LUCKNOW:लाखों दीयों की लौ से जगमगा उठी काशी,क्लिक करें और भी खबरें

-सामूहिक गंगा आरती ने श्रद्धालुओं को किया मंत्रमुग्ध,मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह पहुंचे गंगा घाट

  • REPORT BY:K.K. VARMA || EDITED BY:AAJ NATIONAL NEWS DESK 

लखनऊ 5 नवंबर।विश्व प्रसिद्ध देव दीपावली के पावन अवसर पर काशी ने एक बार फिर अपने सांस्कृतिक और आध्यात्मिक वैभव का अद्वितीय प्रदर्शन किया।देवताओं की दिवाली के नाम से विख्यात दीप पर्व बुधवार की शाम उस समय चरम पर पहुंच गया, जब गंगा के दोनों तट लाखों दीयों की रोशनी से जगमगा उठे। दुनिया का सबसे प्राचीन शहर मानो प्रकाश और भक्ति की दिव्य आभा में नहा उठा।

इस भव्य आयोजन में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं गंगा तट पर पहुंचे। मुख्यमंत्री के साथ पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह भी उपस्थित रहे।देव दीपावली के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने गंगा तट पर दीप प्रज्ज्वलित कर इस अलौकिक पर्व की आस्था और दिव्यता को लाखों श्रद्धालुओं के साथ साझा किया। 15 लाख से अधिक दीयों के आलोक से काशी प्रकाशमय हो उठा। काशी वासियों के साथ देश-विदेश से पधारे पर्यटक भी इस अद्भुत प्रकाश उत्सव का हिस्सा बने।

घाटों पर जले दीयों की अनगिनत पंक्तियों ने पूरी नगरी को दिव्य और आध्यात्मिक आभा से आलोकित किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल नेतृत्व में काशी आज वैश्विक संस्कृति, श्रद्धा और नवाचार की अग्रणी धुरी के रूप में स्थापित हुई है। लाखों दीपों से आलोकित घाट और नगर भर में की गई सामूहिक गंगा आरती ने नई ऊर्जा, एकता और नई भारत की सामूहिक भावना को साकार रूप दिया है। देव दीपावली का पर्व सांस्कृतिक गौरव, पर्यावरणीय संवेदनशीलता और उत्कृष्ट आयोजन क्षमता का जीता-जागता प्रमाण है।

देव दीपावली की संध्या काशी के समस्त घाट दीयों की रोशनी से जगमगा उठे। लाखों दीपों की सुसज्जित पंक्तियों ने गंगा के प्रवाह को मानों तारों की उजली धारा में बदल दिया। मंदिरों, घाटों और गलियों में की गई दीप सज्जा से पूरा शहर प्रकाशित हो उठा। नमो घाट, दशाश्वमेध घाट, शीतला घाट और अस्सी घाट पर विशेष गंगा आरती का आयोजन किया गया। आरती के दौरान घंटों की ध्वनि, शंखनाद और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत हो उठा।

श्रद्धालुओं और पर्यटकों की बड़ी संख्या इस दिव्य आयोजन की साक्षी बनी।काशी में इस वर्ष पहली बार मुख्य चार घाटों के अतिरिक्त गाय घाट, पंचगंगा घाट, दंडकारिणी घाट और तुलसी घाट सहित आठ प्रमुख घाटों पर सामूहिक गंगा आरती का आयोजन किया गया। इस एकीकृत आरती व्यवस्था ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों को एक समन्वित और समावेशी अनुभव प्रदान किया, जिससे गंगा तट के किसी भी हिस्से पर मौजूद लोग दिव्य आरती के दर्शन से वंचित न रहें।वाराणसी के 88 घाटों पर प्रकाश सज्जा और दीप प्रज्ज्वलन की जिम्मेदारी 83  समितियों और विभागीय दलों ने संभाली।

घाटों पर लगभग 08 लाख दीपों की रोशनी जगमगायी, जबकि शहर के 97 प्रमुख स्थलों पर अतिरिक्त 02 लाख दीप प्रज्वलित किए गए। आम लोगों और श्रद्धालुओं ने भी दीप प्रज्ज्वलित किए। कुल मिलाकर 15 लाख से अधिक दीयों की एक साथ जगमगाहट ने संपूर्ण काशी की भव्यता को अविस्मरणीय बना दिया।ग्रीस से वाराणसी पहुंची पर्यटक मेलिसा ने देव दीपावली के अद्भुत आयोजन पर भावनाएं व्यक्त की। ऐसा आध्यात्मिक और दिव्य दृश्य पहले कभी नहीं देखा। एक साथ जलते लाखों दीयों से मानो ऐसा प्रतीत हुआ कि जैसे आसमान और धरती एक हो गए हों।श् मेलिसा ने घाटों पर गूंजते मंत्रोच्चार को जीवन का यादगार अनुभव बताया। कई अन्य देशों से आए पर्यटक भी देव दीपावली का हिस्सा बने। प्रकाश पर्व को अपने कैमरों में कैद किया।

देव दीपावली 2025 ने एक बार फिर सिद्ध किया कि वाराणसी यूं ही दुनिया के चुनिंदा प्राचीन नगरों में से एक नहीं है। यहां की परंपरा दुनियाभर के लोगों को आकर्षित करती है। रंग-बिरंगी प्रकाश सज्जा, स्वच्छ घाट और सांस्कृतिक आयोजनों ने सम्पूर्ण काशी को आस्था और उल्लास के भव्य मंच में बदल दिया।  आयोजन में मंत्री स्टाम्प तथा न्यायालय शुल्क एवं पंजीयन रवींद्र जायसवाल, जनप्रतिनिधियों, वाराणसी के मेयर अशोक तिवारी एवं पर्यटन विभाग के अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

बीजेपी के राष्ट्रीय महामंत्री ने वर्चुअली की पदाधिकारियों के साथ मंत्रणा,पदयात्राओं की तैयारी की समीक्षा

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी तथा प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह के साथ प्रदेश, क्षेत्र एवं जिला टीम के साथ वर्चुअल संवाद किया। सरदार पटेल 150वीं जयंती समारोह अभियान के तहत 10 नवम्बर से विधानसभा स्तर पर प्रारम्भ होने वाली पदयात्राओं की तैयारियों की समीक्षा के साथ प्रभावी कार्यक्रमों की कार्ययोजना पर चर्चा हुई।भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल ने कहा कि सरदार पटेल 150वीं जयंती समारोह अभियान के तहत कार्यक्रमों की बड़ी श्रृंखला है, जो राष्ट्रसेवा में समर्पित उनके जीवन को लोकव्यापी बनाने का माध्यम बनेगें। 10 नवम्बर से प्रारम्भ होने वाली पदयात्राऐं प्रत्येक विधानसभा में 8 किलोमीटर की यात्रा तय करते हुए पांव-पांव-शहर, गली, गांव तक पहुंचेगी। भाजपा के 1000 से अधिक कार्यकर्ता यात्रा प्रारम्भ स्थान से लेकर समापन तक साथ रहेंगे। विभिन्न सामाजिक संगठन, व्यापारी संगठन, एनजीओ, मजदूर, किसान, अधिवक्ता, शिक्षक, युवा तथा महिलाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों में काम करने वाले संगठन भी पदयात्रा में साथ चलेंगे।
उन्होंने कहा कि पद यात्राओं में प्रत्येक 2 किलोमीटर पर पड़ाव रहेगा। इस तरह पूरी यात्रा के दौरान कुल 4 पड़ाव होंगेे। प्रथम पडाव पर वृक्षारोपण के कार्यक्रम आयोजित किये जाएगें। द्वितीय पड़ाव पर किसी खिलाड़ी, साहित्यकार, सामाजिक कार्यकर्ता, व्यापारी नेता, अभिनेता, अधिवक्ता जैसे किसी विशिष्ठ व्यक्ति का उद्बोधन होगा। जबकि तृतीय पड़ाव पर गायन, नाटक सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से सरदार पटेल द्वारा राष्ट्र नवनिर्माण में किये गए योगदान का मंचन किया जाएगा। यात्रा के चतुर्थ पड़ाव समापन स्थल पर बड़ी जनसभा का आयोजन किया जाएगा।प्रदेश महामंत्री संजय राय ने बताया कि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी तथा प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह के दिशा-निर्देशन में प्रदेश में अभियान को लेकर तैयारियां अन्तिम चरण में है। यह अभियान सरदार पटेल के महान व्यक्तित्व को जन-जन तक पहंुचाने का माध्यम बनेगा। पदयात्राएं संपर्क, संवाद के साथ जनमानस को अभियान से जोड़कर राष्ट्र प्रथम के भाव से जोड़ने का काम करेगी।

कोई पात्र व्यक्ति मतदाता बनने से छूटे न और  अपात्र मतदाता सूची में रहे न,कार्यकर्ता को मतदाता पुनरीक्षण अभियान में मुस्तैदी से जुटना है-धर्मपाल

बीजेपी के प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने मतदाता पुनरीक्षण अभियान की बैठक में कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता पदाधिकारी तथा जनप्रतिनिधि को अभियान में मुस्तैदी से जुटना है और हर गांव, हर घर, हर व्यक्ति तक पहुंचकर सभी पात्र लोगों का नाम मतदाता सूची में जुड़वाना है। कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता बनने से छूटे न और किसी भी अपात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में रहे न, इसी संकल्प की सिद्धि के लिए सबको अभियान में प्रभावी रूप से सम्मिलित होना है। धर्मपाल सिंह बाराबंकी में मंडल अध्यक्षों एवं विधानसभा संयोजको को सम्बोधित कर रहे थे। मतदाता पुनरीक्षण अभियान सबसे महत्वपूर्ण अभियान है। मतदाता पुनरीक्षण में एक भी पात्र सूची में न छूटने पाएं इसका पूरा ध्यान रखना है तथा बोगस मतदाता के नाम सूची में शामिल न हो सके इसको भी सुनिश्चित करना है।  अभियान के तहत जिला एवं विधानसभा स्तर पर वॉर रूम बनाना है। जो प्रदेश स्तर पर बनने वाले वॉर रूम से जुडेगें। बीएलए-1 का काम विधानसभा के बीएलए-2 से सम्पर्क बनाने तथा उनके काम में सहयोग करने का है।  बीएलए-2 चुनाव आयोग की ओर भाजपा का अधिकृत प्रतिनिधि होगा। इसलिए बीएलए-2 का चयन बहुत गंभीरता और सतर्कता से करना होगा। बीएलए-1 तथा बीएलए-2 के साथ ही पार्टी द्वारा बूथ प्रवासी बनाए जाएगें। तीनों मिलकर मतदाता पुनरीक्षण के काम में जुटेगें। बूथ स्तर पर इन तीनों लोगों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी रहेगी। प्रत्येक कार्यकर्ता, पदाधिकारी तथा जनप्रतिनिधि मतदाता पुनरीक्षण अभियान में प्रभावी भूमिका निभाएगा। मतदाता पुनरीक्षण से प्रमाणिकता बढेगी। प्रत्येक पात्र व्यक्ति मतदाता बनेगा और अपात्र व्यक्तियों के नाम मतदाता सूची से बाहर होगें।

दोहरीघाट में विकास की नई इबारत

नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ने 36 करोड़ की 79 परियोजनाओं का किया लोकार्पण व शिलान्यास

-सरकार हर नगर को बना रही है आदर्श नगर

उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने आदर्श नगर पंचायत दोहरीघाट में सरयू नदी के तट पर आयोजित भव्य जनसमारोह में 36 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 79 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।इन परियोजनाओं में वंदन योजना, दीनदयाल नगर विकास योजना तथा अन्य नगर विकास योजना अंतर्गत कई महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं,जैसे पेयजल आपूर्ति नेटवर्क का विस्तार, जल निकासी एवं नाली निर्माण, सड़क सुदृढ़ीकरण, ओपन जिम, पार्क एवं हरित क्षेत्र विकास, सॉलिड वेस्ट प्रबंधन, स्ट्रीट लाइटिंग, सार्वजनिक शौचालय और नगर सौंदर्यीकरण के कार्य। श्री शर्मा ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि विकास जनता की सेवा का माध्यम है, इसे रुकने नहीं देंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार पूरे प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। विकास कार्य जनता की सेवा का सबसे सशक्त माध्यम है। यह सरकार न तो कार्य से पीछे हटती है और न ही जिम्मेदारी से। हमारा लक्ष्य है कि प्रत्येक नगर, प्रत्येक मोहल्ला और प्रत्येक नागरिक को बेहतर जीवन-स्तर और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। प्रदेश में नगर विकास विभाग ने ‘स्वच्छ नगर  स्वस्थ नागरिक सशक्त प्रदेश’ के संकल्प को लेकर कार्य प्रारंभ किया है। हर नगर में पेयजल, जल निकासी, सड़क, नाली, स्ट्रीट लाइट और स्वच्छता जैसी बुनियादी सुविधाएँ तेजी से विकसित की जा रही हैं।सरकार का उद्देश्य केवल ईंट और सीमेंट से निर्माण कराना नहीं है, बल्कि लोगों के जीवन में वास्तविक सुधार लाना है। हर नागरिक को सुविधाजनक, सुरक्षित और सम्मानजनक शहरी जीवन देना हमारी प्राथमिकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच है  “सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास”, इसी भावना के साथ सरकार गांवों से लेकर नगरों तक विकास की अलख जगा रही है। जनता की भागीदारी के बिना कोई भी योजना पूर्ण नहीं हो सकती।नगरों के विकास में नागरिकों की सक्रिय भूमिका बहुत आवश्यक है। सरकार योजनाएं बनाती है, लेकिन उन्हें सफल तभी बनाया जा सकता है जब जनता उन्हें अपनी जिम्मेदारी समझे। दोहरीघाट के नागरिकों ने जिस समर्पण से स्वच्छता और विकास में योगदान दिया है, वह पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणादायक है।उन्होंने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया कि प्रत्येक कार्य में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।श्री शर्मा ने उपस्थित जनसमूह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मैं आप सबको विश्वास दिलाता हूं कि विकास की यह गति और तेज होगी। दोहरीघाट ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश के हर नागरिक तक विकास की किरणें पहुंचेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विकसित उत्तर प्रदेश विकसित भारत के संकल्प का मूलमंत्र है।कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि,संबंधित अधिकारी एवं भारी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। लोगों ने मंत्री श्री शर्मा का गर्मजोशी से स्वागत किया और सरकार की विकासपरक नीतियों की सराहना की।  जनप्रतिनिधियों ने कहा कि इन परियोजनाओं से नगर का कायाकल्प होगा और नागरिकों को वर्षों से चली आ रही समस्याओं से राहत मिलेगी।

अमरनाथ अग्रवाल का निधन,प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने जताया शोक

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व प्रवक्ता वरिष्ठ नेता अमरनाथ अग्रवाल की आज गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में मृत्यु हो गई। श्री अग्रवाल पिछले एक महीने से बीमार चल रहे थे।इस घटना पर शोक व्यक्त करते हुए उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष  अजय राय ने कहा कि अमरनाथ अग्रवाल की मृत्यु से पूरा कांग्रेस परिवार स्तब्ध और आहत है। श्री राय ने कहा कि ईश्वर से प्रार्थना करेंगे की श्री अग्रवाल को अपने श्री चरणों में स्थान दें और परिवार को इस असीम दुख को सहने का साहस दें। अजय राय ने कहा कि श्री अग्रवाल का जाना कांग्रेस पार्टी के लिए एक अपूर्णीय क्षति है।

आप’ उत्तर प्रदेश के विधि प्रकोष्ठ का संगठनात्मक विस्तार

आम आदमी पार्टी  उत्तर प्रदेश ने प्रदेश संगठन के विस्तार और मज़बूती के क्रम में विधि प्रकोष्ठ के नए पदाधिकारियों की घोषणा की है। यह नियुक्तियाँ प्रदेश प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह की स्वीकृति से विधि प्रकोष्ठ प्रदेश अध्यक्ष एडवोकेट प्रखर श्रीवास्तव लखनऊ हाईकोर्ट द्वारा की गई हैं।कई कार्यकर्ताओं को संगठन में नई और अहम भूमिकाएँ सौंपी गई हैं। प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष एडवोकेट मोहम्मद आसिफ नगरामी लखनऊ को प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष, विधि प्रकोष्ठ नियुक्त किया गया है।विधि प्रकोष्ठ अध्यक्ष एडवोकेट प्रखर श्रीवास्तव ने नव-नियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा, “आम आदमी पार्टी का विधि प्रकोष्ठ न्याय और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। हमें पूरा विश्वास है कि नई टीम संगठन की रीढ़ बनकर पार्टी के सिद्धांतों को मज़बूती से आगे बढ़ाएगी।

Aaj National

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *