भारत गैस गोदाम के पास, बिजनौर रोड) में चोरों के हौसले बुलंद हैं। बीती रात अज्ञात चोरों ने एक ई-रिक्शा से सभी बैटरियां चोरी कर ले गए। पीड़ित रामचन्द्र पुत्र स्व सदानन्द सिंह ने इस संबंध में थाना बिजनौर में लिखित तहरीर दी है।
रामचन्द्र ने बताया कि 29 अक्टूबर 2025 की रात को उनका ई-रिक्शा घर के गेट पर चार्जिंग के लिए खड़ा था। रात में किसी समय अज्ञात चोरों ने ई-रिक्शा की सभी बैटरियां चुरा लीं। सुबह जब परिवार के लोग उठे तो बैटरियां गायब मिलीं। आस-पास पूछताछ करने पर भी कोई सुराग नहीं मिला।पीड़ित रामचन्द्र मूल रूप से ग्राम रेवारी, थाना करनैलगंज, जिला गोंडा के रहने वाले हैं और वर्तमान में लखनऊ में ई-रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बैटरी चोरी होने से उनकी रोजी-रोटी पर संकट आ गया है।पीड़ित ने थाना प्रभारी बिजनौर से चोरी गए सामान की बरामदगी एवं अज्ञात चोरों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्यवाही करने की गुहार लगाई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला सीसीटीएनएस पर कायम कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। क्षेत्र में चोरी की बढ़ती घटनाओं से लोगों में रोष है।

बैनामा करने के बावजूद खरीदी हुई जमीन पर कब्जा न देने का आरोप

-सहायक पुलिस आयुक्त कृष्णा नगर से पीड़ित नें की शिकायत, मुकदमा दर्ज

थाना बंथरा क्षेत्र के ग्राम बंथरा सिकंदरपुर निवासी हरकेश सिंह पुत्र राजवीर सिंह ने कृष्णानगर के सहायक पुलिस आयुक्त को लिखित शिकायत दी है कि जनवरी 2021 में उनके द्वारा शिव शंकर पुत्र राम कुमार (ग्राम खसरवारा) से रजिस्टर्ड बैनामा द्वारा खरीदी गई गाटा संख्या 102/3 (रकवा 92.936 वर्ग मीटर) जमीन पर विक्रेता शिव शंकर, उसके भाई सुनील कुमार, सुशील कुमार, अशोक कुमार व दलाल सतीश कुमार शुक्ल मिलकर अवैध कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं।शिकायत में कहा गया है कि खरीददार ने बैनामा के समय पंजाब नेशनल बैंक खाता संख्या 0318060XXXXX के माध्यम से 6 लाख रुपये ऑनलाइन तथा 1 लाख रुपये नकद शिव शंकर को भुगतान कर दिया था, फिर भी अब विक्रेता पक्ष अतिरिक्त 1 लाख रुपये की मांग कर रहा है और धमकी दे रहा है कि “पैसे नहीं दिए तो जमीन पर खुद मकान बनाकर कब्जा कर लेंगे”।हरकेश सिंह ने आरोप लगाया है कि जब भी वह अपनी जमीन पर निर्माण कार्य शुरू करने जाते हैं तो शिव शंकर, सुनील, सुशील, अशोक व सतीश कुमार शुक्ल सभी मिलकर एकजुट होकर गाली-गलौज करते हैं और जान से मारने की धमकी देते हैं।पीड़ित ने पुलिस से मांग की है कि आरोपियों के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्यवाही की जाए ताकि वह अपनी वैध रूप से खरीदी जमीन पर कब्जा लेकर निर्माण कर सके।मामले की कॉपी थाना बंथरा में भी दी गई है। पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर ली है और जांच के बाद उचित धाराओं में अभियोग पंजीकृत करने की बात कही जा रही है।

बंथरा के हरौनी में पड़ोसी विवाद ने लिया खूनी रंग

-ईंट से हमला कर बेटे के सिर पर मारा, मां -बहू को भी पीटा, जान से मारने की दी धमकी

बन्थरा थाना क्षेत्र के ग्राम हरौनी में पड़ोसियों के बीच पुरानी रंजिश ने देर रात खूनी रूप ले लिया। आरोपी हरिओम, उसकी मां, जीजी चुन्नीलाल और उनका पूरा परिवार कथित तौर पर पीड़िता नसीम बानो के बेटे दानिश के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट पर उतर आया। जब मां नसीम बानो और बहू याश्मीन ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो आरोपियों ने दानिश के सिर पर ईंट से वार कर दिया, जिससे उसे गम्भीर चोटें आईं। पीड़िता नसीम बानो (पत्नी मुन्ना उर्फ अलीमुद्दीन) ने थाना बन्थरा में दी गई तहरीर में बताया कि आरोपी परिवार ने सभी को जान से मारने की धमकी भी दी। जान बचाने के लिए परिवार किसी तरह मौके से भागकर प्रसाद हॉस्पिटल पहुंचा और घायल दानिश को भर्ती कराया। यह मामला 29 नवंबर 2025 की देर रात का बताया जा रहा है। पीड़िता के अनुसार आरोपी लगातार धमकियां दे रहे हैं, जिसके चलते परिवार दहशत में है।मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।

सरोजनीनगर में 19 साल के छात्र ने लगाई फांसी, मौत

सरोजनीनगर थाना क्षेत्र के शांति नगर (क्रिएटिव स्कूल के पीछे) में किराए के मकान में रहने वाले 19 वर्षीय छात्र दिव्यांशु राज ने सोमवार सुबह अपने कमरे में पंखे से चादर बांधकर फांसी लगा ली। परिजनों ने उसे तुरंत सरोजनी नगर सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।मृतक दिव्यांशु राज पुत्र अमरेश कुमार, मूल निवासी लालपुर बाजार, थाना लहरपुर, जिला सीतापुर का रहने वाला था। वह अपने बड़े भाई अर्पित राज के साथ पिछले 8-10 वर्षों से लखनऊ में किराए पर रहकर पढ़ाई कर रहा था।सूचना मिलते ही सरोजनीनगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।

सरोजनीनगर,बंथरा,बिजनौर थाना क्षेत्र में मैरिज हॉलों की चकाचौंध

-पार्किंग नहीं तो सड़कें बनीं ‘बारात जाम’ का शिकार

सरोजनीनगर तहसील के बंथरा, बिजनौर और आसपास के इलाकों में पिछले कुछ सालों में मैरिज हॉल, बैंक्वेट हॉल और गेस्ट हाउस की बाढ़ आ गई है। कानपुर लखनऊ हाईवे, लखनऊ-सुल्तानपुर हाइवे, बंथरा बिजनौर रोड,बनी मोहनलालगंज, बनी मोहान और ग्रामीण संपर्क मार्गों पर दर्जनों चमचमाते हॉल खुल गए हैं, लेकिन इनमें से अधिकांश में पार्किंग का नामोनिशान तक नहीं है। नतीजा – शादी के सीजन में हर रात पूरा इलाका जाम की गिरफ्त में रहता है। बारात की आगवानी के समय तो हालात यह हो जाते हैं कि एम्बुलेंस और दमकल तक नहीं निकल पाती।

सबसे ज्यादा प्रभावित इलाके

बंथरा,बिजनौर थाना क्षेत्र,काकौरी पुल के आसपास,हैदरगढ़ पुल से बिजनौर तक का पूरा हाइवे,अमौसी एयरपोर्ट मार्ग से बंथरा की ओर आने वाली सड़कें

जाम की भयावह तस्वीर

एक ही रात में 8-10 बारातें होने पर 500 से 1000 गाड़ियां सड़क पर खड़ी हो जाती हैं।डीजे, घोड़ी-बग्घी, बैंड-बाजा और आतिशबाजी के लिए मुख्य सड़क को ही घेर लिया जाता है।दो लेन की सड़कें एक लेन में सिमट जाती हैं, कई जगह तो दोनों तरफ गाड़ियां खड़ी होने से रास्ता पूरी तरह बंद हो जाता है।स्थानीय लोग बताते हैं कि रात 8 बजे से 2 बजे तक गाड़ी निकालना मुश्किल हो जाता है।

स्थानीय लोगों का दर्द

बंथरा निवासी संदीप कहते हैं, “हमारे गांव के सामने ही तीन बड़े हॉल हैं। शादी के दिन रात भर जाम, शोर और कचरा। सुबह उठो तो सड़क पर शराब की बोतलें और प्लास्टिक के गिलास बिखरे रहते हैं।”बिजनौर की रहने वाली रेनू ने बताया, “पिछले सप्ताह मेरे पति को हार्ट अटैक आया। एम्बुलेंस 45 मिनट तक जाम में फंसी रही। भगवान ने चाहा तो जान बची, वरना कुछ भी हो सकता था।एक स्कूल वैन चालक ने नाम न छापने की शर्त पर कहा, “सुबह 7-8 बजे भी रात की खड़ी गाड़ियां नहीं हटतीं। बच्चों को लेट हो जाता है।

उड़ रही नियमों की धज्जियां, प्रशासन मौन

एलडीए और ग्राम पंचायत के नियमों के अनुसार 1000 वर्ग मीटर से बड़े कमर्शियल भवन में कम से कम 25-30 प्रतिशत जगह पार्किंग के लिए छोड़नी अनिवार्य है।ज्यादातर हॉल मालिकों ने पार्किंग की जगह को ही अतिरिक्त लॉन या कमरे में बदल दिया।कई हॉल तो बिना नक्शा पास कराए और बिना कमर्शियल अनुमति के ही चल रहे हैं।बिजनौर थाना पुलिस कई बार चालान करती है, लेकिन हॉल मालिकों का राजनीतिक रसूख होने से कोई स्थायी कार्रवाई नहीं होती।लोगों ने की ये मांगें:सभी मैरिज हॉल-गेस्ट हाउस की तत्काल जांच और पार्किंग नियम उल्लंघन पर सीलिंग-बुलडोजर की कार्यवाही।बंथरा-बिजनौर क्षेत्र में कम से कम दो बड़े पब्लिक पार्किंग प्लॉट विकसित किए जाएं।शादी-विवाह के लिए अलग ‘वेडिंग डेस्टिनेशन जोन’ बनाया जाए, जहां पर्याप्त पार्किंग और सुविधाएं हों।रात 10 बजे के बाद डीजे-बैंडबाजा पूरी तरह प्रतिबंधित हो।हॉल मालिकों से बारात की गाड़ियों के लिए पास की व्यवस्था अनिवार्य की जाए।जब तक प्रशासन सख्त कदम नहीं उठाता, बंथरा-बिजनौर की सड़कें हर रात ‘बारातियों के जश्न’ और आम लोगों के ‘जाम के दर्द’ के बीच पिसती रहेंगी। शादी की खुशियां तो मनाई जा रही हैं, लेकिन आसपास के हजारों लोगों की जिंदगी हर रात जाम में फंसकर ‘दुखियारी’ हो जा रही है।

बिजनौर में दिन-दहाड़े लाखों की चोरी

-एल्डिको शौर्य कॉलोनी में मकान का ताला तोड़ 8 दिन में सोने-चाँदी के जेवरात, घड़ियाँ व नकदी ले उड़े चोर

बिजनौर थाना क्षेत्र स्थित पॉश इलाके एल्डिको शौर्य कॉलोनी में चोरों ने एक बार फिर अपनी दस्तक दे दी। मकान संख्या 309 के मालिक कमल किशोर त्रिपाठी पुत्र भुवन चन्द्र त्रिपाठी ने बिजनौर थाने में लिखित तहरीर देकर बताया कि वे परिवार सहित 17 नवंबर 2025 को एक शादी समारोह में बाहर गए थे और 25 नवंबर 2025 को जब घर लौटे तो मुख्य दरवाजा व ताला टूटा हुआ मिला।घर के अंदर जाकर देखा तो अलमारियों व बक्सों को खंगाला गया था। सोने-चाँदी के जेवरात, कीमती घड़ियाँ और नकदी गायब थी। चोरी की यह वारदात 17 से 25 नवंबर के बीच कभी भी हुई।शिकायतकर्ता कमल किशोर त्रिपाठी ने बताया कि वे पूरे परिवार के साथ 8 दिन बाहर थे, इसलिए चोरों को पूरा मौका मिल गया। चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत लाखों रुपए में बताई जा रही है।मामला बिजनौर थाने में NCRB के तहत दर्ज कर लिया गया है।

बिजनौर में तीन भैंसें चोरी, किसान ने दर्ज कराई रिपोर्ट 

बिजनौर थाना क्षेत्र के ग्राम नटकुर निवासी एक किसान की तीन भैंसें 25 नवंबर 2025 की रात चोरी हो गईं। पीड़ित किसान जय प्रकाश गौतम पुत्र दिवारी लाल ने बताया कि वे अपनी तीनों भैंसों को चारा-पानी कराकर रात करीब 8 बजे हाइवे स्थित अपने मकान पर चले गए थे। भैंसें गौशाला (गौड़ा) में बंधी हुई थीं।अगली सुबह 26 नवंबर को करीब 6 बजे जब वे गौशाला पहुंचे तो तीनों भैंसें गायब थीं। काफी तलाश करने व 112 नंबर पर सूचना देने के बावजूद भैंसें नहीं मिलीं।पीड़ित जय प्रकाश गौतम ने 29 नवंबर 2025 को थाना बिजनौर में लिखित तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस भैंस चोरों का पता कर रही हैं।

बंथरा में तेज रफ्तार कार ने टीचर को मारी टक्कर,रिपोर्ट दर्ज

-तीन महीने की गर्भवती महिला गंभीर रूप से घायल, स्कूल का टैब-मोबाइल-आधार कार्ड सहित बैग लूटा

बंथरा थाना क्षेत्र में शनिवार शाम उस समय हड़कंप मच गया जब एक तेज रफ्तार कार (नंबर UP-25 BH 6898 B) ने प्राथमिक विद्यालय की महिला शिक्षिका की स्कूटी में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयानक था कि 3 महीने की गर्भवती महिला शिक्षिका दिव्या वर्मा सड़क पर जा गिरीं और उन्हें गंभीर चोटें आईं।महिला शिक्षिका अपने पति के साथ प्राथमिक विद्यालय नेवाजीखेड़ा से स्कूटी पर घर (पुरानी गौरी बाजार, लखनऊ) लौट रही थीं। बंथरा बाजार में जाम होने के कारण वे रुकी थीं, तभी पीछे से आ रही कार ने लापरवाही और तेज गति से उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार चालक मौके से फरार होने की कोशिश में अन्य वाहनों से भी टकराया।हादसे में स्कूटी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सबसे चौंकाने वाली बात यह कि टक्कर के झटके में महिला का बैग सड़क पर गिर गया और उसमें रखा स्कूल का टैब, मोबाइल फोन, आधार कार्ड और अन्य जरूरी सरकारी दस्तावेज गायब हो गए। शिकायतकर्ता ने इसे चोरी/लूट बताया है।
घायल शिक्षिका दिव्या वर्मा ने तुरंत बंथरा थाने में लिखित तहरीर दी है, जिसमें कार चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने, गर्भवती महिला को चोट पहुंचाने, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और चोरी का मुकदमा दर्ज करने की मांग की गई है।पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी कार मालिक व चालक की तलाश शुरू कर दी है। घायल महिला को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, डॉक्टरों ने गर्भस्थ शिशु की स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है।

Aaj National

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *