- REPORT BY:AAJ NATIONAL NEWS || EDITED BY:AAJ NATIONAL NEWS DESK
नोएडा। नोएडा के सेक्टर-12 में रहने वाले यूट्यूबर अनुनय सूद का मंगलवार को अंतिम संस्कार कर दिया गया। आज सुबह ही
उनका शव नोएडा पहुंचा था।छह दिन पहले उनकी अमेरिका के लास वेगास स्थित एक होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। परिवार के लोगों ने बीते गुरुवार को इंस्टाग्राम पर पोस्ट जारी कर उनके निधन की पुष्टि की थी, लेकिन मौत का कारण स्पष्ट नहीं किया था।
स्थानीय लोगों के मुताबिक अनुनय वीडियो शूट कर लास वेगास स्थित होटल के कमरे पर पहुंचे थे, लेकिन सुबह नहीं उठे। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अनुनय सूद के पिता राहुल सूद भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (भेल) से सेवानिवृत्त इंजीनियर हैं। अनुनय सूद का जन्म छह फरवरी 1993 को उत्तराखंड में हुआ था। पिता राहुल सूद पिछले कई वर्षों से परिवार के साथ नोएडा के सेक्टर-12 में
रहते हैं।
अनुनय एक प्रोफेशनल फोटोग्राफर और ट्रैवल कंटेंट क्रिएटर थे। उनके इंस्टाग्राम पर 14 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स और यूट्यूब पर 3.8 लाख से अधिक सब्सक्राइबर्स थे। साल 2022, 2023 और 2024 में फोर्ब्स इंडिया की टॉप 100 डिजिटल स्टार्स लिस्ट में उनका नाम शामिल रहा। फोर्ब्स ने उन्हें “दुबई बेस्ड फोटोग्राफर, जो दुनिया को अपने कैमरे से देखना पसंद करता है” कहकर सम्मानित किया था। अनुनय अब तक 30 देशों की यात्रा कर चुके थे। 6 फरवरी 1993 को उत्तराखंड में जन्मे अनुनय सूद का पालन-पोषण दिल्ली में हुआ। वह तीन भाई-बहनों में सबसे छोटे थे। उनकी दोनों बड़ी बहनों की शादी हो चुकी है। अनुनय ने इंजीनियरिंग की पढ़ाई की, फिर अपने कॉर्पोरेट करियर की शुरुआत की। बाद में उन्होंने नौकरी छोड़ दी और ट्रैवल ब्लॉगर बन गए।
सिर कटी लाश की नहीं हो पाई पहचान,50 महिलाओं की हिस्ट्री निकाली
नोएडा के सेक्टर- 82 कट के पास बीते गुरुवार को महिला की सिर कटी लाश मिली थी। इसकी पहचान के लिए नोएडा पुलिस ने 50
महिलाओं की हिस्ट्री निकाली है। ये जनपद के साथ पड़ोसियों जिले की महिलाएं है। जिनकी उम्र 30 से 40 साल के अंदर है। वहीं घटना में पुलिस ने 45 टीम बनाकर सोमवार को गाजियाबाद, दिल्ली, बुलंदशहर, अलीगढ़ और आगरा के 100 पुलिस थानों में जाकर वेरिफिशन अभियान चलाया। जिसमें गुमशुदगी दर्ज महिलाओं की पहचान से मृतका का मिलान किया गया है,लेकिन कोई सुराग नहीं मिला है।
एडीसीपी सुमित कुमार शुक्ला ने बताया कि घटनास्थल पर सीसीटीवी कैमरे नहीं है। कुछ दूरी पर एक पेट्रोल पंप है। जिस पर पुलिस ने तीन दिन के अंदर करीब 600 वाहनों के बारे में जानकारी जुटाई। लेकिन उसमें कोई भी आरोपी नहीं निकला। इसी दौरान पुलिस को दो गाडि़यों पर शक गहराया है। जिसके बारे में पुलिस को अभी तक कोई जानकारी नहीं मिल पाई। उनको कब्जे में लेने के लिए एक स्पेशल टीम लगी हुई है। उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर थोड़ा कर्व है। इसलिए वहां से गुजरते हुए, पेट्रोल पंप के सीसीटीवी कैमरे में कम दिखाई दे रहे हैं। नोएडा पुलिस ने महिला के पैर में पहने बिछुए की फोटो का एक पोस्टर जारी कर दिया है। साथ ही लोगों से महिला के बारे में कोई पुलिस को खबर करने की अपील की गई है। पुलिस को महिला के पास से सबूत के तौर पर कुछ नहीं मिला है। उसकी लम्बाई करीब 5 फीट 1 इंच है।
उसके पैरों में बिछुए पाए गए थे। शव पर कोई कपड़ा नहीं मिला था।
अधिकारी ने बताया कि इस घटना के बाद एक टीम बनाई गई है। जोकि जनपद में गुमशुदा महिलाएं के घर कॉल कर उनके बारे में जानकारी कर रही है। वहीं जितने लोगों ने पुराने मामलों में पुलिस के माध्यम से काउंसलिंग कराया है। उनसे भी बातचीत की जा रही है। इसके लिए एक महिला आईपीएस के मॉनिटरिंग में टीम काम कर रही है।
गौतम बुद्ध यूनिवर्सिटी छात्रा की सड़क हादसदे में मौत,9 दिन बाद कार चालक पर केस दर्ज
ग्रेटर नोएडा में गौतम बुद्ध यूनिवर्सिटी की एक छात्रा की सड़क हादसे में मौत के मामले में पुलिस ने केस दर्ज किया है। यह घटना करीब 9 दिन पहले यमुना एक्सप्रेसवे के सर्विस रोड पर हुई थी। मृतक छात्रा के परिवार की शिकायत पर मंगलवार को आरोपी कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। मृतक छात्रा की पहचान नोरंगपुर गांव निवासी अलका नागर सेकंड ईयर के रूप में हुई है। अलका के पिता मनोज ने पुलिस को बताया कि 3 नवंबर को वह अपनी बेटी को यूनिवर्सिटी से स्कूटी पर लेकर घर लौट रहे थे।
दनकौर कोतवाली क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे के सर्विस रोड के पास पहुंचने पर मनोज स्कूटी से उतरकर फोन पर बात करने लगे। उनकी बेटी
अलका स्कूटी के पास खड़ी थी। तभी दनकौर की तरफ से तेज गति से आ रही एक स्विफ्ट कार ने अलका और स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि अलका गंभीर रूप से घायल हो गई थी। इलाज के दौरान उसी दिन अस्पताल में उसकी मौत हो गई। मनोज ने कार के नंबर के आधार पर 9 दिन बाद आरोपी चालक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने बताया कि जल्द ही आरोपी की
पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
