सरोजनीनगर:हाइड्रा मशीन की चपेट में आने से 18 साल के युवक की मौत,क्लिक करें और भी खबरें

-पिता ने लिखवाई थाने पर रिपोर्ट पुलिस जांच में जुटी 

  • REPORT BY:A.S.CHAUHAN || EDITED BY:AAJ NATIONAL NEWS DESK 

लखनऊ:सरोजनीनगर थाना क्षेत्र के दरोगा खेड़ा में निर्माण कार्य के दौरान एक दर्दनाक हादसा हुआ। हाइड्रा क्रेन (UP32ZN6287)  की लापरवाही से चलाने के कारण 18 वर्षीय युवक तैय्यब की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक के पिता रियाजुद्दीन ने थाने में तहरीर देकर हाइड्रा चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की मांग की है।रियाजुद्दीन निवासी समकोला, थाना गुलावठी, जिला बुलंदशहर ने अपनी तहरीर में बताया कि वह इफाटेक कंपनी में लेबर ठेकेदारी का काम करते हैं और दरोगा खेड़ा में कार्यरत हैं। उनके साथ उनकी चचेरी बहन का लड़का ताहिर भी काम करता है।

3 दिसंबर 2025 को गांव से काम देखने के लिए ताहिर लखनऊ आया था।5 दिसंबर 2025 को दोपहर करीब 3:30 बजे रियाजुद्दीन का बेटा तैय्यब (उम्र 18 वर्ष) ताहिर के साथ घूमने गया था। साइट पर ताहिर ने हाइड्रा चालक से कहा कि गाड़ी को दूसरी तरफ ले जाकर काम पूरा करो। इसी दौरान चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से हाइड्रा चलाई, जिससे तैय्यब उसके नीचे आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।घायल तैय्यब को तुरंत लोकबंधु अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पिता रियाजुद्दीन अंतिम संस्कार में व्यस्त रहे और 13 दिसंबर को थाने पहुंचकर तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। हाइड्रा चालक की तलाश जारी है।

जितेन्द्र सिंह पिंकू को बनी क्षेत्र का प्रभार सौंपा गया

रविवार को उत्तर प्रदेश जनहित व्यापार मण्डल के प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश शर्मा द्वारा बंथरा स्थित डी के पैलेस में संगठन विस्तार को लेकर एक विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में कटी बगिया निवासी व्यवसाई जितेन्द्र सिंह पिंकू को बनी, कटी बगिया एवं जुनाबगंज जनहित व्यापार मण्डल का प्रभारी नियुक्त किया गया। साथ ही बंथरा क्षेत्र के प्रभावी व्यवसाई एवं डी के पैलेस के मालिक लाल सिंह को सक्रिय सदस्य बनाया गया।प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश शर्मा ने कहा कि अति शीघ्र लगभग 10 नए संगठन बनाए जाएंगे और प्रत्येक को उनकी जिम्मेदारी प्रदान की जाएगी।बैठक में प्रदेश महासचिव दिलीप द्विवेदी, लखनऊ जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष अवधेश सिंह, विधानसभा प्रभारी जितेंद्र कुमार हजेला, नादरगंज व्यापार मंडल अध्यक्ष नागेन्द्र सिंह यादव, कार्यालय प्रभारी नरेश सिंह रावत एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

स्कूल जा रही 13 साल की लड़की की सड़क हादसे में मौत

सरोजनीनगर थाना क्षेत्र में अमौसी बाजार के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। स्कूल जा रही 13 वर्षीय लड़की प्रियांशी सिंह को तेज रफ्तार मारुति ईको वैन (रजिस्ट्रेशन नंबर UP32 NU 7710) ने जोरदार टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल प्रियांशी को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।11 दिसंबर 2025 की सुबह करीब 8 बजे प्रियांशी सिंह साइकिल से घर से स्कूल के लिए निकली थी। पिता सुजीत सिंह ने थाने में दी गई तहरीर में बताया कि बेकाबू वैन ने उनकी बेटी को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना मिलते ही उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।पीड़ित सुजीत सिंह (पुत्र स्व रामप्रकाश सिंह), निवासी अमौसी, सरोजनीनगर ने थानाध्यक्ष से वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने प्रथम सूचना रिपोर्ट (FIR) दर्ज कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक गंभीर रूप से घायल

सरोजनीनगर थाना क्षेत्र में हिंद नगर स्थित जय जगत पार्क के पास बुधवार शाम अज्ञात वाहन ने पैदल जा रहे एक युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक को राहगीरों ने लोकबंधु अस्पताल पहुंचाया, जहां से बेहतर इलाज के लिए उन्हें अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल युवक अचेत अवस्था में वेंटिलेटर पर हैं और उनकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।पत्नी अनुभूति राजा ने सरोजनीनगर थाने में दी तहरीर में बताया कि उनके पति अभिषेक प्रकाश श्रीवास्तव (हिंद नगर एलडीए कॉलोनी निवासी) 10 दिसंबर 2025 को शाम करीब 7:30 बजे घरेलू काम से बाहर निकले थे। पैदल जा रहे अभिषेक को जय जगत पार्क के पास अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे वे बेहोश हो गए। राहगीरों ने उन्हें रात करीब 7:40 बजे लोकबंधु अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल से फोन आने पर अनुभूति अस्पताल पहुंची और पति को अचेत अवस्था में देखकर घबरा गईं। रिश्तेदारों की मदद से रात करीब 9:30 बजे अभिषेक को अपोलो अस्पताल (वीआईपी रोड, आशियाना) में शिफ्ट कराया गया, जहां वे अभी वेंटिलेटर पर हैं और जिंदगी-मौत से जूझ रहे हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है

बंथरा थाने की पुलिस पर भ्रष्टाचार लापरवाही के गंभीर आरोप

-वन विभाग की तहरीर पर भी नहीं दर्ज हो रही एफआईआर, आम जनता भी त्रस्त

बंथरा थाने की पुलिस पर भ्रष्टाचार और कार्यशैली की लापरवाही के गंभीर आरोप लग रहे हैं। विद्युत विभाग, वन विभाग सहित अन्य सरकारी और निजी विभागों के साथ-साथ आम जनता के मामलों में मुकदमे दर्ज करने में पुलिस की आनाकानी की शिकायतें लगातार बढ़ रही हैं। इस कारण इलाके के लोग बेहद परेशान हैं और पुलिस की विश्वसनीयता पर सवाल उठ रहे हैं। वन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि पेड़ों की अवैध कटाई जैसे कई मामलों में प्रार्थना पत्र दिए गए, लेकिन आज तक उन पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।हाल ही में एक ताजा घटना ने पुलिस की इस लापरवाही को फिर से उजागर किया है। अमावां बीट के प्रभारी प्रकाश चंद्र सिंह ने बताया कि 1 दिसंबर 2025 को मिर्जापुर लटौवा गांव में किसान जगदीश (पुत्र स्वर्गीय नन्हा) और ठेकेदार दुनिया (सदुल्लाह नगर, थाना बंथरा) द्वारा बिना अनुमति के पेड़ों की अवैध कटाई की गई। इस संबंध में उन्होंने बंथरा थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की, लेकिन दो सप्ताह बीत जाने के बावजूद अब तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है। प्रकाश चंद्र सिंह ने कहा, “मैंने 1 दिसंबर को प्रार्थना पत्र दिया था, लेकिन पुलिस ने अभी तक मुकदमा नहीं लिखा। वे जांच कर रहे होंगे, मैं थाने जाकर पता करूंगा। सामान्यतः एक सप्ताह में जांच पूरी कर मुकदमा दर्ज हो जाना चाहिए, लेकिन कोतवाल जब तक नहीं चाहेंगे, विवेचना चलती रहेगी।”विभागीय सूत्रों के अनुसार, बंथरा थाने की पुलिस लकड़ी काटने वालों और चोरों से मिलीभगत रखती है, जिसकी वजह से ऐसी घटनाओं पर कार्रवाई नहीं होती। सूत्र बताते हैं कि रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए ‘चढ़ावा’ (रिश्वत) की मांग की जाती है, और बिना इसके कलम आगे नहीं बढ़ती। यह सिर्फ एक मामला नहीं है, बल्कि सरकारी तंत्र से लेकर आम आदमी तक पुलिस की ऐसी कई हरकतों से पीड़ित हैं। लोगों का कहना है कि पुलिस की यह कार्यशैली हरकतें सब कुछ बयां कर रही हैं, और आखिर क्यों ऐसी घटनाओं को संज्ञान में लेकर तुरंत रिपोर्ट नहीं लिखी जाती?
इस मुद्दे पर स्थानीय निवासियों ने भी अपनी नाराजगी जाहिर की है। एक स्थानीय निवासी ने कहा, “पुलिस की आनाकानी से अपराधी बेखौफ हो गए हैं। वन विभाग, विधुत विभाग जैसे सरकारी अधिकारी भी अगर सुरक्षित नहीं, तो आम आदमी का क्या हाल होगा। विशेषज्ञों का मानना है कि यह पुलिस की मिलीभगत और भ्रष्टाचार का स्पष्ट उदाहरण है, जो ऊपरी स्तर से निर्देशित हो सकता है।

हरौनी में सुरक्षा साइबर जागरूकता पर किया शिक्षित

उत्तर प्रदेश पुलिस के मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत थाना बंथरा की टीम ने रविवार को ग्राम पंचायत हरौनी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। पुलिस टीम ने महिलाओं, बालिकाओं, पुरुषों और बच्चों को यातायात नियम, साइबर सुरक्षा, गुड टच-बैड टच, पॉक्सो एक्ट तथा विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम का नेतृत्व महिला उपनिरीक्षक नेहा यादव ने किया, जिनके साथ उपनिरीक्षक रमेश चंद्र, महिला आरक्षी प्रेमलता तथा अन्य महिला बीट अधिकारी और एंटी रोमियो टीम मौजूद रही। पुलिस टीम ने उपस्थित लोगों को सरकार की विभिन्न योजनाओं, महिला उत्पीड़न संबंधी कानूनी प्रावधानों तथा ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के उपायों पर जोर दिया।
महिलाओं को विशेष रूप से बताया गया कि OTP या व्यक्तिगत जानकारी किसी अज्ञात व्यक्ति से साझा न करें तथा संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें। साइबर क्राइम की स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करने की सलाह दी गई। इसके अलावा हेल्पलाइन नंबर 1090 (महिला हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन), 181, 1076, 1098, 101, 108 आदि के बारे में जागरूक किया गया।

राजेश्वर सिंह का 147वाँ जन संवाद शिविर,ग्रामीणों की आँखों में रोशनी, जीवन में उजाला

सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र के बंथरा नगर पंचायत ग्राम अम्बेडकरनगर शिवपुरा में रविवार को विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने अपने लोकप्रिय अभियान ‘आपका विधायक–आपके द्वार’ का 147वां जन संवाद शिविर आयोजित किया। इस शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने के साथ-साथ स्वास्थ्य, शिक्षा और युवा सशक्तिकरण पर विशेष जोर दिया गया।के.के. हॉस्पिटल के सहयोग से आयोजित निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर में 50 से अधिक ग्रामीणों की आँखों की जाँच की गई। जरूरतमंदों को उनकी पावर के अनुसार चश्मे प्रदान किए जाएंगे, जिससे उनकी दृष्टि में सुधार के साथ जीवन में नया उजाला आएगा।गाँव की शान’ पहल के तहत हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चार मेधावी छात्र-छात्राओं – अनुज दुबे (93%), रीता सिंह (76.5%), अंशिका गौतम (72.5%) एवं आयुष कुमार (58.5%) को साइकिल, घड़ी और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।युवाओं के सशक्तिकरण के लिए 161वाँ बॉयज यूथ क्लब और 96वाँ गर्ल्स यूथ क्लब का गठन किया गया। इन क्लबों को वॉलीबॉल, फुटबॉल, क्रिकेट किट और कैरम बोर्ड जैसे खेल संसाधन उपलब्ध कराए गए।गाँव के प्रबुद्धजनों – अभिषेक प्रियदर्शी, वीरेंद्र कुमार, अरुण कुमार, अरविंद कुमार, आदर्श शर्मा, प्रीति, उमेश शर्मा, अमन कुमार, गुरु प्रसाद, संध्या गौतम, गोमती, शांति देवी, रूप चंद, विनोद मिश्रा, शिव कुमार, पिंटू तिवारी, पुष्पा, मनीषा, सीमा सहित अन्य गणमान्यों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।

बंद मकानों की रेकी कर चोरी करने वाले 4 शातिर गिरफ्तार,चांदी के सिक्के और ऑटो रिक्शा बरामद

थाना बिजनौर पुलिस टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए बंद मकानों में चोरी करने वाले चार शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। मुखबिर की सूचना पर अलीनगर खुर्द अंडरपास के नीचे से पकड़े गए इन चोरों के पास से चोरी का माल और घटना में इस्तेमाल उपकरण बरामद हुए हैं।गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान दुर्गेश धुरू (19 वर्ष), मूल निवासी छत्तीसगढ़, हाल पता कृष्णानगर लखनऊ,करन राठौर (24 वर्ष), निवासी कृष्णानगर लखनऊ,दीपांशू सिंह (25 वर्ष), निवासी कृष्णानगर लखनऊ,प्रियांशु कश्यप (25 वर्ष), निवासी कृष्णानगर लखनऊ के रूप में हुई है ,जिनके पास से
4 चांदी के सिक्के व   2,190 रुपये नकद,चोरी के उपकरण (तीन सब्बल, दो पेंचकश, एक कटर प्लास, एक सूजा) व
एक ऑटो रिक्शा (UP32WN3917, सफेद रंग) जो रेकी में इस्तेमाल होता था बरामद किया है। यह गिरफ्तारी 17 नवंबर 2025 को एल्डिको शौर्य कॉलोनी में हुई चोरी की घटना से जुड़ी है, जहां अज्ञात चोरों ने दरवाजा तोड़कर जेवर और नकदी चुराई थी। मामले में मुकदमा संख्या 0329/2025 दर्ज था। पूछताछ में अभियुक्तों ने कबूल किया कि वे ऑटो से किसान पथ के आसपास बंद मकानों की रेकी करते थे और खाली घरों को निशाना बनाते थे।कुछ अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। मामले में धारा 317(2) बीएनएस जोड़ी गई है और सभी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।

Aaj National

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *