SAROJINI NAGAR NEWS:दबंग ने दो लोगों पर चलाई गोलियां घायल अस्पताल में भर्ती,क्लिक कर देखें और भी खबरें

ग्रामीणों की मदद से आरोपी को पुलिस ने पकड़ा

LUCKNOW: एक दबंग ने सुबह अवैध हथियार से अपने घर पर बैठे व्यक्ति के ऊपर गोली चला कर बुरी तरीके से घायल कर दिया और घटनास्थल से भाग निकला , वहीं दूसरी जगह पर भी जाकर एक महिला के ऊपर गोली चला दी जिससे महिला भी घायल हो गई और अस्पताल में उसका उपचार हो रहा है। बंथरा थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक दबंग ने भाजपा नेत्री के भाई के ऊपर पुरानी रंजिश को लेकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोलियों की आवाज सुनकर ग्रामीण दौड़े तो आरोपी असलहा लहराते हुए वहां से भाग निकला। इस घटना में भाजपा नेत्री के भाई के कंधे और पीठ में गोली लगने से वह मामूली रूप से घायल होने के साथ ही बाल-बाल बच गया। बाद में घटना की सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने जाँच पड़ताल के बाद मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली। उधर करीब घंटे भर बाद आरोपी दबंग ने उन्नाव जिले के पुरवा क्षेत्र में एक विवाहिता की गोली मारी जिसका इलाज अस्पताल में चल रहा है। हालाकि वहाँ ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने दौड़ा कर उसे धर दबोचा। पुलिस ने गिरफ्तार कर उसे पूछताछ करने के बाद जेल भेज दिया है। पुलिस ने उसके पास से अवैध पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। बंथरा थाना क्षेत्र के लतीफ नगर निवासी मधु चौरसिया भाजपा में महिला मोर्चा की सरोजनीनगर मंडल अध्यक्ष है। मधु के भाई नीरज चौरसिया (35) के मुताबिक गांव के ही दबंग विशाल कश्यप से किसी बात को लेकर काफी दिनों से पुरानी रंजिश चल रही है। आरोप है कि विशाल के बड़े भाई मन्नी कश्यप ने कुछ दिनों पहले उन्हें जान से मारने की धमकी दी थी। नीरज का कहना है कि गुरुवार सुबह करीब 10 बजे वह अपने घर के बाहर बरामदे में बच्चों को पढ़ा रहे थे। तभी वहां अचानक बाइक से पहुंचे विशाल कश्यप ने उनके ऊपर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस घटना में एक गोली नीरज के कंधे और दूसरी गोली पीठ को छूती हुई निकल गई। गोली लगने से नीरज बेहोश होकर वहीं पर गिर पड़ा। उधर ताबड़तोड़ फायरिंग की आवाज सुनकर पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीण नीरज के घर की तरफ दौड़ पड़े। लेकिन ग्रामीणों के पहुंचने से पहले ही आरोपी विशाल असलहा लहराते हुए बाइक सहित वहां से फरार हो गया। बाद में घटना की सूचना बंथरा पुलिस को दी गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने छानबीन की तो उसे मौके से एक जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद हुआ। वही गोली लगने से मामूली रूप से घायल नीरज का पास के निजी अस्पताल में इलाज कराया गया। फिलहाल पुलिस ने नीरज की तहरीर पर विशाल के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली। एसीपी कृष्णा नगर पवन गौतम के मुताबिक बरामद जिंदा कारतूस और खोखा 315 बोर का लग रहा है। एसीपी ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज करने के बाद घटना की जांच पड़ताल की ही जा रही थी तभी पता चला कि आरोपी ने उन्नाव जिले के पुरवा इलाके में भी एक महिला की गोली मारी है। जहां से उसे गिरफ्तार भी कर लिया गया। इस मामले में पता चला है कि लतीफ नगर में घटना अंजाम देने के बाद आरोपी विशाल अपनी बाइक हीरो एचएफ डीलक्स से सीधे उन्नाव जिले के पुरवा स्थित घूर खेत गांव पहुंचा। जहां पहुंचते ही उसने राजन के घर का गेट खटखटाया। बताया जाता हैं कि राजन की पत्नी शशि ने जैसे ही गेट खोला और वह जब तक कुछ समझ पाती तब तक विशाल ने उसके गोली मार दी। जिससे वह पूरी तरीके से लहूलुहान हो गयी। यहाँ वारदात अंजाम देने के बाद विशाल अपनी बाइक वहीं पर छोड़ कर पैदल ही भाग निकला। लेकिन घटना के बाद ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने उसे कुछ दूर पर ही सकरन गांव स्थित रजनी खेड़ा नहर पुल के पास दौड़ाकर धर दबोचा। फिलहाल पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उसके पास मौजूद अवैध पिस्टल व जिंदा कारतूस बरामद कर लिया है। चर्चा है कि आरोपी का महिला से प्रेम प्रसंग को लेकर विवाद चल रहा था। ज्ञात हो कि सुबह गोलियों की आवाज सुनकर लोग सन्न रह गए।ताबड़तोड़ गोलियों की आवाज आने से लोगों में अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। इस तरीके से दिनदहाड़े अपराधी द्वारा घटना को अंजाम दिया गया इसको किसी की आशा भी नहीं थी,लेकिन जैसे ही घटना घटित हुई क्षेत्र में आग की तरह फैल गई।

हिंदू जागरण मंच ने राजस्थान के मुख्यमंत्री का पुतला फूंका

हिंदू जागरण मंच की जिला इकाई द्वारा गुरुवार को सरोजनीनगर स्थित स्कूटर्स इण्डिया चौराहे पर राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का पुतला फूँक कर विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान संगठन के जिला संयोजक सूर्यभान विश्वकर्मा शाण्डिल्य ने कहा कि गहलोत सरकार को नैतिकता के आधर पर इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने कहा जिस प्रकार तालिबानी मानसिकता से ग्रस्त दोनों आतताइयों द्वारा कन्हैयालाल की निर्मम हत्या की गई और निर्भीकता पूर्वक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाला गया। इससे यह स्पष्ट होता है कि हिन्दुस्तान को कुछ शक्तियां सीरिया बनाने का दिव्य स्वप्न देख रही हैं। लेकिन उनका यह सपना कभी पूर्ण होने वाला नहीं है। राजस्थान सरकार निर्मम हत्या को रोक पाने में असफल रही, पुलिस प्रशासन नाकाम साबित हुआ और पिछली घटनाक्रमों को देखते हुए ऐसा लगता है कि तुष्टिकरण की राजनीति के लिए गहलोत सरकार इतना नीचे गिर सकती है। इसलिए राजस्थान में राष्ट्रपति शासन लगाया जाना अत्यन्त आवश्यक है। कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष /जिला भूमि संरक्षण प्रमुख दिनेश सिंह सोनू, जिला मंत्री संतोष सिंह, जिलाध्यक्ष युवा वाहिनी धर्मेंद्र सिंह, तहसील उपाध्यक्ष सूरज कुमार व राज कनौजिया सहित संगठन के कई अन्य कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। बताते चलें कि बीते दिनों एक धर्म विशेष के लोगों ने नूपुर शर्मा का समर्थन करने वाले टेलर कन्हैया लाल की राजस्थान में उसकी दुकान पर गला काटकर हत्या करने के बाद उसका सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर दिया था।

Aaj National

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *