-अफवाहों पर ध्यान न दें, आवश्यकता पर ही लें पेट्रोल-डीजल
-कुछ लोग खराब करना चाहते हैं राज्य का माहौल
- REPORT BY:K.K,VARMA || EDITED BY:AAJ NATIONAL NEWS DESK
लखनऊ/गोरखपुर । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि रसोई गैस के लिए एजेंसी के बाहर लाइन लगाने की आवश्यकता नहीं।निर्धारित समय पर बुकिंग कराएं, सिलेंडर आपके घर पहुंच जाएगा। आवश्यकता होने पर ही पेट्रोल-डीजल लेने जाएं, फिलिंग सेंटरों पर लाइन लगाने की कोई जरूरत नहीं। कुछ लोग अफवाहें फैला कर राज्य का माहौल खराब करना चाहते हैं, अव्यवस्था फैलाना चाह रहे हैं। लोगों को अफवाहों पर ध्यान नहीं देना चाहिए।
मुख्यमंत्री गुरुवार को गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण क्षेत्र गीडा में सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। गल्फ वॉर के पहले अगर किसी के घर रसोई गैस का सिलेंडर एक महीने चलता था, तो वह आज पांचवें या छठे दिन ही सिलेंडर लेने क्यों पहुंच रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि निर्धारित समय पर ही बुकिंग कराएं, आपकी बारी आने पर रसोई गैस आपके घर तक पहुंच जाएगी। सरकार ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। जैसे पहले गैस सिलेंडरों की होम डिलीवरी होती थी, वैसे ही होगी। एजेंसी के बाहर लाइन लगाने की कोई जरूरत नहीं है। पेट्रोल-डीजल लेने तभी जाएं, जब आवश्यकता हो, लाइन लगाने की आवश्यकता नहीं है। कुछ लोगों द्वारा साजिश के तहत फैलाई जा रही अफवाहों पर ध्यान नहीं देना चाहिए।
भारत में सबकुछ अच्छा है। ईरान-अमेरिका,इज़राइल युद्ध से दुनिया प्रभावित है। दुनिया में हाहाकार, अराजकता, अव्यवस्था है, लेकिन भारत के अंदर प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बेखौफ व सुरक्षित हैं, विकास यात्रा को भी बढ़ा रहे हैं। युद्ध लंबा खिंचा तो हर व्यक्ति प्रभावित होगा। हमको भी मानसिक रूप से तैयार होना होगा। देशहित में सरकार ने कोई कदम उठाया तो हम उसके लिए खुद को तैयार करेंगे।