-ऑटो चालक की पीटा, भीड़ को कुचला, दो लोग घायल
- REPORT BY:AAJ NATIONAL NEWS || EDITED BY:AAJ NATIONAL NEWS DESK
लखनऊ। बंथरा थाना क्षेत्र के बंथरा कस्बे में शनिवार शाम एक नशे में धुत कार सवार ने पहले ऑटो चालक को रुकवाकर बेरहमी से पीटा,
फिर बीच-बचाव करने आए लोगों पर भी हमला बोल दिया। भीड़ से घिरता देख कार चालक ने गाड़ी स्टार्ट की और खड़े लोगों को रौंदते हुए भागने की कोशिश की। इस दौरान स्कूटी सवार बंथरा निवासी बीएलओ महिला सुशील गुप्ता (50 वर्ष) और गुड्डू (55 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए।गुस्साए लोगों ने कार पर ईंट-पत्थर बरसाए। आरोपी कार चालक मौके से कार छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है।बंथरा थाना प्रभारी राणा राजेश कुमार सिंह ने बताया कि किसी डंपर ने कार चालक को टक्कर मार दी थी, जिसके बाद ओवरटेक को लेकर ऑटो चालक से विवाद हुआ और फिर मारपीट शुरू हो गई। घायल महिला की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर कार चालक की तलाश की जा रही है। दोनों घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
सरोजनीनगर पुलिस की महिला सशक्तिकरण मुहिम
-वी-मार्ट में जागरूकता कार्यक्रम, 30 से अधिक महिलाएँ-बच्चियाँ हुईं जागरूक
पुलिस कमिश्नरेट के पुलिस आयुक्त अमरेन्द्र कुमार सेंगर के निर्देशन में चलाए जा रहे मिशन शक्ति 5.0 के तहत थाना सरोजनीनगर की टीम ने शनिवार को वी-मार्ट (अमौसी एयरपोर्ट रोड) में महिलाओं व बच्चियों के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।मुख्य उप निरीक्षक पूजा यादव के नेतृत्व में महिला कांस्टेबल सुनीता यादव व सविता देवी ने उपस्थित लगभग 20-30 महिलाओं व बच्चियों को विस्तार से जानकारी दी,मिशन शक्ति केंद्रों व महिला हेल्प डेस्क की सुविधाएँ,साइबर अपराधों से बचाव के उपाय,गुड टच-बैड टच की पहचान व सुरक्षा,आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर – 112, 1090, 181,घरेलू हिंसा, दहेज प्रताड़ना, यौन उत्पीड़न से जुड़े कानून व अधिकार महिला सशक्तिकरण की सरकारी योजनाओं के बारे में बताया गया ।कार्यक्रम में सभी को जागरूकता पंपलेट वितरित किए गए तथा बच्चियों को आत्मनिर्भर बनने व शिक्षा जारी रखने के लिए प्रेरित किया गया।
जुनाबगंज चौराहे के पास 5 घंटे तक भयंकर लगा जाम
-स्कूली बसें-एम्बुलेंस तक फंसीं, लखनऊ कानपुर हाईवे पर रेंगते रहे वाहन
बंथरा थाना क्षेत्र के जुनाबगंज चौराहे पर लखनऊ-कानपुर हाईवे पर शनिवार सुबह करीब 7 बजे से दोपहर साढ़े 12 बजे तक भयंकर ट्रैफिक जाम लगा रहा। करीब साढ़े पांच घंटे तक दोनों तरफ वाहनों की कई किलोमीटर लंबी कतारें लगी रहीं। इस दौरान स्कूली वैन, बसें और एक एम्बुलेंस भी जाम में फंस गई, जिससे बच्चों को स्कूल पहुंचने में भारी परेशानी हुई।स्थानीय लोगों और चालकों ने बताया कि जाम की मुख्य वजह हाईवे पर चल रहा निर्माण कार्य है। सुबह के समय स्कूल जाने वाले बच्चों से भरे वाहन और ऑफिस जाने वाले लोग सबसे ज्यादा प्रभावित हुए। कई बच्चों को देरी से स्कूल पहुंचना पड़ा, तो कुछ अभिभावक बच्चों को स्कूल छोड़ने के बाद भी घंटों जाम में फंसे रहे।स्थानीय निवासी राकेश यादव ने बताया, “यह समस्या अब रोज की हो गई है। सुबह 7 से 9 बजे और शाम 5 से 8 बजे तक यहां जाम लगना आम बात है। स्कूल की गाड़ियां फंस जाती हैं, बच्चे परेशान होते हैं। कई बार तो एम्बुलेंस भी घंटों फंसी रहती है।एक अन्य स्थानीय व्यक्ति संजय ने कहा, “हाईवे पर जगह-जगह दुकानें और ठेले लगे हैं, जिससे सड़क संकरी हो गई है। ऊपर से निर्माण कार्य के कारण ट्रक और भारी वाहन धीरे चलते हैं, पूरा चौराहा ब्लॉक हो जाता है। प्रशासन ध्यान नहीं दे रहा।”यातायात पुलिस के एक कर्मचारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि स्टाफ की कमी और लगातार बढ़ते वाहनों के दबाव के कारण जाम कंट्रोल करना मुश्किल हो रहा है। हालांकि शनिवार को दोपहर करीब 12:30 बजे जाम खुल सका।
सरोजनीनगर में 15 साल की नाबालिग छात्रा लापता
-ग्रामीण युवक भीम पर अपहरण का आरोप
थाना सरोजनीनगर क्षेत्र के गांव गहरू में उस समय हड़कंप मच गया जब 10वीं कक्षा की 15 वर्षीय छात्रा 26 नवंबर 2025 को सुबह साइकिल से हीरालाल यादव बालिका डिग्री कॉलेज जाने के बाद घर नहीं लौटी।पीड़िता ने 28 नवंबर को सरोजनीनगर थाने में दी गई लिखित तहरीर में आरोप लगाया है कि उनकी नाबालिग बेटी को गांव के ही स्व छोटे लाल रावत के छोटे बेटे भीम रावत ने जबरन अपने साथ ले गया है। ग्रामीणों ने भी मां को यही बताया कि उन्होंने छात्रा को भीम के साथ जाते देखा था।तहरीर के अनुसार, 26 नवंबर की रात करीब 9 बजे भीम का परिवार पीड़िता के घर पहुंचा और हाथ जोड़कर विनती करने लगा कि वे पुलिस में शिकायत न करें। परिवार ने आश्वासन दिया कि “सुबह तक लड़की को ढूंढकर ले आएंगे”। लेकिन दो दिन बीत जाने के बाद भी छात्रा का कोई अता-पता नहीं चला।मां ने आशंका जताई है कि उनकी नाबालिग बेटी के साथ कोई अनहोनी या अप्रिय घटना हो सकती है। उन्होंने थानाध्यक्ष सरोजनीनगर से कड़ी कानूनी कार्यवाही की गुहार लगाई है।पुलिस ने मां की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। नाबालिग के अपहरण और POCSO एक्ट की संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी भीम रावत और उसके परिजनों की तलाश कर रही है तथा छात्रा की बरामदगी के लिए दबिशें दे रही है।
हरौनी में ट्रेन से कटकर व्यक्ति की मौत, आत्महत्या की आशंका
बंथरा थाना क्षेत्र के हरौनी रेलवे स्टेशन से आगे किलोमीटर नंबर 23/14-16 पर शनिवार को एक 57 वर्षीय व्यक्ति ने ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली।मृतक की पहचान राम प्रकाश पुत्र लक्ष्मण, निवासी बंथरा बाजार, थाना बंथरा लखनऊ के रूप में हुई है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस के अनुसार, किसी बात से बेहद नाराज चल रहे राम प्रकाश ने रेलवे ट्रैक पर आकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।सूचना मिलते ही बंथरा पुलिस मौके पर पहुंची और फोर्स की मौजूदगी में शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्यवाही शुरू कर दी गई। परिजनों को सूचित कर दिया गया है।पुलिस पूरे मामले की गहन छानबीन कर रही है और मृतक के परिजनों व आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है ताकि आत्महत्या के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके।
