सरोजनीनगर:धावापुर गांव में शीतला माता मंदिर में बड़ी चोरी, क्लिक करें औऱ भी खबरें

-चोर ले उड़े सोने-चांदी के आभूषण और घंटे

  • REPORT BY:A.S.CHAUHAN || EDITED BY:AAJ NATIONAL NEWS
लखनऊ।राजधानी के थाना बंथरा क्षेत्र के ग्राम सभा धावापुर मजरा खसरवारा स्थित शीतला माता मंदिर में बीती रात अज्ञात चोरों ने चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने मंदिर का ताला तोड़कर मां शीतला की प्रतिमा से सोने की माला (तीन स्वर्ण लॉकेट सहित), मंगलसूत्र, चांदी की माला, पायल, छत्र, मछली, स्वास्तिक, पीतल का लड्डू गोपाल, एक बड़ा घंटा और चार छोटे घंटे चोरी कर लिए। गुरुवार की सुबह जब ग्रामीण पूजा के लिए मंदिर पहुंचे तो ताले टूटे हुए थे और मूर्ति से सारे आभूषण गायब थे। घटना की सूचना तुरंत डायल-112 पुलिस को दी गई। मंदिर के पुजारी फतेह बहादुर सिंह ने थाना बंथरा में लिखित तहरीर देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया और शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज व अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोरों की तलाश की जा रही है। इलाके में मंदिरों में चोरी की यह ताजा घटना से ग्रामीणों में रोष है।

दस दिन से कीचड़, गड्ढों में फंसी रोड नंबर चार

-सरोजनीनगर औद्योगिक क्षेत्र में जल निगम की लापरवाही से कारखाने बंद होने की कगार पर

सरोजनीनगर औद्योगिक क्षेत्र की रोड नंबर 4 पर जल निगम द्वारा पाइपलाइन बिछाने का काम पिछले 10 दिनों से चल रहा है, लेकिन काम की बेहद धीमी गति और कोई वैकल्पिक रास्ते की व्यवस्था न होने से पूरे इलाके की दर्जनों फैक्टरियों का काम ठप होने की स्थिति बन गई है। कीचड़, गड्ढे और टूटे हुए रास्ते के कारण माल ढुलाई से लेकर कर्मचारियों का आना-जाना तक मुश्किल हो गया है।औद्योगिक क्षेत्र के उद्यमियों का कहना है कि अगर जल निगम ने जल्द से जल्द काम पूरा नहीं किया और वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई तो उन्हें मजबूरन अपनी इकाइयां बंद करनी पड़ेंगी। इससे न केवल उनका भारी नुकसान होगा बल्कि सरकार को भी जीएसटी और अन्य करों में करोड़ों रुपये का राजस्व नुकसान उठाना पड़ेगा।उद्यमियों ने जल निगम से तत्काल मांग की है कि काम को दिन-रात चलाकर जल्द पूरा किया जाए,वैकल्पिक रास्ते की तुरंत व्यवस्था की जाए।कीचड़ और गड्ढों को तत्काल प्रभाव से ठीक कराया जाए।औद्योगिक क्षेत्र के लोगों ने चेतावनी दी है कि अगर एक सप्ताह के अंदर सुधार नहीं हुआ तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

फर्जी गवाही, संपत्ति धोखाधड़ी मामले में वांछित महिला गिरफ्तार

मोहनलालगंज थाना क्षेत्र में फर्जी गवाही और मकान बिक्री में धोखाधड़ी के एक पुराने मामले में वांछित चल रही आरोपी नीतू सिंह को बिजनौर पुलिस ने गुरुवार दोपहर रायबरेली रोड स्थित नीलकमल शुभ रेजीडेंसी (एल्डिको हाईवे प्लाजा) से गिरफ्तार कर लिया।पुलिस के अनुसार, आरोपी नीतू सिंह रोजाना केसरीखेड़ा गांव से आकर उक्त सोसाइटी में रिसेप्शनिस्ट का काम करती थी। मुखबिर की सूचना पर अवर निरीक्षक सौम्या मिश्रा और कांस्टेबल तेजबहादुर सिंह की टीम ने दबिश दी। पुलिस को देखते ही नीतू घबरा गई और पूछताछ में अपना असली नाम बताया।जांच में पता चला कि नीतू सिंह ने अतुल कुमार अवस्थी के कहने पर एक मकान की बिक्री के दस्तावेज में फर्जी तरीके से अपने अंगूठे का निशान और बायोमैट्रिक लगवाया था, जिसके बाद धोखाधड़ी का मामला सामने आया था। पूछताछ में आरोपी ने अपनी गलती स्वीकार कर ली और माफी मांगते हुए कहा कि वह लालच में आ गई थी।मानवाधिकार और सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए महिला आरोपी को पिंक बूथ-76 में रखा गया है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

सरोजनीनगर में चाय वाले के साथ मारपीट

-तीन युवक बिना नंबर की स्कॉर्पियो से आए, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

सरोजनीनगर थाना क्षेत्र के नादरगंज तिराहे पर बुधवार देर रात चाय विक्रेता के साथ गाली-गलौज और मारपीट की घटना सामने आई है। पीड़ित शैलेंद्र कुमार यादव (निवासी गंगानगर, अमौसी) ने तीन आरोपियों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।पीड़ित के अनुसार, रात करीब 11 बजे कबाड़ का काम करने वाले शुभम गुप्ता, रवि गुप्ता और अरुण बिना नंबर प्लेट की काली स्कॉर्पियो गाड़ी से उसकी दुकान पर पहुंचे। तीनों ने चाय, मसाला और सिगरेट लिया, लेकिन पूरा पैसा देने से इनकार कर दिया। जब शैलेंद्र ने पैसे मांगे तो आरोपी भड़क गए और गाली-गलौज करते हुए उसे दुकान से बाहर घसीटकर पीटने लगे।मारपीट की पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस को सूचना मिलते ही आरोपी मौके से फरार हो गए। सरोजनीनगर पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश व आगे की कार्रवाई की जा रही है।

इंडिगो की 10 उड़ानें रद्द, 20 से ज्यादा देरी से एयरपोर्ट पर बवाल

अमौसी में चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट पर इंडिगो एयरलाइंस की उड़ानों में भारी अव्यवस्था देखने को मिली। दिल्ली, अहमदाबाद, बेंगलुरु, कोलकाता और मुंबई रूट की कुल 10 उड़ानें पूरी तरह रद्द कर दी गईं, जबकि 20 से अधिक उड़ानें घंटों विलंबित रहीं।सूचना के अभाव और लगातार देरी से नाराज यात्रियों ने एयरलाइन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कई यात्री रात से ही एयरपोर्ट पर फंसे हुए हैं। यात्रियों का आरोप है कि इंडिगो स्टाफ बार-बार पूछने पर भी उड़ान की सही स्थिति नहीं बता रहा।चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट प्रशासन ने सोशल मीडिया पर एडवाइजरी जारी कर यात्रियों से अपील की है कि इंडिगो की आधिकारिक वेबसाइट पर फ्लाइट स्टेटस चेक करने के बाद ही एयरपोर्ट आएं।

नाबालिग लड़की को भगाने वाला आरोपी गिरफ्तार

सरोजनीनगर क्षेत्र में 17 साल की नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी मोनू कुमार (उम्र करीब 23 वर्ष), पुत्र रमेश कुमार, निवासी कल्यानपुर, थाना हरगाँव, जिला सीतापुर को आज शहीद पथ तिराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया गया।13 नवंबर 2025 को जब पीड़िता की मां ने थाने में तहरीर दी थी कि उनकी नाबालिग बेटी को मोनू ने बहला-फुसलाकर भगा लिया है। इसी तहरीर पर मुकदमा नंबर 353/25 धारा 137(2)/87/61(2) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान पीड़िता को बरामद कर लिया गया और उसके बयान एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में धारा 64(2)M बीएनएस तथा POCSO एक्ट की धारा 5(J)(ii)/6 की बढ़ोत्तरी की गई।मुखबिर की सूचना पर गुरुवार को दक्षिणी जोन की सरोजनीनगर पुलिस टीम ने अभियुक्त मोनू कुमार को दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ अग्रिम कानूनी कार्रवाई जारी है।

सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह का विशाल जन-संवाद

-समस्याओं का त्वरित समाधान, फ्लैगशिप योजनाओं को मिली रफ्तार

सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने वृहस्पतिवार को पराग चौराहा, आशियाना स्थित अपने कार्यालय पर क्षेत्रवासियों के साथ वृहद जन-संवाद किया। इस दौरान लोगों ने बिजली, पानी, सड़क, सीवर, स्ट्रीट लाइट सहित तमाम स्थानीय समस्याएं खुलकर रखीं। डॉ. सिंह ने हर शिकायत को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई के सख्त निर्देश दिए।मेधावियों को लैपटॉप-साइकिल, पार्कों में नए ओपन जिम को मिली स्वीकृति,जन-संवाद में ५ मेधावी छात्र-छात्राओं को लैपटॉप और १० मेधावियों को साइकिल देकर सम्मानित करने की घोषणा की गई। साथ ही कई पार्कों में नए ओपन एयर जिम स्थापित करने की स्वीकृति भी दी गई। गौरतलब है कि अब तक सरोजनीनगर में डॉ. राजेश्वर सिंह ने १७०० से अधिक मेधावियों को लैपटॉप व साइकिल वितरित किए हैं।

इससे महिलाओं-युवाओं के सशक्तिकरण की अनूठी पहल को मिला और विस्तार।इसमें १६२ ताराशक्ति केंद्रों से महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर व १४ रण बहादुर सिंह डिजिटल शिक्षा एवं सशक्तिकरण केंद्रों से निःशुल्क डिजिटल ट्रेनिंग व ९५ पार्कों में ओपन एयर जिम, ८५ स्कूलों में झूले व ६५ से अधिक विद्यालयों में स्मार्ट क्लास व डिजिटल लाइब्रेरी औऱ ४२ आरडब्लूए में पुस्तकालय स्थापित व विधायक ने सभी फ्लैगशिप योजनाओं का दायरा तेजी से बढ़ाने के निर्देश दिए।सभी विद्यालयों में स्मार्ट क्लास का संकल्प दोहराया डॉ. राजेश्वर सिंह ने फिर दोहराया।सरोजनीनगर के जो भी स्कूल प्रबंधन/प्रधानाचार्य अपने संस्थान में स्मार्ट क्लास रूम चाहते हैं, वे बेझिझक कार्यालय से संपर्क करें। हमारा संकल्प है कि क्षेत्र का हर स्कूल डिजिटल रूप से सशक्त बने।पार्टी पदाधिकारियों व मंडल प्रभारियों के साथ अलग से बैठक में SIR के कार्य को तेज करने पर विस्तृत चर्चा हुई। विधायक कार्यालय की SIR हेल्प डेस्क टीम बीएलए, बीएलओ व स्थानीय निवासियों के साथ मिलकर फॉर्म भरवाने में सहायता कर रही है।

Aaj National

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *