LUCKNOW:सबसे लंबी अवधि तक प्रधानमंत्री रहने वाले पीएम मोदी को मुख्यमंत्री ने दी बधाई,क्लिक करें और भी खबरें

-देशवासियों के विश्वास, स्नेह और आशीर्वाद की सामूहिक अभिव्यक्ति है कीर्तिमान-योगी

  • REPORT BY:K.K.VARMA || EDITED BY:AAJ NATIONAL NEWS DESK
लखनऊ ।सबसे लंबे समय तक पीएम के रूप में देश सेवा करने वाले पीएम नरेंद्र मोदी को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बधाई दी है।  निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में लगातार 4399 दिन पूरा कर श्री मोदी सबसे लंबे समय तक इस पद पर रहने वाले जनसेवक बन गए हैं।मुख्यमंत्री ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट ‘एक्स’ पर पोस्ट कर प्रधानमंत्री को बधाई दी। उन्होंने लिखा कि 145 करोड़ भारतवासियों की सेवा, सुरक्षा और समृद्धि के लिए सतत समर्पित, अमृतकाल के सारथी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारत के इतिहास में सबसे लंबी अवधि तक निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सेवा देने वाले जननेता बनने पर हार्दिक बधाई। भारतीय लोकतंत्र का यह कीर्तिमान संपूर्ण देशवासियों के विश्वास, स्नेह और आशीर्वाद की सामूहिक अभिव्यक्ति है।मुख्यमंत्री ने लिखा कि इतिहास में ऐसे अवसर विरले ही दिखते हैं, जब कोई नेतृत्व केवल सरकार का नहीं बल्कि एक युग की चेतना का प्रतीक बन जाता है। यह सम्मान उसी तप, त्याग, दूरदृष्टि और राष्ट्रनिष्ठा का अभिनंदन है, जिसने करोड़ों देशवासियों को ‘विकसित भारत’ के स्वप्न से जोड़ा है।मुख्यमंत्री ने लिखा कि राष्ट्रसेवा को समर्पित आपकी यह अविराम साधना भारत की प्रगति, प्रतिष्ठा और पराक्रम की नई गाथाएं लिखती रहे, यही मंगलकामना है।

आर्थिक अपराधों के विरुद्ध कार्रवाई और तेज करने का फरमान,मुख्यमंत्री ने की ईओडब्ल्यू के कार्यों की समीक्षा

-तकनीक आधारित जांच व्यवस्था से सशक्त होगा ईओडब्ल्यू-योगी,मुख्यमंत्री का वित्तीय धोखाधड़ी के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने पर जोर

आर्थिक अपराधों के विरुद्ध कार्रवाई को और अधिक प्रभावी, त्वरित और परिणामोन्मुख बनाने के लिए आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन ईओडब्ल्यू को आधुनिक तकनीक, सुदृढ़ जांच प्रणाली और प्रभावी अनुश्रवण तंत्र से सशक्त किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ईओडब्ल्यू की कार्यप्रणाली एवं प्रगति की समीक्षा करते हुए आर्थिक अपराधों से जुड़े मामलों में त्वरित जांच, प्रभावी कार्रवाई और दोषसिद्धि के निर्देश दिए।
बैठक में आर्थिक अपराधों से संबंधित लंबित जांच, विवेचनाओं, गिरफ्तारी, अभियोजन, जनजागरूकता गतिविधियों तथा संगठनात्मक सुधारों की समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि वित्तीय धोखाधड़ी, जालसाजी, गबन और अन्य आर्थिक अपराध न केवल सरकारी संसाधनों को प्रभावित करते हैं बल्कि आम नागरिकों के विश्वास को आघात पहुंचाते हैं। ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध कठोर और समयबद्ध कार्रवाई की जानी चाहिए।बैठक में बताया गया कि संगठन द्वारा लंबित मामलों के निस्तारण के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। 2026 में 31 मई तक 155 जांच, विवेचना एवं अनुवर्ती कार्यवाहियों का निस्तारण किया जा चुका है। 71 अभियुक्तों की गिरफ्तारी की गई है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि पुराने मामलों के निस्तारण में और तेजी लाई जाए तथा वांछित अभियुक्तों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जाए।मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन मामलों में पर्याप्त साक्ष्य उपलब्ध हैं, उनमें अभियोजन और न्यायिक प्रक्रिया को गति दी जाए। उन्होंने सुदृढ़ पैरवी, गुणवत्तापूर्ण विवेचना और साक्ष्य संकलन के माध्यम से अधिकाधिक मामलों में दोषसिद्धि करने पर जोर दिया। बैठक में महत्वपूर्ण प्रकरणों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए गए कि प्रत्येक मामले की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और दोषियों को कानून के अनुसार दंडित कराने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाए। जांच, विवेचना और अनुवर्ती कार्यवाहियों के प्रभावी प्रबंधन के लिए केस मैनेजमेंट सिस्टम  विकसित किया गया है। यह प्रणाली प्रकरणों के डिजिटल प्रबंधन, ऑनलाइन रिपोर्टिंग, रियल टाइम मॉनिटरिंग तथा डैशबोर्ड आधारित अनुश्रवण की सुविधा प्रदान करती है। मुख्यमंत्री ने इसके प्रभावी उपयोग के निर्देश देते हुए कहा कि तकनीक आधारित व्यवस्था से जांच की गुणवत्ता, पारदर्शिता और जवाबदेही में वृद्धि होगी। जांच अधिकारी किसी मामले को तीन माह से अधिक समय तक अपने पास न रखें। इस सम्बंध में उनकी जवाबदेही भी तय की जाय। मुख्यमंत्री ने आर्थिक अपराधों की रोकथाम के लिए जनजागरूकता कोमहत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि बदलते तकनीकी परिवेश में वित्तीय धोखाधड़ी, निवेश संबंधी ठगी तथा अन्य आर्थिक अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक किया जाना आवश्यक है।
बैठक में बताया गया कि ईओडब्ल्यू द्वारा “जागरूकता, जानकारी, बचाव” अभियान संचालित किया जा रहा है, जिसके माध्यम से आमजन को विभिन्न प्रकार के आर्थिक अपराधों से बचाव के बारे में जानकारी दी जा रही है। मुख्यमंत्री ने इस अभियान को और व्यापक बनाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि आर्थिक मुद्दों से जुड़े मामलों को समयबद्ध ढंग से निस्तारित करने की कार्रवाई को तेज किया जाय। पोंजी स्कीम, मल्टीलेवल मार्केटिंग, चिट-फंड घोटाले एवं साइबर फ्रॉड जैसे विषयों के प्रशिक्षण कार्यक्रमों में तकनीक का प्रयोग किया जाय। बैठक में संगठन की क्षमता वृद्धि, अधिकारियों एवं विवेचकों के प्रशिक्षण, आधुनिक तकनीकों के उपयोग तथा संगठन के विस्तार से संबंधित प्रस्तावों पर भी चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि आर्थिक अपराधों की प्रकृति जटिल होती जा रही है। ऐसे में जांच एजेंसियों को आधुनिक संसाधनों, तकनीकी दक्षता और प्रभावी कार्यप्रणाली से सुसज्जित किया जाना आवश्यक हैताकि आर्थिक अपराधों के विरुद्ध प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

ऑस्ट्रेलियाई इन्फ्लुएंसर ‘सीएम योगी की पुलिस’ का मुरीद

योगी आदित्यनाथ ने सबसे पहले कानून व्यवस्था सुदृढ़ कर उत्तर प्रदेश में सुशासन स्थापित किया। अब उत्तर प्रदेश की पुलिस ने एक और बड़ा कार्य कर अंतरराष्ट्रीय फलक पर अपनी अलग पहचान स्थापित की। आईपीएल फाइनल मैच के दौरान चोरी हुआ ऑस्ट्रेलियाई इन्फ्लुएंसर जेक जैकिंग्स का मोबाइल बरामद कर अलीगढ़ पुलिस ने सकुशल उसे सौंप दिया। इससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक बार फिर यूपी का भरोसा मजबूत हुआ है। मोबाइल मिलने पर जेक जैकिंग्स ने अलीगढ़ पुलिस की त्वरित कार्रवाई, पेशेवर कार्यशैली की सराहना की। ऑस्ट्रेलिया के सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और क्रिकेट कंटेंट क्रिएटर जेक जैकिंग्स का आईफोन 31 मई को अहमदाबाद स्टेडियम में आयोजित आईपीएल फाइनल मैच के दौरान चोरी हो गया था। 2 जून को मोबाइल की लोकेशन अलीगढ़ में मिली तो जेक जैकिंग्स ने सोशल मीडिया के माध्यम से अलीगढ़ पुलिस से मदद की अपील की। तकनीकी साक्ष्यों और आधुनिक डिजिटल ट्रैकिंग प्रणाली के माध्यम से पुलिस टीम ने जांच शुरू की और चंद दिनों के भीतर मोबाइल बरामद कर लिया। कानूनी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद पुलिस कार्यालय में जेक जैकिंग्स को उनका मोबाइल सौंप दिया गया।मोबाइल वापस मिलने के बाद जेक जैकिंग्स ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विशेष रूप से सर्विलांस टीम की कार्यकुशलता की सराहना करते हुए कहा कि अलीगढ़ पुलिस ने बेहद कम समय में प्रभावी कार्रवाई कर उनका विश्वास जीता है। एक विदेशी नागरिक और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लोकप्रिय कंटेंट क्रिएटर द्वारा की गई यह प्रशंसा उत्तर प्रदेश पुलिस की सकारात्मक छवि को और मजबूत करती। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश पुलिस लगातार तकनीक आधारित पुलिसिंग, साइबर मॉनिटरिंग और सर्विलांस नेटवर्क को सशक्त बनाने पर काम कर रही है। प्रदेश भर में आधुनिक तकनीकी संसाधनों के उपयोग, जवाबदेही और त्वरित कार्रवाई की संस्कृति ने पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाया है। अलीगढ़ पुलिस की इस उपलब्धि ने प्रदेश की सकारात्मक पहचान को एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत किया है।

रोजगार से स्वावलंबन तक: योगी सरकार के प्रयासों से युवा बन रहे उद्यमी,डेयरी व्यवसाय बना रामलखन के परिवार की आजीविका का सहारा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार  ऐसे प्रयास कर रही है, जिनसे गांवों में रहने वाले लोग स्वरोजगार के माध्यम से आर्थिक रूप से मजबूत बन सकें। सरकार की विभिन्न योजनाएं न केवल युवाओं को रोजगार उपलब्ध करा रही हैं बल्कि उन्हें उद्यमी बनने का अवसर भी दे रही हैं। योगी सरकार के विजन ‘आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश’ को लखीमपुर खीरी जिले के ग्राम देवरिया निवासी रामलखन ने धरातल पर उतारा है। रामलखन ने बताया कि वे कुछ नया करने और अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाने का सपना देखते थे। हालांकि संसाधनों और पूंजी की कमी उनके सामने सबसे बड़ी चुनौती थी। ऐसे समय में उन्हें जिला उद्योग केंद्र के माध्यम से संचालित ‘प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम’ की जानकारी मिली। उन्होंने योजना के तहत आवेदन किया और 2024 में उन्हें 10 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत हुआ। सरकारी सहयोग मिलने के बाद रामलखन ने दुग्ध उत्पादन का व्यवसाय शुरू किया। उन्होंने डेयरी संचालन की शुरुआत की और धीरे-धीरे अपने उद्यम को विस्तार दिया। उनका डेयरी व्यवसाय प्रतिदिन लगभग 5 से 8 क्विंटल दूध का उत्पादन कर रहा है। स्थानीय स्तर पर दूध की आपूर्ति की जा रही है, जिससे स्थानीय बाजार भी मजबूत हो रहा है। इससे केवल रामलखन का ही जीवन नहीं बदला, बल्कि उनके साथ गांव के तीन और लोगों को भी रोजगार मिला है। रामलखन आज खर्चों के बाद प्रतिमाह लगभग 15 से 30 हजार रुपये की शुद्ध आय अर्जित कर रहे हैं।

Aaj National

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *