- REPORT BY:AAJ NATIONAL NEWS || EDITED BY:AAJ NATIONAL NEWS DESK
लखनऊ।सरोजनीनगर थाना क्षेत्र के शांतिनगर निवासी जोया खान ने अपने पति मेराज खान और देवर मोईन खान पर गंभीर मारपीट का आरोप लगाया है। जोया ने अपनी शिकायत में कहा कि मंगलवार को शाम 6 बजे दोनों ने उनके साथ मारपीट की और डंडे से उनका सिर फोड़ दिया। जोया ने थाना प्रभारी को दी तहरीर में मेडिकल जांच और उचित कार्रवाई की मांग की है, साथ ही अपनी जान को खतरा बताया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और छानबीन कर रही है।
दबंगों ने की मारपीट, जान से मारने की दी धमकी
सरोजनीनगर थाना क्षेत्र के अवध बिहार कॉलोनी में 10 जून 2025 को रात करीब 10:15 बजे एक व्यक्ति और उसके दोस्त के साथ मारपीट का
मामला सामने आया है। पीड़ित अब्दुल कलाम खान, निवासी अवध बिहार कॉलोनी, ने अपनी शिकायत में बताया कि मोहल्ले के शहनवाज, उनके बेटे अनस और आमीर उर्फ सलमान ने उन पर गाली-गलौज और मारपीट का आरोप लगाया।अब्दुल के अनुसार, शहनवाज ने उन्हें फोन कर अंकुर गुप्ता जनरल स्टोर के पास बुलाया और बेवजह उन पर गाली देने का आरोप लगाते हुए मारपीट शुरू कर दी। शहनवाज ने अपने बेटे अनस और आमीर को बुलाया, जिन्होंने मिलकर अब्दुल को लात-घूंसे, डंडे और दूध की प्लास्टिक ट्रे से बुरी तरह पीटा। बीच-बचाव करने आए अब्दुल के दोस्त गोलू (मोहम्मद वकील का पुत्र) को भी तीनों ने नहीं बख्शा और उसे भी मारपीट का शिकार बनाया।आरोपियों ने अब्दुल को जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए। अब्दुल ने अपनी चोटों का इलाज लोकबंधु अस्पताल में कराया। उन्होंने बताया कि घटना का वीडियो आसपास के सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड है। पीड़ित ने 18 जून 2025 को थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसमें कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सब्जी विक्रेता की मोटरसाइकिल चोरी
सरोजनीनगर थाना क्षेत्र के गिन्दनखेड़ा, नादरगंज निवासी सब्जी विक्रेता मुकेश कुमार ने अपनी बजाज प्लाटीना मोटरसाइकिल (UP 30 AK
3038) चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई है। मुकेश, मूल रूप से हरदोई जिले के ग्राम गौरा, थाना माधौगंज के निवासी हैं।उनके अनुसार, उसी मकान में रहने वाला धर्मवीर, जो गैस की दुकान चलाता है और हरदोई के गढ़ी बहलोलपुर का निवासी है, ने अपने गांव के संतोष उर्फ भूरा को काम के लिए बुलाया था। संतोष ने 29 अगस्त 2025 को मुकेश की मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गया और अभी तक लौटा नहीं है। मुकेश ने बताया कि संतोष फोन पर “आ रहा हूं” कहकर बाद में फोन बंद कर देता है।मुकेश ने धर्मवीर पर भी आरोप लगाया, जो संतोष के साथ मिलकर धमकी दे रहा है कि “लखनऊ आएंगे तो देख लेंगे।” परेशान मुकेश ने थाना प्रभारी सरोजनीनगर से उचित कार्रवाई की गुहार लगाई है। थाने की पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नादरगंज में गैस टैंकर की टक्कर से स्कूटी सवार की मौत
सरोजनीनगर थाना क्षेत्र के नादरगंज में बुधवार शाम करीब 3:45 बजे एक गैस टैंकर ने स्कूटी सवार अंकित कुमार (35 वर्ष), पुत्र अमरेंद्र कुमार, निवासी बनगांव, जनपद गोंडा, को टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है। गैस टैंकर को कब्जे में लेते हुए पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, अंकित किसी कार्य से स्कूटी से जा रहे थे, जिसे टैंकर ने उन्हें बुरी तरह रौंद दिया।
सरोजनीनगर में किसान पथ पर सड़क हादसा,गलत दिशा से आई डीसीएम ने बाइक सवारों को मारी टक्कर, दो युवक गंभीर रूप से घायल
सरोजनीनगर थाना क्षेत्र के किसान पथ, दरोगा खेड़ा के पास बुधवार शाम करीब 6:30 बजे एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। गलत दिशा से आ
रही डीसीएम (नंबर HR 55 AB 7541) ने लापरवाही से बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना के अनुसार, पवन कुमार (पुत्र नंदकिशोर, निवासी गोमती नगर) अपने नवीन प्लाट (आज़ाद विहार कॉलोनी, थाना बंथरा) के निर्माण कार्य से लौट रहे थे। उनके साथ बाइक पर सवार मजदूर छत्रपाल (पुत्र रामखेलावन, उम्र 35 वर्ष, निवासी लखीमपुर) भी था। दरोगा खेड़ा के पास पहुंचते ही सामने से गलत साइड से आ रही डीसीएम ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने डीसीएम चालक को पकड़कर दरोगा खेड़ा पुलिस चौकी के हवाले कर दिया।घायल पवन और छत्रपाल को तत्काल सीएचसी सरोजनीनगर ले जाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, एक युवक के पैर में और दूसरे के हाथ में फ्रैक्चर हुआ है। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए लोकबंधु चिकित्सालय रेफर किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सरोजनीनगर पुलिस ने वांछित अभियुक्त को दबोचा
सरोजनीनगर थाने की पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर एक वांछित अभियुक्त मो. रिजवान (उम्र 19 वर्ष) को नटकुर पुलिया के पास से गिरफ्तार किया। अभियुक्त गोरखपुर के हनुमन्तनगर का निवासी है, के खिलाफ थाना सरोजनीनगर में मुकदमा संख्या 236/2025 के तहत धारा 137(2)/87/64(2)M/65(1) BNS और 516 पॉक्सो एक्ट में मामला दर्ज है। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध युवक नटकुर पुलिया के पास बैठा है। इसके आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रिजवान को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान बताई। पुलिस ने गिरफ्तारी और जामा तलाशी मेमो तैयार कर अभियुक्त के पिता को सूचित किया। अभियुक्त का मेडिकल कराने के बाद उसे न्यायालय भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
राधाकृष्ण मेले का भव्य आयोजन, उमड़ा जनसैलाब
बुधवार को बंथरा क्षेत्र की ग्राम सभा रहीमनगर पड़ियाना में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला परंपरागत ऐतिहासिक राधाकृष्ण मेला पूरे उत्साह और धूमधाम के साथ संपन्न हुआ। इस मेले में क्षेत्रवासियों की भारी भीड़ उमड़ी, जिसने इस आयोजन को और भी रंगारंग बना दिया। मेले का आयोजन मेला प्रबंधक कमल किशोर शुक्ल की देखरेख में किया गया, जिनके नेतृत्व में यह आयोजन हर वर्ष भव्यता के साथ संपन्न होता है।राधाकृष्ण मेला न केवल धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व रखता है, बल्कि यह क्षेत्र की सामाजिक एकता का भी प्रतीक है। इस वर्ष मेले में स्थानीय लोगों के साथ-साथ क्षेत्र के संभ्रांत व्यक्तियों और जनप्रतिनिधियों ने भी शिरकत की, जिससे आयोजन की गरिमा और बढ़ गई। मेले में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम, पारंपरिक नृत्य, भजन-कीर्तन और स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। बच्चों के लिए झूले और मनोरंजन के साधनों ने मेले को और भी जीवंत बनाया। मेला प्रबंधक कमल किशोर शुक्ल ने बताया कि इस मेले का उद्देश्य क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखना और समुदाय को एक मंच पर लाना है।क्षेत्रवासियों ने मेले के आयोजन को लेकर उत्साह व्यक्त किया और इसे सामाजिक समरसता का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। जनप्रतिनिधियों ने भी आयोजन की सराहना करते हुए इसे ग्रामीण संस्कृति और परंपराओं को बढ़ावा देने वाला कदम बताया। मेले का समापन देर रात हुआ।यह मेला न केवल रहीमनगर पड़ियाना की सांस्कृतिक धरोहर को जीवंत रखता है, बल्कि क्षेत्रवासियों के बीच एकता और उत्साह का संचार भी करता है। आयोजन की सफलता के लिए कमल किशोर शुक्ल और उनकी टीम को सभी ने धन्यवाद दिया।
