सरोजनीनगर:रिस्तेदारी से लौटते ही घर में चोरी का खुलासा,क्लिक करें और भी खबरें

-अज्ञात चोरों ने उड़ाए सोने-चाँदी के जेवरात, 1 लाख नकद

  • REPORT BY:A.S.CHAUHAN || EDITED BY:AAJ NATIONAL NEWS

लखनऊ:थाना बन्थरा क्षेत्र के ग्राम बचान खेड़ा (पोस्ट भटगाँव) निवासी बृजभान सिंह पुत्र राम सनेही यादव ने पुलिस को दी गई लिखित तहरीर में बताया कि वे 20 नवंबर 2025 को रिश्तेदारी में गए थे। जब 25 नवंबर 2025 को घर लौटे तो मुख्य दरवाजे का ताला बाहर से लगा हुआ था, लेकिन अंदर से कुंडी लगी हुई मिली।शक होने पर सीढ़ी लगाकर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए तो कमरों और बक्सों के ताले टूटे हुए थे। चोरों ने अलमारी से भारी मात्रा में सोने-चाँदी के जेवरात और नकदी चोरी कर ली।

चोरी गए सामान की सूची

सोने के कंगन, सोने का हार, सोने की मांग-बेंदी, सोने की बिंदी,चाँदी की हथफूल-पेटी, चाँदी की दो जोड़ी पायल,लगभग 250 ग्राम पुरानी चाँदी,चाँदी की दो प्लेटें,नकद 1 लाख रुपये,घटना की सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम 112 पर दी गई। पीड़ित बृजभान सिंह ने थाना बन्थरा में तहरीर देकर अज्ञात चोरों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया  है।

बिजनौर थाना क्षेत्र में सोलर पंप के 8 पैनल व स्टार्टर चोरी

थाना बिजनौर क्षेत्र के ग्राम रहीमाबाद निवासी दिलीप कुमार पुत्र संतराम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि दिनांक 18 नवम्बर 2025 को सुबह करीब 5 बजे जब वह अपने खेत का जायजा लेने गया तो खडंजा तिराहे के सामने लगे सोलर पानी के पंप के 8 पैनल और एक स्टार्टर गायब मिला।पीड़ित के अनुसार अज्ञात चोर रात में ही पैनल व स्टार्टर चुरा ले गए। स्थानीय लोगों और बच्चों से पूछताछ करने पर पता चला कि 3-4 लोग गाड़ी में पैनल लादकर ले गए थे। काफी तलाश के बाद भी पैनल बरामद नहीं हुए।दिलीप कुमार ने आज 26 नवम्बर 2025 को थाना बिजनौर में तहरीर देकर अज्ञात चोरों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया है।

ठेकेदार का मोबाइल नंबर चुराकर मजदूर ने 80 हजार रुपए उड़ाए

-पुलिस ने नहीं दर्ज की एफआईआर,पीड़ित पहुंचा कोर्ट

सरोजनीनगर थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक निर्माण ठेकेदार के विश्वास में आए मजदूर ने उनके मोबाइल नंबर से फोन-पे के जरिए 80,000 रुपये ट्रांसफर कर लिए और फिर उसी नंबर को अपने नाम पर जियो में पोर्ट करा लिया। पीड़ित ने साइबर क्राइम सेल से लेकर थाने तक चक्कर लगाए, लेकिन कहीं सुनवाई नहीं हुई। आखिरकार मजबूर होकर ठेकेदार को जिला न्यायालय की शरण लेनी पड़ी।पीड़ित भगवान दास चौहान (पुत्र राम किशुन चौहान), मूल निवासी गोरखपुर, वर्तमान पता: मकान नं. 85, शीतल रेजिडेंसी फेज-2, इंदिरानगर, लखनऊ ने जिला एवं सत्र न्यायालय (न्यायिक मजिस्ट्रेट-III) में धारा 173(4) बी.एन.एस.एस. के तहत प्रार्थना-पत्र दाखिल किया है।प्रार्थना-पत्र के अनुसार भगवान दास चौहान सरोजनीनगर में सैनिक नगर के पास मकान निर्माण का ठेका ले रखा है।आरोपी अजय पुत्र मोनू, निवासी ग्राम सुपौपुली पश्चिम का पुरवा, थाना रेउसा, जिला सीतापुर उनके यहां मजदूरी करता था।अजय ने विश्वास जीतकर बार-बार उनका मोबाइल नंबर 96211XXXXX मांगा और 20 जनवरी 2025 को इसी नंबर से फोन-पे के जरिए “फ्रेंड ट्रेवल्स” को 50,000 और 30,000 रुपये (कुल 80,000 रुपये) ट्रांसफर कर दिए।इसके बाद अजय ने उक्त सिम को अपने नाम पर जियो कंपनी में पोर्ट करा लिया।
21 जनवरी 2025 को पीड़ित ने साइबर क्राइम सेल लखनऊ में शिकायत दर्ज कराई (शिकायत नं. 4/C/25), लेकिन वहां से कहा गया कि यह साइबर क्राइम नहीं, स्थानीय थाने में रिपोर्ट लिखवाओ।31 जनवरी 2025 को पीड़ित ने रजिस्टर्ड डाक से सरोजनीनगर थाने में लिखित शिकायत भेजी, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।अब पीड़ित ने न्यायालय से प्रार्थना की है कि थाने को उचित धाराओं में एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया जाए।मामला वर्तमान में न्यायिक मजिस्ट्रेट-III, लखनऊ की अदालत में प्रकीर्ण वाद संख्या 2025 के तहत विचाराधीन है।पीड़ित भगवान दास चौहान ने कहा, कि“मैंने मजदूर को भाई की तरह रखा था। उसने मेरे ही फोन से पैसे उड़ा दिए और नंबर भी छीन लिया। थाने ने महीनों तक कोई कार्रवाई नहीं की, मजबूरन कोर्ट आना पड़ा। मुझे उम्मीद है कि अब न्याय मिलेगा।

बंथरा नीलगाय हत्या कांड: 20 दिन बाद भी कोई कार्यवाही नहीं

-पुलिस पर चार लाख रिश्वत लेकर केस दबाने का गंभीर आरोप

बंथरा थाना क्षेत्र में करीब 20 दिन पहले अवैध हथियारों से एक नीलगाय को गोली मारकर उतार देने की जघन्य घटना का आज तक कोई खुलासा नहीं हो सका। घटना के तुरंत बाद एसीपी काकोरी कृष्णा रजनीश वर्मा ने दूरभाष पर जानकारी के दौरान बातचीत में मामले की गंभीरता से जांच करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का पूरा आश्वासन दिया था, लेकिन इसके बावजूद न तो कोई एफआईआर दर्ज हुई और न ही कोई गिरफ्तारी। मामला आज भी जस का तस पड़ा है।अब क्षेत्र में चर्चा जोरों पर है कि इस पूरे प्रकरण को दबाने के लिए आरोपियों ने बंथरा थाने के हल्का इंचार्ज से लेकर थाना प्रभारी तक को करीब चार लाख रुपये की मोटी रकम रिश्वत के रूप में दे दी है। सूत्रों का दावा है कि यही वजह है कि पुलिस इस मामले में कोई दिलचस्पी नहीं दिखा रही और जांच को जानबूझकर ठंडे बस्ते में डाल दिया गया है।स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि वन्यजीव संरक्षण के बड़े-बड़े दावे करने वाली पुलिस अगर पैसे के लालच में अपराधियों को बचाने लगे तो आम जनता का भरोसा पुलिस से कैसे कायम रहेगा? ग्रामीणों ने उच्च अधिकारियों से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पुलिसकर्मियों पर भी कार्रवाई करने की मांग की है।फिलहाल लखनऊ पुलिस के आला अफसरान इस मामले पर खामोश हैं और कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। यदि रिश्वत के ये आरोप साबित हुए तो यह लखनऊ पुलिस के लिए एक बड़ा कलंक साबित होगा।

पुलिस ने स्कूल में बच्चों को पढ़ाया सुरक्षा सशक्तिकरण का पाठ

-बंथरा थाना जहानाबाद प्राथमिक विद्यालय में मिशन शक्ति 5 का हुआ आयोजन

थाना बंथरा क्षेत्र में मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत गुरुवार को प्राथमिक विद्यालय जहानाबाद में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में करीब 70-80 बच्चों एवं शिक्षकों को महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर क्राइम, गुड टच-बैड टच, यातायात नियम तथा पुलिस हेल्पलाइन नंबरों की विस्तृत जानकारी दी गई।महिला उपनिरीक्षक श्रीमती गुलाबकली के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में महिला उपनिरीक्षक नेहा यादव, उपनिरीक्षक रमेश चंद्र, महिला आरक्षी प्रेम लता तथा एंटी रोमियो स्क्वायड की टीम ने सक्रिय सहयोग किया। बच्चों को बताया गया कि किसी भी आपात स्थिति में 112, 1090, 181, 1076, 1930, 102 तथा 108 जैसे हेल्पलाइन नंबरों पर तुरंत संपर्क किया जा सकता है।पुलिस आयुक्त अमरेन्द्र कुमार सेंगर के निर्देशन में लखनऊ के सभी 54 थानों पर मिशन शक्ति केंद्र स्थापित किए जा चुके हैं, जहाँ विशेष रूप से महिला पीड़िताओं की शिकायतों का त्वरित निस्तारण हो रहा है।बंथरा पुलिस की इस पहल की क्षेत्र में भारी सराहना हो रही है। लोग इसे नारी सुरक्षा और बाल सशक्तिकरण की दिशा में एक मजबूत कदम बता रहे हैं।

Aaj National

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *