-परेशान किसानों ने लगाई मुआवजे की गुहार
- REPORT BY:A.S.CHAUHAN || EDITED BY:AAJ NATIONAL NEWS
लखनऊ।सरोजनीनगर क्षेत्र में पिछले तीन दिनों से रुक-रुककर हो रही बरसात और चक्रवाती तूफान ‘मोंथा’ के असर ने किसानों की कमर
तोड़ दी है। धान और उड़द की फसलें पानी में डूबकर बर्बाद हो रही हैं, जबकि कटी हुई फसलें सड़ने लगी हैं। जिले भर में मायूसी का आलम है, क्योंकि इसी फसल की आय से किसान गेहूं की बुवाई और पारिवारिक खर्च चलाते हैं। यदि मौसम शीघ्र साफ न हुआ, तो रबी सीजन भी खतरे में पड़ सकता है।लगातार बारिश ने खेतों को दलदल में बदल दिया है।
सरोजनीनगर, गौरी, बिजनौर, बंथरा, बनी, हरौनी, चंद्रावल, नूर नगर भदरसा,कुरौनी, बेंती जैसे आदि गांवों में धान की खड़ी फसलें गिर गई हैं। कहीं कटाई का इंतजार कर रही फसलें पूरी तरह पानी में डूब चुकी हैं, तो कहीं कटी पड़ी उड़द की फलियां सड़ रही हैं। बची हुई फसलें पुनः अंकुरित होने की कगार पर हैं, जिससे बाजार में उनकी कोई कीमत नहीं बचेगी।किसानों का कहना है कि उन्होंने कर्ज लेकर बीज और खाद डाले थे, लेकिन अब फसल नष्ट होने से ऋण चुकाना मुश्किल हो गया है। “हमारी सालभर की मेहनत मिट्टी में मिल गई। दीपावली के बाद ये बारिश ने सब कुछ छीन लिया,” एक किसान ने बताया। विशेषज्ञों के अनुसार, चक्रवात ‘मोंथा’ के कारण उत्तर प्रदेश के कई जिलों में ऐसी स्थिति बनी है, जहां धान की कटाई रुक गई है और जलनिकासी की सलाह दी जा रही है।
किसानों ने शासन-प्रशासन से तत्काल फसल सर्वे कराने और पर्याप्त मुआवजा देने की मांग की है। “कम से कम गेहूं की बुवाई तो हो सके, वरना परिवार का भरण-पोषण कैसे चलेगा,” उन्होंने कहा। स्थानीय लोग चेतावनी दे रहे हैं कि यदि राहत न मिली, तो किसान आर्थिक तंगी और मानसिक तनाव में डूब सकते हैं। जिला प्रशासन ने सर्वे की तैयारी शुरू कर दी है, लेकिन किसान उम्मीदों के साथ आसमान की ओर टकटकी लगाए हैं।
प्लॉट रजिस्ट्री न करने पर विक्रेता की धमकी
छाया यादव ने 2011 में जगदत्त वर्मा से 1000 वर्ग फीट प्लॉट (स्कूटर इंडिया, कानपुर रोड) 2.69 लाख में 7 साल की किस्तों पर खरीदा, लेकिन 6 लाख से अधिक वसूलने के बाद भी रजिस्ट्री नहीं की। 28 सितंबर 2023 को वर्मा ने लिखित में पूर्ण भुगतान स्वीकार कर 20 अक्टूबर तक रजिस्ट्री का वादा किया, जो पूरा नहीं हुआ।महिला ने प्लॉट पर 1 लाख खर्च कर मकान बनाया, कब्जा भी लिया। अब वर्मा धमकी दे रहा “प्लॉट छोड़ो वरना जान से मार देंगे।पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर लिया है।
चलती गाड़ी से चोरी हुए 2 लाख रुपये की सिगरेट
सरोजनीनगर थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर में उस समय सनसनी फैल गई, जब चलती ट्रक से दो अज्ञात चोरों ने पीछा करके फिटनेस ग्राउंड पार्किंग नंबर 9 के सामने से सिगरेट के दो गत्ते चुरा लिए। चोरी गए माल की कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई जा रही है। मालिक ने थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़ित के अनुसार, गाड़ी मालिक दीपक सिंह पुत्र ओमकार नाथ सिंह (निवासी सरोजनीनगर, लखनऊ) की ट्रक संख्या UP32WN3309 दिनांक 16 अक्टूबर 2025 को गॉडफ्रे फिलिप्स इंडिया लिमिटेड (ई-213, ट्रांसपोर्ट नगर, लखनऊ) से सिगरेट का माल लोड करके बलरामपुर स्थित श्री राम ट्रेडिंग कंपनी (नई बाजार, तुलसीपुर) के लिए रवाना हुई थी। ड्राइवर राहुल कुमार शुक्ला गाड़ी चला रहा था।कंपनी के सामने से ही दो अज्ञात चोरों ने गाड़ी का पीछा शुरू कर दिया और फिटनेस ग्राउंड पार्किंग नंबर 9 के पास पहुंचकर सिगरेट के दो गत्ते निकालकर फरार हो गए।
भूमि विवाद में जानलेवा हमला, पति-पत्नी पर फावड़ा-ईंट से वार
थाना बिजनौर क्षेत्र के ग्राम माती में खसरा नंबर 1470 (रकबा 14 बिस्वा) पर अवैध कब्जा रोकने गई नेहा पाल व उनके पति मनीष पाल पर गांव के दबंग कुलदीप यादव, गुरबक्श उर्फ हरिप्रसाद यादव, संदीप, राजू, संजय यादव समेत परिवार की महिलाओं व रिश्तेदारों ने फावड़ा, ईंट, लाठी-डंडों से हमला कर घायल कर दिया। पुलिस पहले भी अवैध निर्माण पर कार्रवाई कर चुकी है, लेकिन आरोपी नहीं माने। पीड़िता के पास रजिस्ट्री, दाखिल-खारिज व लेखपाल रिपोर्ट है; आरोपियों के पास कोई कागज नहीं। हमले के दौरान धमकी दी गई कि “अब बाबा की सरकार है, सपा आएगी तो परिवार मिटा देंगे”। नेहा पाल ने 29 अक्टूबर को थाने में तहरीर दी, मांग की गई है कि मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई हो। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर लिया है।
गांव गए परिवार के घर चोरी, 27 लाख के गहने-नकदी चोरी
औरंगाबाद जागीर स्थित 14 लक्ष्मी इन्कलेव, रॉयल सिटी में छठ पर्व मनाने गांव गए परिवार के लौटते ही घर में चोरी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। चोरों ने अलमारी व लॉकर तोड़कर लगभग 25 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के गहने व 2 लाख रुपये नकद चुरा लिए। किचन की खिड़की का ग्रिल तोड़कर चोर घर में दाखिल हुए थे।गृहस्वामी संजय कुमार सिंह ने बताया कि वे 25 अक्टूबर को सपरिवार देवरिया के गांव सरयां छठ मनाने गए थे। 30 अक्टूबर को दोपहर 3:30 बजे लखनऊ लौटे तो मुख्य दरवाजे का ताला खोल घर में घुसे। अंदर अलमारी-लॉकर खुले मिले, सामान बेड पर बिखरा पड़ा था। लॉकर में रखा गहनों का बक्स खाली था।इसमें 2 हार,2 कान के सेट,3 सोने की चेन,सोने की गणेश जी लॉकेट,1 ओम लॉकेट (सोने का),4 सोने की बाली,5 पुरुष अंगूठी,8 महिला अंगूठी,5 सेट ईयररिंग,4 सेट टॉप्स,8 सोने की चूड़ी,2 कंगन (सोने के),7 पायल (चांदी के) जिनकी कीमत करीब 25 लाख रुपये + 2 लाख नकद = 27 लाख रुपये चोरी हुए
सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी औरंगाबाद मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की फोटोग्राफी व साक्ष्य संकलन किया। पीड़ित ने थाना बिजनौर में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है।पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी है। क्षेत्र में चोरी की घटनाओं को लेकर लोग दहशत में हैं।
मामूली बारिश में डूबता रास्ता, ग्रामीणों का रोज़ाना संघर्ष,ग्राम सभा बनी में हाईवे अंडरपास नीचे भरा पानी
ग्राम सभा बनी में राष्ट्रीय राजमार्ग पर बना अंडरपास जलभराव की गंभीर समस्या से जूझ रहा है। थोड़ी सी बारिश होते ही यह अंडरपास पानी
से लबालब भर जाता है, जिससे नारायण खेड़ा सहित आसपास के दर्जनों गांवों के निवासियों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। लगभग हर मौसम में पानी भरा रहने के कारण यह स्थल स्थानीय लोगों के लिए ‘मौत का कुआं’ बन चुका है, लेकिन प्रशासन की ओर से पानी निकासी की कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई है।ग्रामीणों के अनुसार, अंडरपास का निर्माण तो भव्य हुआ, लेकिन जल निकासी के लिए कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किया गया। बारिश का पानी अंडरपास में जमा होकर दिनों तक खड़ा रहता है, जिससे कीचड़ और गंदगी फैल जाती है। “मामूली बूंदाबांदी में ही यहां तक पानी भर जाता है। स्कूल जाने वाले बच्चे, दफ्तर जाने वाले लोग और किसानों को या तो घंटों इंतजार करना पड़ता है या जोखिम भरे वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ता हैं।यह समस्या केवल मानसून तक सीमित नहीं है। सर्दियों में भी हल्की फुहार या नमी से पानी जमा हो जाता है, क्योंकि अंडरपास के नीचे ड्रेनेज सिस्टम पूरी तरह अनुपयोगी है। आसपास का बहकर आने वाला पानी भी यहीं रुक जाता है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है।
कार डिवाइडर से टकराई 6 घायल,महिला की हालत गंभीर
शुक्रवार दोपहर बिजनौर थाना क्षेत्र के शहीद पथ रोड पर औरंगाबाद के पास एक कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में कार सवार छह लोग घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल लोक बंधु अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से एक महिला की गंभीर हालत को देखते हुए ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।पुलिस के अनुसार, घायल लखीमपुर खीरी के मोतीपुर निवासी रमेश कुमार (40), उनकी पत्नी रीता (35), शिवम मौर्या (35), उनकी पत्नी प्रियांशु (32), अंशिका (15) और प्रज्ञा मौर्या (10) हैं। ये सभी अयोध्या दर्शन कर वापस लौट रहे थे। दोपहर करीब 1 बजे कार का नियंत्रण अचानक बिगड़ गया और वह डिवाइडर से टकराते हुए पुल की रेलिंग में जा घुसी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला टायर फट गया और वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा। रीता की हालत नाजुक बताई जा रही है, जबकि अन्य का उपचार लोक बंधु अस्पताल में जारी है।
