LUCKNOW:पीएम मोदी ने सीएम योगी संग यूपी को संवारा,क्लिक करें और भी खबरें

-डबल इंजन सरकार ने यूपी को बनाया देश का ग्रोथ इंजन

-वाराणसी से तीसरी बार सांसद बने पीएम मोदी ने बनाया सबसे लंबी अवधि तक प्रधानमंत्री के रूप में रिकार्ड

-राममंदिर निर्माण, काशी विश्वनाथ, प्रयागराज महाकुम्भ, दीपोत्सव के जरिए आस्था के संगम में लगाई विकास की डुबकी

  • REPORT BY:K.K.VARMA || EDITED BY:AAJ NATIONAL NEWS DESK
लखनऊ ।पीएम नरेंद्र मोदी वाराणसी से तीसरी बार सांसद बनकर देश का नेतृत्व कर रहे हैं। बुधवार को उन्होंने सबसे लंबी अवधि तक निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में जनसेवा का नया रिकॉर्ड कायम किया।  डबल इंजन सरकार ने उत्तर प्रदेश को देश का ग्रोथ इंजन बनाया। जनकल्याण के प्रतीक बने उत्तर प्रदेश में इंफ्रास्ट्रक्चर के जरिए विकास का पहिया दौड़ा तो आस्था के सैलाब ने पर्यटन की नई कहानी लिखी।
नोएडा इंटरनेशनलएयरपोर्ट जेवर गंगा एक्सप्रेसवे, देश की पहली रैपिड रेल, एम्स, फर्टिलाइजर कारखाना,सेमीकंड्क्टर यूनिट, सरयू नहर राष्ट्रीय परियोजना, केनबेतवा नदी जोड़ो परियोजनाओं के जरिए यूपी ने अलग पहचान बनाई तो दूसरी तरफ 500 वर्ष की बहुप्रतीक्षित आस्था राम मंदिर का निर्माण कर मोदी-योगी की जोड़ी ने राम को उनके मंदिर में प्रतिस्थापित किया। काशी विश्वनाथ धाम, अयोध्या दीपोत्सव, प्रयागराज महाकुंभ आदि आस्था के संगम में दुनिया ने डुबकी भी लगाई। 28 मार्च  को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में देश के सबसे बड़े एयरपोर्ट नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर की सौगात उत्तर प्रदेश को दी। यही नहीं महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट अयोध्या, कुशीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट भी देश-प्रदेशवासियों को सौंपा। 594 किमी. लंबे गंगा एक्सप्रेसवे की सौगात भी प्रधानमंत्री ने यूपी को दी। ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के मुख्य समारोह में भी प्रधानमंत्री ने यूपी का साथ दिया औऱ सीएम योगी के आह्वान पर बड़े निवेशकों को विश्वास दिलाया कि उत्तर प्रदेश की धऱती निवेश के लिए सबसे उपयुक्त है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राम की नगरी अयोध्या में राम मंदिर का भूमिपूजन, शिलान्यास किया  मंदिर का लोकार्पण भीकिया। काशी विश्वनाथ धाम कॉरिडोर का 2021 में लोकार्पण किया। वहीं प्रयागराज महाकुम्भ-2025 में भी आस्था की डुबकी लगाई, यहां 66 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने भी डुबकी लगाई। योगी सरकार के अविस्मरणीय आयोजन दीपोत्सव में भी प्रधानमंत्री ने न सिर्फ शिरकत की, बल्कि यहां की भावनाओँ से खुद को भी जोड़ा। सीएम योगी के नेतृत्व में यह आयोजन प्रतिवर्ष ऊंचाइयों को प्राप्त हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 12 वर्षों में वाराणसी को विकास की सौगात देते हुए 36,211 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण और  25 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास किया। ट्रेड फैसिलिटी सेंटर, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, सिगरा स्टेडियम, रिंग रोड, रोपवे, फ्लाईओवर और कई घाटों के पुनर्विकास जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं।पिछली सरकारों की अनदेखी के शिकार रहे उत्तर प्रदेश को मोदी-योगी की जोड़ी ने संवारा। कभी गोरखपुर की रीढ़ कहे जाने वाले फर्टिलाइजर कारखाने को मोदी-योगी की जोड़ी ने पुनर्जीवन दिया। यह कारखाना न सिर्फ फिर से प्रारंभ हुआ, बल्कि इसने रोजगार से जोड़ युवाओं के घरों में खुशियों का उजाला फैलाया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गोरखपुर को एम्स की सौगात भी दी। इससे पूर्वी उत्तर प्रदेश, नेपाल व बिहार के नागरिकों की चिंता दूर हुई। उन्हें अब अन्य शहरों में जाने की आवश्यकता नहीं पड़ती, बल्कि गोरखपुर में ही उनकी बीमारियों का इलाज हो जाता है। 22 फरवरी को मेरठ में नमो भारत रैपिड रेल और मेरठ मेट्रो मार्ग का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में रैपिड रेल और मेट्रो सेवा का शुभारंभ किया गया।

योगी सरकार उच्च शिक्षा के बुनियादी ढांचे को दे रही नई मजबूती

-उच्च शिक्षा मंत्री ने किया शिक्षा परिषद भवन का निरीक्षण, निदेशालय के कैंप कार्यालय का लोकार्पण

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश को शिक्षा के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में स्थापित करने के उद्देश्य से उच्च शिक्षा के बुनियादी ढांचे को लगातार सशक्त किया जा रहा है। आशियाना स्थित निर्माणाधीन उत्तर प्रदेश राज्य उच्च शिक्षा परिषद भवन का निरीक्षण प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने प्रमुख सचिव उच्च शिक्षा एमपी अग्रवाल के साथ किया।  उन्होंने उच्च शिक्षा निदेशालय के नवनिर्मित कैंप कार्यालय का लोकार्पण कर उसे विभागीय कार्यों के लिए समर्पित किया।उच्च शिक्षा मंत्री ने निर्माणाधीन भवन के विभिन्न भागों का अवलोकन करते हुए निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता, निर्धारित समय-सीमा की समीक्षा की। कार्यदायी संस्था एवं  अधिकारियों को  निर्देश दिए कि भवन निर्माण में  गुणवत्ता मानकों का पालन किया जाए तथा परियोजना को समयबद्ध ढंग से पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि यह भवन केवल एक प्रशासनिक परिसर नहीं, बल्कि प्रदेश की उच्च शिक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी, आधुनिक और तकनीक-सक्षम बनाने की दिशा में  महत्वपूर्ण आधारशिला सिद्ध होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार उच्च शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक सुधारों को लागू कर रही है। नई शिक्षा नीति-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन, विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, डिजिटल संसाधनों की उपलब्धता तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। राज्य उच्च शिक्षा परिषद भवन के पूर्ण होने से नीति निर्माण, शैक्षणिक योजना, अनुसंधान प्रोत्साहन तथा संस्थागत समन्वय की गतिविधियों को नई गति मिलेगी। उच्च शिक्षा मंत्री ने उच्च शिक्षा निदेशालय के नवनिर्मित कैंप कार्यालय का फीता काटकर एवं अनावरण पट्टिका का अनावरण कर लोकार्पण किया। नए कैंप कार्यालय के प्रारंभ होने से विभागीय कार्यों के संचालन में सुगमता आएगी तथा शासन, निदेशालय, विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा।प्रदेश सरकार उच्च शिक्षा संस्थानों को केवल शिक्षण केंद्र के रूप में नहीं, बल्कि नवाचार, अनुसंधान, कौशल विकास और रोजगारोन्मुखी शिक्षा के केंद्रों के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य कर रही है। आधुनिक अवसंरचना, डिजिटल प्रशासन तथा बेहतर शैक्षणिक वातावरण के निर्माण पर विशेष बल दिया जा रहा है।लोकार्पण के पश्चात अधिकारियों ने मंत्री को कैंप कार्यालय की व्यवस्थाओं एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में उच्च शिक्षा विभाग के सचिव अमृत त्रिपाठी,  उच्च शिक्षा बीएल शर्मा सहित उच्च शिक्षा विभाग, राज्य उच्च शिक्षा परिषद एवं निदेशालय के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने मंत्री को भवन निर्माण की वर्तमान स्थिति, कार्ययोजना तथा विभागीय गतिविधियों की जानकारी दी।

बौद्ध मंदिर एवं गेस्ट हाउस के लिए 2 एकड़ भूमि भूटान को उपलब्ध करायी जाएगी-जयवीर

-पर्यटन विभाग एवं भूटान सरकार के प्रतिनिधियों ने लीज डीड एग्रीमेंट पर किए हस्ताक्षर

-बौद्ध मंदिर के निर्माण से देश-विदेश के बौद्ध श्रद्धालुओं की संख्या में होगी वृद्धि 

वाराणसी में भूटान सरकार को बौद्ध मंदिर एवं गेस्ट हाउस निर्माण के लिए 2 एकड़ भूमि उपलब्ध करायी जाएगी। लीज डीड एग्रीमेंट पर पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह एवं अपर मुख्य सचिव पर्यटन अमृत अभिजात की गरिमामयी उपस्थिति में रॉयल गवर्नमेंट ऑफ भूटान एवं पर्यटन विभाग के बीच  समझौता ज्ञापन पर आज हस्ताक्षर किया गया। भूमि हस्तांतरित करने संबंधी आवश्यक कार्यवाहियां पूरी कर ली गयी हैं। यह भूमि वाराणसी के अजइपुर, परगना कोलअसला  पिंडरा में है।  प्राइम लोकेशन की भूमि है। लीज डीड एग्रीमेंट एमओयू पर रॉयल गवर्नमेंट ऑफ भूटान की तरफ से  ताशी पेल्डन, उप-मिशन प्रमुख रॉयल भूटानी दूतावास नई दिल्ली द्वारा हस्ताक्षर किया गया और सांगे थिनले, चिमी वांगमों, मिनिस्टर काउंसलर वित्त व यूजेन नामग्येल संयुक्त सचिव ईंडो-भूटान, मोनास्टिक अफेयर्स सेंट्रन मोनास्टिक बॉडी ऑफ भूटान रॉयल भूटानी दूतावास साक्षी के रूप में हस्ताक्षर किए। पर्यटन विभाग की ओर से विशेष सचिव मृदुल चौधरी ने हस्ताक्षर किए तथा दो अधिकारियों ने गवाह के रूप में हस्ताक्षर किए और अभिलेखों का आदान-प्रदान किया गया। यह लीज एग्रीमेंट 30 वर्षों तक के लिए किया गया है, जिसका वार्षिक किराया एक रूपया निर्धारित किया गया है। पर्यटन मंत्री ने रॉयल गवर्नमेंट ऑफ भूटान के प्रतिनिधियों का स्वागत एवं हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि इस समझौते को जमीन पर उतारा जाएगा। भूटान से हमारे ऐतिहासिक और मधुर संबंध है। भारत और भूटान एक-दूसरे के अच्छे पड़ोसी है।  सारनाथ पहले से ही बौद्ध धर्म का एक प्रमुख प्रेरणा स्थल है। बौद्ध मंदिर एवं गेस्ट हाउस के निर्माण हो जाने से बौद्ध श्रद्धालुओं की संख्या में काफी वृद्धि होगी। राज्य सरकार बौद्ध परिपथ के अंदर आने वाले संकिसा, कुशीनगर आदि बौद्ध स्थलों पर उच्च स्तरीय अवस्थापना सुविधाओं का सृजन कर रही है। कुशीनगर अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा इस कड़ी में शामिल है। जयवीर सिंह ने बताया कि यूपी  गौरवशाली, ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं धार्मिक विरासतों तथा समृद्ध, प्राकृतिक संपदा के दृष्टि पर्यटन के क्षेत्र में तेजी से उभरता प्रदेश है। वाराणसी में स्थित सारनाथ एक आध्यातिक, बौद्धिक एवं दार्शनिक स्थल है। संग्रहालय भी बनाया गया है। 2 एकड़ भूमि रॉयल गवर्नमेंट ऑफ भूटान को हस्तांतरित किए जाने से भारत और भूटान के बीच अंतर्राष्ट्रीय संबंध और प्रगाढ़ होगे, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे। साथ-साथ विदेशों से बड़ी संख्या में पर्यटन पधारेंगे। इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव, पर्यटन एवं धर्मार्थ कार्यअमृतअभिजात, महानिदेशक पर्यटन वेदपति मिश्रा, विशेष सचिव पर्यटन मृदुल चौधरी, निदेशक ईको-पर्यटन  पुष्प कुमार के पर्यटन सलाहाकार  जेपीसिंह मौजूद थे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जीवन देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत 

-प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत ने विश्व मंच पर बनाई नई पहचान

-विकसित भारत-2047’ का संकल्प होगा साकार- केशव

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने पीएम नरेंद्र मोदी के प्रति शुभकामनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री 75 वर्ष की आयु में भी 50 वर्ष के व्यक्ति से अधिक ऊर्जा, फुर्ती और कार्यक्षमता के साथ राष्ट्रसेवा में निरंतर जुटे हुए हैं। भारतीय सनातन परंपरा में 75 वर्ष की आयु को ‘हीरक जयंती’ का अत्यंत शुभ एवं सम्मानजनक पड़ाव माना जाता है। ऐसे महत्वपूर्ण अवसर पर उनका राष्ट्र निर्माण के प्रति अटूट समर्पण और सक्रिय नेतृत्व पूरे देश के लिए प्रेरणादायी है। श्री मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संपूर्ण जीवन संघर्ष, परिश्रम, त्याग और राष्ट्रसेवा की भावना का उत्कृष्ट उदाहरण है। संघर्ष की आग में तपकर कुंदन बने प्रधानमंत्री ने अपने कुशल नेतृत्व से भारत को वैश्विक मंच पर नई प्रतिष्ठा एवं पहचान दिलाई है। भारत विश्व समुदाय में आत्मविश्वास, सामर्थ्य और नेतृत्व क्षमता के साथ अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहा है। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना, प्रधानमंत्री जनधन योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, हर घर जल, डिजिटल इंडिया, आत्मनिर्भर भारत सहित जनकल्याणकारी योजनाओं ने करोड़ों गरीबों, वंचितों और जरूरतमंदों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाया है तथा विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत की मजबूत नींव रखी है। अंतरिक्ष विज्ञान, रक्षा अनुसंधान, तकनीकी नवाचार, ऊर्जा सुरक्षा, आधारभूत संरचना के क्षेत्र में भारत ने अभूतपूर्व उपलब्धियां प्राप्त की हैं। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश नए आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है। भारत आज उभरती हुई महाशक्ति के रूप में स्थापित हो रहा है, जो विश्व शांति, सहयोग और मानव कल्याण की पक्षधर है। प्रधानमंत्री जी द्वारा प्रतिपादित ‘युद्ध नहीं, बुद्ध’ का संदेश भारतीय संस्कृति और सनातन मूल्यों का परिचायक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की निरंतर सेवा करते हुए सबसे लंबे समय तक  प्रधानमंत्री पद पर रहने का ऐतिहासिक कीर्तिमान स्थापित किया है। प्रभावशाली नेतृत्व देश की प्रगति, सुशासन, आत्मविश्वास और वैश्विक सम्मान का पर्याय बन चुका है। विश्व के अनेक देशों द्वारा उन्हें सर्वोच्च नागरिक सम्मानों से अलंकृत किया जाना भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा का प्रमाण है। ‘तेरा वैभव अमर रहे मां, हम दिन चार रहें न रहें’ की भावना को आत्मसात कर प्रधानमंत्री  निरंतर राष्ट्रसेवा में समर्पित हैं। ‘विकसित भारत-2047’ का उनका संकल्प निश्चित रूप से साकार होगा और भारत को आत्मनिर्भर, समृद्ध, शक्तिशाली तथा विश्वगुरु बनाने में मील का पत्थर सिद्ध होगा।उप मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं निरंतर राष्ट्रसेवा के लिए हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी है।

औरैया के दर्जनों लोग रालोद में शामिल

राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश मुख्यालय में पार्टी नेता आदित्य विक्रम सिंह की उपस्थिति में औरैया के पत्रकार आशीष कुमार चतुर्वेदी के नेतृत्व में औरैया विधानसभा की पूर्व प्रत्याशी सुनीता दोहरे सहित दर्जनों लोगों ने राष्ट्रीय लोक दल की सदस्यता ग्रहण की। रालोद नेता मयंक त्रिवेदी ने जानकारी दी कि  नवागंतुकों ने राष्ट्रीय लोक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी के नेतृत्व तथा पार्टी की किसान, युवा और सामाजिक न्याय आधारित विचारधारा में आस्था व्यक्त करते हुए पार्टी की सदस्यता स्वीकार की।इस अवसर पर आदित्य विक्रम सिंह, बीएल प्रेमी, पीके पाठक ,राम सेवक रावत ने नए सदस्यों का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि राष्ट्रीय लोक दल निरंतर प्रदेशभर में मजबूत हो रहा है।सदस्यता ग्रहण करने वालों में सुनीता दोहरे, गंगा सिंह, रतन कुमार दोहरे, रोहतास, शीलू अवस्थी, विजय कुमार चतुर्वेदी, जसराम शर्मा, रघुराज सहित दर्जनों लोग शामिल रहे।

राज्यसभा चुनाव में नामांकन रद्द करना लोकतंत्र पर हमला- सुनील 

लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी सुनील सिंह ने राज्यसभा चुनाव में मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द किए जाने पर कहा कि जब किसी मामले में न आरोप तय हुए, न चार्जशीट दाखिल हुई और न कोई विधिवत आपराधिक मामला लंबित है, तब नामांकन रद्द करना लोकतांत्रिक प्रक्रिया के साथ अन्याय है। सुनील सिंह ने कहा कि लोकतंत्र में जनता को उम्मीदवार चुनने का अधिकार है, अधिकारी को नहीं। लोकदल निष्पक्ष चुनाव, संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।उन्होंने कहा कि चुनाव कानून की गलत व्याख्या कर विपक्षी उम्मीदवारों को चुनाव मैदान से बाहर करना लोकतंत्र के लिए खतरनाक संकेत है। चुनाव आयोग को तत्काल हस्तक्षेप कर रिटर्निंग अधिकारी के फैसले की समीक्षा करनी चाहिए।

मिशन रोजगार :आईटीआई अलीगंज में रोजगार मेले का आयोजन

-454 अभ्यर्थियों ने किया प्रतिभाग, 275 का चयन

युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने एवं उद्योगों की आवश्यकतानुसार कुशल मानव संसाधन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री मिशन रोजगार योजना अंतर्गत राजकीय आईटीआई अलीगंज लखनऊ में  कैंपस ड्राइव एवं रोजगार मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम राजकीय आईटीआई अलीगंज, ग्रे-सिम लर्निंग्स फाउंडेशन तथा क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय के संयुक्त सहयोग से किया गया।रोजगार मेले में देश की प्रतिष्ठित कंपनियों मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड गुजरात, आंजनेय पावर प्रोग्रेस लखनऊ डीएस फैसिलिटी सर्विसेज लखनऊ त्रिवेणी अलमीरा प्राइवेट लिमिटेड नोएडा, कोटक महिंद्रा बैंक लखनऊ तथा असाइन सर्विसेज लखनऊ सहित कुल छह कंपनियों ने प्रतिभाग किया। इन कंपनियों द्वारा विभिन्न तकनीकी एवं गैर-तकनीकी पदों पर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा एवं साक्षात्कार आयोजित किए गए।राजकीय आईटीआई अलीगंज के प्रधानाचार्य राज कुमार यादव ने बताया कि प्रदेश सरकार युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कंपनी प्रतिनिधियों से अधिकाधिक अभ्यर्थियों का चयन करने का अनुरोध किया तथा चयनित अभ्यर्थियों को समयबद्ध रूप से जॉइनिंग सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया।  रोजगार मेले युवाओं और उद्योग जगत के बीच सेतु का कार्य करते हैं।प्लेसमेंट ऑफिसर एमए खाँ ने बताया कि कैंपस ड्राइव में 454 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया। कंपनियों द्वारा लिखित परीक्षा एवं साक्षात्कार के उपरांत 275 अभ्यर्थियों का चयन विभिन्न पदों के लिए किया गया। चयनित अभ्यर्थियों को कंपनियों द्वारा अधिकतम 29,612 रुपये प्रतिमाह तक का वेतन तथा अन्य आकर्षक सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।

मानकों के अनुसार समयान्तर्गत पूर्ण कराये जाये निर्माण कार्य- गिरीश चंद्र

खेल विभाग के अन्तर्गत निर्माणाधीन खेल अवस्थापनाओं से कार्यदायी संस्था के प्रोजेक्ट मैनेजर्स एवं  अधिकारियों के साथ प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री स्वतन्त्र प्रभार गिरीश चन्द्र यादव की अध्यक्षता में लखनऊ में विधानसभा स्थित कार्यालय कक्ष में वर्चुअल बैठक हुई।खेल मंत्री गिरीश यादव ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि निर्माण कार्य को स्वीकृत लागत के अन्तर्गत अनुमोदित विशिष्टियों एवं मानकों के अनुसार समयान्तर्गत पूर्ण कराया जाय तथा अतिरिक्त कार्यों का प्राविधान करते हुए परियोजना को पुनरीक्षित न किया जाये।खेल मंत्री ने कहा कि जनपद में चल रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जॉच हेतु शासन स्तर से जिलाधिकारी द्वारा गठित गुणवत्ता सम्बन्धी समिति से जाँच कराकर जॉच आख्या प्रत्येक माह निदेशालय को उपलब्ध करायी जाय।  मानकों विशिष्टियों के अनुसार निर्माण कार्य न पाये जाने की स्थिति में उत्तरदायित्व अधिकारियों का होगा। जिस मण्डल,जनपद में निर्माण कार्य चल रहे हैं, उस मण्डल,जनपद के अधिकारी  निर्माण कार्यों का प्रतिदिन निरीक्षण करें। निर्माण कार्य निर्धारित मानक एवं विशिष्टियों के अनुसार पूर्ण कराया जाय। अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन जनपदों में 100 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है, उन जनपद के अधिकारी अधीनस्थ जनपद में पूर्ण हो चुकी अवस्थापनाओं के हस्तान्तरण हेतु जनपद स्तर पर गठित गुणवत्ता सम्बन्धी समिति से जाँच कराकर नियमानुसार हस्तान्तरण की कार्यवाही करायें ताकि निर्मित खेल अवस्थापनाओं के लोकार्पण हेतु तिथि निर्धारण की कार्यवाही की जा सकें।
निर्माण कार्य शासनादेश में कार्यपूर्णता के सम्बन्ध में निर्धारित गाइड लाइन्स के अनुरूप कार्य पूर्णता की तिथि अंकित की जाय तद्नुसार निर्माण संस्था संशोधित करते हुए संशोधित अनुबन्ध उपलब्ध कराये साथ ही कार्यस्थल पर बोर्ड लगवाया जाय जिसमें कार्य की स्वीकृत लागत तथा प्रोजेकट मैनेजर का नाम,पदनाम एवं मोबाइल नम्बर अवश्य अंकित हो।बैठक में सचिव खेल एवं युवा कल्याण सुहास एल वाई ने कहा कि अधिकारी अधीनस्थ जनपद में स्वीकृत परियोजना हेतु अनुमोदित लागत के सापेक्ष द्वितीय किश्त की मॉग के समय पूर्व में अवमुक्त धनराशि का उपयोगिता प्रमाण-पत्र जनपद के जिलाधिकारी से सत्यापित कराते हुए उपलब्ध कराये। सीएमआईएस पोर्टल पर दर्ज परियोजना की प्रविशिष्ट को अपडेट करे शासन स्तर से मास्टर डाटा को फीड किया जाय। बैठक में विभागीय अधिकारी एवं कार्यदायी संस्था के परियोजना प्रबन्धक उपस्थित रहे।

नरेंद्र मोदी ने बनाया सबसे अधिक समय तक लगातार पीएम रहने का रिकॉर्ड

-बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी पहुंचे हनुमान मंदिर,की पूजा अर्चना

 प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने तथा देश के सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश द्वारा पूरे प्रदेश में आस्था, राष्ट्रकल्याण एवं विकसित भारत के संकल्प को समर्पित विशेष पूजन-अर्चन कार्यक्रम आयोजित किए गए। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केन्द्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने लखनऊ के हनुमान सेतु मंदिर एवं प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने  लखनऊ के बुद्धेश्वर महादेव मंदिर में पूजन किया । पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में  राष्ट्र की निरंतर प्रगति की कामना के साथ प्रदेश के विभिन्न मंदिरों में पूजा अर्चना की ।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने  हनुमान सेतु मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं शिवार्चन कर प्रधानमंत्री के नेतृत्व में लोककल्याण एवं राष्ट्र की समृद्धि के लिए प्रार्थना की। इस अवसर पर उन्होंने विकसित भारत के संकल्प की सफलता, देश की निरंतर उन्नति तथा प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और कल्याण की मंगलकामना की। इस अवसर पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष  पंकज चौधरी के साथ पार्टी के प्रदेश महामंत्री संजय राय, क्षेत्रीय अध्यक्ष कमलेश मिश्रा,युवा भाजपा नेता नीरज सिंह और महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी सहित कई अन्य पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता  उपस्थित रहे। श्री चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विगत 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन, गरीब कल्याण, आत्मनिर्भर भारत निर्माण और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां अर्जित की हैं। भारत आज विश्व की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं में अपनी मजबूत पहचान स्थापित कर चुका है तथा प्रत्येक क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने अंत्योदय के मंत्र को व्यवहार में उतारते हुए समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का प्रकाश पहुंचाने का कार्य किया है।  जनधन योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि, डिजिटल इंडिया और आत्मनिर्भर भारत जैसे कार्यक्रमों से करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया है। प्रधानमंत्री का नेतृत्व सेवा, सुशासन और राष्ट्र प्रथम की भावना का जीवंत उदाहरण है। उनकी दूरदर्शी सोच और दृढ़ इच्छाशक्ति ने भारत को वैश्विक मंच पर नई पहचान दिलाई है। आज भारत विश्व की प्रमुख शक्तियों में सम्मानजनक स्थान प्राप्त कर चुका है और विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री का प्रत्येक निर्णय राष्ट्रहित, गरीब कल्याण और भविष्य के भारत के निर्माण को केंद्र में रखकर लिया गया है। यही कारण है कि देश की जनता ने लगातार तीसरी बार उन्हें अपना नेतृत्व सौंपकर उन पर अटूट विश्वास व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता प्रधानमंत्री के विकसित भारत के संकल्प, आत्मनिर्भर भारत निर्माण, स्वदेशी से स्वावलंबी भारत निर्माण तथा राष्ट्र की सर्वांगीण उन्नति के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने तथा राष्ट्र निर्माण की इस ऐतिहासिक यात्रा में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रतिबद्ध है।पार्टी के प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने लखनऊ के पारा स्थित बुद्धेश्वर महादेव मंदिर में भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना कर प्रधानमंत्री  के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं निरंतर राष्ट्रसेवा के लिए सतत कार्य करते रहने के लिए महादेव से प्रार्थना की।प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह के साथ पूर्व मंत्री और पार्टी के वरिष्ठ नेता मध्य प्रदेश के प्रभारी डॉक्टर महेंद्र सिंह, युवा नेता  नीरज सिंह, महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।प्रदेश महामंत्री संगठन  धर्मपाल सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्ष भारत के नवजागरण, सुशासन, जनकल्याण के स्वर्णिम अध्याय के रूप में याद किए जाएंगे। हर भाजपा कार्यकर्ता प्रधानमंत्री के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य कर रहा है। महादेव से प्रार्थना है कि प्रधानमंत्री को उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं असीम ऊर्जा प्रदान करें ताकि वे इसी प्रकार राष्ट्र और समाज की सेवा करते हुए भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को सिद्ध कर सकें। जनपदों में भाजपा पदाधिकारियों, सांसदों, विधायकों तथा कार्यकर्ताओं द्वारा मंदिरों में विशेष पूजन-अर्चन, हवन एवं प्रार्थना कार्यक्रम हुए। इस अवसर पर प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्र निर्माण, सुशासन और विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने का संकल्प भी दोहराया गया।

राष्ट्र निर्माण में सर्वोत्तम योगदान देगा यूपी-योगी

-मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी को पत्र लिखकर दीं शुभकामनाएं

निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में लगातार 4399 दिन पूरे कर नरेंद्र मोदी सबसे लंबे समय तक इस पद पर रहने वाले जनसेवक बन गए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को प्रदेशवासियों की तरफ से पत्र लिखकर शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को प्रेषित पत्र में लिखा- राष्ट्रसेवा, सुशासन एवं जनकल्याण को समर्पित 12 वर्ष के सफलतम कार्यकाल पर आपको समस्त प्रदेशवासियों की ओर से अनंत शुभकामनाएं। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश राष्ट्र निर्माण में अपना सर्वोत्तम योगदान देता रहेगा।
सीएम ने पत्र में लिखा कि आपके नेतृत्व में उत्तर प्रदेश आस्था और अर्थव्यवस्था का अद्भुत संगम बनकर उभरा है। अयोध्या में श्री रामजन्मभूमि पर रामलला का विराजमान होना, काशी विश्वनाथ धाम के सफल पुनरोद्धार आदि के साथ ही “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के आपके मूल मंत्र ने विगत 12 वर्षों में भारत के विकास को नई दिशा, नई गति और नया विश्वास प्रदान किया है। राष्ट्र ने सेवा, सुरक्षा, सुशासन और समृद्धि के नए प्रतिमान स्थापित किए हैं। इसी प्रेरणा से उत्तर प्रदेशजनकल्याण, सुशासन और समावेशी विकास के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां अर्जित करते हुए ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।सीएम योगी ने लिखा कि आपके प्रेरक नेतृत्व में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उत्तर प्रदेश के करोड़ों नागरिकों तक पहुंचा है। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत प्रदेश में लगभग 3 करोड़ से अधिक शौचालयों का निर्माण हुआ,  प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से 65 लाख परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराया गया। आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत लगभग 10 करोड़ पात्र नागरिकों को स्वास्थ्य सुरक्षा कवच प्राप्त हुआ। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना एवं राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के माध्यम से लगभग 15 करोड़ लोगों को निःशुल्क राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना से 1.86 करोड़ महिलाओं को धुएं से मुक्ति मिली, जबकि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के माध्यम से प्रदेश के 3 करोड़ से अधिक किसानों को प्रत्यक्ष आर्थिक सहायता प्राप्त हुई। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, सॉयल हेल्थ कार्ड, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना तथा अन्य किसान हितैषी कार्यक्रमों ने उत्पादन, उत्पादकता और किसानों की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। मिशन रोजगार के अंतर्गत 9 लाख से अधिक युवाओं को पारदर्शी एवं निष्पक्ष प्रक्रिया के माध्यम से सरकारी सेवाओं में नियुक्ति प्रदान की गई है। वहीं कौशल विकास कार्यक्रमों के माध्यम से 25 लाख युवाओं को उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूपआपके दूरदर्शी नेतृत्व में उत्तर प्रदेश आधुनिक आधारभूत संरचना के क्षेत्र में भी अग्रणी राज्य बनकर उभरा है। दिल्ली-मेरठ 12 लेन एक्सप्रेस-वे, दिल्ली-मेरठ नमो भारत , देश का प्रथम इनलैंड वाटर-वे, उत्तर प्रदेश से होकर गुजरने वाले ईस्टर्न और वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर, वंदे भारत एवं नमो भारत जैसी आधुनिक रेल सेवाओं ने प्रदेश की कनेक्टिविटी को नई ऊंचाइयां प्रदान की हैं। आज उत्तर प्रदेश अपनी विश्वस्तरीय एक्सप्रेस-वे श्रृंखला के कारण देशभर में ‘एक्सप्रेस-वे प्रदेश’ के रूप में स्थापित हो चुका है। स्मार्ट सिटी मिशन, आधुनिक हवाई अड्डों, मेट्रो परियोजनाओं, लॉजिस्टिक्स नेटवर्क तथा औद्योगिक कॉरिडोर के विकास ने निवेश, व्यापार, पर्यटन और औद्योगिक गतिविधियों को नई गति प्रदान करते हुए प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाई दी है।आपकी प्रेरणा से उत्तर प्रदेश में ‘रूल ऑफ लॉ’ की स्थापना हुई है। आज प्रदेश माफिया मुक्त, दंगा-मुक्त और भयमुक्त वातावरण की पहचान बना चुका है। व्यापारी, निवेशक, मातृशक्ति व उद्योगपति स्वयं को सुरक्षित अनुभव कर रहे हैं। बेहतर कानून-व्यवस्था और निवेश-अनुकूल वातावरण ने उत्तर प्रदेश को देश के सबसे आकर्षक निवेश गंतव्यों में स्थापित किया है। इन प्रयासों का परिणाम है कि आज उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था वर्ष 2017 की तुलना में लगभग तीन गुना हो चुकी है। प्रति व्यक्ति आय में लगभग तीन गुना वृद्धि हुई है तथा बेरोजगारी दर लगभग 18 प्रतिशत से घटकर लगभग 3 प्रतिशत के स्तर पर आ गई है। उत्तर प्रदेश वन ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था के लक्ष्य की ओर तीव्र गति से अग्रसर है तथा ‘विकसित भारत’ के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।

आजीविका मिशन के सच्चे सिपाही बनें, हर गांव तक पहुंचे समृद्धि की रोशनी

-नवचयनित प्रबंधकों को मिला मंत्र: “लक्ष्य बड़ा है, संकल्प अटल हो, परिणाम जमीन पर दिखें”

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के  निर्देशन में दीनदयाल उपाध्याय राज्य ग्राम्य विकास संस्थान बख्शी का तालाब में सरकारी, अर्धसरकारी विभागों, संस्थाओं के अधिकारियों व कर्मचारियों तथा रचनात्मक कार्यों से जुड़े लोगों को प्रशिक्षण देकर उन्हें अत्यधिक दक्ष और सक्षम बनाने का कार्य निरंतर किया जा रहा है। दीनदयाल उपाध्याय राज्य ग्राम्य विकास संस्थान, बख्शी का तालाब मे  राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के नवचयनित राज्य मिशन प्रबंधकों मिशन प्रबंधकों के लिए दीनदयाल उपाध्याय राज्य ग्राम्य विकास संस्थान, बख्शी का तालाब में 7 दिवसीय आवासीय उन्मुखीकरण प्रशिक्षण कार्यक्रम का  आयोजन किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम  उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के निर्देश पर मिशन निदेशक  राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन दीपा रंजन  द्वारा  कराया जा रहा है। यह प्रशिक्षण 8 से 14 जून तक  आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण  कार्यक्रम का शुभारम्भ राज्य मुख्यालय आजीविका मिशन से पधारे संयुक्त मिशन निदेशक प्रवीणानंद ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा, “आप सभी को इस नई जिम्मेदारी के लिए हृदय से बधाई। कहा कि आप केवल प्रबंधक नहीं हैं; आप ग्रामीण उत्तर प्रदेश की करोड़ों माताओं-बहनों के सपनों के वाहक हैं।  उन्होंने आगे कहा, “इसलिए आपसे अपेक्षा है कि क्षेत्र में जाइए, समूह की दीदियों के बीच बैठिए, उनकी समस्या को अपनी समस्या मानिए। लक्ष्य स्पष्ट है, हर परिवार  से ‘लखपति दीदी’ बनाना है। आपकी कलम से जो लिखेंगे, वही जमीन पर उतरना चाहिए। टीम बनकर चलिए, परिणाम देकर दिखाइए। हमें कागजी प्रगति नहीं, गांव में वास्तविक बदलाव चाहिए। उत्तर प्रदेश की ग्रामीण क्रांति की मशाल अब आपके हाथ में है।  इस अवसर पर संस्थान के सहायक निदेशक डॉ. सत्येन्द्र गुप्ता, राज्य मुख्यालय से डॉ. नन्दकिशोर साह, राष्ट्रीय संसाधन व्यक्ति डॉ. अनुपम पाण्डेय, प्रशिक्षण संकाय डॉ. विनीता रावत, मिशन प्रबंधक श्री आलोक सिंह तथा श्री अजय कुशवाहा की गरिमामयी उपस्थिति रही।

श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए अयोध्या-लखनऊ मार्ग पर गेट कॉम्प्लेक्स तैयार

-पर्यटन विभाग की परियोजना से अयोध्या की सुंदरता और पहचान को मिला विस्तार

-20-20 करोड़  की लागत से गेट कॉम्प्लेक्स एवं बाउंड्रीवॉल निर्माण कार्य पूर्ण

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दूरदर्शी पहल से अयोध्या को नित नई पहचान मिल रही है।  अयोध्या-लखनऊ मार्ग पर स्थित फिरोजपुर गांव के पास 20.20 करोड़ रुपये की लागत से भव्य गेट कॉम्प्लेक्स व बाउंड्रीवॉल का निर्माण कर लिया गया है। यह परियोजना अब अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए स्वागत द्वार बन गई है। अयोध्या लखनऊ हाईवे पर रोड दोनों तरफ दो भव्य प्रवेश द्वार अब मार्ग को नया स्वरूप प्रदान कर रहे हैं।
 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अयोध्या को विश्व स्तर का पर्यटन केंद्र बनाने की दिशा में यह एक और महत्वपूर्ण कदम है। राम मंदिर के निर्माण के बाद अयोध्या में बुनियादी ढांचे का तेजी से विकास हो रहा है। इस गेट कॉम्प्लेक्स से आने वाले श्रद्धालु और पर्यटक प्रथमदृष्टया ही भव्यता का अनुभव करेंगे। पर्यटन विभाग के इस प्रोजेक्ट ने अयोध्या की सुंदरता और पहचान को और विस्तार दिया है। अब अयोध्या न केवल धार्मिक नगरी है बल्कि आधुनिक पर्यटन सुविधाओं से सुसज्जित शहर के रूप में भी उभर रहा है।पर्यटन विभाग की  महत्वाकांक्षी परियोजना को यूपी प्रोजेक्ट्स कॉर्पोरेशन लिमिटेड निर्माण इकाई, अयोध्या द्वारा पूरा किया गया। कार्य की शुरुआत 1 नवंबर 2023 को हुई थी और निर्धारित समय से पहले 28 फरवरी 2026 को इसे पूर्ण कर लिया गया। वर्तमान में कार्य पूर्ण होने के बाद हस्तांतरण की प्रक्रिया चल रही है।गेट कॉम्प्लेक्स में दो भव्य गेट बनाए गए हैं जो पारंपरिक भारतीय वास्तुकला और आधुनिक सुविधाओं का अद्भुत संगम प्रस्तुत करते हैं। इन गेट्स के साथ रोड निर्माण, पार्किंग व्यवस्था, सीवर लाइन, ड्रेनेज सिस्टम, सिंचाई लाइन रेनवाटर हार्वेस्टिंग, फायर फाइटिंग सिस्टम और इंटरनल इलेक्ट्रिफिकेशन का कार्य भी पूरा हो चुका है। यह गेट कॉम्प्लेक्स अयोध्या की सांस्कृतिक गरिमा को बढ़ाते हुए आधुनिक सुविधाओं से युक्त है। प्रवेश द्वार परिसर में हरित क्षेत्र, सुव्यवस्थित पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था का पूरा ध्यान रखा गया है। यूपी प्रोजेक्ट्स कॉर्पोरेशन लिमिटेड के परियोजना प्रबंधक मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि गेट कॉम्प्लेक्स में रेनवाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम, फायर फाइटिंग और पर्याप्त विद्युतीकरण जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। गेट कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन शीघ्र होने की संभावना है, जिसके बाद यह श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार हो जाएगा। पर्यटकों की बढ़ती संख्या से स्थानीय व्यापार, होटल और परिवहन क्षेत्र को फायदा होगा।

बदली बिजली व्यवस्था की तस्वीर, रिकॉर्ड आपूर्ति, उत्पादन से उपभोक्ताओं को राहत

बिजली संकट, अघोषित कटौती और खस्ताहाल व्यवस्था के लिए चर्चित रहने वाला उत्तर प्रदेश आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में बिजली उत्पादन और आपूर्ति के क्षेत्र में नई पहचान बना चुका है।  2014 से 2017 के बीच प्रदेश में बिजली व्यवस्था गंभीर चुनौतियों से जूझ रही थी। उस समय बिजली दरों में 60 प्रतिशत तक की वृद्धि होने के बावजूद उपभोक्ताओं को मांग के अनुरूप बिजली उपलब्ध नहीं हो पा रही थी। ग्रामीण क्षेत्रों से लेकर शहरों तक लंबे समय तक बिजली कटौती आम बात थी लेकिन आज शहरी क्षेत्रों में 24 घंटे और ग्रामीण क्षेत्रों में 22 से 22.30 घंटे बिजली दी जा रही है।
2017 में प्रदेश में डबल इंजन सरकार बनने के बाद बिजली क्षेत्र में व्यापक सुधारों की शुरुआत हुई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बिजली उत्पादन क्षमता बढ़ाने, ट्रांसमिशन नेटवर्क को मजबूत करने, वितरण व्यवस्था में सुधार और उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए गए। परिणामस्वरूप आज उत्तर प्रदेश बिजली आपूर्ति के नए रिकॉर्ड स्थापित कर रहा है।आंकड़ों के अनुसार 2014-15 में प्रदेश में अधिकतम 13,003 मेगावाट बिजली आपूर्ति की गई थी। इसी तरह वर्ष 2015-16 में 14,503 मेगावाट और वर्ष 2016-17 में 16,110 मेगावाट बिजली आपूर्ति की गई थी।
उस समय बढ़ती मांग के मुकाबले आपूर्ति काफी कम थी, जिससे उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था लेकिन व 2017 के बाद बिजली क्षेत्र में हुए सुधारों का असर साफ तौर से दिखाई देने लगा था। 2024-25 में प्रदेश ने 30,618 मेगावाट की रिकॉर्ड बिजली मांग पूरी की थी।  2025-26 में यह आंकड़ा बढ़कर 31,486 मेगावाट तक पहुंच गया था।  2026-27 में मई महीने प्रदेश ने 31,824 मेगावाट की रिकॉर्ड बिजली मांग को पूरा कर नया इतिहास रच दिया है। उत्तर प्रदेश के इतिहास में अब तक की सर्वाधिक बिजली आपूर्ति मानी जा रही है।  भीषण गर्मी के इस दौर में जब प्रदेश के अधिकांश जिलों में तापमान  40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है और बिजली की मांग तेजी से बढ़ी है, तब भी सरकार उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने में सफल रही है।  बिजली आपूर्ति शिड्यूल के अनुसार जनपद मुख्यालयों पर 24 घंटे, तहसील मुख्यालयों पर 21.30 घंटे और ग्रामीण क्षेत्रों में 18 घंटे बिजली उपलब्ध कराने का प्रावधान है।
हालांकि वर्तमान में बढ़ी हुई मांग और भीषण गर्मी को देखते हुए सरकार निर्धारित रोस्टर से अधिक बिजली उपलब्ध करा रही है। इस समय जिला मुख्यालयों, महानगरों और तहसील क्षेत्रों में लगभग 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति की जा रही है। जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में 22 से 22.30 घंटे तक लगातार बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। 2014 से 2017 के दौर की तुलना की जाए तो उस समय जनपद मुख्यालयों पर औसतन 17 घंटे, तहसील मुख्यालयों पर 12 घंटे और ग्रामीण क्षेत्रों में मात्र 11 घंटे बिजली आपूर्ति हो पाती थी। बिजली उत्पादन क्षमता के क्षेत्र में भी उत्तर प्रदेश ने उल्लेखनीय प्रगति की है। 31 मार्च 2014 को प्रदेश की उत्पादन क्षमता 4,839 मेगावाट थी। वर्ष 2017 में प्रदेश का अधिकतम तापीय विद्युत उत्पादन 5,160 मेगावाट दर्ज किया गया था। योगी सरकार के कार्यकाल में उत्पादन क्षमता बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किये गए, जिसके परिणामस्वरूप उत्पादन क्षमता में लगातार वृद्धि देखने को मिली।
31 मार्च 2019 तक उत्पादन क्षमता बढ़कर 5,474 मेगावाट हो गई थी। इसके बाद वर्ष 2022 में यह आंकड़ा 6,134 मेगावाट तक पहुंच गया था। 2024 में उत्पादन क्षमता 7,140 मेगावाट, वर्ष 2025 में यह बढ़कर 7,800 मेगावाट हो गई थी। 31 मार्च 2026 तक प्रदेश की  उत्पादन क्षमता 9,120 मेगावाट तक पहुंच चुकी है। जोकि वर्ष 2014 की तुलना में लगभग दोगुनी क्षमता है। यूपीपीसीएल के निदेशक वितरण ज्ञानेंद्र धर द्विवेदी ने बताया कि बिजली उत्पादन, ट्रांसमिशन और वितरण व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए कार्य किया गया है,  आज भीषण गर्मी और लगातार बढ़ती बिजली मांग के बावजूद निर्बाध विद्युत आपूर्ति की जा रही है।

Aaj National

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *