-कहा – बंदियों की मानसिक सेहत पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं

लखनऊ, 23 नवंबर।प्रदेश की जेलों में बंदियों की सुरक्षा, मानसिक स्वास्थ्य और प्रशासनिक कार्यों को लेकर महानिदेशक कारागार पी.सी. मीना ने सोमवार को कड़ा रुख अपनाया। सभी परिक्षेत्रीय डीआईजी कारागार और वरिष्ठ अधीक्षक / अधीक्षक / प्रभारी अधीक्षक के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से हुई समीक्षा बैठक में उन्होंने साफ कहा कि जेल प्रशासन में तत्परता, संवेदनशीलता और जवाबदेही होनी ही चाहिए। मुख्यालय के निर्देशों का पालन न करने वालों पर कार्रवाई होगी।

नए जेल वार्डरों की नियुक्ति में देरी नहीं चलेगी

बैठक में सबसे पहले नव चयनित जेल वार्डरों की नियुक्ति प्रक्रिया की समीक्षा हुई। डीजी ने निर्देश दिया कि नियुक्ति से जुड़ी सभी कार्यवाहियां निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी की जाएं, ताकि चयनित अभ्यर्थियों को समय पर नियुक्ति मिल सके।

साथ ही iGOT कर्मयोगी पोर्टल पर चल रहे प्रशिक्षण को लेकर भी सख्त निर्देश दिए गए। सभी कार्मिकों को निर्धारित पाठ्यक्रम अनिवार्य रूप से समय पर पूरा करना होगा। प्रशिक्षण की प्रगति की नियमित समीक्षा होगी।

बंदियों का मानसिक स्वास्थ्य : काउंसलिंग, निगरानी और तनावमुक्त माहौल

बैठक का सबसे अहम बिंदु बंदियों का मानसिक स्वास्थ्य रहा। डीजी ने कहा कि जेल में बंद व्यक्ति सिर्फ कैदी नहीं है, उसकी भावनात्मक और मानसिक स्थिति पर भी नजर रखना प्रशासन की जिम्मेदारी है।

इसके लिए नियमित काउंसलिंग, मानसिक तनाव की पहचान, संवेदनशील बंदियों से संवाद और आवश्यक मनोवैज्ञानिक सहायता उपलब्ध कराने पर बल दिया गया। बंदियों की नियमित निगरानी, समुचित देखभाल और तनावमुक्त वातावरण देने के निर्देश दिए गए।

आत्महत्या की रोकथाम को लेकर मुख्यालय से पहले जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने को कहा गया। डीजी ने चेताया कि इस मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

*गरीब विचाराधीन बंदियों को मिले जमानत और कानूनी मदद*

निर्धन विचाराधीन बंदियों की जमानत और विधिक सहायता से जुड़े लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा हुई। निर्देश दिया गया कि पात्र बंदियों को नियमानुसार विधिक सहायता दी जाए और लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण हो।

समयपूर्व रिहाई के प्रकरणों में सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट के निर्देशों का पालन करते हुए निर्धारित प्रक्रिया और समयसीमा में कार्रवाई पूरी करने को कहा गया।

बैठक में डीजी ने सभी अधिकारियों से कहा कि कारागार सिर्फ बंद करने की जगह नहीं है, बल्कि सुधार की जगह है। इसलिए हर काम में मानवीय संवेदनशीलता के साथ-साथ प्रशासनिक सख्ती भी जरूरी है।

Prem Sharma

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *