नासिक:ED की नासिक के बाबा अशोक खरात के ऑफिस पर छापेमारी, कई दस्तावेज और डिजिटल डिवाइस जब्त

-नासिक पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम ने सील किया था दफ्तर 

  • REPORT BY:AAJ NATIONAL NEWS || EDITED BY:AAJ NATIONAL NEWS DESK

नासिक: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने नासिक के स्वयंभू बाबा अशोक खरात से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में फिर से तलाशी अभियान शुरू किया। ईडी की टीम नासिक के कनाडा कॉर्नर इलाके स्थित उसके कमर्शियल दफ्तर ‘ओक्स प्रॉपर्टी ऑफिस’ पर छापेमारी कर रही है। यह दफ्तर पहले 26 मार्च को नासिक पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (एसआईटी) द्वारा सील कर दिया गया था।उस समय की तलाशी में कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए गए थे।

ईडी अब एसआईटी के साथ मिलकर इस सील किए गए स्थान पर काम कर रही है, जिससे उन्हें अंदर जाकर गहन जांच करने की अनुमति मिल गई है। इससे पहले ईडी की तलाशी में अशोक खरात के ठिकानों से 42 लाख रुपए नकद बरामद हुए थे और करीब 2.4 करोड़ रुपए की संपत्ति कोफ्रीज कर दिया गया था।

वित्तीय रिकॉर्ड से जुड़े दस्तावेजों के दो बड़े बोरे जब्त

इस ताजा कार्रवाई में अधिकारियों ने प्रॉपर्टी डीलिंग, जमीन के लेन-देन और वित्तीय रिकॉर्ड से जुड़े दस्तावेजों के दो बड़े बोरे जब्त किए हैं। इन दस्तावेजों में संदिग्ध बेनामी संपत्तियों और जमीन से जुड़ी 52 से ज्यादा एंट्रीज की जानकारी शामिल बताई जा रही है। ईडी की टीम ने चेक बुक, रसीदें, वित्तीय रजिस्टर, कंप्यूटर, हार्ड डिस्क और कई पेन ड्राइव भी जब्त किए हैं। जांचकर्ता इन सामग्रियों का विस्तार से विश्लेषण कर रहे हैं, ताकि मनी लॉन्ड्रिंग की पूरी चेन का पता लगाया जा सके।

खरात के पूरे नेटवर्क को उजागर करने में जुटी जांच एजेंसियां

सूत्रों के अनुसार, खरात और उसके सहयोगियों ने बेनामी खातों और फर्जी लेन-देन के जरिए बड़ी रकम को घुमाने की कोशिश की थी। ईडी की यह कार्रवाई एसआईटी की जांच को और मजबूती देगी। अभी तक ईडी ने इस तलाशी से जुड़ी कोई आधिकारिक रिपोर्ट जारी नहीं की है, लेकिन छापेमारी अभी भी जारी है। जांच एजेंसियां खरात के पूरे नेटवर्क को उजागर करने की कोशिश में जुटी हुई हैं। इस मामले में आगे और छापेमारी या गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

Aaj National

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *