- REPORT BY:AAJ NATIONAL NEWS || EDITED BY:AAJ NATIONAL NEWS DESK
लखनऊ।पटाखे की आवाज करने वाले बुलेट चालकों के खिलाफ मोहनलालगंज कोतवाली पुलिस ने अभियान शुरू कर दिया है।शनिवार को मोहनलालगंज पुलिस ने अभियान चलाकर दो बुलेट बाइकों को सीज किया।इंस्पेक्टर दिलेश कुमार सिंह ने बताया कि मोहनलालगंज में कुछ युवा सड़कों पर बुलेट बाइक में मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर दौड़ा रहे थे। इन बाइक के साइलेंसर से पटाखे छोड़ने की आवाज आती है। जिससे लोगों को परेशानी होती है। कई बार क्षेत्रीय लोगो की ओर से इस संबंध में शिकायतें भी की गई हैं। इसी के चलते रविवार को मोहनलालगंज कस्बे में पुलिस ने चेंकिग अभियान चलाकर पटाखे जैसी तेज आवाज निकालने वाली दो बुलेट बाइको यूपी32एलक्यू4879 व यूपी32जेएल0626 को सीज किया।एसीपी रजनीश वर्मा ने बताया मोहनलालगंज सर्किल के सभी थानो में यह अभियान जारी रहेगा। अब बुलेट के साइलेंसर से पटाखे की आवाज निकालने पर पांच से दस हजार तक का चालान भी किया जाएगा। साथ ही बार-बार इस तरह की हरकत करने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई भी की जायेगी।
धर्म परिवर्तन की सूचना पर हिंदू संगठनों ने मौके पर पहुंचकर जताया विरोध
निगोहां के एक गाँव में रविवार को उस समय तनाव की स्थिति बन गई जब एक फार्म हाउस में चल रही धार्मिक गतिविधियों को लेकर हिंदू संगठनों ने विरोध दर्ज कराने मौके पर पहुंच गए । फार्म हाउस पर बड़ी संख्या में महिलाओं और बच्चों के पहुचने के बाद धर्म परिवर्तन को लेकर हंगामा शुरू कर दिया।
सूचना पाकर निगोहा पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ कर भीड़ एकत्रित करने वालों को थाने लेकर गयी।हिंदू संगठन के पहुंचे लोगों का आरोप था कि इस फार्म हाउस में हर रविवार को बाहरी लोग आते हैं और वहां धर्मांतरण से जुड़ी गतिविधियाँ होती हैं। लोगों का कहना है कि यह सिलसिला काफी समय से चल रहा है और इससे गाँव के वातावरण में अशांति फैल रही है। फिलहाल पुलिस ने किसी भी पक्ष के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की और सभी को समझा-बुझाकर छोड़ दिया।
पुलिस का कहना है कि मामले की जाँच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।इस घटना के बाद से गाँव में तनाव का माहौल है, हालांकि पुलिस की मौजूदगी से स्थिति नियंत्रण में बनी हुई है। थाना प्रभारी अनुज तिवारी ने बताया कि गांव के लोगों से पूछताछ की गई जिससे ये बात तो स्पष्ट हुई कि रविवार के दिन भीड़ एकत्रित होती है पर धर्म परिवर्तन जैसी बात की कोई पुष्टि नहीं हुई है।मौके पर मौजूद हिन्दू संगठन के लोगो ने कहा कि जिस जमीन पर बने भवन में भीड़ एकत्र कर एक विशेष धर्म की पूजा अर्चना और उससे जुड़ी प्रार्थनाये की जाती है वो भवन भी सरकारी जमीन पर कब्जा कर बनाया गया है।जिसपर थाना प्रभारी ने सोमवार को राजस्व टीम को मौके पर बुलाकर नाप कराये जाने की बात कही है।
