सरोजनीनगर:धूमधाम से मनाया जन स्वाभिमान सेवा समिति का 11वां स्थापना दिवस,क्लिक करें और भी खबरें

-एडवोकेट मयंक यादव के नेतृत्व में शोभा बैंक्वेट हॉल में आयोजित कार्यक्रम में हजारों लोग हुए शामिल, गरीबों की सुरक्षा और कुरीतियों के उन्मूलन पर जोर

  • REPORT BY:A.S.CHAUHAN EDITED BY:AAJ NATIONAL NEWS DESK

लखनऊ। जन स्वाभिमान सेवा समिति उत्तर प्रदेश का 11वां स्थापना दिवस गुरुवार को वृंदावन कॉलोनी स्थित शोभा बैंक्वेट हॉल में बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। समिति का गठन 25 दिसंबर 2014 को हुआ था। कार्यक्रम का सफल आयोजन लखनऊ बार एसोसिएशन में कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद के प्रत्याशी एडवोकेट मयंक यादव के कुशल नेतृत्व में संपन्न हुआ।समिति का मुख्य उद्देश्य सामाजिक परंपराओं का संरक्षण, दबे-कुचले गरीबों के अधिकारों की रक्षा और उनकी सुरक्षा करना है। समिति के अध्यक्ष कुलदीप सिंह यादव ने बताया कि संस्था समाज में फैले दुर्गुणों को दूर करने, स्वच्छ समाज की स्थापना और मदिरा जैसे दुर्व्यसनों को समाप्त कर परिवारों को नशा मुक्त बनाने के लिए जागरूकता अभियान चलाती है।

इस मौके पर कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पधारे एडवोकेट दीपक यादव ने समिति के सदस्यों और गरीबों की जमीन पर माफियाओं द्वारा किए जा रहे अवैध कब्जे की शिकायतों पर नि:शुल्क कानूनी सहायता का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि वे अधिवक्ताओं की टीम के साथ पीड़ितों के हक की लड़ाई में कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहेंगे।
एडवोकेट मयंक यादव के आयोजन में राजनीतिज्ञ, शिक्षक, डॉक्टर, अधिवक्ता, प्रबुद्धजन और समाजसेवी बड़ी संख्या में शामिल हुए। सभी अतिथियों और समिति के संस्थापक सदस्यों को अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उपाध्यक्ष मधुसूदन सिंह, अनार सिंह अन्नू, पार्षद प्रमोद कुमार यादव, देवेंद्र सिंह यादव (जीतू), सुशील कुमार यादव, आर.पी. सिंह यादव (रायबरेली) सहित हजारों लोग उपस्थित रहे।

पुलिस की मुस्तैदी: एक घंटे में खोया पर्स बरामद कर मालिक को लौटाया

थाना बिजनौर की पुलिस ने सराहनीय कार्य करते हुए मात्र एक घंटे में एक सीआरपीएफ जवान का खोया हुआ पर्स बरामद कर उसे वापस कर दिया। इस कार्य के लिए पीड़ित ने पुलिस टीम की भरपूर प्रशंसा की।
घटना के अनुसार, सीआरपीएफ की 50 बटालियन छत्तीसगढ़ में तैनात अजय कुमार सिंह (पुत्र रामदेव सिंह, निवासी ग्राम चकमोलनापुर, पोस्ट बदलापुरखुर्द, थाना बदलापुर, जिला जौनपुर) ने 25 दिसंबर को थाना बिजनौर में सूचना दी कि उनका पर्स गुम हो गया है। पर्स में आधार कार्ड, अन्य पहचान पत्र और 1200 रुपये नकद थे।शिकायत मिलते ही चौकी प्रभारी कस्बा बिजनौर, उप निरीक्षक गोविंद सिंह ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बताए गए क्षेत्र में खोजबीन शुरू की और मात्र एक घंटे के अंदर खोया हुआ पर्स पूरे सामान सहित बरामद कर आवेदक को सौंप दिया।आवेदक अजय कुमार सिंह ने थाना बिजनौर पुलिस की तत्परता और ईमानदारी की खूब तारीफ की। इस सराहनीय कार्य के लिए चौकी प्रभारी उ0नि0 गोविंद सिंह को विशेष रूप से प्रशंसा प्राप्त हुई है।

युवाओं के लिए ‘धुरंधर’ फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग

सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने युवाओं के चरित्र निर्माण और राष्ट्रभक्ति को बढ़ावा देने के लिए कानपुर रोड स्थित फिनिक्स यूनाइटेड मॉल में राष्ट्रवादी फिल्म ‘धुरंधर’ की विशेष स्क्रीनिंग का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में क्षेत्र के 450 से अधिक युवाओं ने भाग लिया और फिल्म के माध्यम से राष्ट्रनायकों के त्याग, अनुशासन तथा देशप्रेम से प्रेरणा ली।
स्क्रीनिंग के दौरान अभिनेता संजय दत्त वर्चुअली जुड़े, जिन्होंने फिल्म में पुलिस अधिकारी की भूमिका निभाई है। विधायक ने उनके अभिनय की सराहना की, जबकि संजय दत्त ने लखनऊ आकर युवाओं से मिलने की इच्छा व्यक्त की। डॉ. सिंह ने स्वयं थिएटर में उपस्थित रहकर युवाओं का उत्साह बढ़ाया।विधायक ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि देशभक्ति केवल भावना नहीं, बल्कि निरंतर तैयारी और अनुशासन है। उन्होंने पुलवामा, उरी जैसे हमलों का जिक्र कर सजग नागरिकों की भूमिका पर जोर दिया। यह पहल सरोजनीनगर में युवाओं को राष्ट्रप्रेम और सकारात्मक सोच से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

पिकअप की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार महिला घायल

बंथरा थाना क्षेत्र में बनी मोहनलालगंज रोड पर उमेद खेड़ा रास्ते के पास शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे एक तेज रफ्तार पिकअप ने मोटरसाइकिल सवार को जोरदार टक्कर मार दी। पिकअप चालक राजकुमार मोहनलालगंज का रहने वाला बताया जा रहा है।हादसे में बंथरा सिकंदरपुर निवासी सोनी घायल हो गईं। स्थानीय लोगों ने पिक-अप गाड़ी व चालक को पकड़ लिया और महिला को उपचार के लिए अस्पताल ले गए।

ट्रक खराब होने से लखनऊ-कानपुर हाईवे पर भीषण  जाम,जुनाबगंज चौराहे पर खराब खड़ा ट्रक, मौजूद पुलिसकर्मी

-यात्रियों ने झेली भारी परेशानी

बंथरा थाना क्षेत्र में जुनाबगंज चौराहे पर शुक्रवार सुबह लगभग साढ़े छः बजे एक ट्रक के खराब हो जाने से लखनऊ-कानपुर हाईवे पर बनी तक और बनी-मोहनलालगंज सड़क पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। इस कारण यात्रियों को करीब 10 घंटे तक भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। शाम तक जाम से निजात मिल सकी।बंथरा थाने की पुलिस और ट्रैफिक पुलिस ने जाम हटाने के भरसक प्रयास किए, लेकिन ट्रक को हटाने में समय लगने से स्थिति नियंत्रण में आने में देर हो गई। ज्ञात हो कि लखनऊ-कानपुर हाईवे पर जाम की समस्या रोजमर्रा की है, मुख्य रूप से निर्माण कार्यों और भारी वाहनों की वजह से। हालांकि इस बार ट्रक खराबी ने स्थिति को और गंभीर बना दिया, जिससे सुबह से शाम तक यात्री जाम में फंसे रहे।स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे पर आए दिन ऐसी समस्याएं उत्पन्न होती हैं, जिससे आने-जाने वालों को काफी दिक्कत होती है। पुलिस ने वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करने की सलाह दी।

दोस्त ने मांगी बाइक, अब लौटाने से इनकार, धमकी देने का आरोप

सरोजनीनगर थाना क्षेत्र के मानस नगर निवासी महेश कुमार साहू (45 वर्ष) ने आरोप लगाया है कि उनके जानकार कमल (पुत्र देशा, निवासी मछ्खोरिया, उन्नाव) ने उनकी दोपहिया वाहन (नंबर UP32NM8393) बहाना बनाकर मांग ली थी, लेकिन अब लौटाने से साफ इनकार कर रहे हैं।महेश कुमार का कहना है कि जब भी वे अपनी बाइक वापस मांगते हैं, कमल उन्हें गंदी-गंदी गालियां देते हैं और जान से मारने की धमकी देते हैं।पीड़ित ने कई बार सरोजनीनगर थाने में शिकायत की, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद उन्होंने 31 अगस्त 2025 को थानाध्यक्ष और पुलिस आयुक्त को रजिस्टर्ड डाक से शिकायत भेजी, फिर भी कोई सुनवाई नहीं हुई।आखिरकार मजबूर होकर महेश कुमार ने 19 सितंबर 2025 को लखनऊ की न्यायिक मजिस्ट्रेट तृतीय कोर्ट में धारा 173(4) भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 के तहत प्रार्थना पत्र दाखिल किया। न्यायालय के आदेश के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज लिया है।

सरोजनीनगर में बुजुर्ग महिला से साइबर ठगी 

सरोजनीनगर थाना क्षेत्र में 70 वर्षीय महिला सुधा श्रीवास्तव के साथ ऑनलाइन ठगी की घटना सामने आई है। 25 नवंबर 2025 को खुद को CRPF कैंप बिजनौर लखनऊ का अधिकारी बताने वाले संतोष कुमार ने महिला से संपर्क किया। उसने दावा किया कि उसका ट्रांसफर जम्मू हो गया है और वह अपना घरेलू सामान (टीवी, फ्रिज, साइकिल, एसी, इन्वर्टर, वाशिंग मशीन, पलंग, आलमारी, डाइनिंग टेबल आदि) सस्ते दाम पर बेचना चाहता है।व्हाट्सएप पर सामान की फोटो भेजकर विश्वास जीतने के बाद ठग ने 70 हजार रुपये एडवांस मांगे। उसने अपने साथी घनश्याम पांडेय का QR कोड भेजा, जिसमें HDFC बैंक खाता संख्या 50600290051781 (IFSC: HDFC0000721) दिखाया गया। महिला ने अपने पति के HDFC खाते से चेक के जरिए यह रकम ट्रांसफर कर दी।इसके बाद घनश्याम पांडेय ने फोन कर सरकारी ट्रक के गेट पास के नाम पर अतिरिक्त 30,180 रुपये मांगे। महिला के इंकार करने पर ठगों ने गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी। ठगी का पता चलते ही महिला ने बैंक और साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत की।महिला ने सरोजनीनगर थाने में FIR दर्ज कराई है।

बंथरा में धूमधाम से मनाई गई महाराजा बिजली पासी की जयंती

नगर पंचायत बंथरा के कैंप कार्यालय में 25 दिसंबर को महाराजा बिजली पासी की जयंती बड़े उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष रामावती रावत के प्रतिनिधि रंजीत रावत ने अपने समर्थकों के साथ मिलकर कार्यक्रम का आयोजन किया।कार्यक्रम में डॉ. भीमराव अम्बेडकर की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित की गई तथा महाराजा बिजली पासी को श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।

दोपहर 4 बजे शुरू हुए इस आयोजन में बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से रामावती रावत (नगर पंचायत अध्यक्ष),विश्शंभर रावत (पूर्व प्रधान, बभटा),आशीष (सभासद) अतुल  (सभासद),इसराज (सभासद),वीरेंद्र रावत,प्रदीप रावत,महेंद्र रावत,पिंटू रावत,महादेव रावत,विकास रावत गुरु प्रसाद रावत,संदीप रावत,संतराम रावत,सुभाष रावत,ललित रावत,बिंदु प्रसाद मौजूद रहे।उपस्थित लोगों ने महाराजा बिजली पासी के योगदान को याद करते हुए उन्हें नमन किया।

अज्ञात पिकअप वाहन की टक्कर से युवक की मौत

बंथरा थाना क्षेत्र में दादूपुर मोड़ के पास बुधवार सुबह अज्ञात पिकअप वाहन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान गोविंद कुमार पुत्र रामनरेश, निवासी ग्राम पिपहरी रहीम नगर पड़ियाना, थाना बंथरा, लखनऊ के रूप में हुई है।पुलिस सूचना के अनुसार, घटना सुबह करीब 11:30 बजे की है। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक रमेश चंद्र मय फोर्स मौके पर पहुंचे। घायल गोविंद कुमार को तत्काल एंबुलेंस से सीएससी सरोजनीनगर भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।परिजनों की मौजूदगी में शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेजा गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात पिकअप चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। अज्ञात वाहन की तलाश जारी है और अन्य जांच प्रचलित है।

सरोजनीनगर के गांवों में पंचायत चुनाव की सरगर्मी तेज

-खिचड़ी भोज, कंबल वितरण से लुभावने प्रयास शुरू, मतदाता सतर्क

सरोजनीनगर विकासखंड क्षेत्र में आगामी ग्राम पंचायत चुनावों की सरगर्मी धीरे-धीरे तेज हो रही है। 2026 में होने वाले त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों की तैयारियां जोरों पर हैं। इसी क्रम में सरोजनीनगर ब्लॉक के विभिन्न गांवों में चुनावी माहौल बनने लगा है। जो प्रत्याशी और प्रधान लंबे समय से जनता के बीच से गायब थे, वे अब पुराने हथकंडे अपनाते हुए फिर से सक्रिय हो गए हैं।

मकर संक्रांति के अवसर पर कई संभावित प्रत्याशियों द्वारा खिचड़ी भोज का आयोजन किया जा रहा है या इसकी तैयारी चल रही है। साथ ही, कई गांवों में कंबल वितरण जैसे कार्यक्रम शुरू हो चुके हैं। इन आयोजनों का मुख्य उद्देश्य मतदाताओं को लुभाना बताया जा रहा है। क्षेत्र के कई गांवों में ऐसे कार्यक्रमों की झड़ी लग गई है, जहां प्रत्याशी गरीब और जरूरतमंद लोगों को कंबल बांटकर या सामूहिक भोज आयोजित कर अपनी छवि चमकाने में जुटे हैं।हालांकि, क्षेत्र के मतदाता इस बार पहले से अधिक सतर्क दिखाई दे रहे हैं। कई गांवों में पूर्व में इसी तरह के लुभावने वादों और सामग्री वितरण से धोखा खा चुके लोग अब सबक लेने के मूड में हैं।

मतदाताओं का कहना है कि पहले चुनावों में ऐसे हथकंडों से प्रभावित होकर वोट दिया, लेकिन जीत के बाद प्रधानों या प्रत्याशियों का कोई अता-पता नहीं रहा। संकट के समय मदद के लिए दर-दर भटकना पड़ा। इस बार वे पुरानी यादों को ताजा रखते हुए वोट की चोट से सबक सिखाने का मन बना चुके हैं।मतदाताओं ने चेतावनी दी है कि चंद रुपये या लुभावनी सामग्री के चक्कर में अपना कीमती वोट बर्बाद नहीं करेंगे। वे विकास कार्यों, ईमानदारी और गांव की वास्तविक समस्याओं के समाधान पर आधारित प्रत्याशी को ही वोट देंगे। विशेषज्ञों का मानना है कि मतदाताओं को अपने मत के प्रति जागरूक रहना चाहिए, अन्यथा चुनावी लाभ के लिए किए गए ये अस्थायी आयोजन केवल धोखा साबित होंगे।

सरोजनीनगर क्षेत्र के कई जागरूक और सम्रांत लोगों ने ग्रामीणों से अपील की जा रही है कि वे ऐसे लुभावने प्रयासों से बचें और योग्य प्रत्याशी चुनें, ताकि गांव का सच्चा विकास हो सके। चुनाव आयोग द्वारा मतदाता सूची का पुनरीक्षण चल रहा है, और सभी मतदाताओं से अपना नाम जांचने की सलाह दी जा रही है।

Aaj National

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *