LUCKNOW:अमित शाह ने वितरित किया 60,244 चयनित आरक्षी को नियुक्ति पत्र

-यूपी पुलिस के लिए एक ऐतिहासिक दिन,60 हजार से अधिक युवा पुलिस बल का अभिन्न हिस्सा 

  • REPORT BY:AAJ NATIONAL NEWS   || EDITED BY:AAJ NATIONAL NEWS DESK 

लखनऊ।केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि आज यूपी पुलिस के लिए एक ऐतिहासिक दिन है। 60 हजार से अधिक युवा जो प्रदेश के हर समाज, जाति, हर जनपद व तहसील का प्रतिनिधित्व करते हैं, वह सभी आज से भारत के सबसे बड़े पुलिस बल का अभिन्न हिस्सा बनने जा रहे हैं। वर्ष 2017 में उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में हमारी सरकार बनने पर उत्तर प्रदेश पुलिस नई बुलन्दियों को हासिल करने की ओर अग्रसर है।

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री आज उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में यहां डिफेंस एक्सपो ग्राउण्ड पर उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा निष्पक्ष एवं पारदर्शी प्रक्रिया के अन्तर्गत चयनित 60,244 आरक्षी नागरिक पुलिस को नियुक्ति पत्र वितरण के लिए आयोजित कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। उन्होंने नवचयनित आरक्षियों को नियुक्ति पत्र वितरित किये।केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने कहा कि आजादी के समय उत्तर प्रदेश पुलिस की तुलना देश के अन्य पुलिस बलों के साथ होती थी। बीच के कुछ वर्षां में प्रदेश की कानून व्यवस्था बिगड़ गयी थी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश भर के पुलिस बलों में आधुनिकीकरण की शुरुआत हुई। उत्तर प्रदेश में इसकी शुरुआत तीन वर्ष देर से हुई। वर्ष 2014 से वर्ष 2017 तक भारत सरकार की कोई भी सुधारात्मक प्रक्रिया उत्तर प्रदेश में दिखाई नहीं पड़ती थी। वर्ष 2017 में मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में सरकार बनने पर इसकी शुरुआत हुई।प्रदेश पुलिस बल में पहले भी कई भर्तियां हुई हैं, लेकिन इस बार यह संख्या सबसे अधिक है। संख्या से ज्यादा यह महत्वपूर्ण है कि 60,244 युवाओं में से किसी को भी कोई भी रिश्वत नहीं देनी पड़ी। यह भर्ती पूरी पारदर्शिता के साथ सम्पन्न हुई है। भर्ती में किसी भी प्रकार की सिफारिश, जातिवाद या भ्रष्टाचार नहीं हुआ है। 48 लाख आवेदनों में से 60,244 युवा अपनी योग्यता के आधार पर चयनित होकर आये हैं। किसी भी शासन के लिए इससे बड़ी उपलब्धि नहीं हो सकती है। पहले भर्तियां जातियों के आधार पर होती थीं। इसमें तकनीक की कोई भूमिका नहीं थी। आज तकनीक से पारदर्शिता बढ़ी है और पारदर्शिता से आपकी नियुक्ति हुई है।

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने कहा कि इस भर्ती में 12 हजार से अधिक बेटियां हैं। उनका हौसला, आत्मविश्वास तथा आनन्द देखकर प्रसन्नता की अनुभूति हो रही है। हमने महिलाओं के लिए आरक्षण की जो व्यवस्था लागू की, उसका शत-प्रतिशत अनुपालन उत्तर प्रदेश में हुआ है। आप सभी ऐसे समय में उत्तर प्रदेश पुलिस का हिस्सा बन रहे हैं, जब राज्य नवनिर्माण की ओर आगे बढ़ रहा है। कभी दंगों का गढ़ माना जाने वाला उत्तर प्रदेश आज दंगा मुक्त हो चुका है। यहां न्याय का शासन स्थापित हुआ है। अब यहां गुण्डों का शासन नहीं है और अपराधियों को वी0आई0पी0 ट्रीटमेन्ट नहीं मिलता है। इन सभी व्यवस्थाओं को आप सभी युवाओं को और आगे ले जाना है।

प्रधानमंत्री ने 11 वर्षां में देश को आगे बढ़ाने का काम किया

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में वर्ष 2017 से 2025 तक की प्रदेश की यात्रा और वर्ष 2014 से 2025 तक देश की यात्रा भारत में परिवर्तन का काल है। आप अमृतकाल में उत्तर प्रदेश पुलिस बल में जुड़ रहे हैं। मंच पर बैठे लोगों में से बहुत कम लोग वर्ष 2047 में देश को देख रहे होंगे, परन्तु आप सभी नवचयनित आरक्षी उस समय होंगे। वर्ष 2047 में हमारा देश दुनिया में सर्वप्रथम स्थान पर होगा। इसमें उत्तर प्रदेश का योगदान सर्वाधिक होगा। प्रधानमंत्री ने 11 वर्षां में देश को आगे बढ़ाने का काम किया है। अब वर्ष 2047 के भारत की नींव डालने का काम आप युवाओं को करना है।विगत 11 वर्षां में देश में 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आये हैं। करोड़ों लोगों को शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ मिला है। इनमें रसोई गैस के निःशुल्क कनेक्शन, शौचालय, नल से जल, बिजली, निःशुल्क अनाज, 05 लाख रुपये तक के इलाज की सुविधा, किसानों को प्रति वर्ष 06 हजार रुपये देने जैसे कार्य प्रधानमंत्री जी ने करके दिखाए हैं। पिछड़े, दलित तथा आदिवासी परिवारों के जीवन में नया उजाला लाने का कार्य हुआ है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश की अर्थव्यवस्था 11वें से चौथे स्थान पर आ गयी है। देश पर 200 साल राज करने वाले अंग्रेज भी हमसे पीछे हैं। वर्ष 2027 तक हमारा देश तीसरे नम्बर की अर्थव्यवस्था बनेगा।
प्रधानमंत्री के नेतृत्व में मुख्यमंत्री ने शिक्षा, कानून व्यवस्था, इन्फ्रास्ट्रक्चर, हर गांव-हर घर तक बिजली, नल से जल सहित हर क्षेत्र में उत्तर प्रदेश में योजनाओं को सफलतापूर्वक धरातल पर पहुंचाकर परिवर्तन का आगाज किया है। अब सभी नवचयनित आरक्षियों पर उत्तर प्रदेश को विकसित प्रदेश के साथ सुरक्षित प्रदेश बनाये रखने की जिम्मेदारी है। उत्तर प्रदेश में सी0सी0टी0वी0 कैमरे, कन्ट्रोल रुम, कमाण्ड सेन्टर, पी0सी0आर0 वाहन तथा डेढ़ सौ से अधिक ऑनव्हील एफ0एस0एल0 यूनिट लोगां को न्याय दिलाने के कार्य में संलग्न हैं। आप सभी को इस व्यवस्था को और आगे ले जाना है। आप सभी को सुरक्षा, सेवा तथा संवेदनशीलता के मंत्र के साथ आगे बढ़ना है।

एफ0आई0आर0 होने के बाद सुप्रीम कोर्ट तक लोगों  को मिल जाएगा तीन वर्ष तक न्याय 

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने कहा कि देश में तीन नये कानून भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता तथा भारतीय साक्ष्य अधिनियम लागू हुए हैं। अगले 05 वर्षां में देश में ऐसी स्थिति आ जाएगी कि एफ0आई0आर0 होने के बाद सुप्रीम कोर्ट तक लोगों  को तीन वर्ष तक न्याय मिल जाएगा। आप सभी इस व्यवस्था का हिस्सा बनेंगे। अब तकनीक के आधार पर न्याय दिलाने की व्यवस्था बनी है।प्रधानमंत्री के 11 वर्षां के कार्यकाल में देश सुरक्षित हुआ है। कभी देश के 11 राज्यों में फैला नक्सलवाद अब मात्र तीन जिलों में सिमट गया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि 31 मार्च, 2026 तक यह देश नक्सलवाद से मुक्त हो जाएगा। पूर्व के शासन में आये दिन देश पर आतंकी हमले होते थे। प्रधानमंत्री के शासन काल में पाकिस्तान ने उरी, पुलवामा तथा पहलगाम में आतंकी हमला किया। इन आतंकी हमलों का भारतीय सेना ने सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक तथा ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से करारा जवाब दिया। सशक्त भारत का एक नया युग शुरू हुआ है। ऐसे समय में 60 हजार से अधिक युवा देश के सबसे बड़े पुलिस बल जिसकी संख्या लगभग 04 लाख है, का सदस्य बनने जा रहे हैं। आपके सामने पूरा जीवन है। गुण्डों तथा माफियाओं में आपका डर होना चाहिए। साथ ही, गरीब, दलित, पिछड़े व आदिवासी समाज को आपमें मसीहा दिखना चाहिए।

यह लोग रहे मौजूद

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य एवं ब्रजेश पाठक सहित प्रदेश मंत्रिमण्डल के सदस्य, जनप्रतिनिधिगण, मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह, पुलिस महानिदेशक एवं उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के अध्यक्ष राजीव कृष्ण, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री, गृह एवं सूचना संजय प्रसाद, सूचना निदेशक विशाल सिंह सहित वरिष्ठ अधिकारी तथा नवचयनित आरक्षी उपस्थित थे।

Aaj National

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *