-नाममात्र के प्रधान, असली कंट्रोल ‘आकाओं’ के हाथ
- REPORT BY:A.S.CHAUHAN || EDITED BY:AAJ NATIONAL NEWS
लखनऊ।सरोजनीनगर विकासखंड के गांवों में ग्राम पंचायत चुनाव 2026 की तैयारियां जोरों पर हैं। चुनाव नजदीक आते
ही मौजूदा ग्राम प्रधानों में अचानक विकास कार्यों को लेकर सक्रियता बढ़ गई है। साढ़े चार साल से अधिक समय तक गांव की समस्याओं से मुंह मोड़े बैठे प्रधान अब विकास की ‘गंगा’ बहाने में जुटे हैं, ताकि जनता का भरोसा दोबारा हासिल कर सकें।एक ओर प्रधान सड़क, खड़ंजा, नाली और अन्य बुनियादी कार्यों को तेज करने का दिखावा कर रहे हैं, वहीं ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा है। मतदाताओं का कहना है कि अब ये सारी करतूतें व्यर्थ हैं। “पिछले कार्यकाल में जो लापरवाही और उदासीनता दिखी, उसी को याद रखकर इस बार वोट डालेंगे। अब ये चुनावी दिखावा किसी काम का नहीं,” कई ग्रामीणों ने एक स्वर में कहा।सरोजनीनगर ब्लॉक के गांवों में विकास की बदहाली आज भी चीख-चीखकर बयान कर रही है। कच्चे रास्ते कीचड़ में डूबे रहते हैं, खड़ंजा जगह-जगह टूटा हुआ है, सड़कें गड्ढों से भरी पड़ी हैं और नालियां या तो जाम हैं या गायब। बारिश में गंदा पानी रास्तों पर जमा हो जाता है, जो ग्रामीणों के लिए पुराना नासूर बना हुआ है। इन समस्याओं की शिकायतें प्रधानों से बार-बार की गईं, लेकिन समय पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। ग्रामीण थक-हारकर चुप हो गए थे।सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, विकासखंड के कई गांवों में ग्राम प्रधान तो नाम के हैं, लेकिन असली काम कोई और देख रहा है। जिन ‘आकाओं’ ने चुनाव में पैसे खर्च करके प्रधान को जितवाया था, उन्हीं के इशारे पर सारे फैसले होते हैं। चुने हुए प्रधान की कोई इज्जत नहीं रह गई है; वे मात्र पीछे लग्गू बने हुए हैं। जनता ने जिन्हें वोट देकर प्रधान चुना था, वे अब कठपुतली मात्र बनकर रह गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यही वजह है कि गांव का विकास ठप पड़ा रहा।उत्तर प्रदेश में त्रिस्तरीय ग्राम पंचायत चुनाव 2026 में अप्रैल-जुलाई के बीच होने की संभावना है। राज्य निर्वाचन आयोग तैयारियां कर रहा है और हाल ही में विकास कार्यों की जांच भी तेज की गई है। सरोजनीनगर जैसे क्षेत्रों में चुनावी माहौल गर्म है। ग्रामीणों का मानना है कि समय पर विकास होता तो गांव की सूरत बदल चुकी होती। अब प्रधानों की ये जल्दबाजी सिर्फ वोट बचाने की कोशिश लग रही है।देखना दिलचस्प होगा कि इस बार मतदाता पिछले कार्यकाल की अनदेखी और नाममात्र की प्रधानशिप को कितना सबक सिखाते हैं।
प्रॉपर्टी डीलर पर सार्वजनिक नाली व चकमार्ग की सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा व प्लाटिंग का आरोप, शिकायतकर्ता असंतुष्ट
सरोजनीनगर तहसील क्षेत्र के ग्राम रहीमाबाद (वार्ड राजा बिजली पासी, जोन-8, लखनऊ नगर निगम) में एक स्थानीय
निवासी जितेन्द्र कुमार ने प्रॉपर्टी डीलर बृजभान सिंह यादव पर गंभीर आरोप लगाए हैं। जितेन्द्र कुमार का दावा है कि राजस्व अभिलेखों में दर्ज नाली (गाटा संख्या 781) और चकमार्ग (गाटा संख्या 782) की सार्वजनिक भूमि पर डीलर ने अवैध कब्जा कर प्लाटिंग कर दी है, जिससे नाली और रास्ते का अस्तित्व ही मिट गया है।
शिकायतकर्ता ने 6 दिसंबर 2025 को तहसील समाधान दिवस में यह मामला उठाया था। मौके पर पहुंचे लेखपाल अमरेश रावत ने जांच की, लेकिन जितेन्द्र कुमार के अनुसार, नाली और चकमार्ग की सही पैमाइश व सीमांकन नहीं किया गया। जांच रिपोर्ट में दोनों पक्षों के बीच विवाद बताकर मामला सहमति से निस्तारित दिखाया गया है, जबकि शिकायतकर्ता ने इसे पक्षपातपूर्ण बताया और प्रॉपर्टी डीलर के दबाव में रिपोर्ट भेजे जाने का आरोप लगाया।जितेन्द्र कुमार ने अपर जिलाधिकारी (या उच्च अधिकारियों) से अनुरोध किया है कि नगर निगम व राजस्व विभाग की संयुक्त वरिष्ठ टीम से भूमि चिन्हांकित कराई जाए, अवैध कब्जा हटवाया जाए और दोषियों पर विभागीय कार्यवाही की जाए।
उल्लेखनीय है कि लखनऊ की सरोजनीनगर तहसील क्षेत्र में सरकारी भूमि पर अवैध प्लाटिंग और कब्जों के खिलाफ प्रशासन समय-समय पर कार्रवाई करता रहा है, लेकिन स्थानीय स्तर पर कई शिकायतें लंबित रहने या पक्षपातपूर्ण निस्तारण की बातें सामने आती रहती हैं। यह मामला जनहित से जुड़ा होने के कारण उच्च अधिकारियों के संज्ञान में लाया गया है।
सरोजनीनगर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कंबल वितरित
सरोजनी नगर विधानसभा क्षेत्र के सेक्टर-18 स्थित बदाली खेड़ा में शनिवार को एक सामाजिक कार्यक्रम का आयोजन
किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सेक्टर संयोजक आलोक श्रीवास्तव एवं रितेश दुबे ने की।इस अवसर पर माननीय विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह द्वारा प्रदान किए गए कंबलों का वितरण सेक्टर संयोजक आलोक श्रीवास्तव एवं भाजपा कार्यकर्ता संतोष कुमार त्रिपाठी ने किया। कल रात कानपुर रोड किनारे एवं विभिन्न मंदिरों के बाहर ठंड से परेशान गरीब एवं असहाय लोगों को कंबल के साथ-साथ पूड़ी-सब्जी के पैकेट भी वितरित किए गए।शीतलहर को देखते हुए बदाली खेड़ा, सैनिक नगर एवं हनुमंत नगर में रहने वाले गरीब एवं असहाय लोगों को पुनः कंबल वितरित किए गए तथा उन्हें खुले में न सोने की अपील की गई।भाजपा कार्यकर्ता संतोष त्रिपाठी ने स्वयं के संसाधनों से कुछ कंबल खरीदकर जरूरतमंदों को वितरित किए। कार्यक्रम में आलोक श्रीवास्तव सहित विभिन्न बूथ अध्यक्ष, मंडल कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
फर्जी दस्तावेज से जमीन हड़पने, महिला को धमकी देने के वाला गिरफ्तार
थाना बिजनौर पुलिस ने एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। फर्जी और कूटरचित दस्तावेज तैयार कर जमीन का
बैनामा कराने, विरोध करने पर दलित महिला को गाली-गलौज देने तथा हत्या की धमकी देने के मामले में वांछित चल रहे अभियुक्त अभिषेक रावत को गिरफ्तार कर लिया गया है। शिकायतकर्ता श्रीमती सुरसती (दलित महिला) ने आरोप लगाया था कि अभियुक्त मुन्ना यादव, राजेश यादव, प्रदीप और रामदुलारी ने फर्जी दस्तावेजों से उनकी जमीन पर कब्जा करने की कोशिश की और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी।जांच के दौरान अभियुक्त अभिषेक रावत का नाम सामने आया था, जो लंबे समय से फरार चल रहा था। सहायक पुलिस आयुक्त कृष्णानगर के निर्देशन में थाना प्रभारी बिजनौर की टीम ने शनिवार को ग्राम माती स्थित एक मकान से 22 वर्षीय अभिषेक रावत पुत्र वेद प्रकाश को गिरफ्तार किया।
आठ घंटे में बिजनौर पुलिस ने चोरी का किया खुलासा,शातिर चोर गिरफ्तार व बाल अपचारी सरंक्षण में
थाना बिजनौर क्षेत्र में चोरी की एक सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने महज 8 घंटे के अंदर सफल अनावरण कर दिया।
पुलिस ने एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया तथा एक बाल अपचारी को सरंक्षण में लिया।गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान विशाल कुमार पटेल (उम्र करीब 19 वर्ष), पुत्र जटा राउत, मूल निवासी ग्राम परशुरामपुर, थाना अमनौर, जिला सारण (बिहार), हाल पता हाइड्रिल रोड, गौरी नहर पुलिया के पास, गौरी, थाना सरोजनीनगर, लखनऊ के रूप में हुई है।
पुलिस ने अभियुक्तों के पास से चोरी की गई लाइसेंसी रिवाल्वर 32 बोर (फैक्ट्री मेड) मय 05 जिन्दा कारतूस, एक मोटोरोला कंपनी का एंड्रॉइड मोबाइल फोन तथा नगद 1163 रुपये बरामद किए हैं। 19 दिसंबर 2025 को वादी बाबूलाल लोधी पुत्र स्व मंशाराम, निवासी ग्राम मुल्लाहीखेड़ा, थाना बिजनौर, लखनऊ ने थाने पर तहरीर दी कि अज्ञात चोरों ने उनकी दुकान में रखी मेज की दराज से नगद 5500 रुपये तथा लाइसेंसी रिवाल्वर 32 बोर चोरी कर ली। इस संबंध में मुकदमा अपराध संख्या-349/25 धारा-305(ए)/331(3) बीएनएस पंजीकृत किया गया था।पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर गठित टीमों ने लगभग 100 सीसीटीवी फुटेज, मैनुअल एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मात्र 8 घंटे में अभियुक्त विशाल कुमार पटेल एवं एक बाल अपचारी को नटकुर अंडरपास से चंद्रावल जाने वाली सड़क से गिरफ्तार/सरंक्षण में लिया। अभियुक्तों से चोरी का पूरा माल बरामद करते हुए मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस एवं 3/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोत्तरी की गई है तथा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
एयरपोर्ट पर आवारा कुत्तों का आतंक: यात्रियों की सुरक्षा खतरे में
चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (अमौसी) के सरोजनीनगर क्षेत्र में आवारा कुत्ते खुले आम घूम रहे हैं। यात्रियों का
कहना है कि ये कुत्ते पार्किंग और टर्मिनल क्षेत्र में बेरोकटोक विचरण कर रहे हैं, लेकिन इन्हें खदेड़ने या नियंत्रित करने वाला कोई कर्मचारी नजर नहीं आता। अगर ये कुत्ते किसी यात्री या बच्चे पर हमलावर हो गए तो बड़ी दुर्घटना हो सकती है।यह समस्या नई नहीं है। साल 2025 में ही कई बार ऐसी शिकायतें सामने आई हैं। मार्च में इंटरनेशनल टर्मिनल के अंदर स्ट्रीट डॉग घुस आया था, जिसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे। अक्टूबर में टर्मिनल-3 की पार्किंग में कुत्तों की फोटो वायरल होने पर एयरपोर्ट प्रशासन ने खेद जताया था और सुधार का आश्वासन दिया था। जून में हवाई अड्डा पर्यावरण प्रबंधन समिति की बैठक में एयरपोर्ट अधिकारियों ने आसपास आवारा कुत्तों की नसबंदी कराने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन जमीनी स्तर पर प्रभावी कार्रवाई अभी भी कम नजर आ रही है।यात्री सुरक्षा के लिहाज से यह गंभीर मुद्दा है, क्योंकि कुत्ते न केवल हमला कर सकते हैं बल्कि पक्षियों की तरह रनवे पर खतरा भी बन सकते हैं।
डंपर ने बाइक को पीछे से मारी टक्कर, महिला घायल
बंथरा थाना क्षेत्र के जुनाबगंज में एक सड़क हादसे में मोहकमगंज तकिया पाटन की रहने वाली यासमीन (उम्र करीब 32 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गईं। उनके पति समीम (उम्र करीब 40 वर्ष) बाइक (नंबर UP 32 AE 7569) चला रहे थे, जब पीछे से तेज रफ्तार डंपर (नंबर UP 35 AE 7569) ने जोरदार टक्कर मार दी।हादसा जुनाबगंज में हुआ। टक्कर के बाद दोनों को तुरंत जुनाबगंज स्थित साइन अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां यासमीन का इलाज चल रहा है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
कंटेनर की टक्कर से युवक का पैर कटा, घुटने से अम्प्यूटेशन
बिजनौर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। 27 अक्टूबर 2025 को सुबह करीब 8:30 बजे परवर पश्चिम में टीबीएस वेयरहाउस के पास हरियाणा नंबर (HR61D6455) के कंटेनर ने तेज रफ्तार और लापरवाही से पैदल जा रहे सौरभ कुमार के बाएं पैर में टक्कर मार दी। चालक मौके से फरार हो गया।घायल सौरभ को पहले ट्रॉमा सेंटर पीजीआई ले जाया गया, फिर सिग्मा हॉस्पिटल मोहनलालगंज में भर्ती किया गया, जहां गंभीर चोट के कारण डॉक्टरों ने घुटने से नीचे पैर काटना पड़ा। इलाज में व्यस्तता के कारण देरी से 18 दिसंबर 2025 को पिता सुरेश कुमार ने थाने में तहरीर दी और रिपोर्ट दर्ज कराई।पुलिस ने अज्ञात कंटेनर चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और हिट एंड रन का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मजदूर की दो भैंसें चोरी, परिवार भरण-पोषण का संकट में
बिजनौर थाना क्षेत्र में एक गरीब मजदूर के घर से दो भैंसें चोरी हो जाने से परिवार गहरे सदमे में है। पीड़ित अक्षय कुमार ने
थाने में प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराई है, जिसमें उन्होंने बताया कि दूध बेचकर परिवार चलाने का एकमात्र सहारा छिन गया है।अक्षय कुमार पुत्र जमुना प्रसाद, निवासी पश्चिम परवर (थाना बिजनौर, तहसील सरोजनीनगर) ने अपनी तहरीर में बताया कि 12 दिसंबर 2025 की रात करीब 11 बजे से 1 बजे के बीच अज्ञात चोरों ने उनकी दो भैंसें चोरी कर लीं। रात में नींद खुलने पर बाथरूम जाने के बाद उन्होंने देखा कि भैंसें गायब हैं। इसके बाद से लगातार खोजबीन की जा रही है, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।अक्षय कुमार एक भूमिहीन मजदूर हैं और मजदूरी के साथ-साथ भैंसों का दूध बेचकर परिवार का पेट पालते थे। उनके अनुसार, आय का कोई अन्य स्रोत नहीं है। चोरी की इस घटना से परिवार बेहद दुखी है और आगे भरण-पोषण को लेकर चिंतित है। उन्होंने कहा कि अगर भैंसें नहीं मिलीं तो परिवार भुखमरी के कगार पर पहुंच जाएगा।पीड़ित ने थानाध्यक्ष बिजनौर से करबद्ध निवेदन किया है कि मामला संज्ञान में लेकर रिपोर्ट दर्ज की जाए और भैंसों की तलाश की जाए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कार शोरूम के बाहर से मोटरसाइकिल चोरी, मुकदमा दर्ज
राजधानी लखनऊ में वाहन चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला कानपुर रोड स्थित किया कार
शोरूम के बाहर का है, जहां एक व्यक्ति की मोटरसाइकिल चोरी हो गई। पीड़ित ने सरोजनीनगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।पीड़ित राकेश कुमार पुत्र रामदरश विश्वकर्मा, निवासी सुभाष नगर, तेलीबाग (थाना पीजीआई क्षेत्र) ने अपनी तहरीर में बताया कि 19 सितंबर 2025 को वह अपनी हीरो सीडी डीलक्स मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन नंबर UP32 DL 7387) से घर से निकले थे। वह कानपुर रोड पर स्थित किया मोटर्स शोरूम में एसी का काम करने गए थे। मोटरसाइकिल को उन्होंने शोरूम के बाहर सड़क किनारे खड़ी की थी।शाम करीब 6 बजे काम खत्म कर वापस लौटे तो मोटरसाइकिल गायब मिली। राकेश कुमार ने बताया कि उन्होंने उसी दिन से काफी तलाश की, लेकिन बाइक का कोई पता नहीं चला। आज वह थाने पहुंचे और रिपोर्ट दर्ज कराई।पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गहनों के बंटवारे में ननद, भाभी पर गाली-गलौज मारपीट का आरोप
सरोजनीनगर थाना क्षेत्र के शमा विहार कॉलोनी में परिवारिक विवाद सामने आया है। एक महिला ने अपनी ननद पर
गंभीर आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है।पीड़ित शीतल सिंह पत्नी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि उनकी सास का निधन 10 अप्रैल 2025 को हो गया था। सास की मौत के बाद ससुर ने सभी भाई-बहनों में गहने बराबर-बराबर बांट दिए थे। इसके बावजूद उनकी ननद संजना सिंह (पति निलेश कुमार सिंह, जिनकी शादी 14-15 साल पहले विकास नगर लखनऊ में हुई थी) बार-बार उनके घर आकर गाली-गलौज, भद्दी गालियां और मारपीट कर रही हैं। ननद परिवार को घर से निकालने और घर को खंडहर बनाने की धमकी भी दे रही हैं।शीतल सिंह ने थानाध्यक्ष सरोजनीनगर से उचित कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर ली है और जांच की बात कही जा रही है।
ससुराल वालों ने महिला, 6 साल की बेटी पर किया हमला
सरोजनी नगर थाना क्षेत्र के समा बिहार कॉलोनी में एक महिला के साथ उसके ससुराल वालों द्वारा मारपीट का
सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता संजना सिंह ने थाने में दी तहरीर में आरोप लगाया है कि उनकी भाभी सीतल सिंह ने गाली-गलौच कर डंडे से हमला किया। इसके बाद पिता और भाई संतोष सिंह ने भी गाली दी और बाल पकड़कर पीटा, पेट में लात मारी।संजना की 6 वर्षीय बेटी आयुषी सिंह को भी धक्का देकर बाहर निकाल दिया गया। आरोपियों ने धमकी दी कि अगली बार घर आईं तो जान से मार देंगे। घटना 24 जुलाई 2025 की बताई गई है। संजना अपने मायके विकास नगर से नानी से मिलने ससुराल गई थीं।पीड़िता के पति नीलेश कुमार सिंह ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता ने उचित कार्रवाई और मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।
रुस्तम विहार कॉलोनी में इंटरलॉकिंग रोड नाली निर्माण का शिलान्यास
सरोजनीनगर द्वितीय वार्ड 18 की रुस्तम विहार कॉलोनी में नादरगंज मैरिज लॉन (जीतू भाई की दुकान) से सिपेट चौराहे
की ओर 70 मीटर लंबी और 10 मीटर चौड़ी इंटरलॉकिंग रोड तथा नाली निर्माण कार्य का शिलान्यास शुक्रवार को पार्षद रामनरेश रावत (एडवोकेट) ने किया।
पार्षद रामनरेश रावत ने कहा कि यह विकास कार्य महापौर सुषमा खर्कवाल तथा सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह के सहयोग से संभव हो रहा है। शिलान्यास कार्यक्रम में पूजा-अर्चना करवाई गई तथा मंडल अध्यक्ष के.के. श्रीवास्तव और जितेंद्र कुमार सिंह से नारियल तोड़वाकर कार्य का शुभारंभ कराया गया।भाजपा कार्यकर्ता संतोष त्रिपाठी ने बताया कि रुस्तम विहार कॉलोनी में महापौर एवं पार्षद निधि से 7 लाख रुपये की लागत से इंटरलॉकिंग रोड व नाली का निर्माण होगा। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष के.के. श्रीवास्तव तथा पार्षद रामनरेश रावत विशेष रूप से उपस्थित रहे।
संतोष त्रिपाठी ने जनप्रतिनिधियों, भाजपा मंडल कार्यकर्ताओं तथा क्षेत्रवासियों का सहयोग एवं विकास कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह कार्य लखनऊ सांसद एवं केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, महापौर सुषमा खर्कवाल, विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह, भाजपा नेता नीरज सिंह, महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, मंडल अध्यक्ष के.के. श्रीवास्तव तथा पार्षद रामनरेश रावत के अथक प्रयासों से हो रहा है।
बिजनौर में कानून-व्यवस्था को लेकर एसीपी ने की पैदल गश्त
सहायक पुलिस आयुक्त कृष्णानगर रजनीश वर्मा ने प्रभारी निरीक्षक बिजनौर के साथ मिलकर शहर में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से पैदल गश्त की। इस दौरान विशेष फोकस सरवन नगर स्थित झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्र पर रहा, जहां निवासियों की सघन जांच की गई।पैदल गश्त के क्रम में झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले लोगों के पहचान पत्रों की गहन जांच की गई तथा बाहरी व संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष नजर रखी गई।अभियान का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना तथा किसी भी प्रकार की अवांछनीय गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना रहा। गश्त के दौरान स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उन्हें सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया और पुलिस सहयोग की अपील की गई।
लखनऊ-कानपुर हाइवे पर ट्रक ने वैगनआर को घसीटा,ड्राइवर पेट्रोल पंप पर ट्रक छोड़कर फरार
लखनऊ से कानपुर जा रहे एक व्यक्ति की वैगनआर कार को बनी शिवपुरा के पास एक ट्रक ने जोरदार टक्कर मारकर करीब 10 मीटर तक घसीट दिया। इसके बाद कार चालक ने ट्रक को रोकने की कोशिश की तो ट्रक ने पीछे से फिर धक्का मार दिया। ट्रक ड्राइवर ने बनी स्थित पेट्रोल पंप पर ट्रक खड़ा करके मौके से फरार हो गया।शिकायतकर्ता विनोद सिंह (पुत्र स्व. रामप्रसाद सिंह, निवासी A/184 गायत्रीपुरम्, कुर्सी रोड, लखनऊ) ने बताया कि वे अपनी वैगनआर (नंबर UP32EB1128) से लखनऊ से कानपुर जा रहे थे। ट्रक (नंबर UP32LN4141) ने मुख्य मार्ग पर उनकी कार में पीछे से धक्का मार दिया। पुलिस कंट्रोल रूम (100 नंबर) पर कॉल करने के बाद ट्रक पकड़ा गया, लेकिन ड्राइवर भाग निकला।
विनोद सिंह ने थाना बन्थरा में प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग की है। पुलिस ने शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर ट्रक को कब्जे में ले लिया है और ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है। घटना के बाद हाइवे पर कुछ देर जाम की स्थिति रही। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दहेज के लिए विवाहिता को बेरहमी से पीटा
थाना बन्थरा क्षेत्र के गांव तिरवा में दहेज की मांग न पूरी होने पर एक विवाहिता के साथ उसके पति और ससुरालवालों ने बेरहमी से मारपीट की। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि ससुरालवाले 20 लाख रुपये नकद दहेज की मांग कर रहे थे और मना करने पर उसे लात-घूसों, डंडों से पीटा गया तथा गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की गई।
पीड़िता शर्मिला (उम्र करीब 20-22 वर्ष) की शादी 17 जून 2023 को हिंदू रीति-रिवाज से जितेंद्र कुमार पुत्र मुन्नीलाल से हुई थी। दोनों के बीच एक डेढ़ साल का बेटा आरूही भी है, जो फिलहाल मां के साथ है। शर्मिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शादी में उसके मायके वालों ने सामर्थ्य अनुसार सोने की चेन, अंगूठी, ग्लैमर मोटरसाइकिल समेत करीब 7 लाख रुपये का सामान और नकद खर्च किया था।शिकायत के अनुसार, शादी के बाद से ही पति जितेंद्र, ससुर मुन्नीलाल, सास रूपरानी, ननदें नीलू, सरला, प्रीति और भाभी अनुराग दहेज कम होने का ताना मारते और प्रताड़ित करते रहे। वे 20 लाख रुपये नकद लाने की मांग करते थे और न देने पर जिन्दा जला कर मार डालने की धमकी देते थे।यह घटना मई 2025 की शाम करीब 5 बजे की बताई गई है। आरोप है कि सभी आरोपी एकजुट होकर दहेज की मांग करने लगे। मना करने पर गाली-गलौज की, गिराकर लात-घूसों और डंडों से पीटा तथा गला दबाकर हत्या की कोशिश की। शोर मचाने पर पीड़िता ने मायके सूचना दी। उसके भाई प्रमोद और भाभी रिंकी बचाव में आए तो उन्हें भी मारा-पीटा गया और अपमानित किया गया। आरोपियों ने सभी को घर से भगा दिया और धमकी दी कि दहेज लेकर ही आना, वरना पैर नहीं रखने देंगे और हत्या कर देंगे।फिलहाल शर्मिला अपने मायके में पिता-भाई के साथ रह रही है। उसने थाना बन्थरा पुलिस को शिकायत दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब पुलिस कमिश्नर लखनऊ को प्रार्थना-पत्र देकर मुकदमा दर्ज करने और जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है।
नशे में धुत ड्राइवर ने मोटरसाइकिल को मारी टक्कर,दो लोग गंभीर रूप से घायल; चालक फरार
बंथरा थाना क्षेत्र में 11 दिसंबर को दिन के करीब 3 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। नशे की हालत में टाटा चेसिस (नंबर UP32ATC236, चेसिस नंबर MAT449315T5L00776) का चालक लहराती हुई गाड़ी चलाते हुए कटी बगिया से नीवां मोड़ की ओर जा रहा था। प्रधान धर्म काटा के निकट मंदिर के पास इसने मोटरसाइकिल (नंबर UP32QP0677) में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि चेसिस मोटरसाइकिल के पिछले पहिए पर चढ़ते हुए निकल गई।मोटरसाइकिल पर सवार रंजीत पुत्र किशुन (सिद्धार्थनगर निवासी) और उनका चचेरा भाई अजय पुत्र ब्रिजलाल गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों के सिर और जबड़े में गहरी चोटें आई हैं। हादसे के बाद चेसिस चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।घायलों को सबसे पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र असोहा (उन्नाव) ले जाया गया, जहां से उन्हें पीजीआई लखनऊ रेफर कर दिया गया। पीजीआई में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को आयांश सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल (सेक्टर 20, वृंदावन योजना, लखनऊ) में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।घायलों के भाई बीरू पुत्र किशुन ने इलाज में व्यस्तता के कारण 17 दिसंबर को बंथरा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर चालक की तलाश और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
बिजनौर के कासिम खेड़ा में लाखों की चोरी,सोने-चांदी के जेवरात और 12 हजार रुपये नकद चोरी
बिजनौर थाना क्षेत्र स्थित ग्राम कासिम खेड़ा में चोरी की वारदात सामने आई है। पीड़ित सतीश यादव पुत्र स्व द्वारिका प्रसाद ने थाने में दी तहरीर में बताया कि 17 दिसंबर को सुबह करीब 6 बजे उन्होंने और उनकी पत्नी कुमकुम ने देखा कि घर के कमरे से चोरी हो गई है।सतीश यादव ने बताया कि वे दोनों बाहर वाले कमरे में सो रहे थे। पत्नी से पूछताछ करने पर पता चला कि सोने-चांदी के जेवरात और 12 हजार रुपये नकद गायब हैं। जेवरात की लिस्ट बाद में अलग से दी जाएगी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बिजनौर से ब्लैक स्प्लेंडर प्लस बाइक चोरी
बिजनौर थाना क्षेत्र में एक बार फिर बाइक चोरी की वारदात सामने आई है। हमीरपुर जिले के निवासी अनुज त्रिपाठी पुत्र धर्मेंद्र त्रिपाठी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उनकी हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन नंबर UP32MC9395, कलर ब्लैक) 26 नवंबर 2025 को शाम करीब 6:30 बजे चोरी हो गई।चोरी की जगह कैलाश अवध साइट, ओमैक्स सिटी गेट के बगल में बिजनौर रोड पर लक्ष्मा अपार्टमेंट के पास बताई गई है। अनुज त्रिपाठी (निवासी भरुआ सुमेरपुर, जिला हमीरपुर, पिन-210502) ने बताया कि उन्होंने बाइक की काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।शिकायत में अनुरोध किया गया है कि चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर बाइक की तलाश की जाए और उचित कार्रवाई हो। शिकायत 14 दिसंबर 2025 को दी गई।पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फेक आईडी बनाकर अश्लील सामग्री वायरस करने की धमकी
सरोजनीनगर थाना क्षेत्र के जयराजपुरी हाईडिल कॉलोनी निवासी ने मेरी बेटी के नाम से फेक सोशल मीडिया अकाउंट बनाकर अश्लील सामग्री वायरल करने का सनसनीखेज मामला दर्ज कराया है।शिकायतकर्ता ने थाना प्रभारी सरोजनीनगर को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि बलिया जिले के ग्राम डिहवा, थाना नगरा निवासी आशीष गुप्ता पुत्र जयप्रकाश गुप्ता ने उनकी बेटी के नाम से फेसबुक पर फेक आईडी और इंस्टाग्राम पर यूजरनेम से फर्जी अकाउंट बनाया। आरोपी ने इसमें के साथ कमेंट कर अश्लील फोटो और वीडियो वायरल किए हैं।साथ ही, आरोपी ने नए साल पर गूगल क्रोम के जरिए और अश्लील सामग्री पोस्ट कर विदेश भागने की धमकी दी है। पीड़िता पक्ष ने इसकी शिकायत पहले साइबर क्राइम ब्रांच हजरतगंज में की थी, जहां शिकायत संख्या 4143/25 और 6288/25 दर्ज है। पीड़ित ने थाना प्रभारी से आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शांति नगर में युवकों ने छात्र उसके दोस्त की कर दी पिटाई
सरोजनीनगर थाना क्षेत्र के शांति नगर में 20 फरवरी 2025 को एक सनसनीखेज मारपीट की घटना सामने आई है। पीड़ित कृष्णा तिवारी पुत्र राकेश तिवारी ने थाना अध्यक्ष सरोजनीनगर को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि वह परीक्षा की तैयारी के लिए जरूरी सामान लेने घर से निकला था, तभी रास्ते में खड़े हर्ष चौधरी, शौर्य चौधरी और युवराज ने उसे और उसके दोस्त करण मौर्या को बुरी तरह मारा-पीटा।पीड़ित के अनुसार, हमले में उन्हें और उनके दोस्त को गंभीर चोटें आईं। इसके बाद जब उनकी बहन और मां घटनास्थल पर पहुंचीं, तो आरोपियों ने उन्हें भी पीटा। तहरीर में कहा गया है कि यह हमला अकारण था और आरोपियों ने जानबूझकर मारपीट की।पीड़ित कृष्णा तिवारी और करण मौर्या ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
बलवा हत्या के प्रयास में मुख्य आरोपी गिरफ्तार,स्कॉर्पियो गाड़ी सीज और कारतूस बरामद
थाना बिजनौर क्षेत्र में बलवा, जान से मारने की धमकी और हत्या के प्रयास की घटना में मुख्य आरोपी दिलीप यादव को
पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी प्रॉपर्टी डीलर है और उसका आपराधिक इतिहास रहा है।
पुलिस के अनुसार, 16 दिसंबर 2025 को बलसिंह खेड़ा निवासी रामकुंवर ने तहरीर देकर दिलीप यादव और उसके 7 साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। मुकदमा संख्या 0344/2025 के तहत भारत न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में केस पंजीकृत हुआ। आरोप है कि आरोपी अपने साथियों के साथ वादी के घर पर पहुंचे, लाठी-डंडों से हमला किया, ईंट-पत्थर फेंके, गाली-गलौज की और जान से मारने की नीयत से फायरिंग की।मुखबिर की सूचना पर 16 दिसंबर की रात करीब 11:10 बजे जंगलीखेड़ा मोड़ से मुख्य आरोपी दिलीप यादव (27 वर्ष, पुत्र अजयपाल यादव, निवासी बलसिंह खेड़ा) को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने अपराध कबूल कर लिया। घटना में इस्तेमाल सफेद रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी (नंबर UP32PZ2121) को कागजात न होने के कारण सीज किया गया। घटनास्थल से दो खाली कारतूस भी बरामद हुए।
आरोपी दिलीप यादव का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है, जिसमें बलात्कार, हत्या के प्रयास और मारपीट जैसे गंभीर मामले शामिल हैं। उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है, जबकि अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
नाबालिग को भगा ले जाने वाला दुष्कर्मी गिरफ्तार
सरोजनीनगर थाना पुलिस ने एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है, एक 15 वर्षीय नाबालिग लड़की को बहला-
फुसलाकर भगा ले गया था और उसके साथ दुष्कर्म किया था।पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान भीम रावत उर्फ राघव (उम्र करीब 19 वर्ष), पुत्र स्व छोटेलाल, निवासी ग्राम गहरू, थाना सरोजनीनगर के रूप में हुई है। घटना 28 नवंबर 2025 की है, जब पीड़िता की मां ने थाने में शिकायत दर्ज कराई कि आरोपी ने उनकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर भगा लिया है।इस पर तुरंत मुकदमा संख्या 405/2025 दर्ज किया गया, जिसमें भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2)/87 के तहत मामला पंजीकृत हुआ। बाद में पीड़िता को बरामद कर उसके बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर धारा 65(1) बीएनएस तथा पोक्सो एक्ट की धारा 3/4 जोड़ी गई।ग गुरुवार मुखबिर की सूचना पर सरोजनीनगर पुलिस टीम ने आरोपी को गहरू अंडरपास के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
डॉ. राजेश्वर सिंह का कांग्रेस-सपा पर तीखा हमला,भ्रष्टाचार पर्यावरण विनाश और चुनिंदा संवेदना पर उठाए सवाल
सरोजनीनगर विधायक एवं वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. राजेश्वर सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर सिलसिलेवार पोस्ट के
माध्यम से कांग्रेस और समाजवादी पार्टी की राजनीतिक विश्वसनीयता, नैतिक साहस तथा सार्वजनिक जवाबदेही पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि सत्ता में रहते हुए नीतिगत भ्रष्टाचार, प्रशासनिक विफलताओं और पर्यावरणीय विनाश से जुड़े रहे दलों को आज देश को नैतिकता, संविधान और सुशासन का उपदेश देने का कोई अधिकार नहीं है।
कांग्रेस को घोटालों की याद
डॉ. सिंह ने कांग्रेस शासनकाल के प्रमुख घोटालों जैसे 2G स्पेक्ट्रम, कोल ब्लॉक आवंटन, कॉमनवेल्थ गेम्स, अगस्ता वेस्टलैंड, आदर्श हाउसिंग, INX मीडिया और कैश-फॉर-वोट्स का जिक्र किया। उन्होंने जोर देकर कहा कि ये राजनीतिक आरोप नहीं, बल्कि CAG रिपोर्ट्स, सुप्रीम कोर्ट के फैसलों और संवैधानिक संस्थाओं के रिकॉर्ड का हिस्सा हैं। राजनीतिक स्मृति सुविधानुसार नहीं चलती और देश जवाबदेही से आगे बढ़ता है।
सपा पर पर्यावरण विनाश का आरोप
उत्तर प्रदेश में सपा शासन के दौरान अवैध रेत खनन, नदियों के फ्लडप्लेन से छेड़छाड़, सीवेज-औद्योगिक कचरे का नदियों में बहाव, बड़े पैमाने पर वृक्ष कटान और प्रदूषकों पर कमजोर कार्रवाई को डॉ. सिंह ने नीतिगत लापरवाही और राजनीतिक संरक्षण का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि पर्यावरणीय क्षति दुर्घटना नहीं, बल्कि कमजोर शासन की उपज थी। ऐसे दलों को आत्ममंथन करना चाहिए।
सिडनी आतंकी हमले पर विपक्ष की चुप्पी
ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में बॉन्डी बीच पर हनुक्का उत्सव के दौरान हुए आतंकी हमले में 15 निर्दोष लोगों की हत्या पर कांग्रेस और सपा नेतृत्व की चुप्पी पर डॉ. सिंह ने तीखी आलोचना की। उन्होंने सवाल उठाया कि आतंकवाद की निंदा बिना शर्त और सार्वभौमिक होनी चाहिए, वोट-बैंक या भूगोल देखकर नहीं। यह चुप्पी चुनिंदा विवेक और नैतिक दिवालियापन दर्शाती है, जो सामुदायिक एकता को कमजोर करती है।
सनातन संस्कृति पर मौन
डॉ. सिंह ने राहुल गांधी और अखिलेश यादव से पूछा कि उन्होंने कब सनातन धर्म को भारत की सभ्यतागत आत्मा के रूप में स्पष्ट स्वीकार किया, कब हिंदू मंदिरों के संरक्षण या धार्मिक कट्टरता के खिलाफ नाम लेकर निंदा की, मंदिर दर्शन व्यक्तिगत आस्था हो सकती है, लेकिन सनातन और हिंदू संस्थानों पर मौन राजनीतिक स्टैंड है। जब सत्ता सर्वोपरि हो जाती है, तो नैतिकता ‘संतुलन’ और चुप्पी ‘परिपक्वता’ कहलाने लगती है, जिससे जनता का भरोसा टूटता है।अंत में डॉ. सिंह ने कहा कि राजनीति का उद्देश्य वोट तौलना नहीं, बल्कि देश और समाज की रक्षा करना है। देश आज चुप नहीं, सवाल कर रहा है। रिकॉर्ड सार्वजनिक हैं और इतिहास चुप्पियों का भी हिसाब रखता है।
