-हरौनी पुलिस चौकी इंचार्ज अर्जुन राजपूत के खिलाफ कार्यवाही और हटाने की गई मांग
- REPORT BY:A.S.CHAUHAN || EDITED BY:AAJ NATIONAL NEWS
लखनऊ। रविवार को पूर्व सांसद रीना चौधरी के नेतृत्व में सैकड़ों समर्थकों ने बंथरा थाने का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों ने धरना देकर
हरौनी चौकी इंचार्ज अर्जुन राजपूत पर गंभीर आरोप लगाए। पूर्व सांसद का दावा है कि चौकी इंचार्ज अपराधियों को संरक्षण प्रदान कर रहे हैं और भाजपा पार्टी कार्यकर्ताओं को भी अपमानित किया जा रहा है। उन्होंने मांग की है कि अर्जुन राजपूत को तत्काल हटाया जाए।यह प्रदर्शन मुख्य रूप से 22 अक्टूबर 2025 को थाना बंथरा में दर्ज अपराध संख्या 0369 से जुड़ा है। इस मामले में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज हुई है। आरोप है कि ग्राम नारायनपुर थाना बंथरा के निवासी अक्षत सिंह, विकास सिंह, मोहित सिंह, प्रियांशु शर्मा, पवन सिंह और कल्लू सिंह ने ग्राम सहिजनपुर के निवासी जतिन रावत (पुत्र सुनील रावत) और अन्य पीड़ितों पर उनकी अनुसूचित जाति (पासी) होने के कारण सार्वजनिक रूप से दौड़ा-दौड़ा कर हमला किया। पीड़ितों को जातिगत गालियां दी गईं और मारपीट की गई, जिससे पूरा पासी समाज और बुद्धिजीवी वर्ग आहत है।प्रधान संघ सरोजनी नगर के अध्यक्ष श्रवर्ण कुमार ने इस घटना के संबंध में पुलिस आयुक्त को एक ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में कहा गया नामजद सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए, ताकि सामाजिक सद्भाव बना रहे।
चौकी इंचार्ज पर कार्रवाई
हरौनी चौकी इंचार्ज अर्जुन राजपूत पर आरोपियों से सांठगांठ का आरोप है। वे पीड़ित पक्ष पर सुलह-समझौते का दबाव बना रहे हैं। उनकी कार्यप्रणाली न्यायोचित न होने के कारण उन्हें तत्काल हटाया जाए।
पीड़ितों की सुरक्षा
पीड़ितों को लगातार धमकियां मिल रही हैं। उनकी जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।श्रवण कुमार ने कहा है कि इन मांगों पर तत्काल कार्रवाई हो, ताकि सामाजिक शोहरत और भाईचारा बना रहे।” ज्ञापन की प्रतिलिपि हाईकोर्ट व एसीपी कृष्णा नगर लखनऊ को भेजी गई है।इस धरने में पूर्व सांसद रीना चौधरी के अलावा सरोजनी नगर ब्लॉक प्रधान संघ अध्यक्ष सरवन रावत, लाखन आर्मी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सूरज पासी और बहुजन क्रांति दल के अध्यक्ष मोहन पासी सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी की और पुलिस प्रशासन से न्याय की मांग की। पुलिस ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन को संभाला, लेकिन अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
मजदूरों की कमी से धान कटाई पर छाया संकट,सरोजनीनगर क्षेत्र के ग्रामीण किसान मशीनों की कर रहे तलाश
सरोजनीनगर तहसील क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में धान की फसल पककर खेतों में खड़ी है, लेकिन मजदूरों की भारी कमी के कारण
किसान कटाई और पीटाई का काम नहीं कर पा रहे हैं। मजदूर न मिलने से किसान अब धान की (कटाई) के लिए मशीनों का सहारा लेने को मजबूर हो गए हैं। क्षेत्र के कई किसानों ने इस समस्या को लेकर अपनी पीड़ा व्यक्त की है, जिससे फसल बर्बाद होने का खतरा मंडरा रहा है।
तहसील के विभिन्न गांवों में धान की फसल पूरी तरह पक चुकी है और कटाई के लिए तैयार है, लेकिन मजदूरों की अनुपलब्धता ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। किसान बाबू लाल, राम आसरे, गौरी शंकर, सीतला प्रसाद सहित कई अन्य किसानों ने बताया कि वे पिछले कई दिनों से मजदूरों की तलाश कर रहे हैं, लेकिन कोई भी उपलब्ध नहीं हो रहा है। मजदूरों की कमी के कारण फसल खेतों में ही खड़ी रहने से बारिश या अन्य प्राकृतिक आपदाओं का डर सता रहा है, जिससे उत्पादन पर बुरा असर पड़ सकता है।किसान बाबू लाल ने कहा, “हमारी धान की फसल पूरी तरह पक गई है, लेकिन मजदूर एक भी नहीं मिल रहा। पहले गांवों में मजदूर आसानी से मिल जाते थे, लेकिन अब शहरों की ओर पलायन और अन्य रोजगारों के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में मजदूरों की भारी कमी हो गई है।” इसी तरह राम आसरे ने बताया कि मजदूर न मिलने से मजबूरी में मशीनों का इंतजाम करना पड़ रहा है, लेकिन मशीनें भी सीमित हैं और किराए पर महंगी पड़ रही हैं।गौरी शंकर और सीतला प्रसाद जैसे अन्य किसानों ने भी यही शिकायत की कि धान कटाई का मौसम चल रहा है, लेकिन मजदूरों के अभाव में काम रुका हुआ है। उन्होंने बताया कि अब किसान धान की कहाई के लिए कंबाइन हार्वेस्टर या अन्य मशीनों की तलाश कर रहे हैं। हालांकि, मशीनों की उपलब्धता कम होने और उच्च किराए के कारण छोटे किसानों के लिए यह विकल्प भी चुनौतीपूर्ण साबित हो रहा है।क्षेत्रीय कृषि विशेषज्ञों के अनुसार, उत्तर प्रदेश के कई ग्रामीण इलाकों में मजदूर पलायन एक बड़ी समस्या बन चुकी है। मनरेगा और अन्य सरकारी योजनाओं के बावजूद, मजदूर शहरों में बेहतर मजदूरी की तलाश में जा रहे हैं। सरोजनीनगर तहसील में इस साल धान की अच्छी फसल हुई है, लेकिन मजदूर संकट के कारण किसानों को नुकसान का सामना करना पड़ सकता है।
किसान संगठनों ने सरकार से मांग की है कि मजदूरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए विशेष व्यवस्था की जाए या मशीनों पर सब्सिडी बढ़ाई जाए। फिलहाल, किसान अपनी फसल बचाने के लिए मशीनों पर निर्भर होकर किसी तरह कटाई का काम पूरा करने की जुगत में लगे हैं। इस संकट से क्षेत्र के सैकड़ों किसान प्रभावित हैं, और अगर जल्द समाधान नहीं निकला तो फसल बर्बादी की आशंका बढ़ जाएगी।
जहानाबाद में लगा 141वां आपका विधायक आपके द्वार शिविर
-30 शिकायतों का समाधान, 95 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण, 4 मेधावियों को साइकिल व 3 यूथ क्लब गठित
रविवार को सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह के ‘आपका विधायक – आपके द्वार’ अभियान का 141वां शिविर रविवार को
ग्रामसभा जहानाबाद में आयोजित हुआ। संवाद, समाधान और सम्मान की इस पहल में स्थानीय समस्याओं की सुनवाई के साथ स्वास्थ्य, शिक्षा और युवा सशक्तिकरण पर विशेष जोर रहा।शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना, हैंडपंप, सड़क, नाली और सोलर लाइट से जुड़ी 30 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनका मौके पर संज्ञान लिया गया। सन आई हॉस्पिटल के सहयोग से 35 ग्रामीणों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण,60 ग्रामीणों का नेत्र परीक्षण,50 जरूरतमंदों को मुफ्त चश्मा वितरण,2 ग्रामीणों के आयुष्मान भारत कार्ड बनवाए गए,यह पहल सरोजनीनगर को स्वास्थ्य सुरक्षा का मॉडल क्षेत्र बनाने की दिशा में एक और कदम साबित हुई।बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली चार मेधावियों को सम्मानित किया गया,जिसमें रोली (74%),निधि गौतम (73%),मोहित (72%),अंजलि (71%) शामिल है ,प्रत्येक को साइकिल, घड़ी और प्रशस्ति पत्र भेंट किया गया।
युवा सशक्तिकरण: 3 नए यूथ क्लब गठित
शिविर में 90वां गर्ल्स यूथ क्लब तथा 153वां व 154वां बॉयज़ यूथ क्लब का गठन हुआ। इन क्लबों को कैरम, वॉलीबॉल, फुटबॉल और क्रिकेट किट प्रदान की गईं। अब तक अभियान के तहत 244 यूथ क्लब गठित हो चुके हैं, जिससे सरोजनीनगर युवा सशक्तिकरण का मॉडल क्षेत्र बन गया है।ग्राम विकास में योगदान देने वाले गणमान्य नागरिकों को अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया गया, जिनमें विवेक राजपूत, बृजेश कुमार, शिव सागर सिंह, शिव प्यारी रावत, बीना श्रीवास्तव, मुकेश कुमार श्रीवास्तव, विकास सिंह, आकाश सिंह, अंकित सिंह, मोनू, अमरजीत, विक्रम सिंह, राजरानी, राजकुमारी, मंजू, किरन, नीतू, सुशीला, कृष्णावती, गिरधारी, गंगा प्रसाद आदि शामिल रहे।
फायर ब्रिगेड की मुस्तैदी, दो आग की घटनाओं पर काबू
सरोजनीनगर और बिजनौर थाना क्षेत्र में शनिवार को फायर ब्रिगेड टीम ने दो अलग-अलग आग की घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई कर काबू पा लिया। दोनों ही घटनाओं में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, जिससे संभावित बड़े हादसों को टाल दिया गया।रविवार सुबह 08:39 बजे फायर स्टेशन सरोजनीनगर कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि लखनऊ आउटर रिंग रोड किसान पथ पर खड़ी एक गाड़ी में आग लग गई है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी लखनऊ के निर्देशन में प्रभारी अग्निशमन अधिकारी सरोजनीनगर धर्मपाल सिंह के नेतृत्व में फायर टेंडर (5725) मय यूनिट तत्काल घटनास्थल पर रवाना हुई। मौके पर पहुंचकर टीम ने पाया कि कानपुर से लखनऊ आ रही UP32 FX 7171 नंबर की गाड़ी में आग लगी हुई थी। फायर यूनिट ने तुरंत अग्निशमन कार्य शुरू कर आग पर पूर्ण रूप से काबू पा लिया। गाड़ी में केवल चालक राजू पुत्र देशराज, निवासी जनपद बाराबंकी मौजूद था, जो समय रहते सुरक्षित बाहर निकल आया। प्रारंभिक जांच में आग का कारण शॉर्ट सर्किट बताया गया है।वहीं, इसी दिन सुबह 02:15 बजे दूसरी घटना थाना बिजनौर क्षेत्र के पास हुई। फायर स्टेशन सरोजनीनगर कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि एक ट्रांसफार्मर में आग लग गई है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी के निर्देशन में फायर यूनिट इंचार्ज वाहन संख्या 8717 मय दल के साथ तुरंत घटनास्थल पहुंची। टीम ने देखा कि ट्रांसफार्मर में आग काफी तेजी से जल रही थी। फायर यूनिट ने फुर्ती से कार्रवाई कर आग को पूरी तरह बुझा दिया। सौभाग्यवश, इस घटना में भी कोई जनहानि नहीं हुई।अग्निशमन विभाग की दोनों यूनिट्स ने अपनी सतर्कता और तेजी से बड़े नुकसान को रोक दिया। आग बुझाने के बाद दोनों यूनिट्स सुरक्षित फायर स्टेशन लौट आईं।
