सरोजनीनगर:दो वाहनों में आमने-सामने टक्कर, दो की मौत,क्लिक करें और भी खबरें

  • REPORT BY:A.S.CHAUHAN || EDITED BY:AAJ NATIONAL NEWS

लखनऊ। सरोजनीनगर थाना क्षेत्र में सोमवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना उस समय हुई जब बुलेट सवार तीन युवक दरोगाखेड़ा की ओर जा रहे थे और उनकी बाइक आलू लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली से आमने-सामने भिड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिनवट गांव निवासी संचित रावत (26 वर्ष) पुत्र शिवराज रावत, जो डाला चालक था, अपने साथी उमेश रावत (20 वर्ष) पुत्र गोपाल और सुनील पन्ना उर्फ बिहारी (20 वर्ष) निवासी लोहार बग्गा, झारखंड के साथ बाइक से दरोगाखेड़ा की ओर जा रहा था। रात करीब आठ बजे जब वे घर से लगभग 500 मीटर की दूरी पर भुइयां माता मंदिर के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही आलू लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से उनकी मोटरसाइकिल की जोरदार भिड़ंत हो गई।
बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर की हेडलाइट बंद थी, जिससे हादसा हो गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों और परिजनों ने घायलों को तत्काल सरोजनीनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने संचित और सुनील को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल उमेश को कृष्णानगर स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश जारी है।

नाबालिग से दुष्कर्म मामले में 25-25 हजार के दो इनामी गिरफ्तार,बंथरा पुलिस और सर्विलांस की संयुक्त कार्रवाई

थाना बंथरा की संयुक्त टीम ने नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवकुमार कश्यप उर्फ छोटू कश्यप (29 वर्ष) और विशाल गुप्ता उर्फ जलजला (23 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों ग्राम हरौनी के रहने वाले हैं।पुलिस ने उन्हें कटी बगिया से मोहान मार्ग नगवा नाले के पास से दबोचा। मामले में अब तक कुल पांच में से पांच आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं, जिनमें तीन पहले पुलिस मुठभेड़ में पकड़े गए थे।घटना 11 अक्टूबर 2025 को शाम करीब 5 बजे बंथरा क्षेत्र में हुई थी। पीड़िता के पिता की तहरीर पर मुकदमा संख्या 350/2025 धारा 70(2), 351(3) बीएनएस और 5g/6 पोक्सो एक्ट दर्ज किया गया। 12 अक्टूबर को ललित कश्यप और मेराज को गिरफ्तार किया गया, जबकि 17 अक्टूबर को राजेंद्र कुमार उर्फ बाबू कश्यप को मुठभेड़ में पकड़ा गया।बाकी दो फरार आरोपियों की तलाश में सर्विलांस सेल की मदद से मैनुअल और टेक्निकल साक्ष्यों के आधार पर 3 नवंबर को सफलता मिली। पुलिस ने बताया कि आरोपी आत्मसमर्पण की फिराक में थे, लेकिन टीम ने उन्हें धर दबोचा। अग्रिम कानूनी कार्रवाई जारी है।

किराए के मकान में चोरी, चांदी के गहने नकदी गायब,पड़ोसी पर संदेह

सरोजनीनगर थाना क्षेत्र के समा बिहार कॉलोनी में किराए पर रहने वाली आमना खातून के घर में मंगलवार रात चोरी की वारदात हुई। शिकायतकर्ता के अनुसार, चोरों ने दरवाजे की कुंदी तोड़कर आलमारी से चांदी के गहने, नकदी और गुल्लक के सिक्के चुरा लिए। पुलिस ने पड़ोसी आजम खान पर संदेह जताते हुए मुकदमा दर्ज कर लिया है।आमना खातून (पत्नी मु. साहिद) ने थाना सरोजनी नगर में दी गई तहरीर में बताया कि वह नासिर अली सिद्दीकी के मकान में पिछले दो साल से किराए पर रह रही हैं। 2 नवंबर 2025 को वह पति और बच्ची के साथ हज हाउस में नासिर अली की बेटी की शादी में शामिल होने शाम करीब 9 बजे घर से निकली थीं। रात 11:30 बजे लौटने पर दरवाजे की कुंदी टूटी मिली। अंदर घुसते ही आलमारी और लॉकर खुले हुए थे।चोरों ने चांदी की बालों की चिमटी (1),चांदी का झुमका (1 जोड़ी),चांदी की पायल (1 जोड़ी),चांदी का कंगन (1 जोड़ी),चांदी की बिछिया (1 जोड़ी) चांदी की अंगूठी (3),नकदी लगभग 2200 रुपये,गुल्लक में रखे सिक्के चोरी कर लिए।शिकायतकर्ता की माने तो आसपास पूछताछ करने पर पता चला कि उसी मकान में नीचे रहने वाला आजम खान (पुत्र इमरान) छत से सीढ़ियों पर उतरते देखा गया था। शिकायतकर्ता ने आजम खान पर ही चोरी का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

फर्जी प्रॉपर्टी कंपनी के मालिक पर ठगी का मुकदमा,5.38 लाख रुपये हड़पने का आरोप

ठाकुरगंज निवासी उबैदुल हई ने पुलिस आयुक्त को दी गई प्रथम सूचना रिपोर्ट में गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि YADAV SONS PROPERTIES CONSTRUCTIONS नाम की फर्जी कंपनी के मालिक प्रहलाद कुमार यादव उर्फ पीके यादव उर्फ गुड्डू यादव ने उन्हें चंद्रावल कानपुर रोड पर प्लॉट बेचने के नाम पर ठग लिया। पीड़ित ने कुल 5,38,212 रुपये जमा किए, लेकिन न तो प्लॉट की रजिस्ट्री हुई और न ही कब्जा मिला।पीड़ित के अनुसार साल 2016 में प्रहलाद यादव से मुलाकात हुई थी, जिन्होंने 299 रुपये प्रति वर्ग फीट की दर से 1800 वर्ग फीट प्लॉट बुक करने का लालच दिया। एडवांस में 75,000 रुपये चेक व नकद दिए गए, जबकि बाकी राशि 36 मासिक किस्तों में 4,63,000 रुपये जमा की गई। सभी रसीदें प्रहलाद यादव द्वारा जारी की गईं।किस्तें पूरी होने के बाद जब रजिस्ट्री व कब्जे की मांग की गई तो टालमटोल शुरू हो गया। जांच में पता चला कि कंपनी पूरी तरह फर्जी है, कोई जमीन नहीं है और कई लोगों से इसी तरह ठगी की गई है। जनवरी 2025 में प्रहलाद से मुलाकात हुई तो पैसा वापस मांगने पर गाली-गलौज व फर्जी मुकदमा फंसाने की धमकी दी गई।पुलिस से धोखाधड़ी, जालसाजी, आपराधिक धमकी व गाली-गलौज की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पैसा वापस या प्लॉट दिलाने की गुहार लगाई है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पड़ोसी ने दरवाजे पर घेरकर की मारपीट

थाना बिजनौर क्षेत्र में एक पड़ोसी विवाद ने उस समय हिंसक रूप ले लिया, जब पड़ोसी गुरुप्रसाद और उसके बेटों सहित दो अज्ञात व्यक्तियों ने पीड़ित रामशंकर के घर पर पहुंचकर उन्हें बेरहमी से पीटा। घटना 3 नवंबर 2025 को सुबह करीब 8 बजे की बताई जा रही है। पीड़ित रामशंकर ने इसकी लिखित शिकायत थाना बिजनौर में दर्ज कराई है।रामशंकर पुत्र स्व रामलाल, निवासी ग्राम मखदूमपुर कैथी, थाना बिजनौर ने अपनी तहरीर में बताया कि बिना किसी पूर्व विवाद या कारण के पड़ोसी गुरुप्रसाद पुत्र मैकू, उसके पुत्र रविशंकर व राजकरण तथा दो अज्ञात व्यक्ति उनके दरवाजे पर आए और मारपीट शुरू कर दी।

ईंटें हटाने को लेकर हुआ खूनी संघर्ष

बिजनौर थाना क्षेत्र के मकदूमपुर कैथी गांव में सोमवार सुबह ईंटें लोड ऑटो रिक्शा हटाने को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। आरोप है कि ट्रैक्टर चालक सोनू पुत्र महेश ने ऑटो चालक राजकरन पर धारदार औजार से हमला कर दिया, जिससे उसका सिर फट गया और वह बेहोश हो गया। इसके बाद सोनू के साथी महेश, रामशंकर, विमलेश पुत्र रामलाल, पंकज और मोनू ने भी मिलकर राजकरन की पिटाई की। हमलावर उसे घर ले जा रहे थे, तभी उसके पिता गुरु प्रसाद ने मिन्नतें कर छुड़ाया। पुलिस 112 पहुंची, लेकिन अभी FIR दर्ज नहीं हुई है।राजकरन पुत्र गुरु प्रसाद ने थाना प्रभारी को दी तहरीर में बताया कि वह नये घर से पुराने घर ईंटें ऑटो से ले जा रहा था। तभी सोनू ट्रैक्टर लेकर आया और ऑटो हटाने को कहा, धमकी दी कि नहीं हटाया तो ट्रैक्टर चढ़ा देगा। राजकरन ने कहा कि ईंटें उठा लें, फिर हटा देंगे। इस पर सोनू गालियां देने लगा और धारदार औजार से जानलेवा हमला कर दिया। सिर फटने से राजकरन बेहोश हो गया। फिर बाकी आरोपी भी मारपीट में शामिल हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ‌

बन्थरा में युवक पर हमला दी मां-बहन की गालियां,लाठी-डंडों से पीटा, जान से मारने की धमकी

ग्रामीण सरोज ने थाना प्रभारी बंथरा को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि उसके बेटे करन पर ग्राम चक, पोस्ट आमावां के निवासी ज्ञानी यादव उर्फ हनुमान मंदिर वाले और उसके दोनों बेटों ने शाम के समय लाठी-डंडों से जमकर पिटाई की, जिसमें युवक को सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। पीड़ित पक्ष ने तत्काल मुकदमा दर्ज करने और आरोपीयों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।घटना 2 नवंबर 2025 की शाम करीब 8 बजे की बताई जा रही है। तहरीर के अनुसार, सरोज पत्नी दिनेश, निवासी ग्राम एवं पोस्ट ऐन, थाना बन्थरा ने बताया कि उसका बेटा करन पुत्र दिनेश गौरी बाजार से काम करके घर लौट रहा था। रास्ते में ग्राम चक, पोस्ट आमावां में ज्ञानी यादव (हनुमान मंदिर) के पास पहुंचते ही भीखा और उसके दोनों बेटों ने अचानक करन को रोक लिया। आरोप है कि उन्होंने बिना किसी कारण के युवक को गाली-गलौज देना शुरू कर दिया और मां-बहन की अश्लील गालियां बकते हुए लाठी-डंडों से उसकी पिटाई कर दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

बंथरा क्षेत्र में रात के अंधेरे में फल-फूल रहा अवैध मिट्टी खनन

-ग्रामीणों की नींद हराम, माफिया की धमकियां बरपा रही खौफ, लोगों में आक्रोश

बंथरा थाना क्षेत्र में रात के सन्नाटे को चीरती हुई अवैध मिट्टी खनन की मशीनों की गर्जना ने ग्रामीणों की जिंदगी को नर्क बना दिया है। नरेरा और पुरहाईखेड़ा के बीच खांडे देव में नगवा नाले के किनारे जेसीबी, पोकलैंड और डंपर मशीनों का नंगा नाच चल रहा है, जो न केवल पर्यावरण को चोट पहुंचा रहा है, बल्कि सड़कों को तहस-नहस कर दुर्घटनाओं का खतरा भी पैदा कर रहा है। अवैध मिट्टी खनन माफियाओं की हरकत को लेकर लोगों में आक्रोश उत्पन्न है।

पिछले चार-पांच दिनों से यह काला कारोबार मुख्य रूप से रात्रि के समय फल-फूल रहा है, लेकिन स्थानीय पुलिस की गश्त के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हो रही, जिससे खनन माफिया का मनोबल आसमान छू रहा है।ग्रामीणों का आरोप है कि मिट्टी से लदे डंपर गांवों—नरेरा, पुरहाईखेड़ा और दादूपुर—के अंदर से बिना किसी रोक-टोक के दौड़ाए जा रहे हैं। इन भारी वाहनों की तेज रफ्तार से सड़कें और पानी निकासी की नालियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो रही हैं।

एक बुजुर्ग ग्रामीण, रामस्वरूप (नाम परिवर्तित), ने बताया कि “रात के 12 बजे के आसपास मशीनों की जोरदार आवाज से नींद उड़ जाती है। बच्चे-बुजुर्ग परेशान हैं, लेकिन जब विरोध करने जाते हैं तो माफिया के गुर्गे थार और स्विफ्ट डिजायर कारों में पीछे लगे रहते हैं। वे धमकी देते हैं—’अपना काम करो, शिकायत करो तो जहां चाहो करो, लेकिन ज्यादा बोलोगे तो यहीं ठीक कर देंगे। सत्ताधारी नेताओं का हाथ है हम पर, फलां का आदमी हूं।'”यह अवैध खनन न केवल शोर-शराबे का कारण बन रहा है, बल्कि सार्वजनिक सुरक्षा को भी खतरे में डाल रहा है। डंपरों की अंधाधुंध दौड़ से सड़क दुर्घटनाओं का भय ग्रामीणों के सिर पर मंडरा रहा है। पूर्व में इसी तरह के अवैध डंपरों से कई हृदयविदारक घटनाएं हो चुकी हैं, जहां निर्दोष लोग काल के गाल में समा गए। एक स्थानीय निवासी ने नाम न छापने की शर्त पर कहा, “पुलिस की गाड़ियां सड़क पर गश्त करती हैं, लेकिन इन डंपरों को देखकर आंखें फेर लेती हैं। लगता है खनन, राजस्व और पुलिस विभागों में सांठ-गांठ है। अगर ऐसी लापरवाही जारी रही तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है।बंथरा थाना क्षेत्र के ये गांव कृषि-प्रधान हैं, जहां नगवा नाला न केवल सिंचाई का स्रोत है, बल्कि जल स्तर को बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। विशेषज्ञों के अनुसार, अवैध खनन से नाले का तटबंध कमजोर हो रहा है, जो बाढ़ के मौसम में विनाशकारी साबित हो सकता है।

पर्यावरणविद् एक अधिकारी ने कहा “ऐसी गतिविधियां मिट्टी संरक्षण अधिनियम का स्पष्ट उल्लंघन हैं। जिला प्रशासन को तत्काल हस्तक्षेप करना चाहिए, वरना पारिस्थितिकी तंत्र को अपूरणीय क्षति पहुंचेगी।ग्रामीणों ने जिलाधिकारी और पुलिस कमिश्नर से शिकायत दर्ज कराने की चेतावनी दी है। उन्होंने मांग की है कि रात्रि गश्त सख्त की जाए, अवैध खनन पर तत्काल रोक लगाई जाए और माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो। क्या यह सिर्फ एक और खनन माफिया की जीत की कहानी होगी, या प्रशासन जागेगा। इतना जरूर है ग्रामीणों की चुप्पी अब टूटने की कगार पर है।राजस्व निरीक्षक बंथरा तहसील सरोजनीनगर अभी इसकी जानकारी हुई हैं लेखपाल को मौके पर भेजकर जांच करवाते हैं, अवैध खनन मिट्टी माफियाओं द्वारा किया गया है तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Aaj National

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *