सरोजनीनगर:नाबालिग बालिका से दुष्कर्म मामले में दो आरोपी गिरफ्तार,क्लिक करें और भी खबरें

-मुख्य आरोपी अभी भी पुलिस पकड़ से दूर

  • REPORT BY:A.S.CHAUHAN || EDITED BY:AAJ NATIONAL NEWS

लखनऊ। थाना सरोजनीनगर पुलिस ने नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म के मामले में दो नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी पीयूष शुक्ला (20 वर्ष) और शुभम मिश्रा (23 वर्ष) को आउटर रिंगरोड अंडरपास, ग्राम लीला खेड़ा थाना दुबग्गा से पकड़ा गया। मुख्य आरोपी विमल यादव मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।पुलिस के अनुसार, पीड़िता की मां ने 05 नवंबर को थाने में तहरीर दी थी कि उनकी नाबालिग बेटी पिछले एक महीने से विमल से बात कर रही थी। 02 नवंबर की रात विमल ने अपने साथियों पीयूष और शुभम के साथ मिलकर बालिका को बहला-फुसलाकर ले जाकर दुष्कर्म किया। इस पर मुकदमा संख्या 382/25 के तहत धारा 127(2)/70(2)/351(2)/137(2) बीएनएस, 5जी/6 पाक्सो एक्ट और 67 आईटी एक्ट के अंतर्गत केस दर्ज किया गया।गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। पुलिस टीम द्वारा तीसरे आरोपी की धरपकड़ के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। अग्रिम कार्रवाई जारी है।

पेट्रोल पंप पर ईंधन भरवाने को लेकर विवाद,कर्मचारी को घूंसे से मारकर गंभीर रूप से घायल किया, तीन अज्ञात बदमाश फरार

बन्थरा थाना क्षेत्र के एसएस फिलिंग स्टेशन पेट्रोल पंप पर गुरुवार देर रात करीब 12:50 बजे ईंधन भरवाने को लेकर हुए विवाद में तीन अज्ञात व्यक्तियों ने पंप कर्मचारी अनूप कुमार को बायीं आंख के ऊपर घूंसे से मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमलावर थार गाड़ी से आए थे और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।पीड़ित अनूप कुमार (पुत्र नरेश, निवासी ग्राम उमर सेण्डा फत्तेपुर, थाना हरियावां, जिला हरदोई) ने बन्थरा थाने में दी तहरीर में बताया कि वह पेट्रोल पंप पर कर्मचारी के रूप में कार्यरत हैं। रात में एक थार गाड़ी से तीन व्यक्ति ईंधन भरवाने आए। जब उन्होंने गाड़ी को पंप के पास सही से खड़ी करने को कहा तो आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। मना करने पर एक आरोपी ने उनकी बायीं आंख के ऊपर घूंसा मार दिया, जिससे उन्हें गंभीर चोट आई। शोर मचने पर अन्य कर्मचारी इकट्ठा हो गए, जिसके बाद आरोपी धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। थाने की पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस जनता के बीच संवाद के लिए हरौनी में चौपाल आयोजित

बंथरा थाना क्षेत्र की हरौनी पुलिस चौकी के अंतर्गत कस्बे में स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय में शुक्रवार शाम 3:30 बजे पुलिस और जनता के बीच संवाद को लेकर चौपाल का आयोजन थाना प्रभारी राणा राजेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम में सहायक पुलिस आयुक्त रजनीश वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।सहायक पुलिस आयुक्त रजनीश वर्मा ने उपस्थित महिलाओं और पुरुषों से व्यापक चर्चा की तथा कहा कि किसी बिचौलिए के माध्यम से अपनी बात पुलिस तक न पहुंचाएं, बल्कि सीधे मुझसे संवाद करें। आपकी समस्या का समाधान अवश्य निकाला जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि अक्सर बीच के लोग फर्जी मुकदमों में दूसरों को फंसाकर अपना बदला लेने का प्रयास करते हैं और छोटी-छोटी घटनाओं पर बड़ा बखेड़ा खड़ा करने का काम करते हैं। इसके अलावा, जनता को आपसी विवाद कम करने के लिए अन्य तमाम सुझाव दिए गए।कार्यक्रम के अंत में थाना प्रभारी राणा राजेश कुमार सिंह ने उपस्थित सभी लोगों का धन्यवाद ज्ञापित किया। इस चौपाल से पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का प्रयास किया गया।

बंथरा में नकली खाद बिक्री, किसानों का हो रहा शोषण

-दुकानदार ने घर पर लगाया किसानों का मेला, प्रशासन की लापरवाही से शोषण जारी

सरोजनीनगर तहसील क्षेत्र के बंथरा में नकली डीएपी खाद की अवैध बिक्री का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार और शुक्रवार को एक कीटनाशक एवं बीज दुकानदार ने अपने आवास पर ही सैकड़ों किसानों का मेला लगा रखा था, जहां नकली खाद को हजारों रुपये में बेचा जा रहा था। गुरुवार को साधन सहकारी समिति दादूपुर बंथरा के सचिव सुरेंद्र सिंह इसकी जानकारी हुई तो मौके पर पहुंचे फोटो और वीडियो खाद ले जा रहे लोगों का बनाया गया था। वीडियो में कई वाहन डीएपी की बोरी से लदे नजर आ रहे हैं, लेकिन स्थानीय प्रशासन की उदासीनता के कारण यह अवैध कारोबार फल-फूल रहा है।बंथरा कस्बे के सिकंदरपुर स्थित काका कॉलोनी में रहने वाले दुकानदार प्रदीप सिंह ने अपने घर को ही नकली खाद के वितरण केंद्र में तब्दील कर दिया था। गुरुवार को दर्जनों मोटरसाइकिलें, ई-रिक्शा, ऑटो, छोटे हाथी और डाला कारों जैसे वाहनों से किसान खाद भरकर लौटे। शुक्रवार सुबह करीब 7:35 बजे जब प्रतिनिधि प्रदीप सिंह के आवास पर पहुंचा, तो वहां का नजारा देखकर हैरानी हुई। दर्जनों किसान वाहनों के साथ खड़े थे, लेकिन प्रतिनिधि को देखते ही वे इधर-उधर भागने लगे। दुकानदार ने भी किसानों को खाद वितरित करने से साफ मना कर दिया।बालाजी मंदिर के पास बंथरा निवासी किसान कल्लू रैदास ने बताया कि कल मैंने तीन बोरी डीएपी खाद के लिए 4200 रुपये जमा कर दिए थे। दुकानदार ने आज सुबह आने को कहा था, लेकिन अब बहाना बना रहा है कि किसी ने शिकायत कर दी है। इसलिए खाद नहीं दे रहा। अब कह रहा है कि औरावां में उदयभान सिंह के पास 10 बजे खाद उतरेगी, वहां जाकर लेकर ले आना। कल्लू ने आगे खुलासा किया कि कल सुबह दुकानदार के घर पर ही खाद उतारी गई थी, जो अभी भी गली में पड़ी हुई है। “वह काली है और बहती नहीं, लगता है नकली ही बनी हुई है। दुकानदार अब कह रहा है कि घर थोड़ी खुदवाना है, इसलिए बिक्री बंद कर दी है। अब स्थान बदलकर औरावां में बांटेगा।अन्य किसानों ने भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने बताया कि प्रति बोरी 1400 से 1600 रुपये की दर से नकली डीएपी बेची जा रही थी, जो बाजार मूल्य से कहीं अधिक है। गरीब और भोले-भाले ग्रामीण किसान इसकी पहचान नहीं कर पा रहे, जिसका फायदा उठाकर दुकानदार उनका खुला शोषण कर रहा है। शुक्रवार सुबह की पड़ताल में मोटरसाइकिलों की कतार, एक वेगनर ऑटो, ई-रिक्शा और दर्जनों अन्य वाहन खाद लेने के इंतजार में खड़े मिले।यह पहली बार नहीं है जब प्रदीप सिंह पर ऐसी शिकायतें आई हैं। बंथरा कस्बे के मंझेरिया हाउस में उनकी दुकान ‘भरद्वाज’ के नाम से चलती है, जहां नकली बीज और कीटनाशक दवाओं की बिक्री का धंधा भी जोरों पर चल रहा है। ग्रामीणों ने कई बार प्रशासन से शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। यही लापरवाही आज भी इस काले कारोबार को पनपने दे रही है।किसान संगठनों ने इस घटना की कड़ी निंदा की है। उन्होंने मांग की है कि नकली खाद के विक्रेताओं पर सख्त एफआईआर दर्ज हो और प्रभावित किसानों को मुआवजा दिया जाए।एडीओ एग्रीकल्चर लखनऊ रामगोपाल द्विवेदी ने बताया कि अगर दुकानदार के खिलाफ डीएपी खाद बिक्री किए जाने के पर्याप्त साक्ष्य मिलते हैं तो कानूनी कार्यवाही अवश्य की जाएगी।

बंथरा थाना क्षेत्र के गांवों में लकड़ी माफिया का कहर,बिना अनुमति के आम, गूलर, शीशम और सागौन के पेड़ों पर चली कुल्हाड़ी

-वन कर्मचारियों पर मिलीभगत के आरोप

बंथरा थाना क्षेत्र में लकड़ी माफिया ने प्रतिबंधित पेड़ों की अवैध कटाई को अंजाम देकर पर्यावरण के लिए खतरा पैदा कर दिया है। शुक्रवार को रामचौरा नई बस्ती में ठेकेदारों ने एक आम और दो गूलर के पेड़ों पर कुल्हाड़ी चला दी, जबकि लाला खेड़ा मोड़ पर शीशम का पेड़ काटकर लकड़ी ठेकेदार अर्जुन खांडे देव और राजन गढ़ी चुनौटी ने बिना किसी वन विभाग की अनुमति के ही उठा लिया। सूत्रों के अनुसार, दो-तीन दिन पूर्व इसी लाला खेड़ा मोड़ पर पांडे फार्म हाउस के पास अंगनू के खेत में खड़े तीन सागौन के पेड़ों को भी इन्हीं ठेकेदारों ने वन विभाग की मंजूरी के बिना काट डाला।लगातार हो रही इन अवैध कटाइयों से स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों का आरोप है कि लकड़ी माफिया खुलेआम सक्रिय हैं और इसमें क्षेत्रीय वन अधिकारी,कर्मचारियों की मिलीभगत से इंकार नहीं किया जा सकता। बंथरा थाना क्षेत्र में पहले भी सरोजनी नगर वन रेंज के अंतर्गत सहिजनपुर और लोनहा गांवों में आम के पेड़ों की अवैध कटाई के मामले सामने आ चुके हैं, जहां डिप्टी रेंजर और बीट इंचार्जों पर माफिया की मदद का आरोप लगा था। इन घटनाओं में वन विभाग ने एफआईआर दर्ज कराई, लेकिन ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का अभाव दिखा।पर्यावरण संरक्षण के दावों के बीच ऐसी घटनाएं चिंताजनक हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि अवैध कटाई न केवल जैव विविधता को नुकसान पहुंचा रही है, बल्कि जलवायु परिवर्तन से जूझते क्षेत्र को और कमजोर कर रही है। रेंजर सरोजनीनगर सुरेंद्रनाथ सिंह ने बताया कि इसकी जांच टीम को भेजकर करवाई गई है जिसमें सभी मामले सूचना के तहत पाए गए हैं किसान और लकड़ी के ठेकेदारों के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी।

 

Aaj National

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *