-जिवित्पुत्रिका व्रत पूजन के दौरान नदी में नहाने के वक्त हुई घटनाये,पुलिस तलाश में जुटी
- REPORT BY:AAJ NATIONAL NEWS || EDITED BY:AAJ NATIONAL NEWS DESK
लखनऊ:यूपी के चंदौली और देवरिया जिलें में जिवित्पुत्रिका व्रत पूजन के दौरान रविवार को नदी में डूबने की अलग-अलग घटनाओं में एक लड़के की मौत हो गयी।वही दो अन्य लड़के लापता हो गये।पुलिस दोनों की तलाश में जुटी हुई है।जानकारी के मुताबिक देवरिया जिले के रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र में रुद्रपुर उपनगर के टेड़ा वार्ड के अमूल्य रत्न कनौजिया की पत्नी रीना देवी ने अपने दोनों जुड़वा बेटों कुणाल और आर्यन (11) के लिए जिवित्पुत्रिका व्रत किया था। शाम को वह बेटे और मोहल्ले की महिलाओं के साथ जिवित्पुत्रिका व्रत स्नान-पूजा के लिए बथुआ नदी के पक्के घाट पर गई थी ।
इस दौरान कुणाल भी अपने दोस्तों के साथ स्नान करने नदी में गया लेकिन गहरे पानी में बह जाने के कारन वह डूब गया। दोस्तों के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।लेकिन काफी प्रयास के बाद कुणाल को नदी से निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।रुद्रपुर पुलिस के मुताबिक शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है।
इसके आलावा चंदौली के कंदवा थाना क्षेत्र के चारी गांव में रविवार शाम करीब छह बजे जिवित्पुत्रिका व्रत पूजन के दौरान कर्मनाशा नदी में नहाते वक्त दो बच्चे डूब गए।गोताखोर उनकी तलाश में जुटे हुए है। देर रात तक दोनों बच्चों का कोई सुराग नहीं मिला।पुलिस के मुताबिक डूबने वाले बच्चों में सियाराम यादव का 12 वर्षीय पुत्र पीयूष और कालिका यादव का नौ साल का बेटा हिमांशु यादव शामिल हैं।पुलिस की माने तो दोनों बच्चे अपने अपने परिवारों के साथ शाम में इस पूजन में शामिल होने गये थे। इसी दौरान दोनों खेल खेल में नदी में नहाने लगे।पानी अधिक होने के चलते वह दोनों डूब गये।
