LUCKNOW:बाढ़ प्रभावित पंजाब को यूपी ने भेजे एक हजार क्विंटल गेहूं के बीज,क्लिक करें और भी खबरें

-मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रवाना किए वाहन

  • REPORT BY:K.K. VARMA || EDITED BY:AAJ NATIONAL NEWS DESK 
लखनऊ । बाढ़ से बेहाल पंजाब के किसानों को गेहूं के उन्नत एक हजार क्विंटल बीज यूपी सरकार ने भेजे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाहनों को हरी झंडी दिखाकर पंजाब के लिए रवाना किया। उन्नत किस्म का रोग प्रतिरोधी गेहूं का बीज पंजाब के किसानों के लिए भेजा गया है।पांच कालिदास मार्ग स्थित सरकारी आवास पर आयोजित कार्यक्रम में योगी ने कहा कि केंद्र व उप्र की डबल इंजन सरकार पंजाब के किसानों के साथ मजबूती से खड़ी हुई है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में किसानों के हित में बड़े कार्य किए जा रहे हैं। योगी ने कहा,आपदा की घड़ी में पंजाब के किसान अकेले नहीं हैं। भारत सरकार पर्याप्त मात्रा में फंड उपलब्ध करा रही है। आपदा से निपटने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार पीड़ितों के साथ है।प्रदेश के कृषि विभाग और उप्र बीज विकास निगम की ओर से 2500 बोरे अर्थात एक हजार क्विंटल उन्नत किस्म का डीबीडब्ल्यू-327 किस्म का गेहूं बीज पंजाब को भेजा है। इस गेहूं बीज को करन शिवानी नाम से भी जाना जाता है। यह रोग प्रतिरोधी व जिंक बॉयो-फोर्टिफाइड है। यह बीज 155 दिनों में तैयार हो जाता है और औसतन प्रति हेक्टेयर 80 क्विंटल इसकी उपज है।यूपी में लगातार कृषि उत्पादन बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। उप्र में देश की 11 प्रतिशत कृषि योग्य भूमि आती है और यह देश का 21 प्रतिशत खाद्यान्न का उत्पादन करता है। आज देश की खाद्यान्न आत्मनिर्भरता में यूपी महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। उप्र बीज विकास निगम का लाभांश अब 148 करोड़ रुपये हो गया है। दीपावली का पांच दिवसीय पर्व और खास हो गया है क्योंकि हम अपनी खुशी व उत्साह में पीड़ित लोगों को शामिल कर उनका दर्द बांटने जा रहे हैं। पंजाब के किसानों को इससे राहत मिलेगी। इससे पहले यूपी सरकार ने हिमांचल प्रदेश, उत्तराखंड व पंजाब के लोगों को बाढ़ राहत सामग्री भेजी थी।प्रदेश में उन्नत किस्म के बीज किसानों को उपलब्ध कराने के लिए पांच सीड पार्क बनाए जाएंगे। लखनऊ में पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के नाम पर सीड पार्क बनेगा। कार्यक्रम में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, कृषि राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख व कृषि उत्पादन आयुक्त दीपक कुमार आदि मौजूद रहे।

गृहिणी होती है असली गृह लक्ष्मी -स्वामी 

उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री और अपनी  जनता पार्टी के अध्यक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार उन्होंने माता लक्ष्मी की पूजा पर सवाल उठाए हैं। श्री मौर्य ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक ट्वीट में गृहणी को असली गृह लक्ष्मी बताया और माता लक्ष्मी को ‘बाहरवाली लक्ष्मी’ करार दिया। इस ट्वीट के बाद विवाद बढ़ने पर मौर्य ने अपनी बात स्पष्ट की है।उन्होंने अपने ट्वीट में दीपोत्सव के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि हमें अपने घरों में दीप जलाने के साथ-साथ पड़ोसियों के घरों में भी दीप जलाने का ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने असली गृह लक्ष्मी, यानी गृहणी की पूजा और सम्मान करने की बात की, जो घर को सुंदर और स्वर्ग जैसा बनाती हैं। मौर्य ने कहा कि बाहरवाली लक्ष्मी केवल बाजार से आती हैं और फिर चली जाती हैं, जिससे देश की आर्थिक स्थिति में सुधार नहीं होता।मौर्य ने कहा कि उन्होंने दीपोत्सव पर शुभकामनाएं दीं और लोगों से अपने घरों में दीप जलाने की अपील की। उन्होंने यह भी कहा कि देवी लक्ष्मी की पूजा एक परंपरा हो सकती है, लेकिन यह वास्तविकता से दूर है। यदि लक्ष्मी की पूजा से धन आता, तो भारत गरीब देशों की सूची में नहीं होता।स्वामी प्रसाद मौर्य ने यह भी कहा कि 80 करोड़ लोग जो 5-10 किलो चावल पर जीवन यापन कर रहे हैं, क्या वे अपने बच्चों को उच्च शिक्षा दिला सकते हैं? उन्होंने बेरोजगारी की समस्या पर भी चिंता जताई और कहा कि यदि धन की देवी लक्ष्मी से प्रार्थना करने से गरीबी दूर होती, तो देश की स्थिति अलग होती। उन्होंने किसी पूजा का विरोध नहीं किया है, बल्कि उन्होंने केवल यह कहा कि असली गृह लक्ष्मी गृहिणी होती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि पूजा करनी है, तो घर की देवी यानी गृहिणी की पूजा करें ताकि घर में सुख-समृद्धि बनी रहे।

छठ पर्व की तैयारियों को लेकर मंत्री ए.के. शर्मा ने की समीक्षा बैठक,निर्बाध आपूर्ति एवं साफ-सफाई पर विशेष बल
-नगर विकास एवं ऊर्जा विभाग को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश,छठ घाटों की व्यवस्था, प्रकाश एवं फॉगिंग कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने आगामी छठ पर्व की तैयारियों को लेकर अपने कैंप कार्यालय पर नगर विकास एवं ऊर्जा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि छठ पर्व आस्था एवं जनभावना से जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण पर्व है, ऐसे में सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण कर ली जाएं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

मंत्री श्री शर्मा ने विशेष रूप से यह निर्देश दिए कि सफाई व्यवस्था, फॉगिंग, कीटाणुनाशक दवा के छिड़काव, घाटों का समतलीकरण तथा प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि नगर के प्रमुख मार्गों एवं घाटों तक जाने वाले रास्तों की मरम्मत एवं गड्ढामुक्ति तत्काल पूरी की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि छठ पर्व के अवसर पर स्वच्छता एवं व्यवस्था ही सबसे बड़ा सेवा कार्य है, इसलिए सभी अधिकारी और कर्मचारी जिम्मेदारी के साथ मैदान में उतरें।बैठक के दौरान मंत्री श्री शर्मा ने ऊर्जा विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि छठ पर्व के दौरान किसी भी क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति बाधित न हो। उन्होंने कहा कि घाटों एवं पूजा स्थलों के आसपास विशेष रूप से अस्थायी प्रकाश व्यवस्था, हाईमास्ट लाइटों की कार्यशीलता तथा विद्युत सुरक्षा उपायों को प्राथमिकता दी जाए।उन्होंने सभी सुपरिन्टेंडिंग इंजीनियरों एवं अधिशासी अभियंताओं को यह निर्देश दिए कि छठ पर्व के दौरान 24 घंटे नियंत्रण कक्ष सक्रिय रहें तथा किसी भी शिकायत पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। मंत्री श्री शर्मा ने यह भी कहा कि सभी फीडरों एवं ट्रांसफार्मरों की पूर्व जांच कर ली जाए, ताकि किसी भी प्रकार की तकनीकी खराबी की स्थिति उत्पन्न न हो।
नगर विकास विभाग के अधिकारियों को मंत्री श्री शर्मा ने निर्देश दिए कि छठ घाटों तक पहुंचने वाले मार्गों की समतलीकरण, साफ-सफाई, जल निकासी व्यवस्था एवं सड़क मरम्मत कार्य शीघ्र पूर्ण किए जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि नगर निकायों द्वारा घाटों पर अस्थायी चेंजिंग रूम, बैरिकेडिंग, पीने के पानी की व्यवस्था, शौचालयों की उपलब्धता तथा कचरा निस्तारण की विशेष व्यवस्था की जाए। श्री शर्मा ने कहा कि घाटों पर भीड़-भाड़ को देखते हुए अग्निशमन एवं चिकित्सा दल को भी तैनात रखा जाए ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित सहायता मिल सके। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि नगर की गरिमा और श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वाेच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।बैठक में नगर विकास प्रमुख सचिव  पी गुरु प्रसाद, निदेशक नगरीय निकाय अनुज झा, निदेशक सूडा अपूर्वा दुबे, ऊर्जा विभाग के चेयरमैन आशीष गोयल, एम डी पंकज कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भैया दूज व चित्रगुप्त जयन्ती पर प्रदेशवासियों को दी बधाई और शुभकामनाएं

चित्रगुप्त जयंती एवं भाई दूज के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई शुभकामनाएँ दी हैं।अपने शुभकामना संदेश में श्री मौर्य ने कहा है कि चित्रगुप्त जयंती का यह पावन पर्व ज्ञान, बुद्धि और कर्म के संतुलन का प्रतीक है। इस दिन पूजा कर हम संकल्प लें कि अपने कर्मों से समाज और राष्ट्र के विकास में योगदान देंगे।उन्होंने आगे कहा कि भाई दूज का पर्व भाई-बहन के स्नेह, विश्वास और एकता का प्रतीक है। यह त्यौहार हमारे परिवार और समाज में प्रेम, सौहार्द और एकजुटता का संदेश देता है। कामना की कि यह पर्व सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और मंगल लेकर आए।उप मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे इन पावन पर्वों को आपसी प्रेम, सौहार्द और सामाजिक सद्भाव के साथ मनाएँ तथा प्रदेश की प्रगति में अपना योगदान दें।

Aaj National

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *