- REPORT BY:AAJ NATIONAL NEWS || EDITED BY:AAJ NATIONAL NEWS DESK
लखनऊ।राजधानी के सरोजनीनगर थाना क्षेत्र की निवासिनी अनीता रावत ने आशियाना निवासी श्याम सिंह और उनकी पत्नी पर 12 लाख रुपये उधार लेने और 6 लाख रुपये न चुकाने का आरोप लगाया है। अनीता, जो अनुसूचित जाति (पासी) से हैं, ने थाना कृष्णानगर में तहरीर देकर बताया कि श्याम सिंह ने जरूरी कार्य के लिए उनके बैंक खाते से 12 लाख रुपये उधार लिए थे, जिसमें से 6.85 लाख रुपये बकाया थे। सीओ कैंट के समक्ष हुए समझौते में श्याम सिंह ने 6 लाख रुपये का चेक और 85,000 रुपये बैंक ट्रांसफर किए, लेकिन चेक बाउंस हो गया। बकाया राशि मांगने पर श्याम सिंह और उनकी पत्नी ने अनीता को जातिसूचक गालियां दीं और फोन उठाना बंद कर दिया। अनीता ने एसीपी कृष्णानगर से मामले में कार्रवाई और बकाया राशि दिलाने की गुहार लगाई है। थाने की पुलिस मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्यवाही कर रही है।
सरोजनीनगर में बार-बार चोरी की घटनाओं पर पुलिस की निष्क्रियता,न्यायालय के आदेश के बाद पुलिस ने दर्ज किया चोरी की घटनाओं का मुकदमा
सरोजनीनगर थाना क्षेत्र के अमौसी में राम समुझ शर्मा (57) ने अपनी संपत्ति पर बार-बार हुई चोरी की घटनाओं के खिलाफ प्राथमिकी एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। शर्मा ने थाना सरोजनीनगर और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों पर लापरवाही और कर्तव्य में उपेक्षा का आरोप लगाया है। उनके अनुसार, 14/15 जनवरी 2025, 30 जनवरी 2025, और 16 फरवरी 2025 को उनके खसरा संख्या 231, कुशैला (निकट अमौसी रेलवे स्टेशन) पर मकान निर्माण के लिए रखी सामग्री, जिसमें पानी की टंकी, सबमर्सिबल पंप, शेड, पाइप, चौखट, जंगले, सेप्टिक टैंक के लौह ढक्कन और अन्य कीमती उपकरण शामिल हैं, चोरी हो गए। इन घटनाओं से लाखों रुपये का नुकसान हुआ।शर्मा ने बताया कि उन्होंने स्थानीय पुलिस को लिखित और डाक के माध्यम से सूचित किया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद, 25 फरवरी 2025 को धारा 173(4) भा.ना.सु.सं. के तहत शपथ-पत्र के साथ पुलिस आयुक्त, लखनऊ को शिकायत भेजी, फिर भी प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई। शर्मा ने आरोप लगाया कि पुलिस की टालमटोल और गलत बयानी के कारण वे आर्थिक, मानसिक और सामाजिक रूप से परेशान हैं।उन्होंने न्यायालय से प्रार्थना की है कि उक्त अपराधों का संज्ञान लेते हुए प्राथमिकी दर्ज करने और जांच का आदेश देने की कृपा की जाए। प्रकरण संख्या 2581/2025 के तहत यह आवेदन दायर किया गया। न्यायालय के आदेश के बाद सरोजनीनगर थाने की पुलिस ने चोरी की घटनाओं के मामले की रिपोर्ट दर्ज कर मामलों की छानबीन शुरू की हैं।
रिकवरी एजेंट की हत्या का खुलासा, दो शातिर अभियुक्त गिरफ्तार,पैसे के लेनदेन और अवैध संबंधों के चलते की गई थी कुनाल की हत्या
बन्थरा थाना क्षेत्र के दादूपुर गांव में रिकवरी एजेंट कुनाल शुक्ला की हत्या की सनसनीखेज घटना का पुलिस ने सफल अनावरण किया है। बुधवार को थाना बन्थरा और सर्विलांस सेल पुलिस उपायुक्त दक्षिणी की संयुक्त टीम ने दो शातिर अभियुक्तों, विवेक सिंह (34 वर्ष) और वसीम अली खान (35 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। बीती 9 सितंबर 2025 को दादूपुर में स्वास्तिक एसोसिएट्स के रिकवरी एजेंट कुनाल शुक्ला (26 वर्ष) का शव मिलने की सूचना पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। मृतक के भाई सौरभ शुक्ला की तहरीर के आधार पर थाना बन्थरा में मुकदमा संख्या 317/2025, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच में पता चला कि हत्या के पीछे पैसे के लेनदेन और विवेक सिंह की पत्नी के साथ कुनाल के कथित प्रेम प्रसंग का विवाद था।पुलिस और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने मैनुअल और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अभियुक्तों की पहचान की। पूछताछ में वसीम अली खान ने स्वीकार किया कि विवेक सिंह के साथ मिलकर उसने कुनाल की हत्या की योजना बनाई। हत्या के लिए लोहे के सब्बल का इस्तेमाल किया गया, जिसे अभियुक्तों की निशानदेही पर बरामद किया गया। कुनाल का मोबाइल नगवा नाले में फेंक दिया गया था। हत्या के बाद सबूत छिपाने के लिए अभियुक्तों ने खून से सने कपड़े भी छिपाए, जिन्हें पुलिस ने बरामद कर लिया।वसीम अली खान ने बताया कि विवेक सिंह की पत्नी और कुनाल के बीच बातचीत से विवेक नाराज था। दोनों के बीच पैसे का विवाद भी था। 8 सितंबर 2025 की रात को विवेक ने कुनाल को शराब पिलाकर सुला दिया और वसीम को हत्या के लिए बुलाया। वसीम ने ऑफिस में रखे लोहे के सब्बल से कुनाल के सिर पर कई वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई। विवेक ने वसीम को मकान बनवाने का लालच दिया था।पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त लोहे का सब्बल खून से सने कपड़े, और अन्य साक्ष्य बरामद किए। मामले में धारा 238क/61(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। अभियुक्त विवेक सिंह का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है, जिसमें उनके खिलाफ पहले से दो मामले दर्ज हैं।
शिक्षक एमएलसी चुनाव की गतिविधियां हुई तेज,विधानसभा सरोजनीनगर शिक्षक एमएलसी के संयोजक मनोज कुमार सिंह चौहान ने श्री गांधी आदर्श विद्यालय में भरवाएं फॉर्म
बुधवार को सरोजनीनगर विधानसभा के शिक्षक एमएलसी संयोजक व सैनिक प्रकोष्ठ जिला संयोजक भाजपा मनोज कुमार सिंह चौहान ने बंथरा में अमावां के श्री गांधी आदर्श विद्यालय पहुंचकर शिक्षक एमएलसी चुनाव के लिए फॉर्म भरवाए। इस दौरान विद्यालय संरक्षक व पूर्व जिला महामंत्री कुंवर राजेंद्र सिंह राजू से मुलाकात की गई।फॉर्म भरने की प्रक्रिया में विद्यालय के अध्यापक राधेश्याम सिंह, आरपी सिंह, संजीव गौतम, संतराम, अवधेश पाण्डेय, निर्मेश पाण्डेय, मयंक श्रीवास्तव, रीता देवी, देश दीपक वर्मा, नरेंद्र कुमार यादव, शिवरात्रि वर्मा, और काजिम सुलेमान शामिल रहे। कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के खुशहाल गंज मंडल अध्यक्ष शिव बक्स सिंह चौहान, नवीन मंडल महामंत्री योगेश तिवारी, और बूथ अध्यक्ष बृज मोहन भी उपस्थित रहे।यह आयोजन शिक्षक एमएलसी चुनाव की तैयारियों को गति देने और स्थानीय स्तर पर समर्थन जुटाने के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
अमौसी रेलवे ओवरब्रिज नादरगंज रोड की बदहाल सड़कें,गड्ढों जलभराव से बढ़ा हादसों का खतरा, जिम्मेदार बेखबर
सरोजनीनगर क्षेत्र में अमौसी रेलवे ओवरब्रिज की सड़क कई जगह उखड़ चुकी है, जहां गहरे और खतरनाक गड्ढे दुर्घटनाओं को न्योता दे रहे हैं। बरसात के मौसम में इन गड्ढों में पानी भर जाने से स्थिति और गंभीर हो जाती है, जिससे गड्ढों का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है। इसके चलते कई बार दोपहिया वाहन चालक हादसों का शिकार हो चुके हैं। ओवरब्रिज की रेलिंग भी काफी नीची है, जिसके कारण तेज रफ्तार में निकलने वाले दोपहिया सवार कई बार नीचे गिर चुके हैं, जिससे गंभीर चोटें और जानमाल का नुकसान हुआ है।
इसी तरह, नादरगंज से अमौसी रेलवे स्टेशन को जोड़ने वाली सड़क की हालत भी जर्जर है। इस सड़क पर कई स्थानों पर गहरे गड्ढे बन चुके हैं, जो खासकर बरसात में जलभराव के कारण और खतरनाक हो जाते हैं। पानी भरने से गड्ढों की गहराई का पता नहीं चलता, जिसके चलते दोपहिया वाहन चालक अक्सर गिर जाते हैं। बड़े वाहन भी इन गड्ढों में फंस रहे हैं, जिससे यातायात बाधित होता है और हादसों का जोखिम बढ़ जाता है।स्थानीय लोगों ने प्रशासन से बार-बार इन सड़कों की मरम्मत और रेलिंग की ऊंचाई बढ़ाने की मांग की है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। इन सड़कों की बदहाल स्थिति न केवल आवागमन को मुश्किल बना रही है, बल्कि लोगों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा बनी हुई है। प्रशासन से जल्द से जल्द कार्रवाई की जरूरत है ताकि हादसों को रोका जा सके और लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।
सरोजनीनगर में 3.5 किमी विद्युत केबल चोरी, रिपोर्ट दर्ज
सरोजनीनगर थाना क्षेत्र में मध्यान्चल विद्युत वितरण की RDSS योजना के तहत कार्य कर रही NCC LTD की 3.5 किलोमीटर लंबी LT AB केबल (3×150+1×120+1×16 वर्ग मि.मी.) अज्ञात चोरों द्वारा चुरा ली गई। कंपनी के प्रतिनिधि शुभांशु श्रीवास्तव ने बताया कि 14 अगस्त 2025 को साइट पर रखी गई केबल अगले दिन गायब मिली। स्थानीय लोगों से पूछताछ के बावजूद चोरों का कोई सुराग नहीं मिला। NCC LTD ने सरोजनीनगर थाने में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नवविवाहिता ने ससुराल वालों पर लगाए दहेज प्रताड़ना अवैध संबंधों के आरोप
सरोजनीनगर थाना क्षेत्र की रहने वाली अपेक्षा शर्मा ने अपने पति विवेक कुमार शर्मा और ससुराल पक्ष के खिलाफ दहेज प्रताड़ना, घरेलू हिंसा, धोखाधड़ी, और अवैध संबंधों के गंभीर आरोप लगाते हुए थाना सरोजनीनगर में शिकायत दर्ज की है। अपेक्षा, जो पिता रमेश कुमार की पुत्री हैं, ने बताया कि उनकी शादी 23 नवंबर 2024 को बस्ती जिले के वाल्टरगंज निवासी विवेक कुमार शर्मा के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी।शिकायत के अनुसार, विवाह में अपेक्षा के पिता ने 8 लाख रुपये नकद, 11,000 रुपये तिलक, सोने की चेन, अंगूठी, टीवी, फ्रिज, बेड, और एसी जैसे सामान दिए थे। हालांकि, शादी के कुछ दिनों बाद ही पति, ससुर, सास, चाचा अवधेश कुमार शर्मा, और चाची कांती देवी ने दहेज में 9 लाख रुपये और लाने की मांग करते हुए अपेक्षा को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।अपेक्षा ने यह भी आरोप लगाया कि उन्होंने अपने पति विवेक के फोन में चाची कांती देवी के नहाते हुए वीडियो क्लिप देखी और बाद में विवेक और कांती देवी को आपत्तिजनक स्थिति में पाया, जिससे उनके अवैध संबंधों का खुलासा हुआ। विरोध करने पर ससुराल वालों ने उन्हें धमकियां दीं और मारपीट की। इसके अलावा, विवेक ने शारीरिक संबंधों के दौरान जबरदस्ती वीडियो बनाने की कोशिश की और अपेक्षा की आपत्ति के बावजूद उन पर अत्याचार किया।शिकायत में यह भी उल्लेख है कि विवाह से पहले दहेज की कमी के कारण ससुराल पक्ष ने शादी तोड़ने की धमकी दी थी, जबकि विवाह का कार्ड छप चुका था। इसके अतिरिक्त, ससुराल वालों ने अपेक्षा की तस्वीरों को फर्जी और अश्लील तरीके से बनाकर रिश्तेदारों को भेजा, जिससे उनकी मानसिक प्रताड़ना और बढ़ी।अपेक्षा ने थानाध्यक्ष सरोजनीनगर से अनुरोध किया है कि दहेज मांगने, मारपीट, जान से मारने की धमकी, और धोखे से शादी करने के आरोप में सभी दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही, शादी में दिए गए सामान और खर्च की वसूली की मांग की है।
ट्रक की टक्कर से युवक की मौत, पिता ने लिखाई रिपोर्ट
एक दिन पहले बंथरा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में 23 वर्षीय नितिन जोशी की मौत हो गई। नितिन, जो रमाडा होटल में पिछले एक साल से कार्यरत थे, 05/09/2025 और 06/09/2025 की रात ड्यूटी से अपने कमरे पर लौट रहे थे। इसी दौरान प्रधान ढाबे के सामने तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाए जा रहे ट्रक (संख्या HR46G5216) ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
नितिन के पिता गिरीश चन्द्र जोशी, निवासी ग्राम कल्याणपुर, थाना नानकमत्ता, जिला ऊधम सिंह नगर (उत्तराखंड), ने बंथरा थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि ट्रक चालक की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ।
बंथरा में नगवा नाले में डूबने से 20 वर्षीय सोनी की मौत
बंथरा थाना क्षेत्र के खुर्रमपुर गांव में एक हृदयविदारक घटना ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया। 20 वर्षीय सोनी रावत की नगवा नाले में डूबने से असमय मृत्यु हो गई। सोनी अपने परिवार की आर्थिक और भावनात्मक रीढ़ थीं, जो छोटे बच्चों को पढ़ाने के साथ-साथ अपने परिवार का सहारा बनी हुई थीं। पुलिस और SDRF की संयुक्त कार्रवाई के बाद उनका शव नहर से बरामद किया गया।सोनी रावत, जिनके पिता स्व पुती लाल का सात वर्ष पहले निधन हो चुका था, अपनी मां राजरानी और पांच भाइयों के साथ रहती थीं। उनकी मां और भाई मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करते हैं। सोनी छोटे बच्चों को पढ़ाने का कार्य करती थीं और परिवार के लिए महत्वपूर्ण सहारा थीं। घटना के दिन, सोनी अपनी भाभी सीमा की तबीयत खराब होने के कारण अपने बड़े भाई सर्वेश रावत (उम्र 37 वर्ष) के घर खाना बनाने गई थीं। सर्वेश का घर गर्म हॉस्पिटल के पीछे स्थित है। सोनी के भतीजे अनीश रावत ने बताया कि सुबह करीब 11 बजे खाना बनाने के बाद, सोनी दोपहर लगभग 2 बजे अपने गांव वाले घर के लिए निकली थीं। उनके परिवार के दो मकान हैं—एक में उनकी मां राजरानी रहती हैं, और दूसरा सर्वेश और उनकी पत्नी सीमा का है। घर पहुंचने के लिए सोनी को लगभग 8 फीट गहरी नहर पार करनी थी। रास्ते में नगवा नाले के बीच में एक बिजली का खंभा पड़ा हुआ था, जिसे पार करते समय सोनी का पैर फिसल गया और वह नहर में जा गिरीं। इस हादसे में उनकी जान चली गई।जब सोनी रात 8 बजे तक घर नहीं पहुंची, तो परिवार वालों को चिंता हुई। परिजनों ने सर्वेश को फोन किया, जिसके बाद तलाश शुरू हुई। खोजबीन के दौरान नगवा नाले में सोनी की एक चप्पल दिखाई दी, जिससे गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने एकजुट होकर रात में ही नहर में करीब 1 किलोमीटर तक तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। गांव वालों ने तुरंत बंथरा पुलिस और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) को सूचना दी। पुलिस और SDRF की टीम ने रात में ही खोज अभियान शुरू किया। अंधेरे और कठिन परिस्थितियों के बावजूद, ग्रामीणों और पुलिस ने मिलकर कड़ी मेहनत की। आखिरकार, रात करीब 12 बजे नगवा नाले में लगभग 1 किलोमीटर की दूरी पर सोनी का शव बरामद किया गया। बंथरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना के पीछे कोई अन्य कारण तो नहीं था। प्रारंभिक जांच में इसे दुर्घटना माना जा रहा है, लेकिन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी।
बंथरा में बारिश के पानी को रोकने के विवाद में मारपीट
बंथरा थाना क्षेत्र के नरेरा मजरा बेंती गांव में बीती 4 अगस्त 2025 को बारिश के दौरान एक गंभीर घटना सामने आई। स्थानीय निवासी बंदना, पुत्री नन्हेलाल यादव, ने थाना प्रभारी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि बारिश के कारण उनके घर के पीछे खाली पड़ी जमीन से पानी उनके घर में घुस रहा था। उनकी मां निर्मला ने पानी रोकने के लिए मिट्टी डालकर जमीन दबाने का प्रयास किया। इसी दौरान दोपहर करीब 12 बजे गांव के ही निशांत (पुत्र ओमप्रकाश यादव), अमन (पुत्र प्रेम प्रकाश), प्रेम प्रकाश (पुत्र स्व. कल्लू यादव), और मिन्टू (पुत्र अज्ञात) उनके घर के दरवाजे पर पहुंचे।आरोप है कि चारों ने एकजुट होकर बंदना और उनकी मां निर्मला को गंदी गालियां दीं। जब निर्मला ने उन्हें जाने के लिए कहा, तो आरोपियों ने उनके साथ धक्का-मुक्की और हाथापाई की। बंदना ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की, जिससे उन्हें चोटें आईं। मारपीट के बाद आरोपियों ने बंदना का मोबाइल फोन भी तोड़ दिया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर लिया है।
आरटीओ कार्यालय का निरीक्षण व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश
सरोजनीनगर क्षेत्र स्थित टीपी नगर आरटीओ कार्यालय का सोमवार को आरटीओ संजय तिवारी और एआरटीओ प्रदीप कुमार सिंह ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यालय में मौजूद कमियों और खामियों को दूर करने के लिए तत्काल निर्देश दिए गए।अधिकारियों ने आम जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कार्यालय की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए पटल बाबुओं को निर्देशित किया। संभागीय निरीक्षक प्रशांत कुमार को कार्यालय में बेहतर सफाई व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई। साथ ही, कार्यालय के सभी पटलों पर वाहन सीरीजों को साफ और स्पष्ट अंकन बोर्ड के साथ प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए, ताकि लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।यह कदम आरटीओ कार्यालय में पारदर्शिता और कार्यकुशलता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है
सरोजनीनगर में संपूर्ण तहसील समाधान दिवस,82 शिकायतें प्राप्त, 15 का मौके पर निस्तारण
सरोजनीनगर तहसील में सोमवार को एडीएम फाइनेंस राकेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित हुआ। इस दौरान एसडीएम अंकित शुक्ल और तहसीलदार सुखबीर सिंह ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। विभिन्न ग्रामों से आए लोगों ने अपनी शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखीं।ग्राम बदाली खेड़ा के पप्पू ने खरीदी गई भूमि पर आपत्ति और न्यायालय के आदेश के अनुपालन की मांग की। अंदपुर उमराव के रामसेवक ने बरसात में घर गिरने के बाद प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने की गुहार लगाई। कासिमपुर पकरी बिजनौर के रामबालक ने नगर निगम बोरिंग के पास अवैध निर्माण रोकने की शिकायत की। वहीं, कल्ली पश्चिम के रूद्र प्रकाश ने आरोप लगाया कि विपक्षियों ने उनके मकान के सामने अवैध दीवार बनाकर रास्ता बाधित कर दिया और गाली-गलौज व धमकी दे रहे हैं।
इस समाधान दिवस में कुल 82 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 15 का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष प्रार्थना पत्रों पर अधिकारियों ने संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों को शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
रिक्रूट आरक्षियों को एमडीआरवी की विशेष ट्रेनिंग,आपदा प्रबंधन में हासिल किए व्यावहारिक कौशल
सरोजनीनगर स्थित 35 बटालियन पीएसी मुख्यालय में अग्निशमन एवं आपात सेवा द्वारा प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे 399 रिक्रूट आरक्षियों को मल्टी डिजास्टर रिस्पांस व्हीकल (एमडीआरवी) की विशेष तकनीकी और व्यावहारिक ट्रेनिंग दी गई। प्रशिक्षण में हाइड्रोलिक रेस्क्यू टूल्स, हाई-कैपेसिटी पंप, आधुनिक फायर एक्सटिंग्विशर्स, पोर्टेबल जनरेटर्स, लाइटिंग सेट्स और कटिंग इक्विपमेंट जैसे अत्याधुनिक उपकरणों का परिचय और लाइव डेमोंस्ट्रेशन कराया गया। साथ ही, आपदा की स्थिति में इनके सटीक उपयोग की विस्तृत जानकारी दी गई।कार्यक्रम में अपर पुलिस महानिदेशक पीएसी रामकृष्ण स्वर्णकार, पुलिस महानिरीक्षक प्रतेन्द्र सिंह, सेनानायक सुबोध कुमार जायसवाल, मुख्य अग्निशमन अधिकारी अंक…
महिलाओं को जागरूक कर सशक्त बनाने की पहल
पुलिस जोन-दक्षिणी के तहत सोमवार को विशेष महिला बीट अभियान चलाया गया। पुलिस आयुक्त अमरेन्द्र कुमार सेंगर के निर्देशन और वरिष्ठ अधिकारियों के पर्यवेक्षण में आयोजित इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं को जागरूक कर सशक्त बनाना था।
नगराम, मोहनलालगंज, निगोहां, गोसाईगंज, सुशांत गोल्फ सिटी, पीजीआई, कृष्णानगर, बंथरा, सरोजनीनगर और बिजनौर क्षेत्रों में महिला बीट अधिकारियों ने चौपालों, कॉलोनियों और अपार्टमेंट्स में जाकर महिलाओं और बच्चों से संवाद किया। इस दौरान गुड टच-बैड टच, साइबर क्राइम से बचाव, महिला हेल्प डेस्क, पिंक बूथ और विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई।अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के अभियान न केवल महिलाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा उपायों की जानकारी प्रदान करते हैं, बल्कि समाज में सुरक्षा का माहौल भी मजबूत करते हैं।
बंथरा के नारायनपुर में ट्रैक्टर-मोटरसाइकिल में भिड़ंत,चालक गंभीर रूप से घायल, आपसी सहमति से मामला सुलझा
बंथरा थाना क्षेत्र के ग्राम सभा नारायनपुर में सोमवार को ट्रैक्टर (UP32HA0733) ने मोटरसाइकिल (UP32GL1017) को टक्कर मारकर रौंद दिया। हादसे में मोटरसाइकिल चालक विकास सिंह (25 वर्ष), पुत्र प्रताप सिंह, निवासी शेखुपुर तरेहा, थाना हसनगंज, जनपद उन्नाव, गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। ट्रैक्टर मालिक और मोटरसाइकिल सवार के बीच आपसी सहमति हो गई है, और पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं की गई।
बंथरा में ताड़ के पेड़ गिरी आकाशीय बिजली,बड़ा हादसा होते होते टला
सोमवार की दोपहर लगभग दो बजे बंथरा थाना क्षेत्र के ग्राम सभा पहाड़पुर में तेज बारिश के बीच आकाशीय बिजली ने गांव के बाहर एक ताड़ के पेड़ पर कहर बरपाया। बिजली गिरने से ताड़ का पेड़ जलने लगा और उससे लपटें निकलने लगीं, जिसे देखकर ग्रामीण हक्का-बक्का रह गए। गनीमत रही कि यह बिजली किसी मनुष्य या पशु पर नहीं गिरी, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर दहशत का माहौल है।
