-शव जंगल में फेंकने वाले पिता-पुत्र गिरफ्तार
- REPORT BY:A.S.CHAUHAN || EDITED BY:AAJ NATIONAL NEWS
लखनऊ। थाना बंथरा ने एक सनसनीखेज मामले को सुलझाते हुए गैर-इरादतन हत्या (धारा 105 बीएनएस) के वांछित अभियुक्त और उसके नाबालिग पुत्र को गिरफ्तार किया है। यह मामला ग्राम सहिजनपुर का है, जहां 15 जनवरी 2026 को 30 वर्षीय राजेंद्र कुमार की मौत बिजली के नंगे तार से करंट लगने से हुई थी।राजेंद्र कुमार खेत में पानी लगाने गए थे। विवाद के दौरान धक्का-मुक्की हुई और वे खेत के चारों ओर लगाए गए बिजली प्रवाहित तार (फसल सुरक्षा के लिए) में फंस गए। इससे उनकी मौत हो गई। आरोपी असर्फीलाल (50 वर्ष) और उसके 16 वर्षीय नाबालिग पुत्र ने साक्ष्य मिटाने के इरादे से शव को ट्यूबवेल की कोठरी में छिपाया और मोबाइल तोड़कर बोर में डाला तथा चप्पल सरसों के खेत में फेंकी तथा रात में शव को अमावाँ जंगल में घसीटकर झाड़ियों में फेंक दिया,16 जनवरी को शव बरामद होने के बाद पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण विद्युत करंट सामने आया। पुलिस ने गहन जांच के बाद 18 जनवरी 2026 को मुखबिर की सूचना पर दोनों को गिरफ्तार किया। निशानदेही पर चप्पल, मोबाइल के टूटे कांच और बिजली का तार बरामद हुआ।पुलिस ने बताया कि आरोपी असर्फीलाल पुत्र छेदीलाल, निवासी ग्राम सहिजनपुर, उम्र 50 वर्ष (व्यवसाय: खेती) उसका 16 वर्षीय नाबालिग पुत्र (बाल अपचारी)है ,दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल/बाल संरक्षण गृह भेजा जा रहा है।
आरोपी चालक बलवीर यादव गिरफ्तार
पुलिस ने तेज कार्रवाई करते हुए बंथरा थाना क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे के मुख्य आरोपी को मात्र 24 घंटे के अंदर
गिरफ्तार कर लिया है। यह हादसा 17 जनवरी 2026 को रामगढ़ी हरौनी मार्ग पर हुआ था, जिसमें महिंद्रा स्कॉर्पियो (UP32PP8020) ने सामने से आ रही स्कूटी (UP32PE8850) को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी सवार दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक अर्पित त्रिवेदी (पुत्र अवधेश कुमार त्रिवेदी) और काजल रावत (पुत्री शिव शंकर रावत), दोनों हरौनी क्षेत्र के निवासी है ।आरोपी बलवीर यादव उम्र करीब 25 वर्ष, निवासी ग्राम मिर्जापुर, थाना बंथरा, लखनऊ ने पूछताछ में कबूल किया कि वह अत्यधिक नशे में था और बहुत तेज गति से गाड़ी चला रहा था। टक्कर लगने के बाद घबराहट में वह गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। बाद में उसे पता चला कि दोनों व्यक्तियों की मौत हो चुकी है।
पुलिस ने मुकदमा धारा 281/106(1)/324(4) बीएनएस के तहत दर्ज किया ।साक्ष्यों और गवाहों के बयानों के आधार पर धारा में संशोधन कर धारा 105 बीएनएस (गैर-इरादतन हत्या) शामिल की गई।18 जनवरी 2026 की रात करीब 9:20 बजे मुखबिर की सूचना पर हनुमान मंदिर के पास से आरोपी को उसके स्कॉर्पियो वाहन सहित गिरफ्तार किया गया।
आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
अवैध बैटरी रिक्शा स्टैंड से यातायात व्यवस्था चरमरायी
-सरोजनीनगर के व्यापारी-निवासी परेशान
सरोजनीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत स्कूटर इंडिया चौराहे से गहरू रोड पर अवैध बैटरी (ई-रिक्शा) स्टैंड के कारण यातायात व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो गई है। सड़क के दोनों किनारों पर बड़ी संख्या में ई-रिक्शा चालक बिना किसी अनुमति के खड़े होकर स्टैंड जैसा माहौल बना लेते हैं, जिससे रोजाना भीषण जाम लग रहा है। इससे राहगीरों के साथ-साथ स्थानीय दुकानदारों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासियों और व्यापारियों के अनुसार, शाम होते ही ई-रिक्शा चालक सड़क पर जमावड़ा लगा लेते हैं। इससे न केवल आवागमन पूरी तरह बाधित होता है, बल्कि रिक्शा चालकों के बीच अक्सर झगड़े और मारपीट की घटनाएं भी सामने आती रहती हैं। कई बार लखनऊ या अन्य दिशाओं से आने वाले ई-रिक्शा चालकों से यहां के स्थानीय स्टैंड वाले जबरन सवारियां उतार लेते हैं, उन्हें आगे जाने नहीं देते और अपनी गाड़ियों में मनमाना किराया लेकर सवारियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाते हैं। इस दौरान विवाद इतना बढ़ जाता है कि आम जनता में असुरक्षा का माहौल बन जाता है।
आदर्श व्यापार मंडल गौरी बाजार इकाई के अध्यक्ष अंबुज शर्मा ने बताया कि लखनऊ-कानपुर एलिवेटेड रोड निर्माण के कारण पहले से ही सड़क काफी संकरी और बाधित है। ऐसे में अवैध ई-रिक्शा स्टैंड ने स्थिति को और भी गंभीर बना दिया है। यह समस्या अब रोजमर्रा की हो चुकी है, जिससे स्थानीय व्यापार भी बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।उन्होंने कहा, “पूर्व में भी कई बार पुलिस प्रशासन और यातायात विभाग को इस संबंध में लिखित एवं मौखिक शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
स्थानीय निवासियों, दुकानदारों और व्यापारियों ने प्रशासन से मांग की है कि अवैध रिक्शा स्टैंड को तत्काल हटाया जाए। साथ ही सड़क पर नियम-विरुद्ध खड़े होने वाले ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि यातायात सुचारू रूप से चल सके और क्षेत्र में शांति-व्यवस्था बहाल हो सके।
आज बिजली आपूर्ति में 6 घंटे का अवरोध,गहरू फीडर पर कल होगा रिकंडक्टरिंग कार्य
मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (MVVNL) के गहरू उपकेंद्र से जुड़े 11 केवी गहरू फीडर पर 20 जनवरी 2026 (मंगलवार) को एन.सी.सी. द्वारा रिकंडक्टरिंग (तार बदलने/मरम्मत) का महत्वपूर्ण कार्य किया जाएगा।इस कारण प्रातः 11:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक (कुल 6 घंटे) इस फीडर से जुड़ी विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बाधित रहेगी।इससे
प्रभावित होने वाले मुख्य क्षेत्र गहरू,पिपरसण्ड,रूपखेड़ा,गंगादीन खेड़ा,मक्का खेड़ा,पालखेड़ा,पाहुन खेड़ा तथा आसपास के अन्य गांव/मोहल्ले है ,विभाग ने उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि असुविधा के लिए खेद है। कृपया इस दौरान आवश्यक सावधानियां बरतें और बिजली के उपकरण बंद रखें।
अवध प्रेस क्लब के संरक्षक अविनेन्द्र सिंह राठौड़ के कार्यालय में तहरी भोज,पत्रकार हितों पर हुई विशेष चर्चा
रविवार की सुबह शांति नगर स्थित सूर्यपथ हिंदी दैनिक समाचार पत्र एवं अवध प्रेस क्लब के संरक्षक अविनेन्द्र सिंह राठौर के कार्यालय पर आत्मीय माहौल में तहरी भोज का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिक संगठन के पदाधिकारियों और सदस्यों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, समाजसेवी और पत्रकार शामिल हुए।
आयोजन में पहुंचे अतिथियों ने स्वादिष्ट तहरी भोज का आनंद लिया और आपसी सौहार्द के साथ विचार-विमर्श किया। इस दौरान कार्यक्रम केवल भोजन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि वरिष्ठ नागरिक संगठन और पत्रकारों के हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी सार्थक चर्चा हुई।वरिष्ठ नागरिक संगठन के पदाधिकारियों ने समाज में बुजुर्गों की भूमिका, उनकी समस्याओं और उनके सम्मान की आवश्यकता पर अपने विचार रखे। वहीं पत्रकार प्रतिनिधियों ने पत्रकारिता के समक्ष आने वाली चुनौतियों, सुरक्षा, मान-सम्मान और पेशेवर दिक्कतों पर खुलकर बात की।
संगठन के अध्यक्ष अरविंद सिंह चौहान ने कहा कि पत्रकारों को एक जुटता के साथ समाज में व्याप्त अनेक बुराइयों को जो उजागर करने का दायित्व मिला है उसे निरंतर शासन प्रशासन के समझ अपनी लेखनी के माध्यम से उजागर करते रहना चाहिए एवं संगठन को लेकर कई अहम मुद्दों पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। इस अवसर पर संगठन के सह संरक्षक पी एन तिवारी ने अपने संबोधन में कहा मुझे जो जिम्मेदारी दी गई है उससे कहीं आगे बढ़कर मैं सदैव पत्रकार हितों एवं सामाजिक मुद्दों हेतु हर तरह का सहयोग करता रहूंगा। इस अवसर पर संगठन के उपाध्यक्ष प्रताप सिंह संगठन मंत्री शशिकांत तिवारी सह संगठन मंत्री अश्विनी कुमार साहू प्रचार मंत्री दीपराज सिंह मीडिया प्रभारी अरुण सिंह प्रवक्ता बुधेंद्र नाथ शुक्ल सदस्य सुरेश सिंह राणा सहित काफी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
अविनेन्द्र सिंह राठौर ने अपने संबोधन में कहा कि पत्रकार और वरिष्ठ नागरिक दोनों ही समाज के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे हमेशा पत्रकारों और समाजसेवी संगठनों के हित में कार्य करते रहेंगे।कार्यक्रम के दौरान वातावरण अत्यंत सौहार्दपूर्ण रहा और उपस्थित लोगों ने ऐसे आयोजनों को आगे भी जारी रखने की आवश्यकता पर जोर दिया।
बंथरा नगर पंचायत में अवैध कूड़ा की डंपिंग,हजारों राहगीरों स्कूली बच्चों के लिए बना जानलेवा संकट
राजधानी से सटे नगर पंचायत बंथरा के वार्ड शहीद भगत सिंह नगर में एक गंभीर समस्या ने स्थानीय निवासियों का जीवन दूभर कर दिया है। बंथरा बाजार से उम्मेद खेड़ा की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग पर, महज 200 मीटर की दूरी पर स्थित अवैध कूड़ा डंपिंग यार्ड अब एक बड़ा खतरा बन चुका है। यह मार्ग न केवल दर्जनों आसपास के गांवों को जोड़ता है, बल्कि प्रतिदिन हजारों लोगों, राहगीरों और खासकर स्कूली बच्चों का आवागमन इसी सड़क से होता है।
समस्या की गहराई: सड़क किनारे फैला जहरीला कचरा
स्थानीय निवासियों के अनुसार, सड़क के किनारे वर्षों से कूड़े के विशाल ढेर लगे हुए हैं। यहां प्लास्टिक पॉलिथीन, सड़ा-गला घरेलू कचरा, सब्जियों के अपशिष्ट और अन्य गंदगी जमा रहती है। बदबू इतनी तेज है कि सांस लेना मुश्किल हो जाता है। सबसे खतरनाक स्थिति यह है कि:आवारा गायें इन ढेरों से पॉलिथीन खाती नजर आती हैं, जिससे उनकी मौत का खतरा बढ़ जाता है।आसपास दर्जनों आवारा कुत्ते मंडराते रहते हैं, जो कभी भी हमला कर सकते हैं।इसी रास्ते से क्षेत्र के कई स्कूलों में पढ़ने वाले सैकड़ों छोटे बच्चे रोजाना गुजरते हैं। कूड़े के ढेर, जानवरों की मौजूदगी और तेज बदबू के कारण किसी भी समय बड़ी दुर्घटना हो सकती है।
प्रशासनिक जवाबदेही पर सवाल
जब इस मुद्दे पर स्थानीय पार्षद प्रतिनिधि गौरव गुप्ता से बात की गई, तो उन्होंने बताया कि यह डंपिंग पॉइंट कई वर्ष पहले ही बंद कर दिया गया था। लेकिन यहां कूड़ा कौन डाल रहा है, इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है।नगर पंचायत कार्यालय से संपर्क करने पर पहले अधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र का कूड़ा कहीं न कहीं तो डालना पड़ता है, इसलिए यहां बाउंड्री बनाकर कचरा डाला जा रहा है। जेसीबी मशीन खराब होने के कारण कूड़ा सड़क पर फैल रहा है। लेकिन जब उनसे पूछा गया कि यदि पॉइंट बंद है तो कूड़ा क्यों डाला जा रहा है, तो जवाब बदल गया। उन्होंने दावा किया कि खड़े देव और बुराई खेड़ा में नया डंपिंग स्थल चिन्हित किया गया है और अब कूड़ा वहीं जा रहा है, यहां नया कचरा नहीं आ रहा।
हालांकि, मौके पर निरीक्षण में साफ तस्वीर सामने आई—सड़क किनारे लगभग 50 ट्रॉली ताजा कूड़ा पड़ा हुआ था, बड़े-बड़े ढेर लगे हुए थे। नगर पंचायत ने एलिवेटेड रोड निर्माण का हवाला देकर कूड़ा शिफ्ट करने में असमर्थता जताई।यह सवाल गंभीर है कि जिस मुख्य मार्ग से प्रतिदिन हजारों लोग और सैकड़ों स्कूली बच्चे गुजरते हों, वहां किसी दुर्घटना की जिम्मेदारी आखिर किसकी होगी? यदि इस कूड़े के कारण घनी आबादी में कोई संचारी रोग (जैसे डेंगू, मलेरिया, या अन्य वायरस जनित बीमारी) फैलता है, तो नुकसान की भरपाई कौन करेगा? स्थानीय निवासी अब तत्काल कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। उन्होंने जिलाधिकारी और नगर पंचायत प्रशासन से अपील की है कि इस अवैध कूड़ा डंपिंग यार्ड को तुरंत हटाया जाए। वैकल्पिक सुरक्षित और दूरस्थ स्थल पर कचरा निस्तारण की व्यवस्था की जाए। सड़क को पूरी तरह स्वच्छ और सुरक्षित बनाया जाए। नियमित सफाई और निगरानी सुनिश्चित की जाए ताकि भविष्य में ऐसी समस्या न हो।लखनऊ जैसे शहर में जहां स्वच्छता अभियान चल रहे हैं, बंथरा जैसी समस्या न केवल स्थानीय लोगों के स्वास्थ्य के लिए खतरा है, बल्कि पूरे क्षेत्र की छवि को भी धूमिल कर रही है। प्रशासन को अब देरी नहीं करनी चाहिए—तत्काल हस्तक्षेप जरूरी है।
बनी-मोहान मार्ग पर सड़क हादसा,दो की मौत
बंथरा थाना क्षेत्र के बनी-मोहान मार्ग पर शनिवार शाम लगभग 7 बजे एक भयानक सड़क हादसा हुआ, जिसमें तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने स्कूटी सवार दो युवकों को आमने-सामने आकर कुचल दिया। इस दर्दनाक दुर्घटना में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई थी।मृतकों की पहचान लतीफ नगर निवासी अर्पित त्रिवेदी (22 वर्ष) और उनकी महिला मित्र सहिजनपुर निवासी काजल रावत (21 वर्ष) के रूप में हुई है।
दोनों रामगढ़ी स्थित अमेज़न कंपनी में कार्यरत थे और ड्यूटी पर जा रहे थे। अर्पित एक वॉलीबॉल खिलाड़ी भी थे और सैनिक स्कूल में स्पोर्ट्स ट्रेनिंग देते थे।रविवार को मृतक के परिजनों ने बनी-मोहान मार्ग पर शव रखकर नौकरी और 50 लाख रुपये मुआवजे की मांग की। उन्होंने करीब तीन घंटे तक सड़क जाम रखी। एसीपी रजनीश कुमार वर्मा, तहसीलदार सुखबीर सिंह और स्थानीय लोगों के समझाने-बुझाने के बाद परिजन माने और शव का दाह-संस्कार कर दिया गया।
बंथरा-रामदासपुर में बारात के दौरान चाकूबाजी
-दूल्हे के भाई सचिन गंभीर घायल; आरोपी फरार
थाना बंथरा क्षेत्र के रामदासपुर गांव में शादी की रस्म के दौरान देर रात हिंसक बवाल हो गया। बारात में आए नोएडा से आए मेहमानों के बीच विवाद बढ़ने पर चाकूबाजी की घटना सामने आई, जिसमें दूल्हे के भाई सचिन को गंभीर चोटें आईं।शंकर लाल पुत्र पूरन लाल (रामदासपुर निवासी) ने थाना बंथरा के प्रभारी को दिए गए प्रथम सूचना पत्र (एफआईआर आवेदन) में बताया कि 16/17 जनवरी की रात उनके घर बारात आई थी, जो नोएडा से उनके गांव रामदासपुर पहुंची थी। इसी दौरान देवीदयाल पहलवान, उसके भाई शंकर और धर्मपाल उर्फ धर्मिया (सभी बदाली खेड़ा चिल्लावा, थाना सरोजनीनगर निवासी) ने उनके पुत्र सचिन के साथ हुए बवाल में चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घायल को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। आरोपियों ने मौके से फरार होकर भाग निकले। पीड़ित ने आगे बताया कि आरोपियों ने न केवल मारपीट की, बल्कि शंकर लाल और उनके परिवार को गालियां भी दीं तथा धमकियां भी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
