सरोजनीनगर:बंथरा में छेड़खानी,मारपीट व दी जान से मारने की धमकी,क्लिक करें और भी खबरें

  • REPORT BY:A.S.CHAUHAN || EDITED BY:AAJ NATIONAL NEWS

लखनऊ। बंथरा थाना क्षेत्र के बहजनामऊ गांव में बीती शनिवार को एक महिला के साथ छेड़खानी और मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता ने पुलिस को दी गई अपनी शिकायत में बताया कि वह अपने खेत में काम कर रही थीं, तभी संदीप, पुत्र घसीटे, ने उन्हें पीछे से दबोच लिया और गलत हरकतें करने लगा।उसी दौरान पीडिता  ने इसका विरोध किया, तो संदीप ने उन्हें मुक्का मारकर घायल कर दिया, जिससे उनके चेहरे पर गंभीर चोटें आईं और नाक से खून बहने लगा।शिकायत के अनुसार, संदीप ने अपनी मां मालती देवी और भाई सुजीत को बुला लिया, जिन्होंने मिलकर पीड़िता पर हमला किया। इस दौरान भीड़ ने भी कथित तौर पर उसे  मारा और जान से मारने की धमकी दी। मारपीट में पीड़िता के  कान का बाला और चेन भी गिर गए। पीडिता  ने बंथरा थाने में शिकायत दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है, और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

लायन एयरलाइंस की फ्लाइट की आपात लैंडिंग

काठमांडू में खराब मौसम के कारण रविवार दोपहर बैंकॉक से काठमांडू जा रही लायन एयरलाइंस की फ्लाइट संख्या SEL-220 को सरोजनीनगर के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आपात लैंडिंग करानी पड़ी। विमान में 134 यात्री सवार थे। एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, काठमांडू में कम दृश्यता के चलते फ्लाइट को दोपहर लगभग तीन बजे लखनऊ डायवर्ट किया गया। सभी यात्री सुरक्षित हैं और उन्हें एयरपोर्ट पर ठहराया गया है। एयरलाइन स्टाफ यात्रियों की सुविधाओं का ध्यान रख रहा है। मौसम सामान्य होने पर विमान को काठमांडू के लिए रवाना किया जाएगा।

 बिजनौर के माती में ग्राम चौपाल का आयोजन,महिलाओं और बच्चों को मिशन 5 के तहत किया गया जागरूक

रविवार को मिशन शक्ति 5.0 के तहत महिला सशक्तिकरण और सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में आज थाना बिजनौर के पंचायत भवन माती में शीला देवी आंगनबाड़ी द्वारा एक ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में लगभग 60 से 80 महिलाओं और बच्चों ने हिस्सा लिया, जिन्हें सुरक्षा, सशक्तिकरण, और कानूनी जागरूकता के बारे में जानकारी दी गई। पुलिस आयुक्त अमरेन्द्र कुमार सेंगर के निर्देश पर जिले के 54 थानों पर मिशन शक्ति केंद्र स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों पर महिलाओं की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए विशेष टीमें तैनात की गई हैं। बिजनौर थाना क्षेत्र में आयोजित इस चौपाल में महिला उपनिरीक्षक सौम्या मिश्रा, आराधना वर्मा, उपनिरीक्षक रामराज सिंह, महिला आरक्षी चिंकी, और पल्लवी शुक्ला सहित अन्य महिला बीट अधिकारी और एंटी रोमियो टीम ने हिस्सा लिया।
जागरूकता के प्रमुख बिंदु
कानूनी जागरूकता: महिलाओं को अपराध की श्रेणी में आने वाले व्यवहारों और उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी दी गई। साथ ही, महिला उत्पीड़न, गुड टच-बैड टच, और पॉक्सो एक्ट जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
साइबर सुरक्षा: साइबर अपराधों से बचाव के लिए महिलाओं को ऑनलाइन धोखाधड़ी, ओटीपी साझा न करने, और सुरक्षित ऑनलाइन भुगतान के उपायों के बारे में बताया गया।
हेल्पलाइन सेवाएँ: महिलाओं को आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर जैसे 1076, 1090, 112, 181, 1930, 102, और 108 की जानकारी दी गई। साथ ही, थाना स्तर पर संचालित महिला सुरक्षा केंद्र, महिला हेल्प डेस्क, और मिशन शक्ति केंद्र की सेवाओं से अवगत कराया गया।
उद्देश्य और प्रभाव
इस चौपाल का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बच्चों में सुरक्षा, सशक्तिकरण, और कानूनी जागरूकता को बढ़ावा देना था। मिशन शक्ति 5.0 का नारा “सुरक्षित समाज की पहचान सशक्त महिला, जागरूक इंसान!” इस अभियान की भावना को दर्शाता है। यह पहल न केवल महिलाओं को उनकी शक्ति का अहसास कराती है, बल्कि समाज में समानता और सुरक्षा की नींव को मजबूत करती है।

Aaj National

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *