बिजनेस – 4C :₹10 में प्रीमियम आइसक्रीम – रिलायंस की आइसक्रीम मार्केट में एंट्री, ‘बॉम्बे क्रीमरी’ लॉन्च

– कोन, कप, टब, बार, स्टिक – 5 फॉर्मेट में उतारी, पश्चिम भारत से शुरुआत, जल्द पूरे देश में मिलेगी

  • REPORT BY:AAJ NATIONAL NEWS || EDITED BY:AAJ NATIONAL NEWS DESK
*नई दिल्ली, 1 सितंबर।* मुकेश अंबानी की FMCG कंपनी अब आइसक्रीम भी खिलाएगी। रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड (RCPL) ने आइसक्रीम बाजार में धमाकेदार एंट्री की है। कंपनी ने *’बॉम्बे क्रीमरी’* नाम से नया ब्रांड लॉन्च किया है, जिसकी शुरुआती कीमत सिर्फ *10 रुपये* रखी गई है।
कंपनी का दावा है कि यह बाजार में मौजूद वेजिटेबल ऑयल वाली आइसक्रीम नहीं, बल्कि *100% रियल डेयरी क्रीम* से बनी प्रीमियम आइसक्रीम होगी, लेकिन कीमत आम आदमी की जेब के हिसाब से।
*क्या मिलेगा -*
बॉम्बे क्रीमरी को 5 फॉर्मेट में उतारा गया है – *कोन, कप, टब, बार और स्टिक।* यानी बच्चे से लेकर फैमिली पैक तक हर सेगमेंट कवर।
फिलहाल इसकी बिक्री *पश्चिम भारत – महाराष्ट्र, गुजरात से शुरू* की गई है। कंपनी का प्लान है कि अपने विशाल डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क और रिलायंस रिटेल के 18 हजार से ज्यादा स्टोर्स के दम पर इसे जल्द ही पूरे देश में पहुंचाया जाए।
*कंपनी ने क्या कहा -*
RCPL के डायरेक्टर *टी. कृष्णकुमार* ने कहा, “बॉम्बे क्रीमरी को इस सोच के साथ बनाया गया है कि आइसक्रीम में डेयरी की असली पहचान बनी रहे। हम प्रीमियम डेयरी अनुभव को किफायती कीमत पर हर भारतीय परिवार तक पहुंचाना चाहते हैं।”
बता दें कि RCPL रिलायंस इंडस्ट्रीज की FMCG इकाई है, जो कैम्पा कोला, इंडिपेंडेंस समेत कई कैटेगरी में तेजी से विस्तार कर रही है। अब 25,000 करोड़ के आइसक्रीम बाजार में अमूल, मदर डेयरी और क्वालिटी वॉल्स को सीधी टक्कर देगी।

Aaj National

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *