निर्धन या जरूरतमंद की शिक्षा बाधित नहीं होने देगी सरकार-योगी,क्लिक करें और भी खबरें

-बूढ़ी मां संग आई बेटी ने बीटेक की पढ़ाई के लिए लगाई गुहार, सीएम ने किया आश्वस्त

-पुलिस की अनसुनी व कब्जे की शिकायतों में हीलाहवाली पर सीएम सख्त

  • REPORT BY:K.K.VARMA || EDITED BY:AAJ NATIONAL NEWS DESK

लखनऊ ।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह ‘जनता दर्शन’ किया। प्रदेश भर से आए लोगों से मुलाकात कर समस्याएं सुनीं और समस्याओं के निराकरण का निर्देश दिया। एक बच्ची ने मुख्यमंत्री से उच्च शिक्षा के लिए मदद की गुहार लगाई, जिसपर उन्होंने लखनऊ के किसी संस्थान में प्रवेश दिलाने का आदेश दिया। पुलिस की अनसुनी व अवैध कब्जे से जुड़ी शिकायतों पर सख्त सीएम ने अफसरों को मॉनीटरिंग कर पीड़ितों को न्याय दिलाने का आदेश दिया। लखनऊ की एक बच्ची  बूढ़ी मां के साथ पहुंची। उसने इंटरमीडिएट अच्छे अंक से उत्तीर्ण किया है। वह बीटेक करना चाहती है, लेकिन धन के अभाव में दिक्कत हो रही है। सीएम ने उसकी मार्कशीट देखी, कहा कि पढ़ाई पर ध्यान दो। आपका प्रवेश  अच्छे संस्थान में कराया जाएगा। सरकार किसी भी निर्धन या जरूरतमंद की शिक्षा को बाधित नहीं होने देगी। बेटी व मां ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया। फरियादियों ने मुख्यमंत्री से पुलिस की हीलाहवाली व अवैध कब्जे को लेकर उचित कार्रवाई न होने की शिकायत करते हुए प्रार्थना पत्र सौंपा। मुख्यमंत्री ने हर प्रकरण को सुना, फिर शासन के अफसरों को प्रार्थना पत्र देते हुए कहा कि इन मामलों की मॉनीटरिंग करिए। पीड़ित को न्याय और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई कराइए। सीएम ने पीड़ितों को जल्द ही समाधान के लिए आश्वस्त किया। कुछ फरियादी ऐसे भी आए जो सीधे ‘जनता दर्शन’ में पहुंचे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूछा कि आपने जनपद के किस अधिकारी के समक्ष अपनी बात रखी। इस पर कुछ फरियादियों ने कहा कि हम सीधे यहीं आ रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गर्मी बेतहाशा पड़ रही है। स्वास्थ्य का ध्यान रखें और सबसे पहले अपनी शिकायतें जनपद, मंडल स्तर के अधिकारियों से करें। कई समस्याओं का समाधान वहीं से हो जाएगा।

जनता की अनसुनी पड़ सकती भारी

 योगी सरकार की जीरो टॉलरेंस पालिसी आमजन के लिए बड़ी फायदेमंद साबित हो रही है। जो अफसर जनता की अनसुनी करेंगे, उन्हें भी सरकार छूट देने वाली नही है।सूत्रों की माने तो सचिवालय के भीतर सीएम डैशबोर्ड यानि आईजीआरएस की समीक्षा की जा रही है। मुख्यमंत्री के जनता दर्शन कार्यक्रम में आ रही शिकायतों, खासकर जमीन विवादों और राजस्व मामलों में ढिलाई बरतने वाले जिलाधिकारियों पर भी इन दिनों खास नजर सीएम कार्यालय द्वारा रखी जा रही है। अनावश्यक रूप से मामले लटकाने की नीति अब चलने वाली नही है।

वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ई-रिक्शा से पहुंचे दफ्तर,कहा न्यूनतम ईंधन खपत वाले साधनों का प्रयोग करें नागरिक

उत्तर प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने आज  साप्ताहिक संकल्प को आगे बढ़ाते हुए विधानसभा स्थित कार्यालय आने-जाने के लिए ई-रिक्शा का प्रयोग किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों तथा खाड़ी देशों में जारी अस्थिरता के बीच ऊर्जा संरक्षण, पेट्रोलियम ईंधनों की बचत की आवश्यकता पहले से अधिक महत्वपूर्ण हो गई है प्रधानमंत्री तथा मुख्यमंत्री द्वारा ईंधन की खपत कम करने, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने, वैकल्पिक एवं स्वच्छ परिवहन साधनों को अपनाने का आह्वान किया गया है। उन्होंने सप्ताह में कम से कम एक दिन पेट्रोलियम ईंधन रहित अथवा न्यूनतम ईंधन खपत वाले साधनों का उपयोग करने का संकल्प लिया है।उन्होंने बताया कि आज वह ई-रिक्शा से अपने सरकारी आवास से विधानसभा कार्यालय पहुंचे तथा कार्यालय से आवास आने-जाने में भी ई-रिक्शा का ही उपयोग करेंगे। ऊर्जा संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है बल्कि प्रत्येक नागरिक का राष्ट्रीय दायित्व है।श्री खन्ना ने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए  नागरिक यथासंभव न्यूनतम ईंधन खपत वाले साधनों का प्रयोग करें। छोटी दूरी की यात्राओं के लिए साइकिल, ई-रिक्शा, सार्वजनिक परिवहन अथवा अन्य वैकल्पिक साधनों को प्राथमिकता देकर न केवल पेट्रोलियम ईंधनों की बचत की जा सकती है बल्कि पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्रीय हित में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।श्री खन्ना लगभग एक माह से अपने संकल्प को निरंतर मूर्त रूप दे रहे हैं। इस अवधि में उन्होंने कभी साइकिल तो कभी ई-रिक्शा का प्रयोग कर जनसामान्य को ऊर्जा बचत, पर्यावरण संरक्षण तथा स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया है। यदि प्रत्येक नागरिक सप्ताह में एक दिन भी ईंधन की खपत कम करने का प्रयास करे तो राष्ट्रहित में एक बड़ा योगदान सिद्ध होगा।

ग्राम पंचायतों में डिजिटल लाइब्रेरी, सुरक्षित पेयजल व्यवस्था को मिलेगी गति- राजभर

प्रदेश के पंचायतीराज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने विधानसभा के मुख्य भवन के कक्ष कार्यालय में पंचायतीराज विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्राम पंचायतों के समग्र विकास से जुड़ी सभी परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा डिजिटल सुविधाओं का विस्तार करने के लिए प्रतिबद्ध है और इस दिशा में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

समीक्षा बैठक में मंत्री ने ग्राम पंचायतों में डिजिटल लाइब्रेरी बाल एवं किशोर पुस्तकालय की स्थापना की प्रगति का विस्तृत आकलन किया। डिजिटल युग में ग्रामीण बच्चों और युवाओं को आधुनिक शिक्षा संसाधनों से जोड़ना समय की आवश्यकता है। डिजिटल लाइब्रेरी न केवल विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराएगी, बल्कि उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं, तकनीकी शिक्षा और डिजिटल ज्ञान से भी जोड़ने का कार्य करेगी।  अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन ग्राम पंचायतों में अभी तक यह सुविधा उपलब्ध नहीं हो सकी है, वहां शीघ्र प्रस्ताव तैयार कर कार्यवाही पूर्ण की जाए।बैठक में स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के अंतर्गत संचालित कार्यक्रमों की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं बल्कि जनभागीदारी का अभियान है। सूचना, शिक्षा एवं संचार गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि ग्राम पंचायत स्तर पर जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से स्वच्छता के प्रति लोगों की भागीदारी बढ़ाई जाए।

ओम प्रकाश राजभर ने गंगा एक्शन प्लान से संबंधित कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि गंगा एवं उसकी सहायक नदियों के किनारे स्थित ग्राम पंचायतों में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के कार्यों को प्राथमिकता दी जाए। ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि पंचायतीराज संस्थाएं ग्रामीण विकास की आधारशिला हैं। ग्राम पंचायतों को सशक्त बनाकर ही आत्मनिर्भर और विकसित गांवों का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।

उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते हुए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाएं।इस अवसर पर प्रमुख सचिव पंचायतीराज  अनिल कुमार, निदेशक पंचायतीराज अमित कुमार सिंह, निदेशक स्वच्छ भारत मिशन गुंजन द्विवेदी एवं विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

गरीब कल्याण, सेवा और अंत्योदय की भावना को समर्पित रहे प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्ष

-हर गरीब के सिर पर छत, हर परिवार के जीवन में सम्मान- केशव

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा है कि यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्ष सेवा, सुशासन, संवेदनशीलता और गरीब कल्याण को समर्पित रहे हैं। इन वर्षों में सरकार की प्रत्येक योजना का केंद्र समाज का अंतिम व्यक्ति रहा है। जन-धन योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन तथा निःशुल्क खाद्यान्न वितरण जैसी योजनाओं ने करोड़ों गरीब परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य किया है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि लंबे समय तक देश के करोड़ों गरीब परिवार आवास जैसी मूलभूत सुविधा से वंचित रहे। उनके लिए अपना घर केवल एक आवश्यकता ही नहींबल्कि सम्मानजनक जीवन का आधार भी था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गरीबों की आवश्यकता को समझते हुए प्रधानमंत्री आवास योजना को जनकल्याण का प्रमुख माध्यम बनाया और करोड़ों आवासविहीन परिवारों को पक्का एवं सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने का ऐतिहासिक कार्य किया।
उन्होंने कहा कि आज देशभर में 4 करोड़ से अधिक परिवारों को पक्के आवास उपलब्ध कराए जा चुके हैं। उत्तर प्रदेश इस अभियान में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है। प्रदेश में लगभग 62 लाख परिवारों को पक्के आवास उपलब्ध कराए गए हैं, जिनमें ग्रामीण क्षेत्रों के 41 लाख से अधिक पात्र परिवार शामिल हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण और मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अंतर्गत लाभार्थियों को केवल आवास ही नहीं, बल्कि शौचालय, निःशुल्क विद्युत कनेक्शन, उज्ज्वला गैस कनेक्शन, आयुष्मान भारत कार्ड तथा मनरेगा के अंतर्गत रोजगार जैसी सुविधाओं से भी जोड़ा गया है। इससे गरीब परिवारों के जीवन स्तर में व्यापक सुधार हुआ है। ग्रामीण आवास योजनाओं के 75 प्रतिशत से अधिक आवास महिलाओं के नाम स्वीकृत किए गए हैं, जिससे महिला सशक्तिकरण को नई दिशा मिली है। श्री मौर्य ने कहा कि मोदी सरकार के 12 वर्षों की सबसे बड़ी उपलब्धि यह है कि गरीब कल्याण की योजनाएं केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं रहीं, बल्कि उनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है।

जनता दर्शन में दिखा जनता का भरोसा,उप मुख्यमंत्री ने सुनीं समस्याएं, समाधान का दिया भरोसा
-जन समस्याओं का समाधान भी होगा और पात्रों को सरकारी सुविधाओं का लाभ भी मिलेगा- केशव

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कैंप कार्यालय, 7-कालिदास मार्ग लखनऊ में जनता दर्शन कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए कई सैकड़ा नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को त्वरित, प्रभावी एवं न्यायपूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।जनता दर्शन में फरियादियों की भारी भीड़ उमड़ी। दूर-दराज से आए नागरिकों की सुविधा के दृष्टिगत शीतल पेयजल, शरबत एवं मिठाई की विशेष व्यवस्था भी की गई थी। उप मुख्यमंत्री स्वयं लोगों के बीच पहुंचे, एक-एक फरियादी से मिले और उनकी समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना।
इस अवसर पर भूमि एवं राजस्व विवाद, चिकित्सा सहायता, पेंशन, आवास, सड़क, विद्युत एवं पेयजल, पुलिस प्रशासन, शिक्षा तथा रोजगार से संबंधित बड़ी संख्या में प्रकरण प्रस्तुत किए गए। उप मुख्यमंत्री ने प्रत्येक मामले का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जनता दर्शन केवल शिकायत सुनने का मंच नहीं, बल्कि सरकार और जनता के बीच विश्वास एवं संवाद का सशक्त माध्यम है। इससे शासन-प्रशासन को जमीनी वास्तविकताओं की जानकारी प्राप्त होती है तथा समस्याओं के समाधान की दिशा में त्वरित और प्रभावी कदम उठाने में सहायता मिलती है। प्रदेश सरकार प्रत्येक नागरिक को न्याय दिलाने और उसे शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे तथा किसी भी पीड़ित को न्याय पाने के लिए अनावश्यक रूप से भटकना न पड़े, यह सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता  है।श्री मौर्य ने विशेष रूप से महिलाओं, दिव्यांगो, वरिष्ठ नागरिकों एवं अन्य जरूरतमंद व्यक्तियों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए। भूमि विवाद एवं अवैध कब्जों से जुड़े मामलों को गंभीरता से लेते हुए उप मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीमों को मौके पर भेजकर निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा प्रभावी एवं स्थायी समाधान किया जाए। लखीमपुर से  रामकली, प्रतापगढ़ से अभिषेक कुमार, हाथरस से सन्तोष कुमार, मेरठ से  अरूण कुमार, प्रयागराज से शमला भारतीय सीतापुर से गीतादेवी ने भूमि विवाद से सम्बन्धित प्रकरण रखे, सभी प्रकरणो मे उप मुख्यमंत्री ने सम्बन्धित जिलाधिकारी को निर्देश दिये कि राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीम भेजकर समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाय।

9 जून की शाम आकाश में दिखेगा अद्भुत नजारा, शुक्र और बृहस्पति ग्रह आएंगे बेहद करीब
-इंदिरा गांधी नक्षत्रशाला में दूरबीन से कराया जाएगा निःशुल्क अवलोकन

आकाशीय घटनाओं में रुचि रखने वालों के लिए 09 जून की शाम खास होने वाली है। उत्तर प्रदेश सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के अंतर्गत संचालित इंदिरा गांधी नक्षत्रशाला, लखनऊ के अनुसार इस दिन सूर्यास्त के तुरंत बाद पश्चिम-उत्तर पश्चिम दिशा में सौरमंडल के दो सबसे चमकीले ग्रहों-शुक्र और बृहस्पति-का दुर्लभ संगम देखने को मिलेगा। दोनों ग्रह पृथ्वी से देखने पर इतने करीब दिखाई देंगे कि मानो एक-दूसरे के साथ ही चमक रहे हों।इस दुर्लभ खगोलीय घटना को आमजन तक पहुंचाने के लिए इंदिरा गांधी नक्षत्रशाला द्वारा 9 जून को सायं 7 बजे से 9 बजे तक विशेष अवलोकन कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इच्छुक नागरिक एवं खगोल प्रेमी निःशुल्क पहुंचकर दूरबीन के माध्यम से इस अद्भुत दृश्य का अवलोकन कर सकते हैं।खगोल विज्ञान में इस घटना को ‘ग्रहीय युति’ कहा जाता है। 9 जून को इन दोनों ग्रहों के बीच केवल लगभग 1.6 डिग्री की कोणीय दूरी रह जाएगी। लखनऊ में यह  दृश्य सूर्यास्त के लगभग आधे घंटे बाद स्पष्ट रूप से दिखाई देना शुरू होगा और रात लगभग 9ः20 बजे तक देखा जा सकेगा।वैज्ञानिकों के अनुसार उस समय बृहस्पति ग्रह पृथ्वी से 90 करोड़ किलोमीटर दूर होगा, जबकि शुक्र ग्रह की दूरी लगभग 18 करोड़ किलोमीटर होगी। इतनी विशाल दूरी के बावजूद पृथ्वी से देखने पर दोनों ग्रह एक-दूसरे के निकट प्रतीत होंगे। यदि तुलना की जाए तो दोनों ग्रहों के बीच की दूरी आकाश में लगभग तीन पूर्ण चन्द्रमाओं के बराबर दिखाई देगी। शुक्र ग्रह अपनी तेज चमक के कारण सबसे पहले ध्यान आकर्षित करेगा, जबकि दूरबीन से देखने पर बृहस्पति ग्रह के चार प्रमुख उपग्रह-आयो, यूरोपा, गैनीमीड और कैलिस्टो भी देखे जा सकेंगे। दिलचस्प बात यह है कि सूर्यास्त के समय पश्चिमी क्षितिज पर बुध ग्रह भी दिखाई देगा, जिससे आकाश में एक छोटी ‘प्लैनेट परेड’ जैसा दृश्य बनेगा।नक्षत्रशाला प्रशासन ने बताया कि ग्रीष्मकाल के दौरान आगंतुकों की बढ़ती रुचि को देखते हुए सायंकाल 6 बजे से एक अतिरिक्त 2-डी शो भी प्रारंभ किया गया है, जिससे अधिक से अधिक लोग अंतरिक्ष और खगोल विज्ञान की रोचक दुनिया से परिचित हो सकें।

Aaj National

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *