सरोजनीनगर:ट्रांसपोर्टर का दिल्ली जाने वाला माल ट्रक समेत गायब, क्लिक करें औऱ भी खबरें

-चालक ने बैंक जब्ती का बहाना बनाकर ठगा

  • REPORT BY:A.S.CHAUHAN EDITED BY:AAJ NATIONAL NEWS DESK
लखनऊ। राजधानी के कृष्णा नगर निवासी ट्रांसपोर्ट कारोबारी राधेलाल पाल ने थाना बंथरा में प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराने की अर्जी दी है। उनके अनुसार, उन्होंने दिल्ली-बॉम्बे रोडवेज एजेंसी के माध्यम से माल लोड ट्रक दिल्ली भेजा था, लेकिन ट्रक चालक दीपक पटेल ने माल समेत वाहन गायब कर दिया।राधेलाल पाल ने बताया कि वे ‘न्यू सहारा रोड लाइन’ नाम से ट्रांसपोर्ट का काम करते हैं। 10 नवंबर 2025 को लखनऊ के मेमौरा छावनी से मायापुरी दिल्ली के लिए माल लोड किया गया था। ट्रक की बुकिंग ट्रांसपोर्ट नगर स्थित दिल्ली-बॉम्बे रोडवेज एजेंसी के मालिक पवन कुमार (हरियाणा निवासी) से की गई थी। वाहन संख्या DL 1 MA 5483 था, जिसके चालक/मालिक दीपक पटेल (दिल्ली निवासी) थे।माल 13 नवंबर तक दिल्ली पहुंच जाना था, लेकिन जब माल नहीं पहुंचा तो चालक के नंबरों पर संपर्क किया गया। चालक ने पहले कहा कि वाहन बैंक ने जब्त कर लिया है और एक-दो दिन में छूट जाएगा। इसके बाद लगातार गुमराह करने के बाद दोनों नंबर बंद कर दिए गए।
पीड़ित राधेलाल को आशंका है कि चालक और एजेंसी मालिक ने मिलकर माल गायब कर दिया है। उन्होंने सभी वैध कागजी कार्रवाई पूरी करने की बात कही है। पुलिस से उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।पुलिस मामले की जांच कर रही है।

सरोजनीनगर जनहित व्यापार मंडल ने सौंपा ज्ञापन,गरीबों के लिए कंबल, अलाव रैन बसेरों की मांग

सरोजनीनगर क्षेत्र में कड़ाके की ठंड और शीत लहर से पीड़ित गरीब एवं असहाय लोगों की मदद के लिए उत्तर प्रदेश जनहित व्यापार मंडल ने सक्रिय पहल की है। संगठन ने जनहित में प्रशासन से तत्काल राहत व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की मांग की है।सोमवार को प्रदेश अध्यक्ष माननीय ओम प्रकाश शर्मा, प्रदेश महामंत्री दिलीप द्विवेदी, प्रदेश उपाध्यक्ष रवि शर्मा, जिला उपाध्यक्ष अवधेश सिंह, विधानसभा प्रभारी जितेंद्र हजेला तथा एयरपोर्ट व्यापार मंडल उपाध्यक्ष राजेश प्रताप दुबे के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने तहसील सरोजनीनगर के उप जिला अधिकारी को तहसीलदार सुखवीर सिंह के माध्यम से ज्ञापन सौंपा।ज्ञापन में अवगत कराया गया कि बढ़ती ठंड के कारण सड़कों पर सोने वाले मजदूर, रिक्शा चालक, ठेला-पटरी व्यवसाई, महिलाएं एवं निर्धन लोग गंभीर कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं। हाईडील प्रमुख चौराहे सहित सार्वजनिक स्थलों पर अलाव की पर्याप्त व्यवस्था की जाए।हाईडील चौराहे पर रोजाना बाहर से आने वाले 500 से अधिक मजदूरों, महिलाओं एवं असहाय लोगों के लिए कंबल वितरण सुनिश्चित किया जाए।बेघर एवं जरूरतमंदों के लिए रैन बसेरों की संख्या बढ़ाई जाए तथा वहां साफ-सफाई, पेयजल और सुरक्षा की समुचित व्यवस्था की जाए।नगर निगम एवं प्रशासन द्वारा रैन बसेरों का नियमित निरीक्षण कराया जाए ताकि कोई अव्यवस्था न रहे।व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने कहा कि उनका उद्देश्य हमेशा जनसेवा और सामाजिक सरोकारों के साथ प्रशासन का सहयोग करना रहा है। इस पहल से क्षेत्र के गरीबों को ठंड से राहत मिलने की उम्मीद जगी है।

अवैध अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, 88 हजार की सरकारी जमीन मुक्त

प्रशासन की सख्ती जारी है। सोमवार को सरोजनी नगर तहसील क्षेत्र के ग्राम अहमामऊ (परगना लखनऊ) में अवैध कब्जे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। नायब तहसीलदार सरोजनी नगर के नेतृत्व में राजस्व निरीक्षक उठरठिया और स्थानीय लेखपाल की टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया।टीम ने गाटा संख्या 397 में कुल 0.031 हेक्टेयर रकबे में से 0.0041 हेक्टेयर क्षेत्र पर किए गए अवैध निर्माण को पूरी तरह हटाकर भूमि को खाली कराया। प्रशासन के मुताबिक, मुक्त कराई गई इस सरकारी जमीन का जिलाधिकारी द्वारा निर्धारित मूल्य 88,150 रुपये है, जबकि इसकी बाजार कीमत करीब पांच लाख रुपये आंकी जा रही है।कार्रवाई पूरी होने के बाद स्थल को पूर्ण रूप से कब्जामुक्त घोषित कर दिया गया है और इस संबंध में आगे की रिपोर्ट संबंधित अधिकारियों को भेज दी गई है।

20 लाख की सरकारी जमीन पर अवैध बाउंड्रीवाल ध्वस्त,अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन की सख्त कार्रवाई

 जिला प्रशासन की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता मिली है। तहसील सरोजनीनगर के ग्राम एवं परगना बिजनौर में नवीन परती गाटा संख्या 13 (रकबा 0.145 हेक्टेयर) पर कुछ लोगों द्वारा करीब 200 वर्ग मीटर क्षेत्र में बनाई गई रेडीमेड बाउंड्रीवाल को जेसीबी की मदद से पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया।तहसील सरोजनीनगर और नगर निगम की संयुक्त टीम ने सोमवार को मौके पर पहुंचकर यह कार्रवाई की। मुक्त कराई गई इस बेशकीमती भूमि का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 20 लाख रुपये है। कार्रवाई के दौरान शांति-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की पर्याप्त व्यवस्था की गई थी, जिससे कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।प्रशासन के अधिकारियों ने बताया कि सरकारी संपत्ति की रक्षा के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। अवैध कब्जाधारियों को चेतावनी दी गई है कि भविष्य में भी ऐसे अतिक्रमणों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Aaj National

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *