-सीसीटीवी फुटेज में दिखा संदिग्ध, पुलिस जांच में जुटी
- REPORT BY:AAJ NATIONAL NEWS || EDITED BY:AAJ NATIONAL NEWS DESK
लखनऊ। राजधानी के गुडंबा इलाके में शातिर चोरों ने एक सराकरी अध्यापक के मकान की दीवार फांदकर लगभग 42 लाख के जेवरात व
नकदी पर हाथ साफ कर दिया। सीसीटीवी फुटेज में एक लुंगी पहने हुए संदिग्ध कैद हुआ है। पुलिस सीसीटीवी के आधार पर शातिर चोर की तलाश कर रही है।
जानकारी के अनुसार आदिल नगर में सरकारी टीचर मोहम्मद अकबर अली के मकान में चोरों ने लाखों के जेवरात चोरी कर लिए हैं। बताया जा रहा है कि परिवार एक शादी समारोह में गोरखपुर गया हुआ था। मोहम्मद अकबर अली की तैनाती सीतापुर में है। वह अपने पिता असगर अली, मां जन्नतुल निशा, पत्नी तमन्ना, बहन आफरीन बानो और बहनोई डॉ. सईद के साथ रहते हैं। डॉ. सईद शहर में एक हॉस्पिटल के संचालक हैं।अकबर अली ने बताया कि 23 अक्तूबर को दोपहर में पत्नी तमन्ना के साथ गोरखपुर एक शादी में शामिल होने गए थे। उनके पिता, मां, बहन और बहनोई बसहा स्थित अपने दूसरे घर चले गए थे। 26 अक्टूबर को डॉ. सईद घर देखने आए, तो सब कुछ सुरक्षित था। 29 अक्टूबर की शाम करीब साढ़े सात बजे जब अकबर दंपती घर लौटे तो दरवाजे का ताला टूटा मिला। घर के अंदर अलमारियों के लॉकर टूटे पड़े थे। नगदी और सोने-चांदी के सभी जेवर गायब थे।
अकबर के मुताबिक, जनवरी में उनकी और बहन आफरीन की शादी एक साथ हुई थी। घर में मां के पुश्तैनी जेवर और शादी में मिले सभी गहने रखे थे। चोर सब कुछ साफ कर गए।पड़ोस में लगे सीसीटीवी फुटेज में एक युवक घर की बाउंड्री फांदता नजर आया है। सूचना पर चौकी इंचार्ज टेढ़ी पुलिया अर्पित गुप्ता और सिपाही मौके पर पहुंचे। पुलिस ने फिंगरप्रिंट और ष्टष्टञ्जङ्क फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पीड़ित की तहरीर पर गुडंबा थाने में केस दर्ज किया गया है।
बैंककर्मी बन जालसाजों ने युवक से ठगे 75 हजार
राजधानी में जालसाजों का आतंक अपने चरम पर है कोई ऐसा दिन नहीं होता है जब यह शातिर लोगों को अपना शिकार न बनाएं। ताजा
मामला आलमबाग इलाके थाना क्षेत्र का है जहां पर साइबर ठगों ने एक युवक को फोन कॉल और व्हाट्सऐप मैसेज के जरिए चूना लगा दिया। खुद को बैंककर्मी बताने वाले ठग ने क्रेडिट कार्ड से 75,800 रुपए निकाल लिए।आलमबाग निवासी पीड़ित मोहम्मद मोहसिन के पास आरबीएल बैंक और एचडीएफसी बैंक के दो क्रेडिट कार्ड हैं। उन्होंने बताया कि 23 अक्टूबर को दोपहर करीब 2:30 बजे उन्हें एक कॉल आई। कॉल करने वाला खुद को आरबीएल बैंक का कर्मचारी बताकर बात करने लगा। इसी दौरान आरबीएल कार्ड से 73 हजार रुपए उड़ गए। मोहसिन का कहना है कि उन्होंने कभी किसी को कार्ड डिटेल या ओटीपी साझा नहीं किया, फिर भी रकम गायब हो गई। उन्होंने तुरंत बैंक की हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करवाई। इसके बाद मोहसिन ने थाना आलमबाग में प्रार्थना पत्र देकर ठगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
ट्रैफिक इंस्पेक्टर के खाते से जालसाजों ने उड़ाए 99 हजार
साइबर जालसाजों ने ट्रैफिक इंस्पेक्टर को भी नहीं छोड़ा और उनके खाते से 99,000 रुपए उड़ा लिए। ठगी तब हुई जब वे फोन-पे ऐप न
चलने की समस्या लेकर बैंक पहुंचे थे। बैंक से वापस लौटने के कुछ देर बाद ही एक-एक करके पांच बार में पैसे कट गए। पीड़ित ने इस मामले कैंट थाने में मुकदमा दर्ज करवाया है।ट्रैफिक इंस्पेक्टर हरीराम यादव ने बताया कि 9 अक्टूबर को दोपहर करीब 3 बजे एचडीएफसी बैंक, सेक्टर-2, वृंदावन योजना पहुंचे। बैंक कर्मचारियों ने उनका इंटरनेट बैंकिंग चालू किया और नया फोन-पे आईडी भी बना दिया। उसी दिन रात करीब 8 बजे ड्यूटी के दौरान उनके मोबाइल पर लगातार पैसे कटने के मैसेज आने लगे। जांच करने पर पता चला कि खाते से अलग-अलग ट्रांजैक्शन में पांच बार में 99,097.92 रुपए निकल गए हैं। घटना के तुरंत बाद साइबर सेल में ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई और एचडीएफसी बैंक का टोल फ्री नंबर मिलाकर फोन-पे, डेबिट कार्ड और खाता बंद करवा दिया।पीड़ित इंस्पेक्टर ने कैंट थाने में तहरीर देकर ठगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि बैंक में ही किसी ने डिटेल लीक की है या किसी ने तकनीकी तरीके से खाता हैक किया, ये जांच से ही साफ होगा।
सरदार वल्लाभ भाई पटेल की 150 वीं जयंती पर रहेगा डायवर्जन
सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर लखनऊ में 31 अक्टूबर को आयोजित होने वाली ‘रन फॉर यूनिटीÓ रैली के कारण
शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था में अस्थायी बदलाव किए गए हैं। सुबह 8:30 बजे से जीपीओ पार्क से केडी सिंह बाबू स्टेडियम तक कार्यक्रम आयोजित होगा। यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित डायवर्जन मार्गों का उपयोग करें और अनावश्यक रूप से प्रतिबंधित क्षेत्रों में न जाएं।सरदार पटेल जयंती के उपलक्ष्य में हजरतगंज स्थित जीपीओ पार्क में सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कार्यक्रम होगा। इसके बाद रन फॉर यूनिटी का आयोजन जीपीओ पार्क से केडी सिंह बाबू स्टेडियम तक किया जाएगा। इस दौरान हजरतगंज क्षेत्र से गुजरने वाले कई मार्गों पर वाहनों की आवाजाही सीमित या प्रतिबंधित रहेगी।
मुख्य चौराहों पर डायवर्जन
बंदरियाबाग चौराहा से राजभवन, डीएसओ, हजरतगंज और विधानसभा की ओर यातायात नहीं जा सकेगा। वाहन चालकों को लालबत्ती चौराहा, कैण्ट या गांधी सेतु (1090) चौराहे के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंचने की सलाह दी गई है। इसी तरह, डीएसओ चौराहा से हजरतगंज या जीपीओ पार्क की ओर जाने वाले वाहन पार्क रोड या सिसेंडी तिराहे की ओर मोड़े जाएंगे।रॉयल होटल चौराहा से विधानसभा या हजरतगंज की दिशा में यातायात बंद रहेगा। इन वाहनों को कैसरबाग, सिसेंडी तिराहा या वेलिंगटन चौराहे की ओर डायवर्ट किया जाएगा। सिकंदरबाग चौराहा से हजरतगंज या विधानसभा की ओर भी आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। यह यातायात दैनिक चौराहा, बालू अड्डा और गांधी सेतु (1090) होते हुए डायवर्ट रहेगा।
बसों के लिए विशेष व्यवस्था
महानगर की ओर से आने वाली रोडवेज और सिटी बसें सिकंदरबाग-हजरतगंज मार्ग से नहीं गुजर सकेंगी। इन्हें बैकुंठ धाम, गांधी सेतु (1090), बंदरियाबाग, लालबत्ती और कैण्ट की ओर मोड़ा जाएगा।इसी प्रकार, केकेसी तिराहा और चारबाग की तरफ से आने वाली बसें हुसैनगंज या रॉयल होटल होते हुए विधानसभा नहीं जा सकेंगी। उन्हें लोको या कैसरबाग मार्ग से भेजा जाएगा।गोमतीनगर से आने वाली बसें भी हजरतगंज और विधानभवन की दिशा में नहीं जाएंगी, बल्कि बैकुंठ धाम, संकल्प वाटिका ओवरब्रिज, चिरैयाझील तिराहा, कैसरबाग, गांधी सेतु और कैण्ट मार्ग से संचालित होंगी।
हजरतगंज से रॉयल होटल तक रहेगा पूर्ण प्रतिबंध
कार्यक्रम के दौरान हजरतगंज चौराहा से रॉयल होटल चौराहा तक सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगी।
यातायात पुलिस ने बताया कि किसी चिकित्सकीय आपात स्थिति, एम्बुलेंस, फायर सर्विस, शव वाहन या स्कूली वाहनों को आवश्यकतानुसार प्रतिबंधित मार्गों से गुजरने की अनुमति दी जाएगी। नागरिक ऐसी स्थिति में यातायात नियंत्रण कक्ष के नंबर 9454405155 पर संपर्क कर सकते हैं।
कार सेंटर में लगी भीषण आग कई कार हुई राख
-दमकल की आठ गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर पाया आग पर काबू
राजधानी के गुडंबा इलाके में स्थित एक कार सर्विस सेंटर में भीषण आग लग गई। इससे धमाके होने लगे। करीब 1 किलोमीटर दूर तक धुएं का
गुबार दिखा और आवाज सुनाई दी। सर्विस सेंटर की दीवारों में दरार आ गई। सियाज और वैगनआर कार पूरी तरह जल गई। 4 फायर स्टेशनों की 8 गाड़ियों की मदद से करीब 2 घंटे में आग पर काबू पाया गया।
आग बुझाने के लिए सर्विस सेंटर के गेट और खिड़कियां तोड़नी पड़ीं। आग बृहस्पतिवार दोपहर करीब 2 बजे गुडंबा थाना क्षेत्र में बीके मोटर्स में लगी। आग लगने का सही कारण नहीं पता चला है। शुरुआती जांच में शार्ट सर्किट से आग लगने की बात सामने आ रही है। सर्विस सेंटर में रखे डीजल से आग अधिक फैली थी।गुडंबा थाना क्षेत्र में रिंग रोड पर बीके मोटर्स नाम से कार सर्विस सेंटर है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि शुक्रवार दोपहर में सर्विस सेंटर में कारों की रिपेयरिंग हो रही थी। दोपहर करीब 2 बजे अचानक सर्विस सेंटर में आग लग गई।
देखते-देखते तेज धमाके हुए। सर्विस सेंटर में काम कर रहे कर्मचारियों ने आग बुझाने की कोशिश की। पास स्थित निर्वाण और जगरानी हॉस्पिटल के हौजरील का प्रयोग किया, लेकिन सफल नहीं हुए। आग फैलती चली गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सर्विस सेंटर में डीजल, मोबीऑयल आदि रखा था। इन चीजों की वजह से आग काफी भड़क गई। सर्विस सेंटर को पूरी तरह से अपने जद में ले लिया। अंदर खड़ीं कारें और सामान जलने लगे। इससे काफी काला धुआं गूंज उठा। धुएं का गुबार करीब 1 किलोमीटर दूर तक देखा गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग काफी भीषण थी। लपटें बाहर निकल रही थीं। धमाके हो रहे थे। इंदिरानगर, हजरतगंज, बीकेटी और गोमतीनगर से 8 दमकल की गाड़ियां पहुंचीं और आग बुझाने की कोशिश शुरू की। इसके अलावा सर्विस सेंटर में रखा सारा सामान राख हो गया। सर्विस सेंटर से तीन और बाहर खड़ीं गाड़ियों को हटा लिया गया था। सर्विस सेंटर के मालिक के भाई राम चन्द्र प्रसाद वर्मा ने बताया आग की स्पष्ट वजह पता नहीं चल पाई। ऐसा लग रहा है शॉर्ट सर्किट से आग लगी है। यहां पर गाड़ियां रिपेयर होती हैं। पूरा स्टोर बनाया गया है। अंदर करीब 5 से गाड़ियां खड़ी थीं, जिसमें से दो गाड़ियां जल गईं। बाकी गाड़ियां निकाल ली गई थीं।
नाबालिग युवती के साथ दुष्कर्म करने वाला आरोपी गिरफ्तार
राजधानी लखनऊ के बिजनौर थाना क्षेत्र के अंतर्गत कुछ दिन पूर्व नाबालिग युवती को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने व दुष्कर्म करने वाले
आरोपी को बिजनौर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।कुछ दिन पूर्व पीड़िता द्वारा दी गई तहरीर की सूचना के आधार पर यह ज्ञात हुआ था कि पीड़िता की उम्र लगभग 15 वर्ष हैं। घर से यह कहकर निकली थी कि वह त्रिपाठी मेडिकल स्टोर पर दवा लेने जा रही हूं। परंतु वापस घर नहीं लौटी । इसके बाद बिजनौर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी और गुमशुदा/पीड़िता को बरामद किया गया। बयान के क्रम में यह तथ्य प्रकाश में आया कि आरोपी सुहैल खान पुत्र आफाक खान निवासी बिजनौर बाजार, लुकमान के मकान में किरायेदार, थाना बिजनौर, लखनऊ, उम्र 19 वर्ष ने पीड़िता को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर ले जाकर दुष्कर्म किया।
दुर्घटना में घायल हुए दो मजदूरों की इलाज के दौरान मौत
गोसाईगंज क्षेत्र में कबीरपुर के पास बुधवार की देर रात तेज रफ़्तार कार की टक्कर से घायल हुए दो बाइक सवार मजदूरों की इलाज के दौरान
मौत हो गई।इंस्पेक्टर गोसाईगंज ब्रजेश कुमार त्रिपाठी के अनुसार सिठौली गांव के रहने वाले शिवराज(42) व राकेश (40) बुधवार की देर रात मलेशेमऊ से मजदूरी कर बाइक से घर लौट रहे थे।अभी वह कबीरपुर स्थित कट के पास पहुंचे थे तभी गोसाईगंज की ओर से लखनऊ की ओर जा रहे कार चालक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी जिससे दोनों उछलकर गिरे औऱ डिवाइडर से टकराकर घायल हो गए।घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोसाईगंज पहुंचाया जहां से डॉक्टरों ने दोनों की हालत नाजुक देख उन्हें ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया।जहां शिवराज की मौत हो गई।जबकि मनोज के परिजन उसे इलाज के लिए एक निजी अस्पताल ले गए थे जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।वहीं घटना के बाद भाग रहे कार चालक हसनैन निवासी रानीगंज जगदीश पुर का पीछा कर पुलिस ने उसे खुर्दही के पास से पकड़ लिया है।मृतक मनोज के परिवार में पत्नी मंजू व तीन बेटे निखिल निहाल प्रिंस और एक बेटी निधी है जबिक शिवराज के परिवार में पत्नी कमला व एक बेटा राजा है।
