लखनऊ। कर्मचारी शिक्षक संयुक्त मोर्चा उ.प्र. ने प्रदेश के मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी से मांग की है कि प्रदेश में नियमित किए गए दैनिक ,वर्कचार्ज एवं संविदा कर्मचारियों को पूर्व की सेवाओं को जोड़कर पुरानी पेंशन का लाभ दिया जाए
कर्मचारी शिक्षक संयुक्त मोर्चा उ प्र के अध्यक्ष वी.पी. मिश्रा ,महासचिव शशि कुमार मिश्रा एवं सतीश पाण्डेय संयोजक ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि सर्वाेच्च न्यायालय के निर्णयानुसार उत्तर प्रदेश में विगत वर्षों में नियमित दैनिक/ वर्कचार्ज एवं संविदा कर्मचारियों की पूर्व की सेवाओं को जोड़कर पुरानी पेंशन का लाभ अनुमन्य किया जाए। अतुल मिश्रा ,महामंत्री राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद उ.प्र. सहित सभी संयुक्त मोर्चा के घटक संगठनो एवं लाखो लाख कर्मचारियो की ओर से मा. सर्वाेच्च न्यायालय के फैसले का स्वागत करते हुए कहा है कि इस फैसले से लगभग 2 लाख कर्मचारियों को लाभ मिलेगा। ऐसे कर्मचारियों का परिवार आभारी रहेगा। श्री मिश्र ने मुख्यमंत्री से यह भी मांग की है कि उनके व मुख्य सचिव के अनेकों आदेशो के बावजूद भी समस्त विभागों के अपर मुख्य सचिव/प्रमुख सचिव/विभागाध्यक्ष द्वारा संगठनों के पदाधिकारियों के साथ अनुरोध के बाद भी वार्ता आहूत नहीं की जा रही है। जिससे कर्मचारियों की समस्याएं यथावत बनी हुई है और संवादहीनता की स्थिति उत्पन्न है। इन परिस्थितियों में मजबूरन एक बड़े आन्दोलन की तरफ कर्मचारियों को बढ़ना पड़ेगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन में बैठे उच्च अधिकारियो की होगी।
