– इंटरनेट प्रोवाइडर और आईपी एड्रेस तलाश रही पुलिस
– गोमती नगर विस्तार के सेक्टर-4 में रहने वाले पूर्व डीजीपी सुलखान सिंह पुलिस केस दर्ज कराया
- REPORT BY:AAJ NATIONAL NEWS || EDITED BY:AAJ NATIONAL NEWS DESK
लखनऊ। राजधानी में साइबर फ्रॉड का हाई प्रोफाइल मामला सामने आया है। रिटायर्ड डीजीपी सुलखान सिंह की फोटो लगाकर फ्रॉड ने फर्जी प्रोफाइल बनाई। इसके बाद पूर्व डीजीपी के परिचितों को मैसेंजर पर मैसेज भेजकर पैसे की डिमांड करने लगा। इस मामले में पूर्व डीजीपी ने गोमती नगर थाने में केस दर्ज कराया है। पुलिस मामले की छानबीन में लगी है। साइबर क्राइम सेल की मदद से आईपी एड्रेस ट्रेस किया जा रहा है।गोमती नगर विस्तार के सेक्टर-4 में रहने वाले पूर्व डीजीपी सुलखान सिंह पुलिस केस दर्ज कराया। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के दौरान अपनी ही तस्वीर वाली दूरी आईडी मिली। फिर कुछ परिचितों के फोन आने लगे। पता चला कि फेक आईडी से परिचितों से इमरजेंसी के नाम पर पैसे मांगे जा रहे हैं।सुलखान सिंह ने अपनी शिकायत में कहा कि जालसाज द्वारा खुद को सुलखान सिंह बताकर पैसे मांगना, उनकी सामाजिक छवि को धूमिल कर रहा है। पूर्व डीजीपी ने 24 अक्टूबर को गोमती नगर विस्तार थाने में शिकायत दर्ज कराई।
साइबर सेल ने शुरू की ट्रेसिंग
गोमती नगर विस्तार थाने के इंस्पेक्टर सुधीर कुमार अवस्थी ने बताया कि पूर्व डीजीपी की तहरीर पर पुलिस ने तत्काल रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मामले की गंभीरता को देखते हुए, जांच के लिए साइबर क्राइम सेल की मदद ली जा रही है।साइबर टीम ने इस फर्जी फेसबुक आईडी से जुड़े इंटरनेट प्रोवाइडर और आईपी एड्रेस की ट्रेसिंग शुरू कर दी है, ताकि आरोपी को जल्द से जल्द पकड़ा जा सके।
पुलिस ने दी सावधानी की सलाह
पुलिस ने आम जनता से अपील की है। सलाह दी कि यदि किसी परिचित की ओर से सोशल मीडिया पर अचानक रकम मांगी जाए, तो सबसे पहले उस परिचित को फोन करके मामला जान लें।किसी भी फर्जी अकाउंट का स्क्रीनशॉट या यूआरएल तुरंत सुरक्षित कर लें। इसकी सूचना जल्द से जल्द नजदीकी पुलिस थाने या साइबर सेल को दें।
