सरोजनीनगर:बेहसा गांव में सरकारी भूमि विवाद,शिकायतकर्ता को धमकी,क्लिक करें और भी खबरें

  • REPORT BY:A.S.CHAUHAN || EDITED BY:AAJ NATIONAL NEWS

लखनऊ।सरोजनीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बेहसा गांव में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे को लेकर विवाद ने हिंसक रूप धारण कर लिया है। ग्रामवासी संतोष कुमार रावत पुत्र स्व. सुन्दर लाल ने थाना सरोजनीनगर के प्रभारी निरीक्षक को दिए गए प्रथम सूचना (एफआईआर आवेदन) में आरोप लगाया है कि रविन्दर यादव पुत्र राम चन्दर यादव और विश्वजीत मौर्य पुत्र स्व. दिनेश कुमार ने उन पर लगातार हमले और धमकियां दीं।
संतोष कुमार रावत ने पहले तहसील और अन्य अधिकारियों को सरकारी भूमि पर इन लोगों द्वारा किए गए कब्जे की शिकायत की थी।इससे क्रोधित होकर आरोपी 28 अक्टूबर 2025 की रात करीब 10 बजे संतोष के घर पहुंचे, लाठी लेकर गाली-गलौज की और मारने-पीटने की कोशिश की। इस घटना को उनकी मां, पत्नी और पड़ोसी सचिन कुमार व शिवकेश उर्फ हुल्ली ने देखा।
इसके बाद 7 दिसंबर 2025 को दोपहर करीब 2 बजे शहीद पथ सर्विस लेन (एलआईसी बिल्डिंग के पास) पर आरोपी रविन्दर यादव और विश्वजीत मौर्य ने संतोष को रोका। मौके पर गांव के श्रवण कुमार मौर्य भी मौजूद थे। उन्होंने मारपीट करने का प्रयास किया और जान से मारने की धमकी दी।सरोजनीनगर क्षेत्र में सरकारी भूमि पर कब्जे और संबंधित विवादों की एक कड़ी है, जहां हाल के महीनों में नगर निगम ने कई स्थानों पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की है। पुलिस अब शिकायत की जांच में जुटी है और उचित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है।

-15-20 लोगों ने युवक, उसके दोस्त पर किया हमला, रिपोर्ट दर्ज

सरोजनीनगर थाना क्षेत्र के ग्राम सभा पिपरसंड गांव के पास 9 जनवरी 2026 की रात करीब 9:10 बजे एक चौंकाने वाली घटना हुई। संदीप कुमार पटेल (पुत्र रामशंकर, मूल निवासी ग्राम ऐन, थाना बंथरा, वर्तमान निवासी आशियाना क्षेत्र) और उनके मित्र मानवेन्द्र सिंह पर लगभग 15-20 लोगों ने संगठित तरीके से जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया।संदीप कुमार पटेल द्वारा थाना सरोजनी नगर के SHO को दिए गए प्रथम सूचना तथ्य (एफआईआर आवेदन) के अनुसार, वे अपनी निजी कार से ग्राम सभा ऐन जा रहे थे। पिपरसंड गांव के पास पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने रास्ता रोका। एक सफेद रंग की कार को तिरछा करके उनकी गाड़ी रोकी गई, जिससे 3-4 लोग उतरे और बाकी पीछे से दौड़कर आए। सभी ने मिलकर गाड़ी का गेट खोलकर उन्हें बाहर खींचा, गाली-गलौज की, लात-घूंसे मारे और बेरहमी से पीटा।
कौशलेंद्र प्रताप उर्फ सोनू,अमरजीत उर्फ पहलवान,विनोद उर्फ चरन,वरुण उर्फ सन्नू इनके अलावा 8-10 अन्य अज्ञात व्यक्ति शामिल थे। मारपीट में संदीप की सोने की चेन टूट गई, चश्मा टूट गया और उन्हें गंभीर चोटें आईं। अभियुक्त लगातार जान से मारने की धमकी दे रहे थे।घटना के दौरान मानवेन्द्र सिंह ने करीब 9:57 बजे डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस की PRV (वाहन संख्या 6508) मौके पर पहुंची तो अभियुक्त भाग गए। पुलिस न आती तो स्थिति और खतरनाक हो सकती थी।पीड़ित ने बताया कि अभियुक्त अत्यंत दबंग और आपराधिक प्रवृत्ति के हैं। घटना से उन्हें और उनके परिवार को जान-माल का गंभीर खतरा है। भविष्य में कोई बड़ी अप्रिय घटना हो सकती है। उन्होंने भारतीय न्याय संहिता (पूर्व भारतीय दंड संहिता) की सुसंगत धाराओं में नामजद व अज्ञात अभियुक्तों के खिलाफ FIR दर्ज करने, कठोर कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की। यदि कोई अनहोनी होती है तो जिम्मेदारी अभियुक्तों की होगी।

17 वर्षीय नाबालिग लड़की को भगा ले जाने का आरोप 

बंथरा थाना क्षेत्र में 17 साल की नाबालिग बेटी को अमित कुमार यादव ने बहला-फुसलाकर भगा लिया ने थाने में दर्ज कराई तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है।बन्थरा बाजार क्षेत्र के गल्लामंडी निवासी ने थानाध्यक्ष बन्थरा को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनकी बेटी (उम्र लगभग 17 वर्ष) दिनांक 21 जनवरी 2026 को सुबह करीब 9 बजे घर से दुकान से सामान लाने के बहाने निकली थी। काफी देर तक वापस न लौटने पर परिवार ने खोजबीन की, तो पता चला कि अमित कुमार यादव पुत्र अनिल यादव ने उसे बहला-फुसलाकर भगा लिया है।

महिलाओं की सुरक्षा पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

उत्तर प्रदेश सरकार के मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत लखनऊ पुलिस ने महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को मजबूत करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया। शुक्रवार को थाना सरोजनीनगर की पिंक बूथ संख्या-15 टीम ने श्री शनि देव मंदिर परिसर एवं आसपास के इलाकों में विशेष जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया।पुलिस टीम ने क्षेत्र में भ्रमण करते हुए महिलाओं और बालिकाओं से सीधा संवाद किया। उन्हें महिला सुरक्षा से जुड़ी प्रमुख सरकारी योजनाओं, कानूनी अधिकारों तथा आपातकालीन सेवाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। विशेष रूप से  हेल्पलाइन नंबरों के उपयोग पर जोर दिया गया,बताया गया कि 1090 – महिला पावर लाइन (महिला उत्पीड़न की शिकायत के लिए),112 – आपातकालीन सेवा (तत्काल मदद के लिए),181 – महिला हेल्पलाइन 1098 – चाइल्ड हेल्पलाइन (बच्चों की सुरक्षा के लिए) प्रयोग करें ।कार्यक्रम के दौरान यौन उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न जैसे अपराधों से संबंधित महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों की जानकारी भी साझा की गई। पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं को आश्वस्त किया कि इन सेवाओं का तुरंत उपयोग करके वे अपनी सुरक्षा सुनिश्चित कर सकती हैं और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित हो सकती है।

मिशन शक्ति 5.0 अभियान का मुख्य लक्ष्य महिलाओं में सुरक्षा की भावना जागृत करना, उन्हें आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाना तथा समाज में उनके सम्मान को बढ़ावा देना है। यह कार्यक्रम पूरे प्रदेश में चल रहे व्यापक अभियान का हिस्सा है, जिसमें पुलिस, महिला एवं बाल विकास विभाग सहित अन्य विभाग समन्वित रूप से कार्य कर रहे हैं।

सरोजनीनगर में सैंट्रो कार चोरी पीड़ित ने की शिकायत

सरोजनीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत एलडीए कॉलोनी, कानपुर रोड पर एक चार पहिया वाहन चोरी की घटना सामने आई है। सेक्टर-डी, एलडीए कॉलोनी निवासी प्रदीप तिवारी ने थाने में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 23 जनवरी 2026 की सुबह लगभग 4:30 बजे उनकी सैंट्रो कार (2010 मॉडल, सिल्वर कलर, रजिस्ट्रेशन नंबर UP 32 DC 0774) घर के बाहर पार्क थी।उनके भाई अनुराग तिवारी ने बाहर से कुछ हलचल की आवाज सुनकर जाँच की तो कार गायब मिली। आस-पास काफी खोजबीन करने के बावजूद वाहन का कोई सुराग नहीं मिल सका। पीड़ित ने तुरंत डायल 112 पर सूचना दी।इस चोरी से परिवार को मानसिक आघात के साथ-साथ आर्थिक नुकसान भी हुआ है। प्रदीप तिवारी ने अज्ञात चोरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की छानबीन शुरू कर चुकी है।

बंथरा में लाठी डंडों से हमला घायल, मुकदमा दर्ज

बन्थरा थाना क्षेत्र के गढ़ी चुनौटी में बुधवार रात लगभग 8 बजे एक दुकान के पास हुए विवाद में मारपीट की घटना सामने आई है। सन्नी पुत्र हीरालाल ने थानाध्यक्ष को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि घनश्याम लोधी पुत्र छोटे लाल, उनकी पत्नी और माता सहित अन्य लोगों ने मिलकर उन्हें और उनके मिस्त्री रामू पुत्र कमलेश को गालियां दीं और लाठी-डंडों से पीटा। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।हमले में सन्नी का सिर फट गया है, जबकि मिस्त्री रामू को भी गंभीर चोटें आई हैं। पीड़ित ने बताया कि आरोपी पक्ष उन्हें प्रतिदिन गालियां देते रहता है और यह घटना पुरानी रंजिश का नतीजा है।थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घायलों का इलाज कराया जा रहा है।

पत्नी को मारपीट कर घर से निकाला, पति ने बिना तलाक दूसरी शादी की 

-महिला ने पुलिस से कड़ी कार्रवाई की मांग की रिपोर्ट दर्ज 

बन्थरा थाना क्षेत्र की रहने वाली कंचन देवी (पत्नी विनय कुमार) ने पुलिस आयुक्त को दिए आवेदन में गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि उनका विवाह 26 नवंबर 2021 को विनय कुमार (निवासी सरवन नगर, बिजनौर, लखनऊ) से हुआ था। शादी में उनकी मां ने अपनी सामर्थ्य अनुसार दहेज दिया, लेकिन ससुराल पक्ष (पति, सास विद्या आदि) का व्यवहार शुरू से ही खराब रहा। वे लगातार दहेज के नाम पर ताने मारते, मारपीट करते और 10 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग करते रहे।15 अप्रैल 2025 को पति और सास ने मिलकर कंचन देवी को मारपीट कर घर से निकाल दिया। कुछ दिनों बाद जब वे वापस ससुराल गईं, तो पता चला कि पति ने दूसरी शादी कर ली है और उन्हें घर में घुसने नहीं दिया। विरोध करने पर सभी ने मिलकर मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। अब महिला दर-दर भटक रही हैं और न्याय की गुहार लगा रही हैं। थाने की पुलिस ने विवाहित के प्रार्थना पत्र के आधार पर मामला दर्ज कर पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी है

बन्थरा में चाय पीने के बहाने बुलाकर युवक पर जानलेवा हमला

-तीन आरोपियों ने की मारपीट और मौत की धमकी, एफआईआर दर्ज

बन्थरा थाना क्षेत्र में माफिया तत्वों द्वारा एक युवक पर क्रूर हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़ित हर्ष सिंह ने आरोप लगाया है कि तीन लोगों ने चाय पीने के बहाने बुलाकर उन पर लाठियों और लातों से हमला किया तथा जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित हर्ष सिंह पुत्र महेंद्र सिंह, निवासी आनंदी माता मंदिर, बन्थरा, लखनऊ ने थाना प्रभारी बन्थरा को दिए आवेदन में बताया कि 21 जनवरी 2026 को उन्हें फोन कर विशाल सिंह पुत्र अमर सिंह (निवासी उम्मेद खेड़ा), अभिषेक सिंह (उम्मेद खेड़ा) तथा अवी सिंह (हनुमान मंदिर/डब्बल स्कूल के पास) ने गायत्री ढाबा पर चाय पीने के लिए बुलाया।जब हर्ष सिंह वहां पहुंचे तो मौजूद लोगों ने पहले गाली-गलौज की और फिर उन पर मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने डंडों व लातों से हमला किया, जिससे उनके शरीर पर गंभीर चोटें आईं। हमलावरों ने दोबारा जान से मारने की धमकी भी दी।हर्ष सिंह ने आगे कहा कि ये लोग पहले से ही कई संगीन धाराओं में मुजरिम हैं और माफिया गतिविधियों में संलिप्त रहे हैं।

पति पर हमला, गला दबाकर मारने की कोशिश का आरोप

बिजनौर थाना क्षेत्र में 21 जनवरी 2026 की शाम को एक गंभीर मारपीट की घटना सामने आई है। सीमा सिटी कॉलोनी की निवासी निशा सिंह ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि राहुल सिंह (पिता बी.पी. सिंह) ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर उनके पति सुबेदार मेजर नगेन्द्र बहादुर सिंह (सेवानिवृत्त) पर हमला किया।तहरीर के अनुसार कल शाम लगभग 6 बजे राहुल सिंह और उसके साथियों ने नगेन्द्र सिंह को बुरी तरह पीटा। आरोप है कि राहुल सिंह के पिता बी.पी. सिंह ने उनके गले को दबाकर जान से मारने की कोशिश की। हमलावरों ने आगे भी मारने की धमकी दी है।निशा सिंह ने लिखित शिकायत में कहा है:मैं निशा सिंह पत्नी सुबेदार मेजर नगेन्द्र बहादुर सिंह (सेवा निवृत्त) निवासी मकान सं. 50, सीमा सिटी कॉलोनी, लखनऊ हूँ। कल शाम 6 बजे मेरे पति को राहुल सिंह S/O बी.पी. सिंह जो कि अपने दो साथियों के साथ मेरे पति को मारा और उनके पिता बी.पी. सिंह ने मेरे पति का गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की और दो और लोगों ने मेरे पति को मारा है। आगे भी मारने की धमकी दी है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर लिया है।

 सरोजनीनगर में विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह की महत्वपूर्ण बैठक

-प्रबुद्ध मतदाताओं से SIR, मतदाता पंजीकरण पर चर्चा, मेधावियों-सहित RWA को सम्मानित किया

सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने वृहस्पतिवार को वृन्दावन योजना अंतर्गत इब्राहिमपुर द्वितीय एवं खरिका द्वितीय वार्ड के हाई-राइज अपार्टमेंट्स के पदाधिकारियों के साथ एसकेडी अकेडमी ऑडिटोरियम में एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में SIR प्रक्रिया, नव मतदाता पंजीकरण, मतदाता स्थानांतरण जैसे चुनावी विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।डॉ. सिंह ने कहा कि प्रबुद्ध मतदाताओं पर राष्ट्र को सही दिशा देने की बड़ी जिम्मेदारी है। ग्रामीण मतदाता मूलभूत सुविधाओं पर ध्यान देते हैं, जबकि RWA और हाई-राइज अपार्टमेंट्स के जागरूक मतदाता ग्रीन एनर्जी, पर्यावरण, विदेश नीति, ट्रेड वार जैसे राष्ट्रीय-वैश्विक मुद्दों को ध्यान में रखकर मतदान करते हैं। उन्होंने शहरी क्षेत्रों में कम मतदान प्रतिशत पर चिंता जताई और हर पात्र नागरिक के मतदाता सूची में नाम व मतदान सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
बैठक में बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 10 मेधावियों (90% से 100% अंक) को लैपटॉप तथा 10 अन्य (80% से 90% अंक) को साइकिल प्रदान कर सम्मानित किया गया। डॉ. सिंह ने कहा कि मेधावी समाज के रोल मॉडल हैं और उनका सार्वजनिक सम्मान पूरे समाज को प्रेरित करता है।
32 RWAs को स्पोर्ट्स किट वितरित की गईं। अब तक सरोजनीनगर में 268 यूथ क्लब (बॉयज + गर्ल्स) गठित कर कैरम, वॉलीबॉल, फुटबॉल, क्रिकेट आदि की किट उपलब्ध कराई जा चुकी हैं, ताकि युवा फिट, एक्टिव और अनुशासित बने रहें।12 RWAs में प्रेरणादायक पुस्तकों से सुसज्जित लाइब्रेरी का उद्घाटन किया गया। अब तक 54 RWAs में पुस्तकालय स्थापित हो चुके हैं, जो संवाद, अध्ययन और आत्मविकास का केंद्र बन रहे हैं।विधायक ने बताया कि सरोजनीनगर में 95 ओपन एयर जिम और 120 स्थानों पर झूले स्थापित हैं। LDA के सहयोग से 38 नए जिम शीघ्र लगेंगे। 19 कम्युनिटी सोलर पार्क में से 9 सरोजनीनगर में हैं (8 RWAs में), तथा हर RWA में सोलर पार्क स्थापित करने का लक्ष्य है। वित्त मंत्री को 90% सब्सिडी के लिए पत्र लिखा गया है।
बैठक में सरोजनीनगर के विकास कार्यों की विवरणिका वितरित की गई, जिसमें अनंत नगर (7000 करोड़), भव्य कन्वेंशन सेंटर (1287 करोड़), अशोक लीलैंड EV प्लांट (1000 करोड़), Aero City, डिफेंस कॉरिडोर, BrahMos मिसाइल निर्माण, 32,000 करोड़ की 4118 परियोजनाएं, अंग्रेजी एवं फॉरेन लैंग्वेज यूनिवर्सिटी, NCDC, नौसेना संग्रहालय आदि शामिल हैं।इस अवसर पर एसकेडी संस्था के डायरेक्टर मनीष सिंह, शिव प्रकाश मिश्रा, प्रणव अग्निहोत्री सहित कई भाजपा नेता और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

राम मंदिर स्थापना दिवस पर सरोजनीनगर में उत्साह

-कई स्थानों पर भव्य भंडारे का आयोजन

अयोध्या में श्री राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा की दूसरी वर्षगांठ (राम मंदिर स्थापना दिवस) के अवसर पर सरोजनीनगर क्षेत्र में भक्ति और श्रद्धा का माहौल छाया रहा। क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया और जय श्री राम के नारे लगाए।विशेष रूप से बंथरा के बनी मोहान मार्ग पर स्थित ग्राम सभा कटी बगिया (मजरा सराय शहजादी) में भाजपा के जिला प्रतिनिधि जितेंद्र सिंह पिंकू द्वारा भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी और कार्यकर्ता शामिल हुए।

कार्यक्रम में प्रमुख अतिथियों की मौजूदगी

भाजपा के पूर्व प्रदेश मंत्री एवं चेयरमैन वीरेंद्र कुमार तिवारी,पूर्व सांसद रीना चौधरी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख राकेश रावत,
पूर्व जिला पंचायत सदस्य राजेश सिंह, वरिष्ठ पत्रकार व अवध प्रेस क्लब के अध्यक्ष अरविंद सिंह चौहान,शिव कुमार तिवारी पप्पू तिवारी,पत्रकार राजन पांडे, अरुण सिंह सहित सैकड़ो लोग शामिल हुए। इस अवसर पर सभी अतिथियों ने राम मंदिर के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डाला और भगवान राम के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की। भंडारे में गरमागरम व्यंजन, हलवा,नुकती-पूड़ी, सब्जी आदि वितरित किए गए, जिससे पूरे क्षेत्र में रामभक्ति की लहर दौड़ पड़ी।यह आयोजन न केवल धार्मिक उत्सव का प्रतीक था, बल्कि सामाजिक एकता और सेवा भावना को भी बढ़ावा देने वाला रहा। स्थानीय लोगों ने जितेंद्र सिंह पिंकू और अन्य आयोजकों का आभार व्यक्त किया तथा ऐसे कार्यक्रमों की सराहना की।

Aaj National

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *