सरोजनीनगर:बन्थरा में बेखौफ़ चोरों ने पर की मजदूर की मोटरसाइकिल,क्लिक करें और भी खबरें

  • REPORT BY:AAJ NATIONAL NEWS || EDITED BY:AAJ NATIONAL NEWS DESK 

लखनऊ।थाना बन्थरा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम ओसाहा निवासी एक मजदूर की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन नंबर UP32 NJ 4560) शुक्रवार की सुबह चोरी हो गई। पीड़ित ने तुरंत इसकी शिकायत थाना बन्थरा में दर्ज कराई है।पीड़ित मजदूर अनूप पुत्र स्वर्गीय सुक्खी लाल (मोबाइल नं. 8866270828) ने बताया कि 5 दिसंबर 2025 को सुबह करीब 5 बजे वह अपनी मोटरसाइकिल को रमाड़ा होटल के सामने खिलावन की पान गुमटी के पास खड़ी करके मजदूरी पर चले गए थे। रात में जाम लगने के कारण वह रात लगभग 8 बजे लौटे तो मोटरसाइकिल वहीं से गायब थी, जहाँ उन्होंने सुबह खड़ी की थी।पीड़ित ने थाना बन्थरा में पुलिस को लिखित तहरीर देकर अज्ञात चोरों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराने और मोटरसाइकिल बरामद करने की गुहार लगाई है। पुलिस ने प्रार्थना-पत्र के आधार पर चोरी हुई मोटरसाइकिल की तलाश शुरू कर दी है।क्षेत्र में लगातार हो रही वाहन चोरियों से लोगों में रोष व्याप्त है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से रात-दिन गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है।

 रिश्तेदार की शादी में व्योहार देने गई महिला को पीटा

बंथरा थाना क्षेत्र अंतर्गत लतीफनगर की रहने वाली गुड्डी देवी पत्नी राजकुमार ने थाना बंथरा में लिखित तहरीर देकर तीन सगे भाइयों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।गुड्डी ने बताया कि दिनांक 29 नवंबर 2025 को रहीमनगर पड़ियाना में उनके रिश्तेदार मनीष पुत्र रामकुमार की बहन की शादी थी। व्योहार देने वे अपने लड़के सुभाष के साथ 30 नवंबर की सुबह करीब 9 बजे पहुंची थीं। व्योहार लिखवाते समय मनीष, आशीष और उमेश (तीनों सगे भाई, पुत्र रामकुमार) ने मिलकर उनके बेटे सुभाष को बुरी तरह मारा-पीटा।बाव बचाने पहुंचीं गुड्डी को भी तीनों भाइयों ने लाठी-डंडों से पीटा और जान से मारने की धमकी दी। आरोपियों ने महिलाओं को गंदी-गंदी गालियां भी दीं।पीड़िता के अनुसार यह पूरी घटना पुराने पारिवारिक विवाद का नतीजा है। उनकी बेटी की शादी पिपहरी में हुई थी, जिसके बाद से ससुराल पक्ष और इन लोगों के बीच विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते यह मारपीट की गई।महिला ने थाना बंथरा में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने व न्याय दिलाने की गुहार लगाई है। पुलिस ने प्रार्थना-पत्र के आधार पर मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को मारी टक्कर

-पसलियां-कंधा-पैर व एड़ी टूटी, हालत गंभीर, ट्रॉमा सेंटर में भर्ती

थाना बिजनौर क्षेत्र के आउटर रिंग रोड (सर्विस लेन) पर शुक्रवार देर शाम करीब 7:30 से 8:30 बजे के बीच एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने अपाची मोटरसाइकिल (नंबर UP-33 BP 3481) सवार विनीत सिंह (उम्र 32 वर्ष) पुत्र स्व. सुरेन्द्र बहादुर सिंह, निवासी चन्द्रावल, जिला लखनऊ को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि विनीत सिंह को गंभीर चोटें आईं, उनकी पसलियां, कंधा, पैर और एड़ी टूट गई। मोटरसाइकिल भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक बिना रुके कानपुर की ओर तेजी से फरार हो गया। राहगीरों ने 112 डायल कर पुलिस व एम्बुलेंस को सूचना दी। घायल विनीत सिंह को पहले सरोजनी नगर अस्पताल ले जाया गया, फिर गंभीर हालत देखते हुए KGMU ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।घायल की पत्नी रमा सिंह (30 वर्ष) ने शनिवार को थाना बिजनौर में तहरीर देकर अज्ञात वाहन व चालक के खिलाफ धारा 279, 337, 338 IPC व 184/196 MV Act के तहत मुकदमा दर्ज करने और वाहन को तलाश करने की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दिनदहाड़े साइबर ठगी, 5 मिनट में उड़ा दिए 65,781 रुपये

सरोजनीनगर थाना क्षेत्र के संत कबीर नगर निवासी विकास सिंह के साथ बड़ी साइबर ठगी हुई है। मात्र 5 मिनट के अंदर ठगों ने उनके बैंक खाते से 65,781 रुपये पार कर दिए।विकास सिंह ने दी गई तहरीर में बताया कि 18 नवंबर 2025 को दोपहर करीब 1 बजे उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर (92428XXXXX) से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को बैंक अधिकारी बताते हुए कहा कि उनके कार्ड पर इंटरनेशनल ट्रांजेक्शन का चार्ज लगने वाला है, उसे हटाने के लिए एक लिंक भेजा जा रहा है, उसे तुरंत खोल लें।जैसे ही विकास सिंह ने लिंक खोला, उनके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर लगातार ओटीपी आने शुरू हो गए और खाते से पैसे कटने लगे। इससे पहले कि वे कुछ समझ पाते, ठगों ने 5 मिनट के अंदर ही 65,781 रुपये ट्रांसफर कर लिए।इसके तुरंत बाद बैंक से दूसरी कॉल आई और पूछा गया कि क्या आप कोई ट्रांजेक्शन कर रहे हैं? जब विकास सिंह ने मना किया तो बैंक ने तुरंत कार्ड ब्लॉक कर दिया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
ठगों ने दूसरा नंबर 82668XXXXX व्हाट्सएप के लिए इस्तेमाल किया था।पीड़ित ने बैंक में शिकायत के साथ-साथ साइबर क्राइम पोर्टल पर भी रिपोर्ट दर्ज कराई है।बैंक रेफरेंस नंबर: 23111250186307,साइबर क्राइम CCN नंबर: 6039/2025
विकास सिंह ने थाना सरोजनीनगर में लिखित तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने और ठगों से रुपये दिलाने की गुहार लगाई है। पुलिस ने तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और साइबर सेल के साथ मिलकर ठगों की तलाश शुरू कर दी है।

सरोजनीनगर में प्लास्टिक पकड़ने के नाम पर अवैध वसूली 

-व्यापार मंडल ने दी आंदोलन की चेतावनी, नगर निगम पर गंभीर आरोप

सरोजनीनगर क्षेत्र में नगर निगम के प्लास्टिक (पॉलीथिन) जब्ती अभियान के नाम पर वर्षों से चल रही कथित अवैध वसूली के खिलाफ उत्तर प्रदेश जनहित व्यापार मंडल ने मोर्चा खोल दिया है।शनिवार को प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित आपात बैठक में व्यापारियों ने एक स्वर से इस अभियान को “वसूली का धंधा” करार देते हुए कड़ा विरोध जताया। बैठक में अभियान की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल उठाए गए।प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश शर्मा ने नगर निगम के आला अधिकारियों से फोन पर बात कर साफ कहा कि जब तक नगर निगम, एसीपी कृष्णानगर, थाना प्रभारी सरोजनीनगर व एसडीएम सरोजनीनगर के साथ व्यापार मंडल की संयुक्त बैठक नहीं हो जाती, तब तक कोई छापेमारी या कार्रवाई स्वीकार नहीं की जाएगी। अन्यथा व्यापारी सड़क पर उतरकर बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन करेंगे।व्यापार मंडल ने स्पष्ट किया कि वह प्लास्टिक प्रतिबंध के नियम का पूर्ण रूप से पालन करने को तैयार है, लेकिन बिना नोटिस, बिना रसीद और मनमाने तरीके से की जा रही वसूली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संगठन ने सक्षम अधिकारियों से शीघ्र बैठक कर स्थायी समाधान निकालने की मांग की है।बैठक में प्रमुख रूप से प्रदेश महामंत्री दिलीप द्विवेदी, विधानसभा प्रभारी जितेंद्र कुमार हजेला, महिला प्रकोष्ठ विधानसभा प्रभारी हेमलता सिंह, संगठन मंत्री प्रेमलता श्रीवास्तव, नादरगंज व्यापार मंडल अध्यक्ष नागेंद्र सिंह, संगठन मंत्री सोमेश यादव, उपाध्यक्ष केशव साहू, मंत्री सचिन साहू, व्यापारी आशीष यादव सहित सैकड़ों व्यापारी एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।व्यापार मंडल ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द समाधान नहीं हुआ तो पूरे लखनऊ में बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

 सरोजनीनगर तहसील संपूर्ण समाधान दिवस 

-उपजिलाधिकारी-तहसीलदार सहित अधिकांश अधिकारी रहे नदारद, फरियादी हुए मायूस

राजधानी लखनऊ की तहसील सरोजनी नगर में माह के प्रथम शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में उप जिला अधिकारी सरोजनी नगर एवं तहसीलदार सरोजनी नगर समेत अधिकांश लेखपाल व संबंधित विभागों के अधिकारी अनुपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता एडीएम (नगर पूर्वी) ने की।एससीआर कार्यों में व्यस्तता का हवाला देकर एसडीएम व तहसीलदार ने समाधान दिवस से दूरी बनाई रखी, जिससे पहुंचे 73 फरियादियों में निराशा देखी गई। एडीएम ने सभी 73 शिकायतें सुनीं तथा दो प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण कराया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को शीघ्र निस्तारण हेतु प्रेषित किया गया।इस दौरान अधिवक्ताओं ने बिजनौर किसान पथ से खटोला मोड़ तक सिसेंडी मार्ग की जर्जर हालत को लेकर जोरदार शिकायत की। उन्होंने बताया कि कानपुर रोड के भारी वाहनों का डायवर्जन इस मार्ग पर डाले जाने से सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। लोक निर्माण विभाग खंड-2 ने कई वर्षों से न तो मरम्मत कराई और न ही पुनर्निर्माण कार्य शुरू किया। जर्जर सड़क के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं तथा स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।अधिवक्ताओं ने प्रार्थना-पत्र देकर तत्काल सड़क निर्माण अथवा भारी वाहनों के संचालन पर रोक लगाने की मांग की। इस पर एडीएम ने पत्र लोक निर्माण विभाग को त्वरित कार्यवाही हेतु प्रेषित कर दिया।अधिकारियों की अनुपस्थिति व आमजन की समस्याओं के त्वरित निस्तारण न होने से संपूर्ण समाधान दिवस की सार्थकता पर सवाल खड़े हो गए हैं।

Aaj National

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *