– टीडीपी के 50% सीट बढ़ाने वाले संशोधन को सदन में पेश नहीं किया – जयराम रमेश
- REPORT BY:AAJ NATIONAL NEWS || EDITED BY:AAJ NATIONAL NEWS DESK
नई दिल्ली। लोकसभा परिसीमन विधेयक को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार और गृह मंत्री अमित शाह पर सीधा हमला बोला है। पार्टी ने सवाल उठाया कि एनडीए की सहयोगी टीडीपी के 50% सीट बढ़ाने के संशोधन को संसद में औपचारिक रूप से क्यों नहीं लाया गया।कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने आंध्र प्रदेश CM एन. चंद्रबाबू नायडू के हालिया बयान के बाद ये आरोप लगाए। रमेश के मुताबिक, 16 अप्रैल 2026 को संसद में विचाराधीन संविधान संशोधन विधेयक पर टीडीपी ने एक संशोधन प्रस्तावित किया था।
टीडीपी की मांग क्या थी ?
संशोधन में साफ लिखा था कि लोकसभा में हर राज्य की मौजूदा सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत की वृद्धि की जाए। यानी जो राज्य अभी 25 सांसद भेजता है, वो आगे 37-38 भेजेगा।
कांग्रेस का आरोप
जयराम रमेश ने कहा कि एनडीए की प्रमुख सहयोगी पार्टी टीडीपी की ये “स्पष्ट और लिखित मांग” होने के बावजूद गृह मंत्री अमित शाह ने इस संशोधन को सदन में पेश ही नहीं किया। कांग्रेस नेता ने साफ किया कि मुद्दा विपक्ष के समर्थन-विरोध का नहीं है। मुद्दा ये है कि “सरकार ने अपने ही सहयोगी की अहम मांग को विधेयक में क्यों नहीं डाला”।
‘स्वयंभू चाणक्य बेनकाब’
अमित शाह पर तंज कसते हुए रमेश ने कहा – “अब भी सवाल बना हुआ है कि गृह मंत्री आखिर कौन-सा खेल खेल रहे थे”। उन्होंने शाह को “स्वयंभू चाणक्य” बताते हुए दावा किया कि उनका राजनीतिक आकलन बाद की घटनाओं में “पूरी तरह बेनकाब” हो गया है।
नायडू का बयान, बहस तेज
ये टिप्पणी ऐसे समय आई जब एक दिन पहले ही चंद्रबाबू नायडू ने कहा था कि परिसीमन विधेयक को 50% सीट वृद्धि के प्रावधान के साथ दोबारा लाया जाएगा। नायडू ने विपक्ष की आलोचना भी खारिज की।
दक्षिण भारत में टेंशन
इस पूरे घटनाक्रम के बाद दक्षिण भारत के कई दल अब केंद्र से साफ जवाब मांग रहे हैं: भविष्य में संसदीय प्रतिनिधित्व का आधार क्या होगा? 1971 की जनगणना वाला फॉर्मूला बदलेगा या नहीं? दक्षिण राज्यों के हितों की सुरक्षा कैसे होगी ?
