LUCKNOW:गुंडागर्दी बर्दाश्त नही की जायेगी-योगी,क्लिक करें और भी खबरें

-जमानत पर रिहा होकर वादी को धमकाने वालों की निरस्त कराएं जमानत-सीएम 

-जनता दर्शन: सुनीं समस्याएं,दिया समाधान का भरोसा

  • REPORT BY:K.K,VARMA || EDITED BY:AAJ NATIONAL NEWS DESK 
लखनऊ/गोरखपुर । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन में विभिन्न जिलों से आए लोगों से मुलाकात कर  समस्याएं सुनीं। कमजोर वर्ग के लोगों को कतिपय दबंगों के डराने, धमकाने की शिकायत पर पुलिस अधिकारियों से दो टूक कहा, ‘गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी, ऐसे तत्वों के खिलाफ तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाए। यदि कोई अभियुक्त जमानत पर छूटने के बाद वादी को धमका रहा हो तो उसकी जमानत निरस्त कराने की कार्यवाही की जाए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने सबके प्रार्थना पत्रों को संबंधित अधिकारियों को संदर्भित करते हुए त्वरित और संतुष्टिपरक निस्तारण का निर्देश दिया और कहा कि हर व्यक्ति की समस्या का समाधान, सरकार का संकल्प है। बिना भेदभाव सबको न्याय मिले। हर पात्र को जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिले, जरूरतमंदों के समुचित इलाज की व्यवस्था हो, जमीन कब्जाने वाले भू माफिया व दबंगों के खिलाफ कार्रवाई हो। सीएम ने लोगों को भरोसा दिलाया कि सरकार हर पीड़ित की समस्या का समाधान कराने के लिए प्रतिबद्ध है।जनता दर्शन में गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए आर्थिक मदद की गुहार लेकर आए लोगों से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि धन के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा। अस्पताल से इलाज का एस्टीमेट मिलते ही सरकार धन उपलब्ध करा देगी। जनता दर्शन में परिजनों के साथ आए बच्चों को मुख्यमंत्री ने दुलारा और उन्हें चॉकलेट के साथ अपना आशीर्वाद भी दिया।

“आंखें बंद करिए, आपको कुछ गिफ्ट देना है”,4 साल की यशस्विनी ने मुख्यमंत्री को गिफ्ट किया ‘बुलडोजर’

मासूम बच्चों को गिफ्ट व चॉकलेट देकर चेहरों पर मुस्कान बिखेरने वाले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को कानपुर की 4 वर्षीय यशस्विनी सिंह के ‘गिफ्ट’ ने हंसने पर मजबूर कर दिया। यशस्विनी ने सीएम से कहा, आपके लिए गिफ्ट लाएं हैं, पहले आंखें बंद करिए। यशस्विनी ने एक छोटा सा बुलडोजर खिलौना मुख्यमंत्री के हाथों में सौंप दिया। सरप्राइज गिफ्ट देखते ही सीएम भी हंस पड़े।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में भ्रमण कर रहे थे। उनकी नजर 4 वर्षीय यशस्विनी सिंह पर पड़ी, जो अपने अभिभावकों के साथ कानपुर से आई थी। सीएम ने यशस्विनी को अपने पास बुलाया, उसे चॉकलेट दी और बातचीत की। यशस्विनी ने मुख्यमंत्री से कहा कि आपके लिए एक गिफ्ट लाए हैं, आप आंखें बंद करिए। सीएम ने मुस्कुराते हुए उसकी बात मान ली तो यशस्विनी ने उनके हाथों में छोटा सा बुलडोजर सौंप दिया।गिफ्ट देखकर मुख्यमंत्री समेत वहां मौजूद सभी लोगों के चेहरों पर हंसी बिखर गई। यशस्विनी ने मुख्यमंत्री से कहा कि आपको बुलडोजर प्रिय है, इसलिए मैं आपको गिफ्ट कर रही हूं। यशस्विनी सिंह कानपुर के प्रताप इंटरनेशनल कॉलेज में नर्सरी की छात्रा है। वह अपने पिता अभय सिंह राजावत व मां प्रियदम्वा सिंह के साथ गोरक्षपीठाधीश्वर से आशीर्वाद लेने के लिए गोरखपुर आई थी। यशस्विनी मुख्यमंत्री से मिलकर बहुत खुश नजर आई।

कन्या पूजन अनुष्ठान: मुख्यमंत्री ने की मातृशक्ति की आराधना

नौ दुर्गा स्वरूपा कन्याओं के पांव पखारे 

मातृशक्ति के प्रति असीम श्रद्धाभाव से सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए अनेक कार्यक्रमों को आगे बढ़ाने वाले मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने वासंतिक चैत्र नवरात्रि की नवमी तिथि पर गोरक्षपीठ की परंपरा के अनुसार कन्या पूजन किया। गोरखनाथ मंदिर के अन्न क्षेत्र में कन्या पूजन अनुष्ठान में सीएम योगी ने नौ दुर्गा स्वरूपा कन्याओं के पांव पखारे, उनका विधि विधान से पूजन किया, चुनरी ओढ़ाई, आरती उतारी, श्रद्धापूर्वक भोजन कराया और दक्षिणा, उपहार देकर उनका आशीर्वाद लिया। मुख्यमंत्री ने परंपरा का निर्वहन करते हुए बटुक पूजन किया।
गोरक्षपीठाधीश्वर ने सबसे पहले कन्याओं के पांव पखारे। उनके माथे पर रोली, चंदन, अक्षत आदि का तिलक लगाया। दुर्वा से उनका अभिषेक किया, माला पहनाई। चुनरी ओढ़ाकर एवं दक्षिणा-उपहार प्रदान कर आशीर्वाद लिया। उन्होंने अन्न क्षेत्र में सभी कन्याओं व बटुकों की श्रद्धाभाव से आरती भी उतारी। पूजन के बाद इन कन्याओं को मंदिर की रसोई में पकाया गया ताजा भोजन प्रसाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने हाथों से परोसा। आयोजन में आईं  कन्याओं को पूजनोपरांत चुनरी, दक्षिणा और उपहार दिए गए।कन्याओं के अतिरिक्त बड़ी संख्या में पहुंचे बटुकों को भी श्रद्धापूर्वक भोजन कराकर उपहार व दक्षिणा दी गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ यह भी ख्याल रखते रहे कि किसी भी कन्या या बटुक की थाली में भोजन प्रसाद की कोई कमी न रहे। इसे लेकर वह मंदिर की व्यवस्था से जुड़े लोगों को निर्देशित करते रहे। कन्या पूजन अनुष्ठान के अवसर पर गोरखनाथ मंदिर के प्रधान पुजारी योगी कमलनाथ सहित कई संत व मंदिर प्रबंधन से जुड़े लोग उपस्थित रहे। कन्या पूजन से पूर्व प्रातःकाल के पूजन सत्र में मंदिर के शक्तिपीठ में मां सिद्धिदात्री की विधि-विधान से आराधना हुई।

Aaj National

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *