सरोजनीनगर: खांडे देव-नरेरा गांव में बेलगाम हुआ अवैध खनन, सक्रिय है प्रभावशाली भट्ठा मालिक, क्लिक करें औऱ भी खबरें

-नगर निगम लिखी जेसीबी से उपजाऊ खेत खोदे, किसानों में बढ़ा आक्रोश

-सीएम तक पहुंची शिकायत,बिना अनुमति-बिना रजिस्टर्ड एग्रीमेंट के खोदे कई फीट गहरे गड्ढे

  • REPORT BY:A.S.CHAUHAN || EDITED BY:AAJ NATIONAL NEWS
लखनऊ।राजधानी के कानपुर रोड स्थित बंथरा क्षेत्र के ग्राम खांडे देव व नरेरा (रमाडा होटल के पीछे) ईंट भट्ठा माफिया खुलेआम अवैध खनन कर रहे हैं। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि अवैध मिट्टी खनन में जिस जेसीबी मशीन का इस्तेमाल हो रहा है, उस पर बड़े-बड़े अक्षरों में “नगर निगम” लिखा हुआ है। आशंका जताई जा रही है कि या तो यह मशीन नगर निगम की चोरी की गई है या फिर माफिया जानबूझकर “नगर निगम” लिखकर अपने गोरखधंधे को सरकारी संरक्षण का भ्रम पैदा कर रहे हैं।स्थानीय किसान व भाजपा लखनऊ के पूर्व नगर अध्यक्ष (विधि प्रकोष्ठ) एडवोकेट शैलेंद्र सिंह चौहान ने इस पूरे मामले की शिकायत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लेकर मुख्य सचिव, डीजीपी, जिलाधिकारी, पुलिस कमिश्नर तक सभी उच्चाधिकारियों से की है। शिकायत में बताया गया है कि खाता संख्या 00148, गाटा संख्या 3 व 5 (निकट इमिलिया तालाब) के खातेदारों गुरुदत्त, चंदन, पुत्तन, सिद्धि, राम मनोहर, राम लखन, रामदुलारे, रामसिंह व सुजीत कुमार आदि ने बिना खनन विभाग की अनुमति व बिना रजिस्टर्ड एग्रीमेंट के अपने खेत की उपजाऊ परत कई फीट गहराई तक खोद डाली है।इस खोदाई से शैलेंद्र सिंह चौहान के गाटा संख्या 2मी व 4मी वाले खेत से सटी मेड टूट गई, मिट्टी भसक रही है और रबी फसल की सिंचाई का कीमती पानी बर्बाद हो रहा है। इलाके के अन्य किसानों में भारी आक्रोश है।शिकायतकर्ता शैलेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि कल (4 दिसंबर) खनन विभाग का अधिकारी मौके पर जांच के लिए पहुंचा था, मैं खुद वहां मौजूद था। अधिकारी ने भी पाया कि खनन पूरी तरह अवैध और मानक विरुद्ध है। जल्द ही इन लोगों पर भारी जुर्माना लगने वाला है।उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक व्यक्ति का मामला नहीं, पूरे इलाके में भट्ठा माफिया ने मिलकर कृषि योग्य भूमि को बर्बाद कर रखा है। अगर तत्काल कड़ी कार्रवाई नहीं हुई तो किसान सड़कों पर उतरने को मजबूर होंगे।शिकायत की प्रतिलिपि IGRS पोर्टल पर भी अपलोड कर दी गई है (संदर्भ नं. 40015725119189) और मामला भूतत्व एवं खनिज विभाग को प्राथमिकता से जांच व कार्रवाई के लिए भेजा गया है।अब देखना यह है कि योगी सरकार के “जीरो टॉलरेंस” के दावों के बीच लखनऊ की राजधानी में ही चल रहे इस खुले अवैध खनन व भट्ठा माफिया पर कब और कितनी सख्ती से नकेल कसी जाती है।

बिजनौर में पड़ोसी विवाद में जमकर चली लाठियां

-महिला समेत चार लोग घायल, बिजनौर थाने में दर्ज हुई NCR

थाना बिजनौर क्षेत्र के ग्राम ठकुराइन खेड़ा में बुधवार शाम करीब 8:30 बजे पड़ोसियों के बीच पुराना जमीन व गंदगी का विवाद इतना बढ़ गया कि बात मारपीट तक जा पहुंची। तीन पड़ोसियों ने मिलकर एक ही परिवार के चार लोगों को लाठी-डंडों से पीटा, जिसमें एक महिला भी शामिल है।पुत्ती लाल पुत्र शीतल प्रसाद ने थाना बिजनौर में दी गई तहरीर में बताया कि उनके पड़ोसी जितेन्द्र, सत्येन्द्र (दोनों पुत्र प्रेम लाल) और पंकज पुत्र हरीराम अक्सर उनकी जमीन पर जानवर बांधते हैं और गंदगी फैलाते हैं। इसी बात को लेकर जब उन्होंने मना किया तो तीनों आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उन पर, उनके पुत्र दीपक, रिंकू और पत्नी रामावती पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में सभी को चोटें आई हैं।पुलिस ने पुत्ती लाल की तहरीर पर एनसीआर दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।

सरोजनीनगर में छल से तीसरी शादी करने का आरोप

-मारपीट के बाद घर से निकाली गई पत्नी ने CM पोर्टल पर दर्ज कराई शिकायत

सरोजनी नगर थाना क्षेत्र की रहने वाली निकिता महाजन (पति: हरदेश महाजन, भारतीय रेलवे कर्मचारी) ने मुख्यमंत्री कार्यालय को प्रेषित अपनी प्रथम सूचना रिपोर्ट में गंभीर आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगाई है।निकिता ने बताया कि 8 जून 2020 को आर्य समाज विधि से हरदेश महाजन से उनका विवाह हुआ था। विवाह के मात्र 10-12 दिन बाद से ही पति हरदेश महाजन और सास आशा महाजन ने कम दहेज का ताना देकर मानसिक-शारीरिक प्रताड़ना शुरू कर दी। रोजाना घरेलू हिंसा, माँ-बहन की गालियाँ, मारपीट और अपमान सहना पड़ा।सबसे चौंकाने वाला खुलासा यह कि विवाह के बाद पता चला कि हरदेश महाजन ने पहले दो शादियाँ कर रखी थीं, यह बात उनसे और उनकी माँ से जानबूझकर छिपाई गई। दहेज में दी गई ज्वेलरी, स्त्रीधन और सामान पर भी पति-सास ने कब्जा कर लिया।निकिता के अनुसार उन्हें दो वक्त का खाना तक ठीक से नहीं दिया जाता था,
सारा घरेलू काम जबरन कराया जाता था, मना करने पर मारपीट होती थी रेलवे कर्मचारी होने के बावजूद पति ने उन्हें कहीं घुमाने तक नहीं ले गए और न ही सर्विस रिकॉर्ड में पत्नी के तौर पर नाम दर्ज कराया,22 अप्रैल 2022 को मारपीट कर घर से निकाल दिया गया ,शिकायत दर्ज कराने के लिए निकिता पहले महिला थाने गईं, वहाँ से सरोजनीनगर थाने भेजा गया और सरोजनी नगर से फिर महिला थाने। दोनों जगह पुलिस ने एफआईआर दर्ज करने से इनकार कर दिया और कोर्ट भी नहीं भेजा।वर्तमान में निकिता अपने मायके में रह रही हैं। पति द्वारा मोबाइल पर लगातार धमकियाँ मिल रही हैं, जिससे पूरा परिवार दहशत में है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि कोई अनहोनी हुई तो इसके लिए पति और उसके परिवार जिम्मेदार होंगे।

लखनऊ-कानपुर हाईवे पर भयंकर जाम में फंसे वाहन

-बंथरा में एलिवेटेड रोड के रैंप निर्माण ने रोकी सड़क, 18 घंटे तक वाहन रेंगते रहे

लखनऊ-कानपुर हाईवे पर बंथरा थाना क्षेत्र के शिवपुरा में बन रहे एलिवेटेड रोड के चढ़ने-उतरने वाले रैंप (उतारा) के निर्माण कार्य की वजह से गुरुवार रात से शुक्रवार दोपहर तक करीब 18 घंटे भयंकर ट्रैफिक जाम रहा। दोपहर लगभग 12:30 बजे तक दोनों तरफ वाहनों की कई-कई किलोमीटर लंबी कतारें लगी रहीं और वाहन रेंग-रेंग कर आगे बढ़ रहे थे।स्थानीय लोगों और चालकों ने बताया कि गुरुवार देर रात करीब 10 बजे से ही जाम शुरू हो गया था। एलिवेटेड रोड का रैंप बनाने के लिए हाईवे के बीच में भारी मशीनरी और मटेरियल रख दिया गया था, जिससे दोनों लेन संकरी हो गईं। शुक्रवार सुबह ऑफिस और स्कूल का समय होने से जाम और बढ़ गया। कानपुर से लखनऊ आने वाली लेन पर बनी तक लंबा जाम लग गया।एम्बुलेंस और स्कूली बसें भी घंटों फंसी रहीं। कई यात्री पैदल चलकर अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए। ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन वैकल्पिक रास्तों की कमी और निर्माण कार्य जारी रहने से जाम खुलवाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। दोपहर करीब 12:30 बजे के बाद धीरे-धीरे जाम खुलना शुरू हुआ, लेकिन शाम तक रेंगती रफ्तार ही रही।

ससुराल वालों ने की विवाहिता को जिंदा जलाने की कोशिश

गोसाईंगज क्षेत्र की रहने वाली विवाहिता आफरीन ने अपने पति मुदस्सिर, सास नरगिस फातिमा, जेठ शीबू और जेठानी सूफिया पर गंभीर आरोप लगाते हुए थाना बिजनौर में तहरीर दी है कि सभी ने मिलकर उसे मार-मारकर बेहोश कर दिया और “आज इसे जिंदा नहीं छोड़ना” कहते हुए हत्या करने की नीयत से हमला किया।पीड़िता ने बताया कि 2022 में बिजनौर निवासी मुदस्सिर से उसकी शादी हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही दहेज व अन्य कारणों से पति और ससुराल वाले लगातार मारपीट व उत्पीड़न करने लगे, जिसके चलते वह मायके चली आई थी।4 दिसंबर 2025 को ससुराल वालों ने सब ठीक होने का झांसा देकर उसे घर बुलाया। जैसे ही वह घर पहुंची, चारों आरोपियों ने मिलकर लाठी-डंडों और हाथों से बुरी तरह पीटा। मारपीट इतनी बेरहमी से की गई कि आफरीन मौके पर ही बेहोश हो गई। होश आने पर उसने खुद को खून से लथपथ पाया और सभी आरोपी फरार हो चुके थे।आफरीन ने तुरंत परिजनों को फोन कर घटना की जानकारी दी। परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां उसका इलाज चल रहा है।पीड़िता ने पुलिस से सभी आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट व दहेज उत्पीड़न की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। थाना बिजनौर पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।

बंथरा थाने के पूर्व इंस्पेक्टर व 4 दरोगाओं पर मुकदमा दर्ज

बंथरा थाना क्षेत्र में साल 2020 में दर्ज एक पुराने मामले में गंभीर अनियमितताओं की पुष्टि होने पर एंटी करप्शन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने तत्कालीन थाना इंस्पेक्टर प्रह्लाद सिंह और चार सब-इंस्पेक्टर संतोष कुमार, दिनेश कुमार, राजेश कुमार तथा आलोक श्रीवास्तव के खिलाफ पीजीआई थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।एफआईआर के अनुसार, इन पुलिसकर्मियों ने पद का दुरुपयोग करते हुए चार निर्दोष व्यक्तियों के खिलाफ सरिया चोरी का झूठा मुकदमा दर्ज किया था। मनमाफिक वसूली न मिलने पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर बिना सत्यापन के कोर्ट में चार्जशीट भी दाखिल कर दी गई थी, ताकि निर्दोष लोगों को जेल भेजा जा सके।एंटी करप्शन की जांच में फर्जी दस्तावेजों और बड़े पैमाने पर अनियमितताएं सामने आईं। शासन के निर्देश पर एंटी करप्शन इंस्पेक्टर नुरुलहुदा खान ने यह मुकदमा दर्ज कराया है। मामला 30 दिसंबर 2020 को बंथरा थाने में दर्ज मूल केस से जुड़ा है, जिसकी दोबारा जांच में पूरी साजिश बेनकाब हुई।

एयरपोर्ट पर तीसरे दिन भी इंडिगो का संकट जारी, कई फ्लाइट्स रद्द

-20 से ज्यादा देरी से उड़ीं, यात्रियों में भारी गुस्सा और हंगामा

इंडिगो एयरलाइंस का ऑपरेशनल संकट तीसरे दिन भी बना हुआ है। शुक्रवार को भी अदानी इंटरनेशनल चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट पर इंडिगो की कई उड़ानें रद्द कर दी गईं, जबकि 20 से अधिक उड़ानें घंटों विलंबित रहीं।लगातार उड़ानों के प्रभावित होने से लखनऊ एयरपोर्ट पर यात्रियों का गुस्सा फूट पड़ा और कई जगह हंगामे की स्थिति बन गई। यात्रियों का आरोप है कि इंडिगो के कर्मचारियों ने न तो उन्हें स्पष्ट जानकारी दी और न ही उचित सहायता की। कई यात्री लंबे इंतजार के बाद भी अपनी उड़ानों की स्थिति को लेकर असमंजस में दिखाई दिए। कुछ यात्रियों ने कहा कि एयरलाइन की ओर से देरी और रद्दीकरण के कारणों पर उचित जवाब नहीं दिया जा रहा।इधर, लखनऊ एयरपोर्ट प्रशासन ने इस स्थिति को देखते हुए एडवाइजरी जारी की है। प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि इंडिगो से सफर करने वाले यात्री एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले इंडिगो की वेबसाइट या ऐप पर अपनी उड़ानों की अपडेटेड टाइमिंग अवश्य चेक करें।इंडिगो एयरलाइंस ने भी अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर एडवाइजरी जारी करते हुए बताया है कि उड़ानों को रद्द या विलंबित किए जाने के पीछे ऑपरेशनल रीजन जिम्मेदार हैं। लगातार तीसरे दिन संकट जारी रहने से यात्रियों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।

आरटीओ में  सर्वर डाउन, डीएल-आरसी का काम ठप

-लोगों की लगी लंबी कतारें, दूर-दराज से आए लोग हो रहे परेशान

सरोजनीनगर क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर स्थित परिवहन विभाग आर टी ओ कार्यालय में पिछले कई घंटों से सर्वर ठप होने से हाहाकार मच गया है। ड्राइविंग लाइसेंस, रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट आर सी लर्नर लाइसेंस, वाहन ट्रांसफर सहित सभी ऑनलाइन काम पूरी तरह बंद पड़े हैं।
आर टी ओ सभी काउंटरों पर टोकन डिस्प्ले स्क्रीन भी बंद पड़ी है, जिससे लोगों को पता ही नहीं चल रहा कि उनका नंबर कब आएगा। सुबह से लाइन में लगे सैकड़ों लोग बुरी तरह परेशान हैं। दूर-दराज के जिलों से आए लोग सबसे ज्यादा मुसीबत झेल रहे हैं।लोगों का आरोप है कि आर टी ओ में बैठे अधिकारी और कर्मचारी इस समस्या से पूरी तरह बेखबर हैं और कोई स्थायी समाधान नहीं कर रहे। कई लोग तो थक-हारकर बिना काम कराए लौट गए।फिलहाल सर्वर कब तक शुरू होगा, इसकी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।

भारत विकास परिषद् के पंचसूत्रीय कथा महोत्सव का शुभारंभ

-सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने पर्यावरण संकट पर दिया गहन संदेश

भारत विकास परिषद् अवध प्रान्त द्वारा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष की प्रेरणा से आयोजित 5 दिवसीय पंचसूत्रीय कथा महोत्सव का शुभारंभ शुक्रवार को कृष्णा नगर के सुमितनाथ सेवा भवन में धार्मिक-सांस्कृतिक उल्लास के साथ हुआ।मुख्य अतिथि सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने परिषद् की पंचसूत्रीय अवधारणा – संपर्क, सहयोग, संस्कार, सेवा और समर्पण को समाज-निर्माण के पाँच आधारस्तंभ बताते हुए इसे राष्ट्रीय चेतना को मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण आयोजन करार दिया।डॉ. सिंह ने पर्यावरण संकट पर खोली आँखें,डॉ. सिंह ने चिंताजनक आँकड़े देते हुए कहा कि पिछले दस वर्षों में लखनऊ के कई इलाकों में भूजल स्तर 20 मीटर तक गिर चुका है। विश्व में वायु प्रदूषण से हर साल 67 लाख और भारत में 17-20 लाख समयपूर्व मौतें हो रही हैं।उन्होंने World Overshoot Day का उदाहरण देते हुए बताया कि 1970 में यह 25 दिसंबर को आता था, लेकिन अब यह घटकर 24 जुलाई तक पहुँच गया है, यानी मानवता सिर्फ़ साढ़े सात महीने में ही पृथ्वी के पूरे साल के संसाधन खत्म कर दे रही है।सरोजनीनगर बना पर्यावरण संरक्षण का मॉडलडॉ. सिंह ने गर्व से बताया कि लखनऊ की कुल सोलर क्षमता का 50% से अधिक सरोजनीनगर में ही स्थापित है। ताराशक्ति केंद्रों द्वारा 30,000 से अधिक eco-friendly बैग्स बनवाकर बच्चों में वितरित किए गए हैं।

पर्यावरण रक्षकों को सम्मान

कार्यक्रम में ‘पेड़ वाले बाबा’ चंद्र भूषण तिवारी, राजेंद्र प्रताप सिंह और विजय सक्सेना को डॉ. राजेश्वर सिंह ने सम्मानित किया। पर्यावरणविद् गरिमा मिश्रा द्वारा लिखित विशेष पत्रक का भी विमोचन हुआ।आरएसएस प्रचार प्रमुख सुभाष का आह्वान किया ।मुख्य वक्ता एवं आरएसएस के क्षेत्रीय प्रचार प्रमुख सुभाष ने कहा, “वृक्षारोपण को आंदोलन बनाना और जल के संयमित उपयोग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है।”डॉ. सिंह ने आयोजकों विक्रांत खंडेलवाल, एस.के. सक्सेना, कथावाचक अशोक जी महाराज, यशोदानंदन जी, बीरेन्द्र सिंह चौधरी, पार्षद गीता देवी सहित सभी गणमान्यों का आभार व्यक्त किया।

Aaj National

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *