-मान्यवर कांशीराम पर्यटन प्रबंधन संस्थान में हुई घटना का मामला
- REPORT BY:A.AHMED SAUDAGAR || EDITED BY:AAJ NATIONAL NEWS DESK
लखनऊ। चिनहट क्षेत्र के मान्यवर कांशीराम पर्यटन प्रबंधन संस्थान गोमतीनगर में बीबीए छात्र की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। सोमवार शाम करीब आठ बजे अचेत अवस्था में कमरे में पड़ा मिलने से वहां पर हड़कंप मच गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे इंस्पेक्टर चिनहट दिनेश चंद्र मिश्रा ने साथ में पढ़ने वाले छात्रों की मदद से डॉ राममनोहर लोहिया अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।इंस्पेक्टर चिनहट दिनेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि सोमवार शाम करीब आठ बजे सूचना मिली कि मान्यवर कांशीराम पर्यटन प्रबंधन संस्थान गोमतीनगर में बीबीए के 19 वर्षीय छात्र एकांश सिंह पुत्र सोनू सिंह अचेत अवस्था में कमरे में पड़ा है। इस सूचना पर मौके पर पहुंचे इंस्पेक्टर चिनहट आनन-फानन में अस्पताल भिजवाया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
इंस्पेक्टर चिनहट दिनेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि एकांश सिंह मान्यवर कांशीराम पर्यटन प्रबंधन संस्थान गोमतीनगर में रहकर बीबीए की पढ़ाई कर रहा था और वह मूल रूप से बनारस के गुरूद्वारे वाली गली का रहने वाला था। खबर मिलते ही डीसीपी पूर्वी शशांक सिंह सहित कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का जायजा लिया। वहीं कुछ लोग छात्र एकांश सिंह के साथ किसी अनहोनी का शिकार होने की बात कर रहे हैं। इंस्पेक्टर के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद साफ हो सकेगा कि मौत कैसे हुई है। उन्होंने बताया कि इस मामले की खबर घरवालों को दे दी गई है।
