सरोजनीनगर:दहेज प्रताड़ना का शिकार बनी महिला,क्लिक करें और भी खबरें

ससुराल पक्ष ने 2.5 लाख रुपये और जमीन की किया मांग 

  • REPORT BY:AAJ NATIONAL NEWS || EDITED BY:AAJ NATIONAL NEWS DESK 

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के लखनऊ जिले की निवासी मनीषा पाठक ने अपनी ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग को लेकर मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) में शिकायत दर्ज कराई है। मनीषा के अनुसार, उनके ससुराल वाले गोंडा जिले के बेलसर में रहते हैं और शादी के बाद से ही दहेज की मांग कर उन्हें लगातार प्रताड़ित कर रहे हैं।
शिकायत में मनीषा ने बताया कि उनकी शादी शिवम से हुई थी और शादी में उनके पिता विष्णुदेव पाठक ने अपनी क्षमता के अनुसार 7.5 लाख रुपये से अधिक खर्च किए थे। इसके बावजूद ससुराल पक्ष की दहेज की लालच नहीं रुकी। बच्ची के जन्म के बाद भी सभी खर्च उनके पिता ने उठाए, लेकिन ससुराल वालों ने उन्हें मानसिक और शारीरिक यातनाएं दीं, जिससे उनका स्वास्थ्य बिगड़ता गया।19 मार्च 2024 को दहेज की मांग को लेकर उन्हें बुरी तरह पीटा गया, जिसके बाद 22 मार्च 2024 को वे अपने भाई दीपांशू पाठक के साथ मायके लौट आईं। कई बार बुलाने पर भी ससुराल वाले नहीं आए। सामाजिक दबाव में 6 मई 2026 को वे लेने आए, लेकिन ससुर ने 2.5 लाख रुपये और एक बीघा जमीन की मांग की, जो उनके पिता ने अस्वीकार कर दी। नतीजतन, मनीषा अपनी बेटी के साथ मायके में रहने को मजबूर हैं और आर्थिक तंगी का सामना कर रही हैं।

ट्रैक्टर चालक उसके साथी पर बांस की बल्ली से किया हमला,हाथ टूटा, गंभीर चोटें आई,चल रहा इलाज 

सरोजनीनगर थाना क्षेत्र के पाल खेड़ा-गड़रियन खेड़ा मार्ग पर सोमवार शाम करीब 5 बजे एक मामूली सड़क हादसे ने खौफनाक रूप ले लिया। ट्रैक्टर पर सवार दो युवकों पर रास्ते में ठेला पलट जाने के विवाद में ऑटो सवार तीन लोगों ने बांस की बल्लियों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में ट्रैक्टर चालक अनुराग पाल का हाथ दो जगह से टूट गया और उनके साथी सत्यम पाल को भी गंभीर चोटें आईं।
पीड़ित अनुराग पाल पुत्र अलोक कुमार पाल (निवासी 565क/162 अमरुदाही बाग, पूरण नगर, आलंबाग) ने दी गई तहरीर में बताया कि वह अपने साथी सत्यम पाल के साथ 7 दिसंबर 2025 को शाम करीब 5 बजे पाल खेड़ा से गड़रियन खेड़ा जा रहे थे। रास्ते में लोनहा निवासी अयोध्या प्रजापति अपना ठेला लेकर पिपरसंड की तरफ आ रहे थे। अचानक उनके ट्रैक्टर के पिछले हिस्से में लगे रोटावेटर की साइड ठेले से टच हो गई, जिससे ठेला पलट गया।अनुराग ने ट्रैक्टर रोका और ठेला उठाने नीचे उतरे ही थे कि पीछे से आ रहे ऑटो में सवार रूपखेड़ा निवासी नीरज पुत्र रामगोपाल और उसके दो अज्ञात साथियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद तीनों ने बांस की बल्लियों से अनुराग और सत्यम पर हमला बोल दिया। हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।घायल अनुराग पाल ने अपने भाई आदित्य कुमार पाल को फोन किया, जो मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए ले गए। अनुराग पाल ने सरोजनीनगर थाने में तहरीर देकर नीरज और उसके साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

एयरपोर्ट पर नशे में धुत यात्री ने किया हंगामा

-इंडिगो फ्लाइट से उतारा गया, सुरक्षाकर्मियों को दी जान से मारने की धमकी

चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर शनिवार रात उस समय हंगामा मच गया जब दम्माम जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6E97 में सवार होने से पहले भारी नशे की हालत में पहुंचे एक यात्री ने जमकर उपद्रव किया। यात्री की हरकतों से तंग आकर इंडिगो एयरलाइंस ने उसे फ्लाइट में चढ़ने नहीं दिया और ऑफलोड कर टर्मिनल के बाहर छोड़ दिया।टर्मिनल से बाहर आते ही यात्री घनश्याम विश्वकर्मा (पुत्र वीरेंद्र शर्मा, निवासी ग्राम पडियापुर, पोस्ट पडौली, थाना महुवाडीह, जिला देवरिया, उत्तर प्रदेश) ने अपना सामान तोड़ना-फोड़ना शुरू कर दिया और वहां मौजूद अन्य यात्रियों के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगा। जब एमएसएफ (मेट्रोपॉलिटन सिक्योरिटी फोर्स) के शिफ्ट इंचार्ज अभिषेक सिंह और अन्य सुरक्षाकर्मियों ने उसे रोका तो उसने सुरक्षाकर्मियों के साथ गाली-गलौच की, धक्का-मुक्की की और जान से मारने की धमकी तक दे डाली।घटना 6 दिसंबर 2025 की रात करीब 9 बजे की है। एमएसएफ शिफ्ट इंचार्ज अभिषेक सिंह ने इस संबंध में थाना सरोजनीनगर में लिखित तहरीर दी है, जिसमें उपद्रवी यात्री के खिलाफ मारपीट, धमकी, अभद्रता और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने प्रार्थना पत्र के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपी यात्री के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।एयरपोर्ट प्रशासन ने बताया कि नशे में धुत यात्रियों को फ्लाइट में चढ़ने की अनुमति नहीं दी जाती और सुरक्षा के मद्देनजर ऐसे व्यक्तियों को तुरंत ऑफलोड किया जाता है। इस घटना के बाद टर्मिनल क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है।

फिर चोरी हुआ 250 केवीए का विधुत ट्रांसफार्मर,बंथरा थाने की पुलिस गश्त पर उठे  सवाल

बंथरा थाना क्षेत्र में विद्युत ट्रांसफार्मर चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बीती रात एक बार फिर चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए बनी मोहनलालगंज मुख्य मार्ग किनारे ग्राम सभा नीवां बाजार कुटिया के पास अवतार नगर फीडर का 250 KVA क्षमता वाला ट्रांसफार्मर चुरा लिया। यह ट्रांसफार्मर सड़क से महज कुछ फीट की दूरी पर रखा हुआ था।सुबह जब बिजली विभाग के कर्मचारी और अधिकारी मौके पर पहुंचे तो ट्रांसफार्मर गायब मिला। इसके बाद उन्होंने तुरंत बंथरा पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की, लेकिन अब तक चोरों का कोई सुराग नहीं लग सका है।सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि मुख्य सड़क के किनारे इतना भारी-भरकम ट्रांसफार्मर चोर रात में कैसे उठा ले गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस इलाके में रात के समय पुलिस की गश्त होती है, फिर भी चोर बेखौफ होकर वारदात को अंजाम देकर चले गए। लोगों में आक्रोश है कि पुलिस की गश्त केवल कागजों तक ही सीमित रह गई है या फिर कुछ और गुल खिल रहे हैं।गौरतलब है कि पिछले कुछ महीनों में बंथरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत धावापुर, सराय शहजादी, सरोजनीनगर थाना के पिपरसंड और अब नीवां बाजार कुटिया समेत कई जगहों से 100 KVA से 250 KVA तक के ट्रांसफार्मर चोरी हो चुके हैं, लेकिन एक भी मामले का खुलासा नहीं हो सका। लगातार हो रही इन चोरियों से बिजली विभाग को लाखों रुपए का नुकसान हो रहा है वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित हो रही है।

बंथरा के सहिजनपुर गांव में जन चौपाल आयोजित,पुलिस ने ग्रामीणों को दी सरकारी योजनाओं व महिला सशक्तिकरण की जानकारी

बंथरा थाना क्षेत्र के ग्राम सभा सहिजनपुर में सोमवार को एसीपी कृष्णानगर रजनीश वर्मा की अध्यक्षता में जन चौपाल का आयोजन किया। इस दौरान पुलिस ने ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं, उनके कानूनी अधिकारों और विशेष रूप से महिला सशक्तिकरण के बारे में विस्तार से जागरूक किया।एसीपी रजनीश वर्मा ने बताया कि जन चौपाल का मुख्य उद्देश्य पुलिस और जनता के बीच दूरी खत्म करना तथा लोगों को पुलिस की विभिन्न योजनाओं से अवगत कराना है। उन्होंने कहा कि अब तक कई चौपालों में राजस्व संबंधी विवाद मौके पर ही सुलझाए जा चुके हैं, क्योंकि ज्यादातर शिकायतें जमीन-जायदाद से जुड़ी होती हैं।चौपाल में सहिजनपुर निवासी बेचा लाल ने मौखिक शिकायत करते हुए बताया कि उनकी जमीन पर अवैध कब्जा है और इस संबंध में उन्होंने दो बार चौकी पर प्रार्थना पत्र दिया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। एसीपी ने बेचा लाल व संबंधित पक्ष को मंगलवार को बुलाकर मामले की सुनवाई करने का आश्वासन दिया।

मिशन शक्ति 5.0 : हरौनी रेलवे स्टेशन पर महिलाओं-बच्चों के लिए विशेष जागरूकता अभियान

नारी सुरक्षा नारी सम्मान  नारी स्वावलंबन लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट के थाना बंथरा की टीम ने रविवार को रेलवे स्टेशन हरौनी पर मिशन शक्ति 5.0 के तहत एक प्रभावी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस अभियान में लगभग 50-60 महिला यात्रियों एवं बच्चों को महिलाओं के विरुद्ध अपराध, साइबर फ्रॉड, आत्म-सुरक्षा और कानूनी अधिकारों के बारे में विस्तार से जागरूक किया गया।आपातकालीन हेल्पलाइन : 112, 1090 (महिला पावर लाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन), 1098 (चाइल्डलाइन), 1076, CEIR पोर्टल से चोरी/गुम मोबाइल की ऑनलाइन शिकायत कैसे करें,यूपी-कॉप ऐप के जरिए त्वरित पुलिस सहायता,यात्रा के दौरान सतर्कता और आत्मरक्षा के टिप्स की जानकारी दी गई,वही हर थाने पर स्थापित “मिशन शक्ति केंद्र” जहां महिलाओं की हर समस्या का त्वरित निस्तारण होता है के बारे में भी बताया गया ।कार्यक्रम का नेतृत्व महिला सब-इंस्पेक्टर गुलाबकली एवं महिला सब-इंस्पेक्टर नेहा यादव (थाना बंथरा) ने किया। उनके साथ सब-इंस्पेक्टर रमेश चंद्र, महिला कांस्टेबल मोनी यादव एवं कांस्टेबल गौरव राठी मौजूद रहे।

ऑटो की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल,बड़ी आंत फटी, किडनी फेल; ड्राइवर मौके से फरार

बिजनौर थाना क्षेत्र के औरंगाबाद शहीद पथ (भूमिगत मार्ग से थोड़ा आगे) पर रविवार देर रात करीब 9 बजे एक तेज रफ्तार ऑटो (नंबर UP-32 WN 6976) ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयानक था कि बाइक सवार विनय कुमार (उम्र करीब 28 वर्ष) पुत्र अशर्फी लाल, निवासी खसरा नंबर-108, पुराना गुड़ौरा, बिजनौर गंभीर रूप से घायल हो गए।परिजनों के अनुसार विनय कुमार ड्यूटी खत्म कर कृष्णानगर से अपनी बाइक (नंबर UP-32 JQ 2293) पर घर लौट रहे थे। ऑटो चालक की लापरवाही से यह हादसा हुआ। टक्कर लगते ही ऑटो ड्राइवर वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। गंभीर हालत में विनय सड़क पर ही पड़े रहे। वहाँ जमा भीड़ में से किसी शख्स ने डायल-112 पर सूचना दी।डायल-112 की पीआरवी टीम ने तुरंत पहुंचकर विनय को लोकबन्धु अस्पताल पहुंचाया। वहाँ प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए ट्रॉमा सेंटर/मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। जांच में पता चला कि आंतरिक रक्तस्राव बहुत तेजी से हो रहा है और बड़ी आंत पूरी तरह फट गई है। करीब 4 घंटे चला इमरजेंसी ऑपरेशन किया गया, लेकिन हालत अभी भी अत्यंत नाजुक बनी हुई है। डॉक्टरों ने किडनी फेल होने के कारण डायलिसिस भी शुरू कर दी है।परिजन अस्पताल में भर्ती कराने और इलाज में व्यस्त होने के कारण तुरंत थाने नहीं पहुंच सके। विनय के बड़े भाई विवेक कुमार ने 6 दिसंबर 2025 को थाना बिजनौर में लिखित तहरीर दी, जिसमें ऑटो चालक के खिलाफ लापरवाही से दुर्घटना कराने और मौके से फरार होने की शिकायत की गई है।पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और फरार ऑटो चालक की तलाश शुरू कर दी है।

बिजनौर में पारिवारिक रंजिश में मारपीट

22 जुलाई 2024 थाना बिजनौर क्षेत्र के कटरा मोहल्ले में सोमवार सुबह पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। स्थानीय निवासी संतराम गौतम पुत्र स्वर्गीय भगवानदीन गौतम ने अपने सगे भाई कैलाश गौतम और भतीजों अमन, साहिल व शानि (सभी पुत्र कैलाश गौतम) पर खुद और अपनी भतीजी शिवानी (पुत्री जगदीश गौतम) के साथ मारपीट व गाली-गलौज करने का गंभीर आरोप लगाया है।तहरीर के अनुसार, आज सुबह करीब 9:30 बजे कैलाश गौतम और उसके तीनों बेटों ने संतराम और शिवानी पर हमला कर दिया, जिसमें संतराम के सिर में चोट आई है। पीड़ित संतराम ने इस संबंध में थाना बिजनौर में लिखित तहरीर दी और आरोपियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पूर्व सब-इंस्पेक्टर ने पुलिस आयुक्त से लगाई गुहार,भू-माफिया अजीत यादव पर 29 लाख रुपये हड़पने और बाउंड्री तुड़वाने का गंभीर आरोप

-पुलिस आयुक्त हस्तक्षेप के बाद मुकदमा दर्ज 

लखनऊ के थाना पारा क्षेत्र के गोविंद नगर निवासी पूर्व सब-इंस्पेक्टर जय शंकर पाण्डेय ने पुलिस आयुक्त लखनऊ को दिनांक 17 नवंबर 2025 को एक लिखित शिकायती पत्र सौंपा है। इसमें उन्होंने थाना बंथरा क्षेत्र के कथित भू-माफिया अजीत कुमार यादव और उसके परिवार पर 29 लाख रुपये ठगने, प्लॉट पर अवैध कब्जा करने और बाउंड्री तोड़वाने का सनसनीखेज आरोप लगाया है।शिकायत के अनुसार, जय शंकर पाण्डेय ने 28 मार्च 2023 को ग्राम भदोई (थाना बंथरा) में खसरा नंबर 505 पर अजीत कुमार यादव पुत्र राज कुमार यादव से 29 लाख रुपये में एक प्लॉट का बैनामा कराया था। बैनामे में साफ लिखा गया कि प्लॉट के दक्षिण और पश्चिम में 25-25 फुट का रास्ता रहेगा। अजीत यादव ने नाप-जोख कर प्लॉट पर कब्जा दिलाया और अगले ही दिन 20 हजार ईंटों से चारदीवारी व गेट भी बनवा दिया। इसके बाद करीब ढाई साल तक शिकायतकर्ता का शांतिपूर्ण कब्जा रहा।लेकिन 25 जुलाई 2025 को अजीत यादव, उसके पिता राज कुमार यादव, भाई सुरजीत यादव सहित कई गुंडों ने मिलकर रात में पूरी बाउंड्री तोड़ दी और धमकी दी कि “जो करना है कर लो”।
पूर्व सब-इंस्पेक्टर ने तुरंत थाना बंथरा में शिकायत की। एक महीने बाद हल्का इंचार्ज ने फोन करके थाने बुलाया और अजीत यादव से 29 लाख का चेक दिलवाने की बात कही। 22 सितंबर 2025 को जब यह चेक बैंक में जमा कराया गया तो चेक बाउंस हो गया। इसकी सूचना भी इंस्पेक्टर को दी गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि भू-माफिया अजीत यादव थाने में खुलेआम आता-जाता है, जबकि उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही। तीन महीने से थाने के चक्कर काट रहे पूर्व सब-इंस्पेक्टर का कहना है कि जान-माल का खतरा बना हुआ है। उन्होंने पुलिस आयुक्त से धोखाधड़ी की धारा 420 आईपीसी में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।
बैनामे के समय गवाह के तौर पर विनीत मिश्रा और राजेंद्र मिश्रा भी मौजूद थे और रुपये का चेक अजीत यादव को इन्हीं के सामने दिया गया था। खसरा भी शिकायतकर्ता के नाम खारिज-दाखिल हो चुका है।मामला गंभीर होने के बावजूद स्थानीय थाने में अभी तक कोई एफआईआर दर्ज नहीं हुई है। पूर्व पुलिसकर्मी होने के बावजूद उन्हें न्याय नहीं मिलने से पुलिस महकमे में भी सवाल उठ रहे हैं।अब पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।

गोली चलाने वाला शातिर बदमाश 24 घंटे में गिरफ्तार

-सरोजनीनगर पुलिस को बड़ी सफलता, अवैध तमंचा-कारतूस बरामद

सरोजनीनगर थाना क्षेत्र में कल रात जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायरिंग करने वाले खतरनाक अभियुक्त को महज 24 घंटे के अंदर पुलिस ने दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया।पुलिस के अनुसार, कल 6 दिसंबर 2025 की शाम को स्कूटर इंडिया गेट के पास गहरू रोड पर अतुल तिवारी (45) निवासी बसंत खेड़ा, अमौसी (मूल निवासी बिलग्राम, हरदोई) ने गंगाराम यादव पर बहुत करीब से तमंचा तानकर फायर कर दिया था। गोली कान के बगल से बाल-बाल निकल गई। इसके बाद अभियुक्त गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया था।मामले में तत्काल मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। रविवार की सुबह मुखबिर की सूचना पर थाना सरोजनीनगर पुलिस टीम ने बब्लू सिंह की फार्म की पुलिया के सामने जंगल में दबिश देकर अभियुक्त अतुल तिवारी को गिरफ्तार कर लिया।

जनसंवाद शिविर ने बनाया कीर्तिमान, 146वाँ आयोजन संपन्न

-सरोजनीनगर: डॉ. राजेश्वर सिंह के ‘आपका विधायक – आपके द्वार

सरोजनीनगर से भाजपा विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह की लोकप्रिय साप्ताहिक पहल ‘आपका विधायक – आपके द्वार’ ने रविवार को 146 आयोजनों का नया कीर्तिमान स्थापित कर लिया। अर्जुनगंज मंडल के अशरफनगर में आयोजित 146वें जनसुनवाई शिविर में सैकड़ों ग्रामीणों ने पहुंचकर अपनी समस्याएं रखीं और कई का मौके पर ही निस्तारण हुआ।

शिविर में स्ट्रीट लाइट, पीएम आवास, नाली-सड़क, आयुष्मान कार्ड, वृद्धावस्था पेंशन सहित करीब 23 समस्याओं/सुझावों पर चर्चा हुई, जिनमें से 3 का तत्काल समाधान कराया गया।गाँव की शान योजना के तहत हाईस्कूल-इंटर में टॉप करने वाले चार मेधावी छात्र-छात्राओं प्रशांत वर्मा (96.5%), साधना रावत (80%), श्लोक कश्यप (73%) व अमरदीप (69%) को साइकिल, घड़ी और प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।युवाओं को खेल से जोड़ने की मुहिम में 160वाँ बॉयज यूथ क्लब और 95वाँ गर्ल्स यूथ क्लब गठित कर कैरम बोर्ड, वॉलीबॉल, क्रिकेट किट व फुटबॉल किट वितरित की गई।

विजन प्लस हॉस्पिटल के सहयोग से निःशुल्क नेत्र एवं स्वास्थ्य शिविर लगाया गया, जिसमें 50 लोगों की आँखें जाँची गईं और जरूरतमंदों को मुफ्त चश्में दिए गए।मतदाता सूची पुनरीक्षण के लिए SIR हेल्प डेस्क भी लगाई गई, जहाँ BLA-2 सहित अधिकारी मौजूद रहे।शिविर में सक्रिय सेक्टर संयोजक, बूथ अध्यक्ष व ग्रामवासियों को अंगवस्त्रम देकर सम्मानित किया गया तथा सभी उपस्थित लोगों को ताराशक्ति निःशुल्क रसोई की ओर से ताजा-पौष्टिक भोजन परोसा गया।

Aaj National

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *