सरोजनीनगर:बंथरा में जमीन,पैसे के लेन-देन को लेकर हुआ विवाद,क्लिक करें और भी खबरें

-एक पक्ष ने दूसरे को बुरी तरह पीटा, घायल

  • REPORT BY:AAJ NATIONAL NEWS || EDITED BY:AAJ NATIONAL NEWS DESK 

लखनऊ। बंथरा थाना क्षेत्र के ग्राम सभा नरेरा में जमीन और 15,000 रुपये के लेन-देन को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस विवाद में एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के व्यक्ति को बुरी तरह मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल को इलाज के लिए अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, बंथरा निवासी जयदीप त्रिवेदी, पुत्र संगम त्रिवेदी, ने थाने में तहरीर देकर बताया कि उन्नाव के सोहरामऊ थाना क्षेत्र के बल्लू खेड़ा निवासी अखिलेश प्रताप सिंह ने अपने भाई और अन्य साथियों के साथ मिलकर शनिवार की शाम लगभग 4-5 बजे उन्हें बुरी तरह मारा-पीटा। इस हमले में जयदीप को गंभीर चोटें आई हैं। जयदीप के पिता संगम त्रिवेदी ने बताया कि अखिलेश सिंह के साथ जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है, जिसके चलते पहले भी कई बार झगड़ा हो चुका है। शनिवार को यह विवाद फिर हिंसक रूप ले लिया।कार्यवाहक थाना प्रभारी ने बताया कि जयदीप की तहरीर के आधार पर अखिलेश प्रताप सिंह और उनके साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि दोनों पक्षों के बीच 15,000 रुपये के लेन-देन को लेकर भी तनाव था, जो इस मारपीट का कारण बना। घायल जयदीप को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है।पुलिस मामले की जांच करके हकीकत जानने की कोशिश कर रही है।

ट्रक का ब्रेक फेल होने से रमाडा कर्मी की मौत

बंथरा थाना क्षेत्र में बीती रात करीब 12:30 बजे एक दुखद सड़क हादसे में नितिन जोशी उम्र लगभग 22 वर्ष पुत्र गिरीश चंद्र जोशी कल्यानपुर नानकमत्ता उधम सिंह उत्तराखंड की मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब एक ट्रक नं एच आर 46 जी 5216 का ब्रेक फेल हो गया, और चालक उसे सड़क के किनारे ले जाने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान नितिन जोशी अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आ गए, जिसके परिणामस्वरूप उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।नितिन जोशी ग्राम सभा सराय शहजादी में स्थित रमाडा होटल में काम करता था, जुनाबगंज में ड्रीम वर्ल्ड के पास यह हादसा हुआ।चालक ने बताया कि अचानक ब्रेक फेल होने के कारण वह वाहन को नियंत्रित नहीं कर सका। ट्रक को सड़क के किनारे ले जाने की कोशिश में वह तेजी से अनियंत्रित हो गया, और नितिन जोशी, जो उस समय सड़क पर मौजूद थे, ट्रक की चपेट में आ गए। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे और सब को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसकी सूचना मृतक के घर वालों को पुलिस ने दे दी है। थाने की पुलिस ट्रक और चालक को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक करवाई कर रही है।

बनी गांव में पीएनसी कंपनी की लापरवाही से रास्ते बर्बाद,सड़कों की दुर्दशा से ग्रामीणों में बढ़ा आक्रोश

बनी गांव में पीएनसी कंपनी द्वारा सड़क निर्माण कार्य के दौरान रास्तों को पूरी तरह तहस-नहस कर दिया गया है, जिसके कारण स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है। गांव के मुख्य मार्गों और बनी पेट्रोल पंप के सामने, सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जो बारिश के पानी और कीचड़ से भरे रहते हैं। इन गड्ढों ने न केवल आवागमन को मुश्किल बना दिया है, बल्कि स्थानीय लोगों और व्यवसायियों के लिए गंभीर समस्याएं भी खड़ी कर दी हैं।पेट्रोल पंप के सामने गहरा गड्ढा, वाहनों और पैदल यात्रियों के लिए खतरा बनी पेट्रोल पंप के सामने सड़क पर बना गहरा गड्ढा क्षेत्र की सबसे बड़ी समस्या बन गया है। यह गड्ढा हमेशा पानी से भरा रहता है, जिसके कारण छोटे वाहनों जैसे मोटरसाइकिल और स्कूटी का निकलना लगभग असंभव हो गया है। स्थानीय टायर पंचर दुकानदार सफीक रहमान ने बताया कि इस पानी भरे गड्ढे में आए दिन मोटरसाइकिल सवार गिरकर चोटिल हो रहे हैं, क्योंकि पानी भरें रहने से गड्ढे की गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल है। लोग मजबूरी में इसी रास्ते से गुजरते हैं, लेकिन कीचड़ और गड्ढों के कारण हालात बदतर हो गए हैं।सफीक ने यह भी बताया कि इस स्थिति के कारण उनकी दुकान पर ग्राहक आना बंद हो गये है, जिससे उनकी आजीविका पर भी असर पड़ रहा है।

पीएनसी कंपनी के वाहनों से सड़क की बर्बादी

ग्रामीणों का आरोप है कि पीएनसी कंपनी के भारी वाहन, जैसे ट्रक और डंपर, सड़क की इस दुर्दशा का मुख्य कारण हैं। कंपनी के वाहनों ने न केवल सड़कों को क्षतिग्रस्त किया है, बल्कि बची-खुची सही जगहों पर भी इन्हीं वाहनों का कब्जा रहता है। इससे पैदल यात्रियों और छोटे वाहनों के लिए रास्ता निकालना और भी मुश्किल हो गया है। गांव के मुख्य रास्ते की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि हर तरफ कीचड़ ही कीचड़ नजर आता है। ग्रामीणों को अपने दैनिक कार्यों के लिए पुराने चौराहे से लंबा चक्कर काटकर जाना पड़ रहा है, जिससे समय और संसाधनों की बर्बादी हो रही है।ग्रामीणों में बढ़ता आक्रोश, कंपनी और प्रशासन पर सवाल स्थानीय लोगों का कहना है कि पीएनसी कंपनी की लापरवाही और जिम्मेदार अधिकारियों की अनदेखी के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है।

बंथरा में गायों की मौत से मचा हड़कंप कारण स्पष्ट नहीं

-ब्रेड फैक्ट्री के पास सड़े-गले मैदा, पालिथीन खाने से मौत की आशंका, सूचना मिलते ही मौके पर एडीसीपी, एसीपी पहुंचे

शनिवार को बंथरा थाना क्षेत्र के शिवपुरा में ब्रेड फैक्ट्री के निकट ग्राम सभा सराय सहजादी की खाली पड़ी जमीन पर दो-तीन गायों की मौत से हड़कंप मच गया। प्रारंभिक पुलिस जांच में आशंका जताई गई है कि ब्रेड फैक्ट्री के कर्मचारियों द्वारा खाली जमीन पर फेंके गए सड़े-गले ब्रेड, मैदा, पालिथीन खाने से गायों की मौत हुई हो सकती है।घटना की सूचना मिलते ही मौके पर एडीसीपी वसंत कुमार और एसीपी विकास कुमार पांडे पहुंचे। पशु चिकित्सा विभाग की टीम को बुलाकर मृत गायों का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही गायों की मौत का सटीक कारण स्पष्ट हो सकेगा।ग्राम सभा पहाड़पुर के पप्पू सिंह सहित कई ग्रामीणों ने बताया कि उनकी आठ गायें गायब थीं, जिन्हें ढूंढते हुए वे ब्रेड फैक्ट्री के पास जंगल में पहुंचे। वहां खाली जमीन पर दो-तीन गायों के शव पड़े मिले। ग्रामीणों का कहना है कि भले ही कुछ लोगों का मानना है कि गायों की मौत सड़ा-गला खाना खाने से हुई, लेकिन कुछ का दावा है कि गायों का वध कर उनका मांस निकाला गया हो सकता है।इस घटना को लेकर क्षेत्र में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। लखनऊ-कानपुर हाईवे के किनारे हुई इस घटना ने इलाके में चर्चा का विषय बना दिया है। पुलिस और प्रशासन पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं, जिससे गायों की मौत का सही कारण सामने आ सके।

 बिजनौर-सड़क पर विवाद के बाद मारपीट, कई लोग घायल

बिजनौर थाना क्षेत्र के न्यू गुड़ौरा में बीते शुक्रवार को एक हिंसक घटना सामने आई है। अजय पुत्र स्व हरीलाल ने थाना प्रभारी को दी गई तहरीर में बताया कि वह और उनके साथी सड़क किनारे मौरंग लदी ट्रैक्टर निकालने का काम कर रहे थे। इसी दौरान झुग्गी-झोपड़ी के पांच लोगों से आपसी विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर झोपड़ी वालों ने मिलकर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया।इस हमले में हरी प्रसाद के सिर में गंभीर चोट आई, अजय का हाथ टूट गया, और नितेश के हाथ में भी चोट लगी। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित के प्रार्थना पत्र के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश कर रही हैं।

ट्रक की टक्कर से युवक की दर्दनाक मौत का मामला दर्ज

सरोजनीनगर थाना क्षेत्र में 5 सितंबर 2025 को सुबह करीब 7 बजे एक दुखद हादसे में 34 वर्षीय ललई पुत्र स्व. जियालाल की ट्रक की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। मृतक के भाई बब्लू, निवासी ग्राम ज्ञानपुर, थाना सोहरामऊ, जनपद उन्नाव, ने थाना सरोजनीनगर में शिकायत दर्ज कराई।शिकायत के अनुसार, ललई ट्रक (UP78GN5008) पर सवार होकर गहरु स्कूटर इंडिया में सप्लाई देने गया था। गाड़ी से उतरने के बाद वह मौरंग उतारने की जगह देख रहा था, तभी ट्रक चालक ने तेजी और लापरवाही से वाहन चलाते हुए ललई को कुचल दिया। हादसे में ललई की मौके पर ही मौत हो गई। आसपास के लोगों ने ट्रक के पहिए से उसे निकाला, लेकिन तब तक उसकी जान जा चुकी थी। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Aaj National

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *