LUCKNOW:चार दुकानों में लगी भीषण आग, कोई जनहानि नहीं,क्लिक करें और भी खबरें

  • REPORT BY:AAJ NATIONAL NEWS || EDITED BY:AAJ NATIONAL NEWS DESK 

लखनऊ। राजधानी के बीकेटी थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात सीतापुर हाईवे किनारे स्थित चार दुकानों में भीषण आग लग गई। स्टेट बैंक के सामने हुई इस घटना में दुकानों में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया।स्थानीय लोगों ने आग की लपटें उठती देख तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।

हालांकि, आरोप है कि दमकल की गाड़ियां करीब डेढ़ घंटे देरी से मौके पर पहुंचीं। इस दौरान आग ने रजाई-गद्दा, चाय की दुकान, जनरल स्टोर और गैस चूल्हा की दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया।रजाई-गद्दा दुकान के मालिक शिव सेवक मिश्रा ने बताया कि उन्हें रात करीब 11 बजे आग लगने की सूचना मिली। उनके पहुंचने तक लाखों रुपए का सामान जल चुका था।दमकल विभाग की देरी से नाराज स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस और दमकल विभाग के खिलाफ नारेबाजी भी हुई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने का प्रयास किया और बाद में बल प्रयोग कर सड़क खाली कराई, जिससे यातायात बहाल हो सका। लोगों का कहना था कि दमकल की गाड़ियां पहुंचने तक अधिकांश सामान जल चुका था। पहुंची फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस और फायर विभाग मामले की जांच कर रहे हैं।

ज्वैलर्स के तीन मंजिला मकान में लगी आग

ज्वैलर्स के 3 मंजिला मकान में आग लग गई। घर में परिवार के 6 लोग सो रहे थे। जैसे ही आग किचन से कमरों की ओर फैली, घर के लोग जाग गए। इस दौरान 22 साल लड़की दूसरी मंजिल से कूद गई। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने एक मासूम बच्ची सहित परिवार के 5 लोगों को सीढ़ियों से उतारा। इस दौरान मकान धू-धूकर जलता रहा।

दुर्घटना गुरुवार तड़के करीब 3:30 बजे सरोजनीनगर में दरोगा खेड़ा स्थित पार्थ रिपब्लिक अपार्टमेंट के पास हुई। यहां ज्वेलर अजय रस्तोगी (49) अपने परिवार के साथ मकान की दूसरी मंजिल पर सो रहे थे। परिवार में उनकी पत्नी अनीता वर्मा (47), बेटा विनायक (16), विवाहित बेटी शीतल वर्मा (30), छह वर्षीय पोती विरानिका और घर में काम करने वाली तन्नू (22) हैं। ज्वैलर्स अजय रस्तोगी ने बताया कि मकान की तीसरी मंजिल पर किचन है। वहीं, शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। हमें तो पता भी नहीं चला। पड़ोसियों ने शोर मचाया तब हम लोगों की नींद खुली। मैंने सीसीटीवी से देखा तो सच में तीसरी मंजिल में आग लगी हुई थी। बेटी तन्नू आग देखते ही दूसरी मंजिल से कूद गई।

आग लगने की सूचना फायर ब्रिगेड को दी। सरोजनीनगर फायर स्टेशन से दो और आलमबाग से एक दमकल गाड़ी कुछ ही देर में आ गईं। दमकल कर्मचारियों ने सीढ़ी लगाकर हम पांच लोगों को नीचे उतारा। हमारा पालतू डॉगी भी हमारे साथ फंस चुका था। फायर ब्रिगेड ने उसे भी बाहर निकाल लिया। घटना के दौरान घबराकर बेटी तन्नू दूसरी मंजिल से कूद गई, जिससे वह घायल हो गई। उसे तुरंत सरोजनीनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

इस दुर्घटना में मेरे परिवार के सभी लोग सुरक्षित हैं। घर का काफी सामान जल गया है। दमकल विभाग की तत्परता से हम सुरक्षित रहे। टिनशेड चटचट बोल रही थी। मैंने जैसे ही दरवाजा खोला तो आग का एक गोला तेजी से बाहर आया। यह देखते ही मैं पीछे की ओर हो गया। मैं पुलिस को सूचना दी। यहां फायर ब्रिगेड, पुलिस ने जितना काम किया, उससे ही हम लोग बच पाए। इस पूरे अग्निकांड में हमारा करीब पौने दो करोड़ रुपए का नुकसान हो गया है। लिफ्ट पूरी जल गई। करीब 7 एसी लगे हुए थे, वे सब भी जल गए।

राहत की बात है कि फायर ब्रिगेड ने हम लोगों को कुछ नहीं होने दिया।एफएसओ धर्मपाल सिंह ने बताया कि आग लगने की सूचना देने वाले को कॉल पर बता दिया गया कि सारे खिड़की-दरवाजे खोल दें। इसके बाद सरोजनीनगर फायर स्टेशन से दो आलमबाग फायर स्टेशन से एक दमकल गाड़ी लेकर पहुंचे। तब तक घर से एक लड़की बगल वाली खिड़की से कूद चुकी थी।

दो घंटे तक होता रहा हंगामा, आश्वासन के बाद समाप्त हुआ धरना

गोसाईगंज कोतवाली परिसर में दो घंटे तक हंगामा होता रहा।दो घंटे के बाद एस एच ओ की ओर कार्यवाही किए जाने का  आश्वासन मिलने के बाद धरना समाप्त हो गया।
शिवलर गांवनिवासी राम गोपाल अवस्थी की ओर दिए गए प्रार्थना पत्र के अनुसार उनका बेटा अभयराज अवस्थी (17)  सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में खुर्दही बाजार माढर मऊ  में दुकान लगाता था।वह 31 मार्च 2026 को घर नहीं लौटा।वह दुकान बंद करके शिवलर निवासी अपने साथी हर्ष द्विवेदी पुत्र पिंकेश के साथ मोहनलालगंज मार्ग पर स्थित यूको बैंक तक गया।उसी के बाद उसका कोई सुराग नहीं लगा।
शिकायतकर्ता के अनुसार उन्होंने पुत्र की गुमशुदगी से संबंधित प्रार्थना पत्र भी दिया। शिकायतकर्ता ने हर्ष द्विवेदी से  भी पूछताछ की लेकिन कोई लाभ नहीं निकला। शिकायतकर्ता के अनुसार उसे एक अप्रैल 2026 को  बेटे मृत्यु हो जाने की जानकारी मिली। इस मामले में पुलिस की ओर से जानकारी मिली मृतक अभय राज अवस्थी का अनूप गंज रेलवे स्टेशन के पास मिला था इसलिए उसे जीआरपी पुलिस ले गई थी। घटना स्थल पर  मृतक का कोई परिजन मौजूद नहीं था।
शिकायत कर्ता राम गोपाल अवस्थी के अनुसार उनके पुत्र को  उसकी दुकान पर जाकर सूर्य नगर मानक नगर निवासी  अभिषेक मिश्रा पुत्र रमा शंकर मिश्रा और उनके साथियों हर्ष द्विवेदी और अन्नू शुक्ला निवासी खुर्दही बाजार की ओर से धमकियां दी गई थी।

जमीन हड़पने वाली महिला गिरफ्तार,बनाया कूटरचित दस्तावेज 

राजधानी की बिजनौर पुलिस ने कूटरचित दस्तावेज तैयार कर जमीन हड़पने के मामले में एक महिला को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी लंबे समय से पुलिस की नजर में थी और उसकी तलाश की जा रही थी। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त के निर्देशन में अपराध नियंत्रण अभियान के तहत की गई। थाना बिजनौर में दर्ज मुकदमा संख्या 319/2025 के तहत आरोपी महिला श्रीमती आशिष कुमारी उर्फ रजनी (उम्र करीब 57 वर्ष) निवासी ग्राम बलसिंहखेड़ा मजरा परवर पश्चिम, थाना बिजनौर को गिरफ्तार किया गया है।
12 नवंबर 2025 का है, जब पीड़ित पक्ष द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई थी कि आरोपी ने कूटरचित व फर्जी दस्तावेज तैयार कर उनकी जमीन पर अवैध कब्जा करने का प्रयास किया। इतना ही नहीं, विरोध करने पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी भी दी गई। इस संबंध में थाना बिजनौर में धारा 318(4), 338, 336(3), 340(2), 352/351(3) बीएनएस के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया था। पुलिस तभी से आरोपी की तलाश में जुटी थी।
पुलिस टीम ने 2 अप्रैल 2026 को आरोपी को उसके घर के सामने से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में जमीन हड़पने के उद्देश्य से दस्तावेजों में हेराफेरी करने की बात सामने आई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेजते हुए आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

कबूतर दिलाने के बहाने नाबालिग का यौन शोषण

राजधानी के अलीगंज क्षेत्र में एक नाबालिग बच्चे को कबूतर दिलाने का झांसा देकर उसके साथ यौन शोषण करने का मामला सामने आया है। नाबालिग लड़का मोहल्ले में रहने वाले मासूम को अपने साथ ले गया। इसके बाद गंदी हरकत की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 16 साल के आरोपी को संरक्षण में लेकर जुवेनाइल कोर्ट में पेश किया।
अलीगंज निवासी मासूम के पिता ने बुधवार को अलीगंज थाने में तहरीर देकर बताया कि मोहल्ले के रहने वाला लड़का उनके नाबालिग बेटे को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। उसके साथ जबरदस्ती गलत काम किया। साथ ही उसे चोट पहुंचाई और धमकी भी दी। एडिशनल इंस्पेक्टर दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि जांच के दौरान पता चला कि आरोपी 16 साल का नाबालिग है , जिसे तीन मजार मस्जिद के पास से संरक्षण में लिया गया। पूछताछ में नाबालिग ने बताया कि उसने मंगलवार को शाम 7 बजे मोहल्ले के ही लड़के के साथ अंधेरे में जबरदस्ती गलत काम किया। इसके बाद माफी मांगने लगा। किशोर ने बताया कि वो नाबालिग बच्चे को कबूतर दिलाने के बहाने अपने साथ ले गया था।

पीएम मोदी पर आपत्तिजनक पोस्ट से हड़कंप

राजधानी के  गोमतीनगर थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पीएम नरेंद्र मोदी के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग करता था, साथ ही सांसदों और विधायकों के खिलाफ भी आपत्तिजनक टिप्पणियां करता था।
इस संबंध में शिकायतकर्ता शिशिर चतुर्वेदी ने थाने में तहरीर दी है। आरोप लगाया कि क्षेत्र निवासी नितिन विश्वकर्मा इंस्टाग्राम सहित अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भारत और भारतीय संस्कृति के खिलाफ आपत्तिजनक कंटेंट पोस्ट करता है।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी महिलाओं के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग करता है और अश्लील वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर करता है। इसके अलावा, उस पर देश के प्रधानमंत्री के प्रति भी अपमानजनक टिप्पणी करने का आरोप है। शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपी की पोस्ट और भाषा से उनकी धार्मिक व सामाजिक भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने आशंका जताई है कि आरोपी किसी संगठन से जुड़ा हो सकता है, जिसकी जांच कराए जाने की मांग की गई है। गोमतीनगर थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच शुरू कर दी है।

स्कूल में घुसकर प्रिंसिपल को मारी गोली, घायल

राजधानी के रहीमाबाद थाना क्षेत्र के जुगराजगंज स्थित एक स्कूल में गुरुवार दोपहर प्रिंसिपल अनिल कुमार सिंह पर फायरिंग हुई। गांव के ही एक युवक ने उन पर गोली चलाई। गोली प्रिंसिपल के पेट को छूते हुए निकल गई।

ग्राम पंचायत तरौना के मजरे जुगराजगंज में अनिल कुमार सिंह का प्रभावती देवी शिक्षण संस्थान स्कूल है। इसमें 8वीं तक पढ़ाई होती है। अनिल कुमार सिंह ही स्कूल के प्रिंसिपल हैं। गुरुवार दोपहर अनिल स्कूल में थे, तभी गांव निवासी विजयपाल अपनी कार से वहां पहुंचा।

पुरानी रंजिश के कारण विजयपाल स्कूल में घुस आया और प्रिंसिपल पर फायरिंग कर दी। गोली पास रखी एक अलमारी के लॉकर से टकराई और प्रिंसिपल के पेट को छूते हुए निकल गई। गनीमत रही कि वे गंभीर रूप से घायल होने से बच गए। घटना के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

आरोपी विजयपाल मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल प्रिंसिपल को तत्काल मलिहाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। ग्रामीणों ने बताया कि प्रिंसिपल अनिल के भाई मूलचंद डॉक्टर हैं। अनिल और विजय के अच्छे संबंध थे। कुछ दिन पूर्व विजय बीमार हुआ था, तब मूलचंद ने ही उसका इलाज किया था।

इंस्पेक्टर अरुण त्रिगुनायक ने बताया कि दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद नहीं था।रोज अनिल का आरोपी विजय के साथ उठाना-बैठना था। कल रात भी दोनों 5 घंटे एक साथ रहे है। हालांकि, आरोपी विजय ने ऐसा क्यों किया यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है? फिलहाल अनिल की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है।

बिरयानी की लेग पीस को लेकर होटल में जमकर मारपीट

इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे स्थित एक रेस्टोरेंट में बिरयानी के पीस को लेकर विवाद हो गया। जिसके बाद दुकानदार ने साथी कर्मचारियों के साथ ग्राहक पर हमला कर दिया। रेस्टोरेंट संचालक और कर्मचारियों ने लोहे की रॉड से मारपीट कर ग्राहक को गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस मुकदमा दर्ज करके मामले की जांच कर रही है।
टेढ़ी पुलिया निवासी सूरज प्रजापति ने पुलिस को दी तहरीर में बताया अपने साथी मोहम्मद आमिर के साथ बुधवार रात मुगलई जायका रेस्टोरेंट पर बिरयानी पैक कराने गए थे। इस दौरान बिरयानी के लेग पीस को लेकर उनका रेस्टोरेंट मालिक रिजवान से विवाद हो गया। सूरज ने आपत्ति जताते हुए पीस बदलने की बात कही। जिस पर रिजवान गाली-गलौज करने लगा। पीड़ित का आरोप है कि इसके बाद रिजवान ने लोहे की रॉड उठा ली और अपने साथी जमीर समेत 10-12 कर्मचारियों के साथ मिलकर उन पर हमला कर दिया। हमलावरों ने सूरज के सिर पर रॉड से वार किया। जिससे उनका सिर फट गया, वहीं हाथ पर भी लोहे की रॉड से हमला कर दिया। जिससे उसका हाथ टूट गया। गंभीर चोट लगने से सूरज मौके पर ही बेहोश हो गया। बीच-बचाव करने पहुंचे वकील देवेन्द्र प्रताप सिंह को भी आरोपियों ने नहीं बख्शा और उनके हाथ पर रॉड मार दी। जिससे वह भी गिर पड़े। घटना में मोहम्मद आमिर भी घायल होकर अचेत हो गए। घटना के बाद सभी घायल थाने पहुंचे। जहां से पुलिस ने उन्हें अस्पताल मेडिकल के लिए भेजा दिया। इंस्पेक्टर मड़ियांव शिवानंद मिश्रा का कहना है पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।

रील देखते समय मोबाइल से उड़े एक लाख रूपये

नगराम के अनैया का मजरा देवी गंज निवासी एक युवक के साथ साइबर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। पीड़ित के अनुसार वह 18 मार्च की दोपहर करीब तीन बजे मोबाइल पर फेसबुक रील देख रहा था, तभी अचानक मोबाइल स्क्रीन काली हो गई। कुछ ही देर में उसके बैंक खातों से कुल 1.32 लाख रुपये निकल गए।

नगराम के देवी गंज निवासी मोहित कुमार बाजपेई ने बताया कि उसके यूनियन बैंक ऑफ इंडिया खाते से दो बार में 93 हजार रुपये तथा एचडीएफसी बैंक खाते से 39,900 रुपये कट गए। हैरानी की बात यह रही कि उसे किसी भी तरह का ओटीपी या लेन-देन की जानकारी नहीं मिली। घटना के बाद पीड़ित ने साइबर क्राइम सेल हजरतगंज में शिकायत दर्ज कराई है, जहां मामला सीसीटीएनएस नंबर 879/2026 के तहत दर्ज किया गया है। पीड़ित ने थाना नगराम में भी प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। थानाध्यक्ष नगराम विवेक  चौधरी ने बताया कि इस मामले में दी गई तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है ।

Aaj National

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *