-गणतंत्र दिवस पर बिना अनुमति शुरू हुआ डामर रोड निर्माण,ग्रामीणों में रो
- REPORT BY:A.S.CHAUHAN || EDITED BY:AAJ NATIONAL NEWS
लखनऊ।सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत थाना बंथरा क्षेत्र के ग्राम पहाड़पुर (मजरा हिमानी खेड़ा) में दो वर्ष पूर्व
बनी इंटरलॉकिंग टाइल्स वाली ग्रामीण सड़क को गणतंत्र दिवस (26 जनवरी 2026) की छुट्टी के दिन बिना किसी सरकारी अनुमति, विभागीय अधिकारी की मौजूदगी या स्थानीय जिम्मेदारी के डामर रोड में बदलने के लिए इंटरलॉकिंग टाइल्स निकालने का कार्य शुरू किया गया। ग्रामीणों में इस अनियमितता को लेकर भारी असंतोष व्याप्त है, जबकि स्थानीय पुलिस ने इसे अपना मामला नहीं मानते हुए टाल दिया।
पहाड़पुर गांव निवासी एवं शक्ति केंद्र संयोजक भाजपा मंडल सरोजनीनगर लखनऊ धर्मेंद्र सिंह ने क्षेत्रीय विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह को लिखित शिकायत में अवगत कराया कि उक्त सड़क का निर्माण दो वर्ष पूर्व ग्रामीणों को सूचित कर इंटरलॉकिंग से किया गया था। अब अचानक छुट्टी के दिन (जब अधिकांश अधिकारी उपलब्ध नहीं होते) इसे डामर में बदलने का कार्य बिना टेंडर, अनुमति या पारदर्शिता के शुरू कर दिया गया। मौके पर कोई भी व्यक्ति जिम्मेदारी लेने को तैयार नहीं है, जिससे सरकारी संपत्ति के दुरुपयोग और अनियमित निर्माण की आशंका बढ़ गई है।
शिकायतकर्ता ने बताया कि स्थानीय दरोगा को सूचना देने पर उन्होंने कहा, “यह मेरा मामला नहीं है।” ग्रामीणों की मांग है कि इस कार्य पर तत्काल रोक लगाई जाए, जांच हो, और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। धर्मेंद्र का आरोप है कि इससे पूर्व भी गांव में लगीं सैकड़ों मीटर इंटरलॉकिंग सड़क को उखाड़ कर उसकी ईंटें उठा कर अपने निजी कार्य में उपयोग किया गया है।
बंथरा में दो महुआ पेड़ों की अवैध कटाई,मीडिया को देखकर लकडकटें हुए मौके से फरार
बंथरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा रसूलपुर मजरा भटगांव में बाबा ताल के निकट दो महुआ के पेड़ों की अवैध कटाई का
मामला सामने आया है। ग्रामीणों की सूचना पर स्थानीय मीडिया टीम मौके पर पहुंची, जिसके कारण कटाई करने वाले लोग फरार हो गए।जांच में पाया गया कि पेड़ों को पहले से छांटा जा चुका था और नीचे से गिराने की अंतिम तैयारी चल रही थी। घटनास्थल पर कटाई के लिए इस्तेमाल की गई मशीन और एक झोला भी बरामद हुआ, जो अवैध कटाई की स्पष्ट पुष्टि करता है।सूत्रों के अनुसार, रसूलपुर के ही एक स्थानीय व्यक्ति ने इन पेड़ों को कटवाया है। हालांकि, आपसी रंजिश के कारण ग्रामीणों ने आरोपी का नाम सार्वजनिक रूप से लेने से इनकार कर दिया है।महुआ के पेड़ पर्यावरण तथा स्थानीय अर्थव्यवस्था के लिए बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। इनके फूल, फल और लकड़ी का विभिन्न कार्यों में उपयोग होता है, और हरे पेड़ों की कटाई भारतीय वन संरक्षण अधिनियम के तहत पूर्णतः प्रतिबंधित है।
ग्रामीणों ने इस घटना पर गहरा रोष व्यक्त किया है और वन विभाग तथा पुलिस से त्वरित कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर अंकुश लग सके।
उत्तर प्रदेश के कई क्षेत्रों में वन माफियाओं या निजी हितों के चलते ऐसी अवैध कटाई की घटनाएं सामने आती रहती हैं, लेकिन इस बार ग्रामीणों की सतर्कता और मीडिया की त्वरित पहुंच से कटाई को बीच में ही रोक दिया गया।सरोजनीनगर के रेंजर सुरेंद्रनाथ सिंह ने बताया कि अभी मामले की जानकारी हुई हैं इसकी जांच पड़ताल करवाता हूं और दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।
एयरपोर्ट पर विदेशी महिला यात्री हिरासत
सोमवार देर रात राजधानी लखनऊ के सरोजिनी नगर थाना क्षेत्र स्थित चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सुरक्षा
एजेंसियों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लखनऊ से दिल्ली जा रही एक कंबोडिया मूल की महिला यात्री के पास से प्रतिबंधित सैटेलाइट फोन बरामद किया। नियमित सुरक्षा जांच के दौरान महिला के सामान में संदिग्ध इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस मिलने पर सीआईएसएफ और एयरपोर्ट सुरक्षा कर्मियों ने गहन तलाशी ली, जिसमें सैटेलाइट फोन की पुष्टि हुई। भारत में बिना अनुमति सैटेलाइट फोन रखना कानूनन अपराध है। इसके बाद महिला को तत्काल पुलिस के हवाले कर दिया गया। एयरपोर्ट थाना पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस यह जांच कर रही है कि महिला सैटेलाइट फोन किस उद्देश्य से लाई थी, इसका इस्तेमाल कहां किया जाना था और इसके पीछे कोई नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है। मामले को सुरक्षा एजेंसियां गंभीरता से लेते हुए जांच में जुटी हैं।
