LUCKNOW:महराजगंज,देवरिया में UPCM के बड़े आरोप, इंडी गठबंधन को खूब सुनाई

-टीएमसी ने संविधान के खिलाफ जाकर मुसलमानों को दिया आरक्षण- योगी

-मुख्यमंत्री ने फरेंदा में की जनसभा,बोले, देश को सबसे ज्यादा कांग्रेस और इंडी गठबंधन के लोगों ने पहुंचाई क्षति

महराजगंज 24 मई । देश को सबसे ज्यादा क्षति कांग्रेस और इंडी गठबंधन के लोगों ने पहुंचायी है। इन्होंने सत्ता के लिए पहले देश का विभाजन किया, फिर देश के सामाजिक ताने-बाने को छिन्न-भिन्न किया। ये कहते हैं कि हम संविधान बदलकर ओबीसी के आरक्षण में सेंधमारी करके मुसलमानों को दे देंगे। ये देश के खिलाफ गहरी साजिश रच रहे हैं, जिसे हम स्वीकार नहीं कर सकते हैं।  पश्चिम बंगाल में कांग्रेस की सहयोगी तृणमूल कांग्रेस पार्टी ने ओबीसी का सारा आरक्षण मुसलमान को दे दिया था। इस पर कलकत्ता हाईकोर्ट ने इसे असंवैधानिक करार देते हुए इसे खारिज कर दिया। कोर्ट ने कहा कि देश में मुसलमान आरक्षण पाने के अधिकारी नहीं हैं। बाबा साहब भीमराव अंबेडकर ने भी कहा था कि संविधान के तहत अनुसूचित जाति, जनजाति और मंडल कमीशन के तहत ओबीसी जातियों को ही आरक्षण पाने का अधिकार है। यह आरक्षण धार्मिक आधार पर नहीं हो सकता है। धर्म के आधार पर आरक्षण देश के विभाजन की नींव डालने जैसा है। 1947 में भारत का विभाजन हो चुका है, अब दूसरा विभाजन नहीं होने देंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज शुक्रवार को महराजगंज लोकसभा क्षेत्र की फरेंदा विधानसभा में जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री और लोकसभा प्रत्याशी पंकज चौधरी के पक्ष में वोट की अपील की।
 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज अयोध्या में रामलला अपने दिव्य मंदिर में विराजमान हैं। यह डबल इंजन की सरकार की वजह से साकार हो सका है। यह आपके वोट की ताकत से हुआ है। ऐसे में आपको अपने वोट की ताकत से हिंदू और सनातन विरोधियों को मुंहतोड़ जवाब देना है। वहीं सपा और कांग्रेस की सरकार में सारा पैसा कब्रिस्तान की बाउंड्री के लिये दिया जाता था। उस दौरान गांव में गरीब की जमीन पर चार लोग टोपी पहनकर पहुंचते थे और जबरन बाउंड्री बना करके कब्रिस्तान का बोर्ड लगा देते थे। वहीं आज यह पैसा भारत की विरासत और भारत के देवालयों को सजाने में खर्च होता है। यात्रियों और श्रद्धालुओं की सुविधा में खर्च हो रहा है। एक-एक करके हर एक स्थान को भव्य स्वरूप देने के साथ आम जनमानस की भावनाओं का सम्मान किया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इंडी गठबंधन में शामिल समाजवादी पार्टी, राजद, आप समेत अन्य पार्टियां बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की विरोधी रही हैं। उन्होंने बाबा साहब को चुनाव हराया था। इंडी गठबंधन में शामिल सपा ने अपनी सरकार में प्रदेश में बाबा साहब भीमराव अंबेडकर, कांशीराम के नाम पर जो संस्थान बने थे, उन सभी नाम को हटा दिया था। मुख्यमंत्री ने अखिलेश यादव पर आरोप लगाया कि वह कहते थे कि राजधानी लखनऊ में बाबा साहब भीमराव अंबेडकर, साहू जी महाराज, सावित्रीबाई फुले जैसे जितने भी महापुरुषों के स्मारक बने हैं, उन सभी को तोड़ देंगे। अपने स्वार्थ के लिए संविधान के साथ छेड़छाड़ करना, देश में इमरजेंसी लगाना, भारत की भावना के साथ खिलवाड़ करना आदि ये सब कांग्रेस और इंडी गठबंधन की फितरत रही है। कांग्रेस आज भी वही शरारत पर उतारू है। इनके मेनिफेस्टो में खतरनाक घोषणा इसका प्रमाण हैं। आज महराजगंज विकास के नये आयाम गढ़ रहा है। आनंदनगर से सिसवा तक पूरी रेल लाइन स्वीकृत हो चुकी है। जल्द ही कार्य प्रारंभ होने जा रहा हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 के पहले महाराजगंज की सड़कें सबसे खराब मानी जाती थी जबकि आज हाइवे और चकाचक सड़कें देखने को मिलती है। यह आपके सही जगह दिये वोट देने से संभव हो पाया है। यहां मेडिकल कॉलेज बनकर तैयार हो गया है। महाराजगंज और गोरखपुर में एम्स बन गया है। यहां फर्टिलाइजर फैक्ट्री भी चालू हो गयी है। सिद्धार्थनगर में मेडिकल कॉलेज का निर्माण पूरा हो गया है। उन्होंने कहा कि इसी महराजगंज के वनटांगिया गांव में 18 बस्तियों के लोग दर-दर की ठोकर खाने को मजबूर थे। आज उन्हें रिवेन्यू विलेज के रूप में मान्यता दे दी गई है। ऐसे में उन्हे आजादी के बाद पहली बार एहसास हुआ है कि वह भी आजाद भारत के नागरिक हैं। वह आज सम्मानजनक जीवन जी रहे हैं, उनके मकान बन रहे हैं। घरों में बिजली की सप्लाई हो रही है। सड़कें उनके घर तक जा रही हैं। वहां डबल इंजन की सरकार उन्हे सारी सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। मुख्यमंत्री ने यहां कार्बनिक और इंटीग्रेटेड फार्मिंग करने वालों की सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रदेश से इंसेफेलाइटिस और माफिया को पूरी तरह से समाप्त कर दिया गया है। अब इंसेफेलाइटिस से बच्चों की मौत नहीं होती है। उन्होंने कहा कि इंडी गठबंधन देश में पर्सनल लॉ लागू करने की बात कहता है। इसका मतलब वह तालिबानी शासन लागू करना चाहता है, जिसमें बेटियों को स्कूल और महिलाओं को बाजार नहीं जाने दिया जाएगा। उन्हे बुर्का पहनना पड़ेगा। हम ऐसा नहीं होने देंगे। वह यह जान लें कि नया भारत है।
इस अवसर पर भाजपा के जिलाध्यक्ष संजय पांडेय, विधायक ज्ञानेंद्र सिंह, जयमंगल कनौजिया, प्रेम सागर पटेल, ऋषि त्रिपाठी, पूर्व विधायक बजरंग बहादुर सिंह, निषाद पार्टी के जिलाध्यक्ष राम नाथ निषाद, अरुण शुक्ला आदि उपस्थित हुए।

हमने लेफ्टिनेंट जनरल के बेटे को प्रत्याशी बना किया सुरक्षा बलों का सम्मान-योगी

-मुख्यमंत्री पहुँचे पथरदेवा, मांगे बीजेपी खातिर वोट,कांग्रेस ने कई बार संविधान के साथ किया है खिलवाड़

देवरिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी  के नेतृत्व में आज अयोध्या में रामलला अपने दिव्य और भव्य मंदिर में विराजमान हो गये हैं। कांग्रेस कहती थी कि राम हुए ही नहीं। समाजवादी पार्टी ने अयोध्या में राम भक्तों पर गोलियां चलवाई थी। कांग्रेस के एक बुद्धिदाता कहते हैं कि भारत में राम मंदिर का निर्माण नहीं होना चाहिये। ये सब रामद्रोही और राष्ट्रद्रोही हैं। इनको जवाब देने का वक्त आ गया है क्योंकि देश में बिना प्रभु श्रीराम के कोई काम ही नहीं होता है। पिछले दस वर्षों में देश में जो विकास और विरासत का सम्मान हुआ है, उसके असली हकदार जनता जनार्दन है। आपके वोट की ताकत से ही आज दुनिया नये भारत का दर्शन कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पंच प्रण में सुरक्षा बलों के सम्मान की बात भी कही थी। इसी के तहत मोदी सरकार ने देवरिया लोकसभा क्षेत्र से लेफ्टिनेंट जनरल प्रकाश मणि त्रिपाठी के पुत्र शशांक मणि त्रिपाठी को प्रत्याशी बनाया है। अब आपको इन्हें जिता कर सुरक्षा बलों का मनोबल बढ़ाना है।  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को पथरदेवा के देवरिया लोकसभा क्षेत्र में जनसभा में लोकसभा प्रत्याशी शशांक मणि त्रिपाठी के पक्ष में वोट की अपील की।बोले, पहले देवरिया को लेकर पिछली सरकारों की सोच संकुचित थी। उन्होंने देवरिया के विकास को लेकर कुछ नहीं कहा, लेकिन आज देवरिया विकास की नई गाथा लिख रहा है। यहां पूज्य देवराहा बाबा के नाम पर मेडिकल कॉलेज का निर्माण हो रहा है।  बगल में कृषि विश्वविद्यालय बना रहा है। पहले जून समाप्त होते ही इंसेफेलाइटिस को लेकर हर घर में एक विचलन पैदा होती थी, लेकिन इंसेफेलाइटिस को पूरी तरह समाप्त कर दिया है। मोदी सरकार सबका साथ, सबका विकास के तहत काम कर रही है। वहीं कांग्रेस और समाजवादी पार्टी का गठबंधन अनर्थकारी है क्योंकि जब यह बनता है तो देश और प्रदेश में आतंकवादी घटनाएं होती है। यह हर बार नया ब्रांड लेकर आ जाते हैं, लेकिन माल पुराना ही है। इनसे सावधान रहना है। यह झूठ बोलकर आपको गुमराह कर रहे हैं कि बीजेपी आरक्षण खत्म कर देगी। पश्चिम बंगाल में इंडी गठबंधन की प्रमुख घटक टीएमसी ने वहां ओबीसी आरक्षण में सेंधमारी कर मुसलमानों को दे दिया। इस पर कलकत्ता हाईकोर्ट ने उसे रोक दिया और सभी प्रमाण पत्र खारिज कर दिये हैं। यह कोई पहली बार नहीं है, इससे पहले भी कांग्रेस यह प्रयास कर चुकी है, लेकिन भारतीय जनता पार्टी के विरोध के चलते सफल नहीं हुई।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि यह देश विरोधी हैं। इन्होंने पहले देश के संविधान के साथ खिलवाड़ किया फिर बाबा साहब भीमराव अंबेडकर को चुनाव हरा कर उनका अपमान किया। इतना ही नहीं बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के सम्मान के विरुद्ध जाकर कश्मीर में धारा 370 लगाई। पूरे देश एक स्वर में एक बार फिर मोदी सरकार और अबकी बार 400 पार का नारा गूंज रहा है।इस अवसर पर प्रदेश सरकार के मंत्री सूर्य प्रताप शाही, भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद रमापति राम त्रिपाठी, भाजपा के जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी, सुरेंद्र चौरसिया, सुरेंद्र कुशवाहा आदि उपस्थित थे।

कांग्रेस राज में सुबह भ्रष्टाचार, शाम को होते थे आतंकी धमाके – योगी

-मुख्यमंत्री ने बांसगांव में कई चुनावी जनसभा 

देवरिया ।  उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि कांग्रेस के राज में सुबह भ्रष्टाचार की खबरों से होती थी ओर शाम होते होते कहीं आतंकी धमाके हो जाते थे। उन्होंने इंडी गठबंधन को रामद्रोही बताते हुए कहा कि ये लोग देश में गोकशी की छूट देना चाहते हैं। इन्हें वोट देने का मतलब पाप का भागीदार बनना होगा। योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को बरहज में बांसगांव लोकसभा सीट के लिए पार्टी प्रत्याशी कमलेश पासवान के पक्ष में चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वह पूरे देश में चुनाव प्रचार कर रहे हैं और एक ही आवाज हर तरफ सुनाई दे रही है कि फिर एक बार मोदी सरकार और अबकी बार 400 पार। कांग्रेस और सपा की हालत 400 पार का नारा सुनकर जलेबी जैसी हो गई है। मुख्यमंत्री ने अनंत महाप्रभु बाबा राघवदास जी की पावन भूमि को कोटि कोटि नमन करते हुए कहा कि देश कह रहा है कि ’रामभक्त ही राज करेगा दिल्ली के सिंहासन पर’। उन्होंने कहा कि एक तरफ भारत के सम्मान, सुरक्षा की चिंता करने वाले, विकास और गरीब कल्याणकारी योजना से जोड़ने वाले प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी हैं तो दूसरी ओर राम का विरोध करने वाले, आतंकवाद और नक्सलवाद का समर्थन करने वाले वे लोग हैं, जिन्हें विकास से कोई लेना देना नहीं है। ये भारत को कमजोर करना चाहते हैं और हमारी आस्था पर चोट करने वाले हैं। पांच चरणों ने तय कर दिया है कि रामभक्त एक तरफ हैं और रामविरोधी दूसरी ओर।उन्होंने बताया कि कांग्रेस और सपा के लोग कहते हैं कि राममंदिर बेकार बना है। राममंदिर नहीं बल्कि इनकी बुद्धि बेकार है। आज अयोध्या में हर रोज लाखों लोग पहुंच रहे हैं। राममंदिर मोदी  के नेतृत्व में जरूर बना है, मगर इसके पुण्य के भागीदार आप बनेंगे। क्योंकि आपने कमल चुनाव चिह्न दबाकर मोदी जी और मुझे ताकत दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा देश बदल चुका है। 10 साल में कोई आतंकी हमला नहीं हुआ। पाकिस्तान को भी पता है कि आज का भारत छेड़ता नहीं है, और किसी ने छेड़ने की कोशिश की तो उसे छोड़ता भी नहीं है। हमें मजबूत हिन्दुस्तान के लिए मजबूत सरकार चाहिए और मजबूत सरकार के लिए मोदी जी चाहिए।उन्होंने कहा कि कांग्रेस सपा के समय गरीब भूख से मरता था, किसान आत्महत्या करता था, बेटी और व्यापारी सुरक्षित नहीं थे। युवा पलायन करता था। कांग्रेस ने बाबा साहब भीम राव अंबेडकर का बार बार अपमान किया। कांग्रेस का मेनिफेस्टो कहता है कि सत्ता में आएंगे तो मिलकर लूटेंगे। सत्ता में आएंगे तो एससी, एसटी, ओबीसी के आरक्षण में सेंध लगाएंगे। सत्ता में आएंगे तो पर्सनल लॉ लागू करेंगे। इसका मतलब बेटी स्कूल नहीं जा पाएंगी, महिलाएं बुर्का पहनकर रहेंगी। हम भारत का तालिबानीकरण नहीं करने देंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अल्पसंख्यकों को गोकशी की छूट देना चाहती है। कांग्रेस और सपा के बहकावे में नहीं आना है। इन्होंने पहले देश बांटा, फिर क्षेत्र और भाषा के नाम पर बांटा और अब जाति के नामपर बांटकर आरक्षण में सेंध लगाना चाहते हैं।मुख्यमंत्री  योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 4 जून को फिर एक बार मोदी सरकार बनेगी तो 70 साल से ऊपर के बुजुर्गों को 5 लाख रुपए हर वर्ष उपचार की सुविधा मिलेगी। जिनके पास कच्चा मकान है या झोंपड़ी है उन्हें एक एक मकान भी मिलेगा।इस अवसर पर विधायक जयप्रकाश निषाद, राजेश त्रिपाठी, दीपक मिश्रा, विमलेश पासवाल, एमएलसी प्रांशुदत्त द्विवेदी, रतनपाल सिंह, विधासभा प्रभारी उपेन्द्र सिंह, कामेश्वर सिंह, बीजेपी जिलाध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह उपस्थित रहे।
Aaj National

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *