हाथरस एक्सीडेंट में केंद्रीय मंत्री और उच्च शिक्षा मंत्री ने दी मृतकों के परिजनों को सांत्वना और आर्थिक मदद
हाथरस जिले में 6 सितंबर को हुए दुखद सड़क हादसे में मृतकों के परिजनों से मिलने के लिए शनिवार को केंद्रीय मंत्री प्रो एसपी सिंह बघेल, उत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, एत्मादपुर विधायक डॉ. धर्मपाल और जिलाधिकारी भानु चन्द्र गोस्वामी आगरा के खंदौली के ग्राम पंचायत सैमरा और आंवलखेड़ा पहुंचे। उन्होंने मृतकों के परिजनों को सांत्वना दी और इस कठिन समय में हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। मंत्री मृतकों के अंतिम संस्कार में भी शामिल हुए और मृतकों के परिवारों को ढांढस बंधाया। हाथरस जिले में हुए इस भीषण सड़क हादसे में आगरा जिले के ग्राम पंचायत सैमरा, खंदौली के 16 लोगों की मौत हो गई थी, जिसमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। घायलों से मिलने के लिए मंत्रीगण सबसे पहले एसएन मेडिकल कॉलेज, आगरा पहुंचे, जहां उन्होंने अस्पताल प्रशासन और सीएमओ को घायलों के उपचार के लिए उच्च स्तर की चिकित्सा सुविधाएं प्रदान करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही, गंभीर रूप से घायल दो व्यक्तियों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक मदद के रूप में चेक भी प्रदान किए गए। इसके बाद मंत्री ग्राम पंचायत सैमरा पहुंचे, जहां उन्होंने मृतकों के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने 16 मृतकों के परिवारों को मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता के चेक प्रदान किए। 16 मृतकों में से 2 का अंतिम संस्कार ग्राम पंचायत आंवलखेड़ा में किया गया। इस दौरान मंत्री ने वहां भी जाकर मृतकों के परिजनों को सांत्वना दी और चेक प्रदान किए।
बीजेपी के सदस्यता अभियान को लेकर ब्रह्म समाज ने की सभा
अखिल भारतीय ब्रह्म समाज द्वारा भारतीय जनता पार्टी के सदस्यता अभियान को आगे बढ़ाने के लिए सभा का आयोजन सुधीन्द्र शुक्ल के आवास पर किया गया। राष्ट्रीय महामंत्री देवेन्द्र शुक्ल ने राष्ट्रीय अस्मिता की रक्षा करने और सनातन संस्कृति को पोषित करने के लिए भारतीय जनता पार्टी को मजबूत करने पर जोर दिया। राष्ट्रीय अध्यक्ष सीपी अवस्थी ने कहा कि अखिल भारतीय ब्रह्म समाज समाज के सभी लोगों को एकजुट करने और देश की उन्नति के लिए प्रतिबद्ध संगठन है। भाजपा महानगर अध्यक्ष आनन्द द्विवेदी ने सदस्यता के लिए टोल फ्री नंबर सहित सभी तरीकों का विवरण देते हुए अधिक से अधिक सदस्य बनाने पर जोर दिया। सदस्य विधान परिषद मुकेश शर्मा ने अखिल भारतीय ब्रह्म समाज की सराहना करते हुए कहा कि यह संगठन अपने सामाजिक दायित्वों की पूर्ति करने में अग्रगामी है। प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में किए जा रहे विकास कार्यों को सभी के समक्ष रखा! मुकेश शर्मा ने राष्ट्रीय नेतृत्व को साधुवाद देते हुए कहा कि आज विदेशी ताजमहल के बजाय श्री राम जन्मभूमि के दर्शन कर सौभाग्यशाली समझते हैं।
संस्कृति विभाग ने नामित किये संस्थाओं के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सदस्य,मनोनयन से अकादमियों की गतिविधियां व्यापक और गुणवत्तापूर्ण होंगी -जयवीर
संस्कृति विभाग ने उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी, भारतेंदु नाट्य अकादमी, उत्तर प्रदेश राज्य ललित कला अकादमी, उत्तर प्रदेश लोक एवं जनजाति

संस्कृति संस्थान और बिरजू महराज कथक संस्थान के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और गैर सरकारी सदस्यों को नामित किया है। इनका कार्यकाल पदभार ग्रहण करने से तीन वर्ष के लिए होगा। इनके मनोनयन के संबंध में आज प्रमुख सचिव पर्यटन एवं संस्कृति मुकेश कुमार मेेश्राम ने आदेश जारी कर दिया है। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि संस्कृति विभाग के विभिन्न संस्थानों में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सदस्य नामित किए जाने से कार्य की गुणवत्ता के साथ व्यापकता प्राप्त होगी। इससे संगीत, कला, नृत्य, ललित, नाट्य, गायन, वादन, लोककला, जनजातीय नृत्य सहित अन्य कलाओं व संस्कृति के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश और तेजी से विकास करेगा। प्रदेश के उभरते कलाकारों को सरकार द्वारा अधिक से अधिक कार्यक्रमों में सहभागी बनाया जाएगा ताकि कला एवं संस्कृति का संरक्षण और व्यापक प्रचार प्रसार हो सके। उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी के अध्यक्ष पद पर प्रो जयंत खोत, जनपद-प्रयागराज, उपाध्यक्ष पद पर विभा सिंह खीरी मनोनीत किए गए हैं। डा ज्ञानेश चंद्र वाराणसी, कविता सिंह कानपुर, उपमा पांडेय आंबेडकर नगर, ज्योति सिन्हा जौनपुर, अमित जायसवाल महराजगंज, राकेश जायसवाल मुरादाबाद, ज्योति मिश्राप्रयागराज, प्रभाकर मौर्य अयोध्या, डा सुभाष चंद्र दीक्षित कासगंज, श्रीकांत शुक्ला लखनऊ, ललित कुमार वाराणसी, सरोज रावत को सदस्य मनोनीत किया गया है।पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री ने बताया कि भारतेंदु नाट्य अकादमी में अध्यक्ष के पद पर डा रतिशंकर त्रिपाठी वाराणसी को मनोनीत किया गया है। दिनेश श्रीवास्तव वाराणसी, सुरेंद्र कुमार पांडेय फर्रूखाबाद, ओमेंद्र कुमार वर्मा कानपुर, आलोक शर्मा अलीगढ़, मानवेंद्र त्रिपाठी गोरखपुर को सदस्य मनोनीत किया गया है।
राज्य ललित कला अकादमी में अध्यक्ष पद पर डा सुनील कुमार विश्वकर्मा वाराणसी, उपाध्यक्ष पद पर गिरीश चंद मनोनीत किया गया है। अनिल सोनी मथुरा, डा संदीप श्रीवास्तव गोरखपुर, डा आभा सिंह आगरा, डा शुभम शिवा कानपुर, अभिनव दीप लखीमपुर खीरी को सदस्य मनोनीत किया गया है। बिरजू महराज कथक संस्थान के अध्यक्ष पद पर कुमकुम धर लखनऊ, उपाध्यक्ष पद पर डा मिथिलेश तिवारी गोरखपुर को मनोनीत किया गया है। अनुज मिश्रा लखनऊ, रुचि बलूनी मेरठ, सोनी सेठ वाराणसी, सुरभि सिंह लखनऊ, डा गोपाल मिश्रा चित्रकूट को सदस्य मनोनीत किया गया है। लोक एवं जनजाति संस्कृति संस्थान के सदस्य पद पर डा कुमुद सिंह गोरखपुर, नरेंद्र पाठक आगरा, जग प्रसाद तिवारी व बेनी प्रसाद तिवारी महोबा, ब्रजभान मरावी बलरामपुर, सुरेश प्रसाद कुशवाहा लखनऊ को मनोनीत किया गया है। उन्होंने बताया कि मनोनीत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और गैर सरकारी सदस्यों को वर्ष 2014 में जारी शासनादेश के अनुसार सुविधाएं अनुमन्य होंगी।
समाजवादी पार्टी का बूथ मजबूती पर फोकस,मतदाता सूची में संशोधन और शामिल करायेंगे नए नाम कार्यकर्ता
समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय लखनऊ में पार्टी की मासिक बैठक पार्टी के जिलाध्यक्ष जयसिंह जयंत की अध्यक्षता में हुई।बैठक में जिलाध्यक्ष जयसिंह
‘जयन्त’ ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतदेय स्थल बनाने हेतु भवनों के चयन, पुनर्निर्धारण तथा भवनों के भौतिक सत्यापन हेतु विधानसभाओं में जो मतदेय स्थल भवन, जर्जर, पुरानी बिल्डिंग में है एवं जिन मतदेय स्थलों की दूरी मतदाता के घर से 2 किलोमीटर से ज्यादा है, उन्हें पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा चिन्हित किया जाना बहुत ही आवश्यक है। श्री जयंत ने कहा कि 20 अगस्त से 18 अक्टूबर तक बीएलओ के साथ पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर जाकर मतदाता सूची में नये मतदाताओं के नाम बढ़ाने, नामों को संशोधित करने एवं गलत नामों को कटवाने का काम किया जाये।बूथ मजबूत तो जीत भी पक्की होती है, इसलिए बूथ की मजबूती पर विशेष ध्यान रखना होगा। पार्टी के जो बूथ कमजोर है उन पर पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को अधिक तत्परता से कार्य कर मजबूत करने के निर्देश भी दिये। बैठक में मुख्य रूप से राष्ट्रीय सचिव चौधरी जगदीप सिंह यादव, प्रदेश उपाध्यक्ष सीएल वर्मा, सांसद आरके चौधरी, पूर्व विधायक राजेन्द्र यादव, गोमती यादव, अम्ब्रीश सिंह पुष्कर, प्रदेश सचिव त्रिवेणी पाल, विजय सिंह यादव, महताब सिंह यादव, राशिद अली, वीर बहादुर सिंह, वरिष्ठ नेता हरिशंकर यादव, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विजय बहादुर यादव, जिला उपाध्यक्ष जमालुद्दीन बेग कल्लू, अर्चना रावत, अजमेर सिंह यादव, ललिता राजपूत लोधी, मो हलीम, रामप्रकाश यादव, बृजकिशोर मिश्रा, जगनायक सिंह, बचान सिंह यादव, आदिल इदरीस, इब्राहीम मंसूरी, मीडिया प्रभारी रमेश सिंह ‘रवि’, चारों विधानसभा अध्यक्ष उमाशंकर वर्मा, सोनीश कुमार मौर्य, अजय कुमार रावत, चन्द्रशेखर यादव, रामअवतार धीमान, अजय प्रताप यादव ‘बिन्नू’, प्रदेश सचिव जिला प्रभारी शिक्षक सभा अवधेश सिंह यादव, दिनेश सिंह, अल्पसंख्यक सभा जिलाध्यक्ष हारून अजीज, शिक्षक सभा जिलाध्यक्ष दिवाकर यादव, सैनिक प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष विजय यादव, सांस्कृतिक प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष राजकुमार यादव ‘गुड्डन’, जिला सचिव फारूख प्रधान, रमेश राही के साथ अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।