सरोजनीनगर:कड़ाके की ठंड,अलाव की व्यवस्था नदारद,क्लिक करें और भी खबरें

-गरीब, राहगीर ठिठुरने को मजबूर

  • REPORT BY:A.S.CHAUHAN || EDITED BY:AAJ NATIONAL NEWS DESK 

लखनऊ। सरोजनीनगर तहसील क्षेत्र में पिछले सात दिनों से घने कोहरे के साथ कड़ाके की ठंड पड़ रही है। न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है, जबकि दिन में भी धूप नहीं निकलने से गलन बढ़ गई है। उत्तर प्रदेश में शीतलहर और घने कोहरे का प्रकोप जारी है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग ने कई जिलों में कोल्ड डे और डेंस फॉग का अलर्ट जारी किया हुआ है।इस भीषण ठंड में सरोजनीनगर तहसील के प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर अलाव जलाने की कोई व्यवस्था नहीं की गई है। क्षेत्र के शहीद पथ, तीन नंबर, नादरगंज, हाइडिल, स्कूटर इंडिया, दरोगा खेड़ा,बिजनौर, सरोजनीनगर तहसील, बंथरा, जुनाबगंज, कटी बगिया, बनी सहित कई महत्वपूर्ण चौराहों पर अलाव की सुविधा नजर नहीं आ रही। इससे गरीब मजदूर, दिहाड़ी मजदूर, रिक्शा चालक और राहगीर ठंड से राहत के लिए परेशान हैं। कई लोग निजी तौर पर लकड़ी या अन्य सामग्री जुटाकर अलाव ताप रहे हैं, लेकिन यह पर्याप्त नहीं है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन कागजों पर अलाव जलाने और ठंड से राहत की व्यवस्था दिखा रहा है, लेकिन धरातल पर कुछ नहीं हो रहा। हर साल की तरह इस बार भी अधिकारी बजट को दिखावे के लिए इस्तेमाल कर रहे हैं, जबकि जरूरतमंद लोग ठंड में ठिठुर रहे हैं। एक राहगीर ने कहा, “सात दिनों से कोहरा और ठंड ने हालत खराब कर दी है। चौराहों पर अलाव होता तो थोड़ी राहत मिलती, लेकिन प्रशासन को गरीबों की कोई परवाह नहीं।

“राज्य स्तर पर प्रशासन का दावा है कि नाइट शेल्टर, कंबल वितरण और अलाव की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। 1070 हेल्पलाइन के जरिए सहायता दी जा रही है। हालांकि, सरोजनीनगर जैसे क्षेत्रों में यह दावे खोखले साबित हो रहे हैं। लखनऊ जिले में रैन बसेरों की तैयारी तो हुई है, लेकिन अलाव जैसे तत्काल राहत के उपाय नजर नहीं आ रहे।मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक ठंड और कोहरे का कहर जारी रहेगा। ऐसे में प्रशासन से उम्मीद है कि सरोजनीनगर सहित सभी क्षेत्रों में तुरंत अलाव की व्यवस्था की जाए, ताकि गरीब और असहाय लोगों को ठंड से बचाया जा सके।

कंपनी के मोटर से कॉपर केबिल चोरी करने के आरोप में तीन गिरफ्तार, रंगे हाथों धराए

सरोजनीनगर थाना क्षेत्र में एक कंपनी के मोटर से कॉपर केबिल की चोरी की कोशिश नाकाम हो गई। सुपरवाइजर की सूचना पर मौके पर पहुंचे लोगों ने तीन आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपियों के पास से केबिल काटने का कटर, चाकू और कटा हुआ तार बरामद हुआ है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
घटना 21 दिसंबर 2025 की रात करीब 12:15 बजे की है।

पीड़ित कृष्ण बहादुर सिंह, जो अजय एसोसिएट कंपनी में सुपरवाइजर हैं, ने देखा कि कंपनी कर्मी कमलेश चौहान (पुत्र संवरु, निवासी महुवार वसैतिया, थाना कोपागंज, जनपद मऊ) दो अन्य व्यक्तियों के साथ मोटर में लगे कॉपर केबिल को काटकर चोरी कर रहा था।पीड़ित ने तुरंत अपने लेबर गार्ड को सूचना दी और सभी ने मिलकर आरोपियों को घेराबंदी कर पकड़ लिया। मौके पर एक बंडल कटा हुआ तार पड़ा था। पूछताछ में दूसरे व्यक्ति ने अपना नाम अरविंद (पुत्र रामदास, निवासी काजीगढ़ी काकोरी, थाना काकोरी, जनपद लखनऊ) बताया, जिसके पास तार काटने का चाकू मिला। तीसरे आरोपी ने नाम विमलेश कश्यप (पुत्र श्रीराम, निवासी सयदपुर जसमन्डा, थाना हसनगंज, जनपद उन्नाव) बताया, जिसके हाथ में कटा हुआ केबिल तार था।पीड़ित कृष्ण बहादुर सिंह ने साथियों राम प्रसाद, जीतेन्द्र शुक्ला और लेबर राहुल के साथ तीनों आरोपियों को चोरी के सामान समेत थाने लाकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और आगे की जांच जारी है।यह घटना कॉपर केबिल चोरी की बढ़ती वारदातों के बीच हुई है, जहां चोर महंगे तांबे के तारों को निशाना बना रहे हैं। पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

बंथरा के हरौनी में दबंगों का आतंक, पिकअप हटाने की बात पर परिवार पर हमला;पिता की रीढ़ की हड्डी टूटी, महिला से अभद्रता

थाना बंथरा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा हरौनी में दबंगों ने एक परिवार पर कहर बरपाया। छोटी-सी बात पर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने घर में घुसकर बुजुर्ग पिता की रीढ़ की हड्डी तोड़ दी और परिवार की महिलाओं के साथ मारपीट व अभद्रता की। पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में गंभीर आरोप लगाए हैं।घटना 19 दिसंबर की शाम करीब 7 बजे की है। पीड़िता निशा देवी (नाम बदला गया) की तहरीर के अनुसार, उनका भाई घर लौट रहा था तभी रास्ते में खड़ी पिकअप गाड़ी हटाने को कहा। इस पर आरोपी उग्र हो गए और गाली-गलौज शुरू कर दी। शोर सुनकर निशा मौके पर पहुंची तो आरोपियों बाबूलाल, रजनीश, कुलदीप (स्व. शंकर के पुत्र), रामपाल (लल्लू का पुत्र), सीमा (रामपाल की पत्नी) सहित अन्य लोगों ने उन पर और उनके भाई पर हमला कर दिया।
आरोपियों ने निशा को गलत तरीके से पकड़ा, मारपीट की और बाल खींचे। किसी तरह जान बचाकर निशा घर पहुंची और पिता को बताया। इसके बाद दबंग प्रकृति के आरोपी उनके घर में घुस आए और पिता पर इतना निर्मम हमला किया कि उनकी रीढ़ की हड्डी टूट गई। परिवार के सभी सदस्यों को खींच-खींचकर पीटा गया और निशा के साथ अभद्र व्यवहार किया गया।मारपीट के बाद आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी और कहा, “जाओ जो करना है कर लो, हम किसी से नहीं डरते।” पीड़ित पिता को गंभीर हालत में लोकबंधु अस्पताल में भर्ती कराया गया है।पीड़िता ने सहायक पुलिस आयुक्त कृष्णानगर को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की है। क्षेत्र में दबंगई की ऐसी घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं, जिससे स्थानीय लोग भयभीत हैं।

सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना को बताया जनप्रतिनिधियों के लिए प्रेरणास्रोत

सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना की भूरि-भूरि प्रशंसा की है। उन्होंने कहा कि अध्यक्ष महाना केवल एक संवैधानिक पदाधिकारी ही नहीं, बल्कि सार्वजनिक जीवन में सभी जनप्रतिनिधियों के लिए मार्गदर्शक और प्रेरणास्रोत हैं। उनका शांत स्वभाव, संतुलित दृष्टिकोण और दृढ़ संवैधानिक समझ कठिन परिस्थितियों में भी सदन को स्थिरता, मर्यादा और विश्वास प्रदान करती है। वे जिस गरिमा व निष्पक्षता से सदन का संचालन करते हैं, वह दलगत सीमाओं से ऊपर उठकर व्यापक सम्मान अर्जित करती है।डॉ. राजेश्वर सिंह ने आगे कहा कि व्यक्तिगत स्तर पर अध्यक्ष महाना का मार्गदर्शन और आशीर्वाद सदैव आश्वस्त करने वाला रहा है। उनके शब्द अनुभव, संवेदनशीलता और संस्थागत जिम्मेदारी से परिपूर्ण होते हैं, जो जनसेवा तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता को और मजबूत करते हैं। उनके नेतृत्व में सदन केवल कार्यवाही का मंच नहीं, बल्कि संविधान की आत्मा और लोकतंत्र की गरिमा का संवाहक बना रहता है।उल्लेखनीय है कि डॉ. राजेश्वर सिंह ने ये विचार राज्य विधानसभा के मानसून सत्र की कार्यवाही में भागीदारी के दौरान सोमवार को विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना से शिष्टाचार भेंट के बाद व्यक्त किए।

चौधरी चरण सिंह हवाई अड्डे  का निरीक्षण

-पीएम मोदी के प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए नगर आयुक्त का हवाईअड्डे से राष्ट्र प्रेरणा स्थल तक व्यापक निरीक्षण स्वच्छता,प्रकाश व्यवस्था व सौंदर्यकरण पर दिए सख्त निर्देश

25 दिसंबर को राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आयोजित होने वाले भव्य लोकार्पण कार्यक्रम तथा स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 की तैयारियों के मद्देनजर नगर आयुक्त गौरव कुमार ने सोमवार को नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ शहर के विभिन्न जोनों में व्यापक निरीक्षण किया।

निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य शहर की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाना तथा आमजन व आगंतुकों को स्वच्छ, सुव्यवस्थित एवं सुंदर वातावरण प्रदान करना रहा।नगर आयुक्त ने चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से राष्ट्र प्रेरणा स्थल तक के प्रमुख मार्गों, चौराहों और सार्वजनिक स्थलों का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान सड़कों, डिवाइडरों, फुटपाथों, नालियों, हरित पट्टियों और सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई का जायजा लिया गया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को चिन्हित कमियों को निर्धारित समयसीमा में हर हाल में दूर करने के सख्त निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मार्ग प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त रखने, खराब स्ट्रीट लाइटों को तत्काल ठीक कराने तथा अंधेरे स्थानों पर अतिरिक्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सौंदर्यकरण कार्यों के तहत पेंटिंग, पौधारोपण, साज-सज्जा और अव्यवस्थित सामग्री हटाने पर विशेष जोर दिया गया।स्वच्छता के संबंध में नगर आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि प्रमुख मार्गों और कार्यक्रम स्थल के आसपास नियमित सफाई तथा कूड़ा उठान सुनिश्चित किया जाए। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 को ध्यान में रखते हुए सभी जोनों में सतत निगरानी रखने और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के कड़े निर्देश दिए गए।

Aaj National

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *