– तहसील नहीं, तालाब – घुटने भर पानी में फंसे वादकारी, जूते हाथ में लेकर गुजरने को मजबूर
- REPORT BY:ANUPAM MISHRA
EDITED BY:AAJNATIONAL NEWS
*लखनऊ ।* जिम्मेदारों की लापरवाही से मोहनलालगंज तहसील परिसर हर साल बरसात में तालाब बन जाता है। परिसर के अगले हिस्से में घुटने भर पानी और

कीचड़ भर जाता है, जिसके बीच से वादकारियों, अधिवक्ताओं और कर्मचारियों को दफ्तर तक पहुंचना पड़ता है।
सबसे ज्यादा परेशानी बुजुर्गों, महिलाओं और दूर से आने वाले फरियादियों को होती है। पानी के नीचे गड्ढे का पता नहीं चलता, फिसलने का खतरा बना रहता है। हाईवे से SDM आवास जाने वाली सड़क भी जलमग्न हो जाती है, जहां दो बैंक और हॉस्पिटल हैं।
हर साल यही हाल, लेकिन नाली सफाई और जल निकासी का स्थायी इंतजाम नहीं। नगर पंचायत निजी संसाधनों से पानी निकालकर खानापूर्ति करती है। अधिवक्ताओं ने स्थायी समाधान की मांग की है।
सम्मान : साइबर जागरूकता में अव्वल – SI अल्पा देवी को DCP ने दिया प्रशस्ति-पत्र

राजधानी के नगराम थाने की साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक अल्पा देवी को साइबर अपराधों की रोकथाम और लोगों को डिजिटल ठगी से बचाने के लिए जागरूक करने पर DCP दक्षिणी मो. मुश्ताक ने मंगलवार को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया।
अल्पा देवी लगातार ऑनलाइन ठगी, साइबर फ्रॉड और डिजिटल भुगतान में सावधानियों को लेकर अभियान चला रही हैं। DCP ने उनके काम की सराहना की।
IGRS में दक्षिणी जोन का जलवा – 9 थानों को मिले 100/100 अंक, गोसाईगंज-मोहनलालगंज टॉप पर
IGRS शिकायतों के निस्तारण में दक्षिणी जोन ने बाजी मार ली। अगस्त माह की रैंकिंग में गोसाईगंज, मोहनलालगंज, निगोहां, नगराम, बिजनौर, सरोजनीनगर, कृष्णानगर, पीजीआई और बंथरा – 9 थानों को पूरे 100 अंक मिले और सभी प्रथम स्थान पर रहे।
DCP मो. मुश्ताक के मार्गदर्शन और ADCP रल्लापल्ली वसंथ कुमार के निर्देशन में यह प्रदर्शन हुआ। वहीं सुशांत गोल्फ सिटी थाना 1242वीं रैंक पर रहा, उसे 99 अंक मिले। DCP ने कहा – शिकायतकर्ता की संतुष्टि और समयबद्ध निस्तारण प्राथमिकता है।
1998 के चोरी के मामले में वारंटी गिरफ्तार, भेजा जेल
27 साल से फरार चल रहे वारंटी को पुलिस ने दबोच लिया। इंस्पेक्टर रामबाबू सिंह ने बताया कि 1998 में दर्ज चोरी के मुकदमे में कोर्ट से NBW जारी होने के बाद से फरार पप्पू निवासी देवती थाना नगराम को उसके घर से गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
किसान आंदोलन: NOC के नाम पर खेल,किसानों ने AE को बनाया बंधक,बोले- 14 दिन से छलावा
मोहनलालगंज तहसील के कुबहरा-कमालपुर बिचलिका समेत तीन कच्चे मार्गों को पक्का करने की मांग को लेकर कुबहरा में किसानों का धरना मंगलवार को 14वें दिन भी जारी रहा।
दोपहर 12 बजे PWD के AE सूर्यमणि मिश्रा और वन क्षेत्राधिकारी सुरभि श्रीवास्तव मौके पर पहुंचीं। वार्ता में बड़ा खुलासा हुआ – *PWD ने वन विभाग से आज तक NOC मांगी ही नहीं*, जबकि 21 अगस्त को तीनों विभागों ने नाप-जोख कर कहा था कि NOC मिलते ही काम शुरू होगा।
इस छलावे से नाराज किसानों ने AE को एक घंटे तक बंधक बनाए रखा। बाद में गुरुवार को उच्चाधिकारी मौके पर आकर समाधान का आश्वासन देकर छोड़ा गया।
राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के प्रदेश महामंत्री दिनेश यादव ने चेतावनी दी – गुरुवार को समाधान नहीं हुआ तो PWD कार्यालय का घेराव होगा। मंगलवार को वन कार्यालय घेराव का कार्यक्रम संगठन के प्रदेश अध्यक्ष के भाई के निधन के कारण स्थगित रहा।