UNNAO NEWS:डीएम-एसडीएम ने किया पीएचसी का औचक निरीक्षण,क्लिक कर देखें और भी खबरें

मास्क न पहने पर स्वास्थ्य कर्मियों को लगाई फटकार

 UNNAO: शुक्लागंज के न्यू प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण करने के लिये अपर जिलाधिकारी और उप-जिलाधिकारी पहुंचे। जहां उन्होंने ओपीडी, वैक्सीनेशन के अलावा स्वास्थ्य गतिविधियां देखी। वहीं अस्पताल में मौजूद महिला डॉक्टर से अस्पताल के बारे में जानकारी ली। जिसके बाद उन्होंने कोविड नियमों का पालने करने को लेकर दिशा निर्देश भी दिए। अपर जिलाधिकारी नरेन्द्र सिंह और उप-जिलाधिकारी सदर सत्यप्रिय सिंह दोपहर करीब एक बजे शुक्लागंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। जहां अधिकारियों को देख स्वास्थ्य कर्मियों में हड़कंप मच गया। अस्पताल में मौजूद स्वास्थ्य कर्मी मास्क नहीं लगा रखे थे। जिस पर अपर जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य कर्मियों को कोविड नियमों का पालन करने के निर्देश देते हुये फटकार लगाई। एडीएम ने प्रभारी चिकित्साधिकारी के बारे में जानकारी की, तो मौजूद स्वास्थ्य कर्मियों ने बताया कि प्रभारी के ट्रांसफार्मर होने की बात बताई। जिस पर एडीएम ने मौजूद महिला चिकित्सक डॉ. रश्मि वर्मा से हुई ओपीडी के बारे में जानकारी की। इसके अलावा दवा कक्ष और वैक्सीनेशन कक्ष जाकर कोविड टीकाकरण की जानकारी भी ली। उप-जिलाधिकारी सदर सत्यप्रिय सिंह ने मौजूद स्वास्थ्य कर्मियों से कहा कि परिसर में आने वाले सभी मरीजों का अच्छे से उपचार किया जाए। जिससे मरीजों को इधर उधर न भटकना पड़े। यदि इस संबंध में कोई शिकायत मिली तो संबंधित कर्मी के खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी। निरीक्षण करने के बाद एडीएम, एसडीएम मुख्यालय वापस लौट गए। जिसके बाद स्वास्थ्य कर्मियों ने राहत की सांस ली। शुक्लागंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में एक साल पहले डॉ आशुतोष वार्ष्णेय का ट्रांसफर होने के बाद पीएचसी में स्वास्थ्य संबंधित सुविधाओं में परेशानी है। डॉ ज्ञान सिंह के कार्यकाल के दौरान मरीजों को बेहतर उपचार नही मिल पाता था। जिसके बाद सीएमओ ने उनका ट्रांसफर कर अब डॉ विकास यादव को जिम्मेदारी सौंपी है।

महिला जिला अस्पताल में मरीज से वसूली

जांच के लिए 250 रुपये की घूस, महिला के परिजनों ने अस्पताल में दिया धरना

उन्नाव के महिला जिला अस्पताल में ब्लड जांच कराने के लिए ढाई सौ रुपये वसूली का मामला सामने आया है। ब्लड जांच कराने के लिए रुपये मांगे जाने पर महिला के परिजन धरने पर बैठ गए। मामला सीएमओ तक पहुंचा तो जांच का आदेश दिया गया। जांच के बाद एसीएमओ ने बताया कि मामले में सत्यता पाई गई है और दोषी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। महिला जिला अस्पताल पहुंचे पूरन नगर निवासी विष्णु त्रिपाठी ने बताया कि वह अपनी पत्नी की जांच कराने जिला अस्पताल आये हैं। जहां महिला डॉक्टर ने पत्नी का ब्लड जांच कराने की बात कही। लैब में पहुंचने पर जांच करने से मना कर दिया गया। इसके बाद डॉक्टर की करीबी अस्पताल की मौजूद स्टाफ माया
ने ढाई सौ रुपये ले लिया। इसकी जानकारी विष्णु के भाई को हुई तो महिला जिला अस्पताल पहुंचकर धरना पर बैठ गया। अस्पताल में धरना देने की जानकारी सीएमओ डॉक्टर सत्य प्रकाश को दी गई। इसके बाद उन्होंने एसीएमओ डॉ. आरके गौतम को मौके पर भेजा। एसीएमओ ने जांच पड़ताल की तो संज्ञान में आया कि स्टाफ कर्मी ने ब्लड जांच के नाम पर पैसे लिए है। उन्होंने बताया कि जांच पड़ताल की गई है। कर्मी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्नाव के महिला जिला अस्पताल में अक्सर मरीजों के उपचार को लेकर स्टाफ विवादों में रहता है। सीएमओ डॉ सत्यप्रकाश ने कहा कि कर्मियों को सख्त निर्देश है कि स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर कोई शिकायतें न मिले। यदि लापरवाह कर्मी नहीं सुधरेंगे तो ठोस कार्रवाई की जाएगी। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ओर स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर बेहद सख्त दिख रहे हैं। उन्होंने एक माह पहले उन्नाव जिला अस्पताल का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सुविधाओं की हकीकत जानी थी। सीएमओ को स्वास्थ्य सुविधाओं को ओर दुरुस्त कराने का निर्देश दिया था। इसके बावजूद अस्पताल में जांच के लिए रुपये वसूले जा रहे हैं।

गैंगस्टर राजोल सिंह की 57 लाख की संपत्ति जब्त
3 मकान और एक प्लाट सीज, 3.18 करोड़ की प्रॉपर्टी पहले हो चुकी है कुर्क

उन्नाव में गैंगस्टर और हत्या के आरोपी राजोल सिंह पर प्रशासन का शिकंजा कसता जा रहा है। आरोपी की 3.18 करोड़ की संपत्ति एक सप्ताह पहले डीएम के आदेश पर फिर जब्त की गई थी। प्रशासन ने शुक्रवार को मुनादी कराकर राजोल सिंह की 57 लाख की संपत्ति कुर्क की। जिसमें 3 अलग-अलग मकान और प्लाट शामिल है। पुलिस का कहना है कि गैंगेस्टर राजोल सिंह ने अवैध तरीके से गैंग बनाकर गरीब लोगों की जमीन पर कब्जा कर संपति बनाई थी। नायब तहसीलदार मंजुला मिश्रा के नेतृत्व में इंस्पेक्टर अपराध अवधेश यादव और प्रशासनिक अमला भारी पुलिस बल के साथ कल्याणी देवी मोहल्ले में पहुंचा। जहां माफिया राजोल सिंह उर्फ अरुण कुमार सिंह का प्लाट सीज कर दिया। पुलिस प्रशासन इसके बाद पीताम्बर नगर में एक मकान, मोहल्ला काशीराम में प्लाट को जब्त किया। इसके बाद अधिकारियों ने कार्रवाई का बोर्ड लगा दिया। पुलिस और प्रशासन लगातार अपराधियों पर नकेल कस रहा है। इसी क्रम में गैंगस्टर एक्ट के आरोपी राजोल सिंह की 57 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है। गैंगस्टर एक्ट के आरोपी राजोल सिंह को 27 जनवरी को पुलिस ने जेल भेज दिया था। आरोपी राजोल सिंह दलित युवती की हत्या के मामले में उसका भाई अशोक सिंह समेत अन्य आरोपी अभी जेल में बंद है। पुलिस प्रशासन ने एक सप्ताह पहले गैंगस्टर एक्ट के आरोपी राजोल सिंह की 3 करोड़ रुपए की संपत्ति पहले ही जब्त की थी। सदर कोतवाली क्षेत्र के काशीराम में रहने वाली दलित युवती की हत्या कर उसके शव को दिव्यानंद आश्रम में गाड़ने का आरोप राजोल सिंह पर है। पुलिस ने शव को 10 फरवरी को युवती का शव बरामद किया था। जिसके बाद लगातार राजोल सिंह पर कार्रवाई जारी है।

सरैयां आरओबी निर्माण में अब नहीं टूटेंगे मकान
आरओबी का कार्य काफी हद तक हो चुका है पूरा, चौड़ीकरण का भी रास्ता साफ

उन्नाव बैराज से सरैयां क्रॉसिंग के बीच आरओबी का कार्य काफी हद तक पूरा हो चुका है। क्रॉसिंग से मरहला के बीच कुछ मकान जद में आ रहे थे। जिसमें हाईकोर्ट में रिट डाली गई थी। तहसीलदार के नेतृत्व में पीडब्ल्यूडी की जमीन की नाप की गई। जिससे साफ हो गया कि अब जद में आने वाले मकान नहीं टूटेंगे। तहसीलदार के साथ सभी टीम सरैयां क्रॉसिंग पर पहुंची। जहां नेतुआ,फत्तेखेड़ा, मझरा पीपर खेड़ा ग्राम सभा की सीमाओं की नाप जोख की गई। क्रॉसिंग से लेकर मरहला चौराहे तक तीन सौ मीटर से अधिक का रास्ता पीडब्ल्यूडी की जमीन से निकला हुआ है। सरकारी भूमि पीडब्ल्यूडी जिसका नंबर 442 है। उसी के ऊपर से आरओबी निकाला जायेगा। ऐसे में लेखपाल मनोज ने बताया कि राजाराम और आनंद के जो मकान बने हैं। वह भूमिधरी जमीन पर बने हैं। बगल से निकली पीडब्ल्यूडी की रास्ता से आरओबी निकाला जायेगा। विभाग के पास पर्याप्त जगह है। यदि फिर भी जगह कम होती है तो नियमानुसार उन्हें मुआवाजा दिया जायेगा। लेखपाल मनोज यादव ने बताया कि क्रॉसिंग से मरहला तक 306 मीटर तक पीडब्ल्यूडी का रास्ता दर्ज है। अब इसी से आरओबी बनाया जायेगा। रिपोर्ट दे दी गई है। जिससे निर्माण एजेंसी अपने कार्य को जल्द से जल्द पूरा कर सके। सेतु निगम ने बताया कि आरओबी के लिये बीच रास्ते से 13-13 मीटर की जरूरत है। इसलिये कुल 26 मीटर चौड़े रास्ते की जरूरत है। अब नापजोख होने के बाद चौड़ीकरण का भी रास्ता साफ हो गया है।

बांगरमऊ ब्लॉक मुख्यालय पर लहराएगा 100 फीट तिरंगा
विधायक ने आज किया भूमि पूजन, 11-17 अगस्त तक सभी ब्लॉकों पर चलेगा कार्यक्रम

बांगरमऊ क्षेत्र में आजादी के अमृत महोत्सव के तहत कार्यालय पर 100 फिट लंबा तिरंगा लगाया जाएगा। विधायक श्रीकांत कटियार ने शुक्रवार को तिरंगा स्थापित करने के लिए भूमि पूजन किया। उन्होंने कहा कि तिरंगा लगाने का उद्देश्य नागरिकों में राष्ट्रवाद की भावना जागृत करने के लिए जन-जन को प्रेरित करना है।विधायक ने कहा कि ब्लॉक मुख्यालय पर तिरंगा लहराएगा तो देश के नागरिकों में राष्ट्रवाद की भावना का संचार करेगा। सरकार ने इस बार स्वतंत्रता की वर्षगांठ को अनोखे अंदाज में मनाने का निर्णय लिया है। आगामी 11 अगस्त से 17 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान संचालित किया जाएगा। इस अवसर पर खण्ड विकास अधिकारी अभिनव सरोज, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अर्जुनलाल दिवाकर समेत कई अधिकारी व नागरिक मौजूद रहे। जनपद उन्नाव के सीडीओ दिव्यांशु पटेल ने जिले के 16 ब्लॉकों में 100 फीट ऊंचा तिरंगा लहराने की योजना बनाई है। इसी के तहत बांगरमऊ में भी भूमिपूजन किया गया। लोगों के मन में देश प्रेम की भावना मजबूत करने के लिए सभी मकानों, दुकानों व सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा लहराया जाएगा। हर घर तिरंगा लहराने के लिए तिरंगा बनाने का काम भी शुरू हो गया है।

अपना दल की मासिक समीक्षा बैठक
उपाध्यक्ष छात्र मंच ने कहा, अनुप्रिया पटेल के विचारों को कोने-कोने तक पहुचाएंगें

बांगरमऊ विधानसभा क्षेत्र के हरदोई-उन्नाव मार्ग पर स्थित हरित होटल निकट कैंप कार्यालय में जनपद उन्नाव अपना दल (एस) पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा मासिक बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक की अध्यक्षता जोन अध्यक्ष विनोद कटियार ने किया। बैठक
को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि प्रदेश उपाध्यक्ष छात्र मंच शुभम सिंह पटेल ने कहा जिस तरह से मजबूती के साथ संगठन 2022 में मेहनत करके विधानसभा चुनाव में प्रदेश में अपना दल (एस) पार्टी ने अपना परचम लहराया है। उसी तरह आने वाले समय में हम लोगों को संगठन को मजबूत कर के पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बहन अनुप्रिया पटेल के विचारों को जनपद के कोने-कोने में ले जाने का काम करना है। उन्नाव जिला अध्यक्ष अमरेश पटेल ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल के दिशानिर्देशों के अनुसार आने वाले नगर पंचायत चुनाव और लोकसभा के चुनाव की तैयारी में सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता अभी से लग जाएं। जिससे जिले में अपना दल (एस) का परचम लहराया जा सके। तथा संगठन के विस्तार के लिए सदस्यता अभियान चलाने पर चर्चा किया गया। जिससे बृहद रूप से हर घर तक अपना दल (एस) का
सिपाही खड़ा किया जा सके। जिला उपाध्यक्ष राजेश पाल ने कहा कि सभी को जिम्मेदारी देते हुए अपने अपने पदों पर निष्ठा से कार्य करके पार्टी को मजबूत करना है और बहन अनुप्रिया पटेल के हाथों को मजबूत कर सीएम की कुर्सी तक पहुंचाना है। संचालन जिला उपाध्यक्ष राजेश पाल ने किया। इस मौके पर अल्पसंख्यक मंच जिला अध्यक्ष वसीरजा भाई, बांगरमऊ विधानसभा अध्यक्ष विकास पटेल, बांगरमऊ नगर अध्यक्ष कौशल गुप्ता, जिला महासचिव देवेन्द्र कनौजिया, लोक कल्याण मंच जिला उपाध्यक्ष बंशीलाल अर्कवंशी, सूरज बली गौतम, प्रमोद कटियार, शैलेंद्र यादव, शिवम कटियार, बेचेलाल दिवाकर, कुंवरपाल आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

त्योहारों को लेकर पुलिस अलर्ट
बारासगवर थाना परिसर क्षेत्र के संभ्रांत लोगों के साथ पीस कमेटी की बैठक

बारा सगवर थाने में ईद-उल-अजहा व कांवड़ यात्रा को दृष्टिगत रखते हुए उप जिलाधिकारी बीघापुर व क्षेत्राधिकारी बीघापुर ने बारा सगवर थाना क्षेत्र के सभी धर्मगुरुओं एवं ग्राम प्रधान व संभ्रांत व्यक्तियों के साथ पीस कमेटी की बैठक हुई। बैठक में उप जिलाधिकारी बीघापुर दयाशंकर पाठक ने सभी से शांतिपूर्ण तरीके से त्योहार मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि हर त्योहार हमें आपसी प्रेम और भाईचारा के साथ मिल-जुलकर मनाना चाहिए। श्रावण मास भी आने वाला है। कांवड़ यात्रा जगह-जगह निकलती है, इसलिए यह ध्यान देना जरूरी है कि यात्रा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो और किसी को असुविधा न होने पाए।क्षेत्राधिकारी बीघापुर डीपी सिंह ने कहा कि बकरीद के त्योहार व कांवड़ यात्रा को आपसी भाईचारे तथा सौहार्द पूर्वक मिलजुल कर मनाएं। किसी पर भी आपत्तिजनक टीका टिप्पणी से बचें। यदि इस तरह कि कोई अराजकता उत्पन्न करता है तो शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए कानून कि मदद करें और तुरंत पुलिस को सूचना दें। थाना प्रभारी बारा सगवर राजबहादुर ने सभी संभ्रांत लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। शासन द्वारा दिए गए आदेश निर्देशों से अवगत कराया गया। सभी लोगों को साइबर अपराध के संबंध में जागरूक किया गया। शासन द्वारा जारी शिकायत हेल्पलाइन नंबर 1930 एवं ऑनलाइन पोर्टल के बारे में जानकारी दी गई तथा बचाव संबंधी दिशा निर्देश दिए गये। बैठक में प्रमुख रूप से दीपक सिंह, संजय सिंह, विजय सत्यम समेत कई लोग मौजूद रहे।

Aaj National

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *